samacharsecretary.com

RSSB ने लाइब्रेरियन ग्रेड III भर्ती परीक्षा 2024 की तारीख की घोषित

जयपुर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने लाइब्रेरियन ग्रेड III भर्ती परीक्षा 2024 की तारीख घोषित कर दी है। कुल 548 पदों के लिए यह परीक्षा जुलाई महीने में निर्धारित तिथि को आयोजित की जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, वे अब परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में शुरू कर सकते हैं। इस दिन होगी परीक्षा अधिसूचना के अनुसार, राजस्थान लाइब्रेरियन ग्रेड III परीक्षा 27 जुलाई 2025 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक होगी। इस भर्ती अभियान का लक्ष्य 2025 तक 548 लाइब्रेरियन पदों को भरना है। पहचान पत्र में फोटो स्पष्ट और अपडेटेड हो अगर आपके पहचान पत्र (ID) में लगी फोटो तीन साल या उससे ज्यादा पुरानी है, तो उसे समय रहते अपडेट कराना जरूरी है। परीक्षा के दिन आपके एडमिट कार्ड में लगी फोटो और पहचान पत्र की फोटो का मिलान किया जाएगा। अगर दोनों में फर्क पाया गया या चेहरा मेल नहीं खाया, तो आपको परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसलिए यह सुनिश्चित करें कि आपकी फोटो हाल की और साफ हो, जिससे पहचान में कोई दिक्कत न हो। उत्तर भरने के नियम परीक्षा में हर प्रश्न के साथ पांच विकल्प (A, B, C, D और E) दिए जाएंगे। पहले चार विकल्प (A से D) उत्तर से संबंधित होंगे, जबकि पांचवां विकल्प 'E' उस स्थिति में भरना होगा जब आप उस प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहते। आपको OMR शीट पर सही उत्तर के लिए केवल एक गोले (A, B, C या D) को नीले बॉल पेन से गहरा कर भरना है। अगर आप किसी प्रश्न को छोड़ना चाहते हैं, तो उसके लिए 'E' विकल्प को गहरा करें। उत्तर भरने से जुड़ी महत्वपूर्ण शर्तें और निगेटिव मार्किंग नियम परीक्षा में अगर आप किसी प्रश्न के पांचों विकल्पों में से कोई भी गोला नहीं भरते, तो उस प्रश्न के अंकों का 1/3 हिस्सा काट लिया जाएगा। इसके अलावा, अगर आप 10% से ज्यादा प्रश्नों के लिए कोई भी गोला नहीं भरते, तो आपको परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। इसलिए हर प्रश्न के लिए या तो सही उत्तर (A, B, C, D) या फिर 'उत्तर नहीं देना' (E) को जरूर गहरा करें। इस प्रक्रिया को सही से पूरा करने के लिए आपको अंत में 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा ताकि आप यह जांच सकें कि हर प्रश्न के सामने कोई न कोई गोला जरूर भरा हो।  

पूर्व विधायक हनुमान बेनीवाल समेत दो अन्य को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस, 11 जुलाई तक मांगा जवाब

जयपुर राजधानी जयपुर में सांसद हनुमान बेनीवाल, उनके भाई व पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल तथा पूर्व विधायक पुखराज गर्ग को सरकारी आवास खाली नहीं करने के मामले में बेदखली नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस सम्पदा अधिकारी और एडीएम (ज्यूडिशियल) की ओर से जारी किया गया है, जिसमें तीनों को 11 जुलाई तक जवाब देने के लिए कहा गया है। जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी विभाग ने ज्योति नगर और जालूपुरा क्षेत्र के सरकारी आवासों को लेकर परिवाद दर्ज कराया था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इन नेताओं को विधायक न रहते हुए भी अब तक आवास खाली न करने पर पहले भी नोटिस भेजे जा चुके हैं लेकिन इनकी तरफ से कोई ठोस जवाब नहीं मिला था। इस मामले में सबसे बड़ी कार्रवाई बीती देर रात हुई, जब हनुमान बेनीवाल के जालूपुरा स्थित सरकारी आवास पर बेदखली नोटिस चस्पा किया गया। ये नोटिस सरकार की ओर से यह संकेत स्पष्ट है कि अब बिना अधिकृत हक के सरकारी संपत्तियों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पूरे मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है। अब देखना होगा कि संबंधित जनप्रतिनिधि 11 जुलाई तक क्या जवाब देते हैं और स्वेच्छा से आवास खाली करते हैं या प्रशासन को अगली कार्रवाई करनी पड़ेगी।

कैम्पर गाड़ी में सवार बदमाशों ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर फिर युवक को जमकर पीटा

