लुधियाना.
पंजाब में मौसम के तेवर गर्म होने लगे हैं। फरवरी के अंतिम दिनों में लोगों को उमस महसूस होने लगी है। पंजाब के अधिकांश जिलों में पिछले पांच दिनों से अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहे है। हालांकि, सुबह व शाम हल्की ठंड बनी हुई है।
शनिवार को पंजाब के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए गए, जिसमें फरीदकोट में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।
यही स्थिति राज्य के प्रमुख शहरों में भी रही। बठिंडा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री, रूपनगर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 29.6 डिग्री, पटियाला में 29.4 डिग्री और अमृतसर 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोपड़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री, चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री, लुधियाना में सामान्य से 5.8 डिग्री, अमृतसर में सामान्य से 3.9 डिग्री व पटियाला में सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, इन जिलों न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रोपड़ में 15.5 डिग्री, चंडीगढ़ में 14.0 डिग्री, लुधियाना में 13.4 डिग्री, पटियाला में 14.8 डिग्री, अमृतसर में 11.9 डिग्री, बठिंडा में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। दिन में धूप तेज रहने की संभावना हैं। पांच मार्च के बाद मौसम बदल सकता है।





