खन्ना.
खन्ना के कब्जा फैक्ट्री रोड स्थित रिहायशी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं मोहल्ला निवासी शशि वर्धन ने बताया कि आग सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच लगी। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है और आसपास घनी आबादी होने के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्थानीय निवासी अवतार मोरिया ने आरोप लगाया कि इलाके में कई फैक्ट्रियां अवैध रूप से चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मोहल्ला वासियों ने इस संबंध में कई बार नगर काउंसिल को शिकायतें दीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दूसरी तरफ टेक चंदन एंड सांस फैक्ट्री के मालिक संजय ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड मौके पर काफी देर से पहुंची, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। साथ ही उन्होंने दावा किया कि फैक्ट्री चलाने के लिए उनके पास सभी जरूरी एनओसी मौजूद हैं। वहीं फायर अफसर दमनप्रीत ने बताया कि उन्हें टेलीफोन के जरिए सूचना मिली थी कि कब्जा फैक्ट्री रोड स्थित एक फैक्ट्री में आग लगी है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी बनती कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन जांच में जुट गया है।