बीकानेर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक पर दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में हमला कर दिया गया। पंचशती सर्कल और जेएनवी कॉलोनी गोल सर्कल के बीच स्कॉर्पियो में सवार युवक को जान-बूझकर टक्कर मारने के बाद हमलावरों ने गाड़ी से बाहर खींचकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। जानकारी के अनुसार हमलावर कैम्पर गाड़ी में सवार थे और उन्होंने पहले स्कॉर्पियो को टक्कर मारी फिर युवक को बाहर निकालकर सड़क पर पटक दिया। इस हमले में पास का एक बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हमले का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। घायल युवक की पहचान विकास के रूप में हुई है, जिसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हमले की वजह रुपयों के लेन-देन का पुराना विवाद बताया जा रहा है। आरोपी शिवलाल कस्वां और गांधी कस्वां समेत अन्य के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है।

मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिन और बारिश जारी रहने की जताई संभावना, 30 से ज्यादा बांधों के गेट खुले

जयपुर राजस्थान में बीते 48 घंटों से चल रहा भारी बारिश का दौर अगले 4-5 दिन जारी रहने का अनुमान है। मानसून की टर्फ लाइन दक्षिणी राजस्थान से होकर गुजर रही है। इसके चलते आज कई जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। मध्य व पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश से बांधों और नदियों में अचानक तेज आवक के चलते डूबने से 9 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिन तक भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार आज प्रदेश में जयपुर, दौसा और टोंक में अति भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी भारी बारिश का यलो अलर्ट है। बीते 48 घंटों में भारी बारिश के चलते प्रदेश के बांधों में भी पानी की जोरदार आवक हुई है। इसके चलते 30 से ज्यादा बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। जवाहर सागर बांध के 5 गेट खोलकर 1,38,750 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को हुई भारी बारिश के चलते गुरुवार को बांधों में 254 क्यूसेक पानी की आवक हुई है। प्रदेश के छोटे व मध्यम आकार के बांधों में से 44 बांध पूरी तरह भर चुके हैं, वहीं 408 बांध आंशिक रूप से भर गए हैं। बीसलपुर 313.51 के स्तर पर राजधानी जयपुर सहित कई जिलों की प्यास बुझाने वाले बीसलपुर में भी पानी की जबरदस्त आवक हो रही है। शुक्रवार सुबह की स्थिति के अनुसार बांध का जल स्तर 313.51 मीटर पर पहुंच गया है। एक जून से अब तक बांध में 89 सेमी पानी आ चुका है।

सांवलियाजी मंदिर में 29 करोड़ रुपये और सोने-चांदी का आया चढ़ावा

चित्तौड़गढ़ वैश्विक आस्था का केंद्र माने जाने वाले चित्तौड़गढ़ जिले के श्री सांवलियाजी मंदिर में हाल ही में खोले गए भंडार की गणना छह चरणों में पूरी की गई। भंडार एवं भेंट कक्ष को मिलाकर कुल 29 करोड़ रुपये से अधिक की चढ़ावा राशि प्राप्त हुई है, साथ ही सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण भी निकले हैं।   गुरुवार को अंतिम गणना के दौरान नायब तहसीलदार व मंदिर मंडल के प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिवशंकर पारीक, लेखाधिकारी राजेंद्र सिंह, व्यवस्था व प्रोटोकॉल प्रभारी राजेंद्र शर्मा, संपदा व गौशाला प्रभारी भैरूगिरी गोस्वामी, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह, संस्थापन प्रभारी लेहरीलाल गाडरी औरे क्षेत्रीय बैंकों के कर्मचारी उपस्थित रहे। भंडार गणना का विवरण       प्रथम चरण (चतुर्दशी): 10 करोड़ 25 लाख     द्वितीय चरण: 1 करोड़ 80 लाख     तृतीय चरण: 4 करोड़ 55 लाख     चतुर्थ चरण: 5 करोड़ 16 लाख     पंचम चरण (बुधवार): 1 करोड़ 71 हजार 100     षष्ठम चरण (गुरुवार): 16 लाख 90 हजार 513     छहों चरणों की कुल राशि 22 करोड़ 93 लाख 61 हजार 613 रही। आभूषण की गणना वजन में     सोना: 851 ग्राम 900 मिलीग्राम     चांदी: 73 किलो 519 ग्राम भेंट कक्ष कार्यालय में प्राप्त राशि     नकद और मनीऑर्डर: 6 करोड़ 28 लाख 98 हजार 917     सोना: 142 ग्राम 200 मिलीग्राम     चांदी: 68 किलो 695 ग्राम 500 मिलीग्राम  

