मुल्लांपुर
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज आईपीएल का अहम मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच दोनों टीमों के लिए इस साल के आईपीएल में पहला मुकाबला है, इसलिए अहम हो जाता है। पंजाब किंग्स की कप्तानी जहां एक ओर श्रेयस अय्यर संभाल रहे हैं, वहीं गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल हैं। इस बीच आज का मैच कौन सी टीम जीतेगी, ये जानने की कोशिश करते हैं।
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से होगा पंजाब और गुजरात का मैच
आईपीएल में आज यानी मंगलवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच मैच होगा। मैच का समय वही रहेगा, यानी शाम को साढ़े सात बजे से मैच शुरू हो जाएगा, इससे आधे घंटे पहले सात बजे टॉस होगा। वैसे तो गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच अब तक छह मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 3-3 मैच दोनों टीमों ने जीते हैं। यानी टक्कर बराबरी की है। लेकिन फिर भी माना जा रहा है कि गुजरात टाइटंस का पलड़ा हल्का सा भारी है। पंजाब किंग्स के पास श्रेयस अय्यर जैसा कप्तान तो है ही, साथ ही मार्कस स्टॉयनिस, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल जैसे मैचविनर भी हैं, जो अकेले के दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। शुभमन गिल के अलावा गुजरात टाइटंस के भी पास जॉस बटलर, राशिद खान, मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी है, जो विरोधी टीम पर भारी पड़ सकते हैं।
गुजरात टाइटंस की सलामी जोड़ी का जवाब नहीं, स्पिनर और फिनिशर्स भी जबरदस्त
अब बात करते हैं कि दोनों टीमों की मजबूती क्या है, जिसके आधार पर टीम जीत दर्ज कर सकती है। गुजरात टाइटंस की सलामी जोड़ी काफी मजबूत नजर आती है। कप्तान शुभमन गिल के साथ साई सुदर्शन पारी का आगाज करने के लिए मैदान पर आएंगे। साई ने पिछले साल के आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का काम किया था। टीम के पास राशिद खान और साई किशोर के रूप में जबरदस्त स्पिन जोड़ी है, जो बीच के ओवर्स में ज्यादा रन नहीं बनाने देते। साथ ही आखिरी ओवर्स के लिए टीम के पास राहुल तेवतिया और शाहरुख खान जैसे खिलाड़ी भी हैं।
गुजरात टाइटंस अपने शीर्ष क्रम (शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर) पर निर्भर होगी। राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज वाली एक बेहतरीन गेंदबाजी यूनिट है। अशोक शर्मा एक होनहार नए खिलाड़ी हैं जिन्हें मौका मिल सकता है, जबकि अरशद खान बाएं हाथ के गेंदबाज के तौर पर टीम को एक अलग विकल्प देते हैं।
राशिद खान और वॉशिंगटन सुंदर के खेलने की संभावना को देखते हुए गुजरात टाइटंस आर साई किशोर के बजाय चौथे तेज गेंदबाज को मौका दे सकती है, क्योंकि न्यू चंडीगढ़ की पिच सीम बॉलिंग के लिए ज्यादा मददगार है।
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस हेड 2 हेड
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच हेड-टू-हेड मुकाबला बराबरी का रहा है। पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस ने एक-दूसरे के खिलाफ छह मैच खेले हैं और दोनों ही टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं।
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस पिच रिपोर्ट
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच पिच नंबर 4 पर खेला जाएगा। यह वही पिच है जिसका इस्तेमाल आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हुए मैच में किया गया था। तब पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्य के शतक की बदौलत 219 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 201 रन बनाए थे। पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग को एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है।
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की संभावित प्लेइंग 12
पंजाब किंग्स की संभावित 12: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, नेहल वढे़रा, शशांक सिंह, मार्को यानसेन, ज़ेवियर बार्टलेट/बेन ड्वार्शियस/अजमतुल्लाह उमरजई, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विजयकुमार वैशाक।
गुजरात टाइटंस की संभावित 12: शुभमन गिल (कप्तान), बीसाई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, मोहम्मद शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर/कगिसो रबाडा, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, आरसाई किशोर/अशोक शर्मा/अरशद खान।
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच की डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का चौथा मैच, पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस
मैच की तारीख: 31 मार्च 2026 (मंगलवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़।
लाइव प्रसारण: पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस से जुड़े प्रमुख आंकड़े
हो सकता है कि 2025 में पंजाब किंग्स के लिए श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन शानदार रहा हो, लेकिन न्यू चंडीगढ़ में उनका रिकॉर्ड काफी खराब है। इस मैदान पर खेले गए पांच मैच में उन्होंने सिर्फ 27 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 100 रहा है और उनका सबसे बड़ा स्कोर 10 रन है।
IPL 2025 में, प्रभसिमरन सिंह ने पांच पारियों में बाएं हाथ के स्पिनर के खिलाफ तीन बार आउट हुए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 104 रहा।
पंजाब किंग्स के लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल के खिलाफ गुजरात टाइटंस (GT) के ओपनर्स का रिकॉर्ड बिल्कुल अलग-अलग है। युजवेंद्र चहल के खिलाफ शुभमन गिल सिर्फ 122 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं और तीन बार उनके हाथों आउट हो चुके हैं, जबकि साई सुदर्शन ने युजवेंद्र चहल के खिलाफ 17 गेंदों में 40 रन बनाए हैं और एक भी बार आउट नहीं हुए हैं।
दोनों टीमों के अगले 3-3 मैच
पंजाब किंग्स
03 अप्रैल: बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, चेन्नई में
06 अप्रैल: बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, कोलकाता में
11 अप्रैल: बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, न्यू चंडीगढ़ में
गुजरात टाइटंस
04 अप्रैल: बनाम राजस्थान रॉयल्स, अहमदाबाद में
08 अप्रैल: बनाम दिल्ली कैपिटल्स, नई दिल्ली में
12 अप्रैल: बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, लखनऊ में
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस का फुल स्क्वॉड
पंजाब किंग्स की पूरी टीम: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे,बेन ड्वार्शियस, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन, विजयकुमार विशाक, लॉकी फर्ग्यूसन, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे, जेवियर बार्टलेट, यश ठाकुर, नेहल वढेरा, हरप्रीत बरार, कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, हरनूर सिंह, मुशीर खान, पायला अविनाश, विशाल निशाद।
गुजरात टाइटंस की पूरी टीम: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, मोहम्मद शाहरुख खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, इशांत शर्मा, जयंत यादव, जेसन होल्डर, ल्यूक वुड, वॉशिंगटन सुंदर, टॉम बैंटन, कुलवंत खेजरोलिया, अनुज रावत, मानव सुतार, कुमार कुशाग्र, अरशद खान, गुरनूर बरार, निशांत सिंधु, अशोक शर्मा।