प्रभारी सचिवों की सूची में बदलाव, 11 जिलों के प्रभारी सचिव बदले

 जयपुर प्रशासनिक सुधार विभाग ने प्रभारी सचिवों की सूची में बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर 11 जिलों के प्रभारी सचिव बदले गए हैं, जबकि 38 जिलों के प्रभारी सचिव यथावत ही रखे गए हैं। करीब डेढ़ साल बाद प्रभारी सचिवों की सूची में यह बदलाव किया गया है। इससे पहले फरवरी 2024 में प्रभारी सचिवों की सूची जारी हुई थी। इन 11 जिलों के प्रभारी सचिव बदले सरकार ने जिन 11 जिलों के प्रभारी सचिव बदले हैं, उनमें चूरू, अलवर, ब्यावर, सलूंबर, फलौदी, सवाई माधोपुर, बारां, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, करौली और बालोतरा शामिल हैं। चूरू- पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार अलवर- प्रमुख सचिव, ऊर्जा विभाग, अजिताभ शर्मा ब्यावर- आजीविका परियोजनाओं की स्टेट एमडी नेहा गिरी सलूंबर- आरयूवी एंड आईटी सर्विसेज लिमिटेड के एमडी ओमप्रकाश कसेरा फलौदी- उद्योग आयुक्त रोहित गुप्ता सवाई माधोपुर- यूडीएच प्रमुख सचिव डॉ. देवाशीष प्रष्टि बारां- राजफैड एमडी, टीकमचंद बोहरा राजसमंद- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष, डॉ. रवि कुमार सुरपुर चित्तौड़गढ़- उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता करौली- समग्र शिक्षा अभियान की स्टेट मिशन निदेशक अनुपमा जोरवाल बालोतरा- स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ हरजीलाल अटल बदले गए प्रभारी सचिवों में शामिल हैं। इस बदलाव के बाद 11 आईएएस अधिकारी जिलों के प्रभार से मुक्त हो गए। हालांकि इनमें वे अधिकारी भी शामिल हैं, जो हाल में प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए हैं। इसलिए इनके प्रभार वाले जिले खाली चल रहे थे। इनके अलावा सरकार आमतौर पर गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) और वित्त विभाग के प्रमुख सचिव जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे अफसरों को जिला प्रभार नहीं देती, उनके पास पहले से ही कार्यभार अधिक होता है। इसलिए एसीएस होम भास्कर ए. सावंत को चूरू के प्रभारी सचिव व वित्त विभाग के प्रमुख सचिव वैभव गालरिया को अलवर के प्रभार से मुक्त किया गया।

उदयपुर पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ एक संदिग्ध गिरफ्तार

उदयपुर उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर की गई। थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद ताहिर उर्फ ताहिर अहमद है। वह गुजरात के साबरकांठा जिले के विजयनगर का रहने वाला है। आरोपी ने अवैध रूप से पिस्टल और कारतूस एक परिचित व्यक्ति से खरीदे थे और वह इन हथियारों का इस्तेमाल कर अपने विरोधियों की हत्या की योजना बना रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मोहम्मद ताहिर एक गिरोह बनाकर काम कर रहा था। वह नेला तालाब के पास संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला, जहां पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पुलिस का मानना है कि अगर समय रहते उसे नहीं पकड़ा जाता, तो कोई गंभीर वारदात हो सकती थी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने हथियार कहां से खरीदे और उसके साथ और कौन लोग इस साजिश में शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किन लोगों को निशाना बनाना चाहता था। इस पूरी कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश में जुट गई है। सवीना थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।

पोकरण में मूसलाधार बारिश, घरों में घुसा पानी, जनजीवन अस्त-व्यस्त

जैसलमेर जिले के पोकरण में कल दोपहर के समय आसमान में अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते पूरे इलाके में काली घटाओं ने डेरा जमा लिया। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे से मूसलाधार बारिश का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ कि कस्बे की सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक पानी-पानी हो गया। लगातार करीब दो घंटे तक हुई इस झमाझम बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं दूसरी ओर इसने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। कुल 118 एमएम बारिश पोकरण के तहसील कार्यालय पर लगे रेनगेज यंत्र के अनुसार गुरुवार को कुल 118 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जो इस सीजन की सबसे भारी बारिश में से एक रही। बारिश इतनी तीव्र थी कि मुख्य सड़कों से लेकर तंग गलियों तक पानी का सैलाब बहने लगा। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। कई इलाकों में गली-मोहल्लों में पानी का स्तर 3 से 4 फीट तक जा पहुंचा। तेज बारिश से नाले-नालियां भी ऊफान पर आ गईं, मगर उचित निकासी नहीं होने से पानी सड़कों पर ही बहता रहा। पोकरण कस्बे के कई मोहल्लों में पानी इतना ज्यादा जमा हो गया कि वह लोगों के घरों में घुस गया। जोधपुर रोड, पुरोहितों की गली, मंगलपुरा क्षेत्र और मदरसे के पास बारिश के पानी की स्थिति सबसे ज्यादा भयावह रही। यहां गलियों में पानी का बहाव इतना तेज था कि चार से पांच फीट तक पानी बहता नजर आया। तेज बहाव के चलते कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुकानों में भी पानी भर गया। व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। दुकानदारों ने बताया कि तेज बहाव के चलते दुकानें जलमग्न हो गईं, जिससे कई सामान भीग गया और आर्थिक नुकसान हुआ। लगभग दो घंटे तक लगातार बारिश के बाद शाम करीब 4:45 बजे बारिश की रफ्तार धीमी पड़ी और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बारिश के बाद भी गलियों और सड़कों में पानी जमा रहा, जिससे लोगों की मुश्किलें बरकरार रहीं।

पशुपालन विभाग की मंत्री जोराराम कुमावत ने ली समीक्षा बैठक

जयपुर, पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने पशुपालन विभाग के रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में बुधवार को शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने पशु चिकित्सा अधिकारी के 1100 पदों, पशुधन निरीक्षक के 2540 व पशु परिचर के 6433 पदों पर भर्ती को लेकर समीक्षा की। उन्होंने पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. आनंद सेजरा से भर्ती संबंधी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। श्री कुमावत ने बताया कि पशु चिकित्सा अधिकारी के 1100 पदों के लिए आरपीएससी को अर्भ्यथना भेज दी गई है। इसके अलावा पशुधन निरीक्षक की गत 13 जून-2025 को प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया जा चुका है, जिसका परिणाम जल्द से जल्द जारी करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसी तरह पशु परिचर के डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है, मगर कुछ आवेदकों के कोर्ट में चले जाने के कारण मामले में विभाग की ओर से मजबूत पैरवी करने के लिए कहा गया है। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पर चर्चा करते हुए 15 अगस्त-2025 तक समस्त 16 लाख पशुओं का पशुपालन विभाग की ओर से हेल्थ सर्टिफिकेट जारी कर संबंधित बीमा कंपनी को पॉलिसी वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश के पशुपालन विभाग के भवनों की मरम्मत व नए भवन निर्माण का कार्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया। मंत्री श्री कुमावत ने नेशनल लाइव स्टॉक मिशन के तहत आवेदनों के त्वरित निस्तारण, पशु चिकित्सा महाविद्यालय व डिप्लोमा कोर्स के संचालन को लेकर भी समीक्षा की। मंत्री श्री कुमावत ने लंम्पी, गलघोंटू व लंगड़ा बुखार सहित गौवंश में अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण की प्रगति के बारे में समीक्षा कर कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में  पशुपालन विभाग के डायरेक्टर डॉ. आनंद सेजरा मौजूद रहे।

राजीव शर्मा होंगे राजस्थान के नए डीजीपी

जयपुर राज्य सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव शर्मा प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक का पदभार सौंपा है। शाम 5 बजे वे पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे और कार्यवाहक डीजीपी संजय अग्रवाल से चार्ज लेंगे। राजीव शर्मा को बुधवार को केंद्र सरकार से रिलीव किया गया था। वे अभी तक नई दिल्ली में ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के डायरेक्टर जनरल पद पर कार्यरत थे। सोमवार को राज्य सरकार ने उन्हें रिलीव करने के लिए केंद्र को पत्र लिखा था। नए डीजीपी राजीव शर्मा को पुलिस सेवा में 30 वर्षों से भी अधिक का अनुभव है। वे राजस्थान में एंटी करप्शन ब्यूरो, एसडीआरएफ और राजस्थान पुलिस अकादमी जैसे अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा जोधपुर, झालावाड़, दौसा, राजसमंद, भरतपुर और जयपुर नॉर्थ में एसपी रहे हैं। शर्मा सीबीआई जयपुर और सीबीआई दिल्ली में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। राज्य सरकार ने डीजी रैंक के 7 वरिष्ठ आईपीएस अफसरों के नाम संघ लोकसेवा आयोग को भेजे थे, जिनमें राजीव शर्मा, संजय अग्रवाल, अनिल पालीवाल, राजेश आर्य, राजेश निर्वाण, गोविंद गुप्ता और आनंद श्रीवास्तव शामिल थे। यूपीएससी ने वरिष्ठता के आधार पर तीन नामों की सिफारिश की, जिनमें से राज्य सरकार ने राजीव शर्मा के नाम पर अंतिम निर्णय लिया। राजीव शर्मा उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले के निवासी हैं। उन्होंने एमए और एमफिल की पढ़ाई की है। उनकी पहली पोस्टिंग 1992 में डीएसपी जोधपुर सिटी के तौर पर हुई थी। 2006 में वे एसपी से डीआईजी बने और इसके बाद पुलिस मुख्यालय की क्राइम ब्रांच में अपनी सेवाएं दीं। राज्य के पूर्व डीजीपी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा के सेवानिवृत्त होने के बाद संजय अग्रवाल को कार्यवाहक डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब नए डीजीपी की औपचारिक नियुक्ति के बाद राजीव शर्मा प्रदेश की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे।