samacharsecretary.com

सूर्यकुमार यादव का जलवा: एशिया कप में खेल भावना से सबका दिल जीत लिया

दुबई एशिया कप 2025 में बुधवार को भारत और यूएई के बीच दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खेल भावना का परिचय दिया, जिसकी तारीफ हो रही है। भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। यूएई की पारी का 13वां ओवर शिवम दुबे कर रहे थे। दुबे ने जैसे ही गेंद फेंकी, उनके पैकेट से उनका तौलिया क्रीज पर गिर गया। गेंद संभालने के बजाय सिद्दीकी गिरे हुए तौलिये की ओर इशारा करते हुए क्रीज से बाहर ही रहे। सैमसन ने मौके का फायदा उठाते हुए बेल्स गिरा दीं और तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट करार दे दिया। हालांकि, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव सफल स्टंपिंग अपील वापस ले ली। सूर्यकुमार यादव की इस फैसले की तारीफ हो रही है। हालांकि इस जीवनदान का जुनैद सिद्दीकी फायदा नहीं उठा सके और अगली गेंद पर आउट हो गए। यूएई की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही। यूएई भारतीय गेंदबाजों के सामने 13.1 ओवर में मात्र 57 रन पर सिमट गई। आलिशान शराफू ने सर्वाधिक 22 रन बनाए, वहीं कप्तान मुहम्मद वसीम ने 19 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में नहीं पहुंच सका। टी20 अंतर्राष्ट्रीय में यूएई का यह न्यूनतम स्कोर है। भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी की । बाएं हाथ के इस स्पिनर ने 2.1 ओवर में मात्र 7 रन देकर 4 विकेट लिए। ये कुलदीप की स्पिन का ही कमाल था की यूएई 57 रन पर सिमट गई। इसके अलावा ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 2 ओवर में 4 रन देकर 3 विकेट लिए। बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकेट मिले। 58 रन के लक्ष्य को भारत ने 4.3 ओवर में हासिल कर लिया। अभिषेक और गिल ने 3.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। इस स्कोर पर अभिषेक शर्मा 16 गेंद पर 3 छक्के और 2 चौके की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर उतरे सूर्यकुमार यादव ने गिल के साथ मिलकर भारत को 9 विकेट से जीत दिला दी। भारत ने 4.3 ओवर में 1 विकेट पर 60 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीता। गिल 9 गेंद पर 20 जबकि सूर्या 2 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद रहे।  

डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव, येरे अल्वारेज ने फैंस से की माफी, एथलेटिक बिलबाओ को झटका

मैड्रिड एथलेटिक बिलबाओ के डिफेंडर येरे अल्वारेज ने एक प्रतिबंधित दवा के लिए डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। इस मामले में उन्हें यूईएफए द्वारा 10 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, 30 वर्षीय येरे को कैरेनोन के लिए पॉजिटिव पाए  जाने के बाद निलंबित किया गया था। उनके शरीर में कैरेनोन नामक प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया। यह एक ऐसा पदार्थ है, जिसे अक्सर ड्रग्स छिपाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह दवा उस उपचार में मौजूद थी, जो उन्हें दो बार कैंसर से उबरने के बाद बालों के झड़ने की समस्या से जूझने के दौरान दिया गया था। मई में यूरोपा लीग सेमीफाइनल में मैनचेस्टर यूनाइटेड से 3-0 की हार के बाद 30 वर्षीय खिलाड़ी का कैरेनोन के लिए परीक्षण पॉजिटिव आया था। येरे ने बताया कि वह 2022 से इस उपचार के लिए दवा ले रहे थे और उन्होंने क्लब के साथ इसकी पूरी जानकारी साझा की थी। उनकी प्रेमिका भी इसी तरह का उपचार ले रही थीं। हालांकि, यूरोपा लीग सेमीफाइनल के पहले चरण से एक हफ्ते पहले उनकी दवाइयां खत्म हो गई थीं। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी पार्टनर की गोली लेने का फैसला किया, यह सोचकर कि इसका प्रभाव बिल्कुल वैसा ही होगा। मुझे नहीं पता था कि इसमें एक अलग पदार्थ है और यह प्रतिबंधित है।” येरे ने कहा, “मैं एथलेटिक प्रशंसकों और अपने साथियों से माफी मांगना चाहता हूं। ये महीने मेरे लिए जटिल रहे हैं। मैं सभी से माफी मांगता हूं। मैं इस स्थिति से गुजर रहा हूं, लेकिन इसमें आप सभी शामिल हैं।” उन्होंने यह भी घोषणा की है कि वह 2 अप्रैल, 2026, तक खेलने में सक्षम होने तक अपनी सैलरी छोड़ रहे हैं। येरे ने 10 महीने के निलंबन को स्वीकार किया, जो पिछले साल टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर को डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर मिले तीन महीने के निलंबन से काफी लंबा है। उन्होंने कहा, “मुझे 10 महीने का निलंबन उचित लगता है। यह मेरी गलती थी, जिसे मैंने शुरू से स्वीकार किया है।” येरे ने 2 जून को अस्थायी निलंबन स्वीकार किया था और सजा को उसी तारीख से लागू किया गया है। वह 2 अप्रैल, 2026 से फिर से खेल सकेंगे और 2 फरवरी, 2026 से प्रशिक्षण सत्रों में शामिल हो सकेंगे।  

एशिया कप में हॉन्ग कॉन्ग और बांग्लादेश की भिड़ंत, जानें लाइव स्ट्रीमिंग का तरीका

नई दिल्ली  बांग्लादेश की टीम आज अपने एशिया कप 2025 अभियान की शुरुआत करेगी। लिटन दास की कप्तानी वाली टीम को हॉन्ग कॉन्ग से भिड़ना है। ये मैच अबू धाबी में खेला जाएगा। हॉन्ग कॉन्ग चीन की टीम के लिए ये बहुत अहम मैच है। बांग्लादेश की टीम हारकर भी टूर्नामेंट में जीवित रह सकती है, लेकिन हॉन्ग कॉन्ग के लिए हारने पर सुपर 4 में पहुंचने के रास्ते बंद हो जाएंगे। 11 सितंबर को होने वाले मैच को आप कब और कहां लाइव देख सकते हैं और इसके अलावा आइए बांग्लादेश वर्सेस हॉन्ग कॉन्ग मैच से जुड़ी कुछ अहम जानकारियों पर डालते हैं-   बांग्लादेश वर्सेस हॉन्ग कॉन्ग एशिया कप 2025  का तीसरा मैच लोकल टाइम के अनुसार साढ़े 6 बजे शुरू होगा। उस समय भारत में रात के 8 बजे होंगे, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान (लिटन दास और यासिम मुर्तजा) आधा घंटा पहले यानी 6 बजे (भारत में शाम के साढ़े 7 बजे) मैदान पर उतरेंगे।   एशिया कप 2025 के तीसरे मैच का सीधा प्रसारण आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनलों पर भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण होगा। अलग-अलग भाषाओं और अलग-अलग पिक्चर क्वालिटी में आप मैच का लुत्फ उठा सकते हैं। बांग्लादेश वर्सेस हॉन्ग कॉन्ग एशिया कप 2025 के तीसरे लीग मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आप सोनी लिव ऐप पर देख सकते हैं और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए आप सोनी लिव की वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं। वहीं, अगर आप Bangladesh vs Hong Kong मैच के लाइव स्कोर, रिकॉर्ड्स और मैच से जुड़ी दिलचस्प जानकारी चाहते हैं तो आप लाइवहिंदुस्तान के एशिया कप पेज पर विजिट कर सकते हैं। बांग्लादेश का स्क्वॉड लिटन दास (कप्तान और विकेटकीपर), परवेज हुसैन इमोन, तंजीद हसन तमीम, तौहीद हृदोय, सैफ हसन, जेकर अली, महेदी हसन, रिशद हुसैन, तस्कीन अहमद, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, मोहम्मद सैफुद्दीन, नुरुल हसन, शोरफुल इस्लाम, शमीम हुसैन और तंजीम हसन साकिब हॉन्ग कॉन्ग का स्क्वॉड जीशान अली (विकेटकीपर), यासिम मुर्तजा (कप्तान), अंशुमान रथ, बाबर हयात, निजाकत खान, कल्हण चल्लू, किंचित शाह, ऐजाज खान, एहसान खान, आयुष शुक्ला, अतीक इकबाल, शाहिद वासिफ, नसरुल्ला राणा, मोहम्मद गजनफर, मोहम्मद वहीद, मार्टिन कोएत्जी, अली हसन  

अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत में मारा छक्का, क्रिकेट की दुनिया में किया कमाल

नई दिल्ली  एशिया कप में बुधवार को यूएई के खिलाफ भारत के पहले मैच में ओपनर अभिषेक शर्मा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने वो कर दिखाया जो टी20 इंटरनेशनल में आज तक किसी दूसरे भारतीय बल्लेबाज नहीं किया था। उन्होंने पारी की शुरुआत की और पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस तरह वह T20I में लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए। वैसे टी20 इंटरनेशनल में इससे पहले भी तीन भारतीयों ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने का करिश्मा किया है। लेकिन तीनों ही बार भारत पहले बल्लेबाजी कर रहा था, लक्ष्य का पीछा नहीं। भारत ने बुधवार को एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत यूएई की पूरी टीम 13.1 ओवर में महज 57 रन बनाकर आउट हो गई। यादव ने 4 विकेट झटके। शिवम दुबे ने 3 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के खाते में 1-1 विकेट आए। भारत को जीत के लिए सिर्फ 58 रन का लक्ष्य मिला। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी मैदान में आई। यूएई की तरफ से हैदर अली ने गेंदबाजी की शुरुआत की। शर्मा ने उनकी पहली ही गेंद को मिड ऑफ के ऊपर से सिक्स के लिए भेज दिया। इस तरह अभिषेक शर्मा भारतीय क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए जिन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए टी20 पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा। टी20 में भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने का कारनामा करने वाले वह चौथे बल्लेबाज बने। इससे पहले 2021 में रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था। उसके बाद यशस्वी जायसवाल ने 2024 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ ऐसा किया। संजू सैमसन ने इसी साल मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ पारी की पहली ही गेंद पर सिक्स लगाया। रोहित, जायसवाल और सैमसन ने जब ये कारनामा किया तब भारत लक्ष्य का पीछा नहीं कर रहा था, बल्कि मैच में पहले बल्लेबाजी कर रहा था। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 16 गेंदों में 30 रन कूटे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के जड़े। उनके आउट होने के बाद उपकप्तान शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद रहते हुए भारत को पांचवें ओवर में ही 9 विकेट से जीत दिला दी। अभिषेक शर्मा ने पिछले साल ही जुलाई में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। थोड़े ही समय में उन्होंने खुद को भारत के सबसे विध्वंसक ओपनर के तौर पर स्थापित कर दिया। टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी पारी खेलने का भारतीय रिकॉर्ड भी उनके ही नाम है। इसी साल उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। शर्मा ने इस तरह टी20 में भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी के शुभमन गिल (नाबाद 126 रन) के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था।  

IND vs PAK का मुकाबला होगा एशिया कप में, सुप्रीम कोर्ट ने नहीं लगाई रोक

नई दिल्ली  सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को उस जनहित याचिका (PIL) पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया, जिसमें 14 सितंबर को होने वाले एशिया कप T20 टूर्नामेंट के भारत–पाकिस्तान मैच को रद्द करने की मांग की गई थी। मामला जब जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई की पीठ के समक्ष पहुंचा तो अदालत ने इसे गंभीरता से लेने से इनकार कर दिया। जस्टिस माहेश्वरी ने साफ कहा, “इतनी भी क्या जल्दबाजी है? यह तो एक मैच है, होने दीजिए।” जब वकील ने दलील दी कि रविवार को मैच है और अगर शुक्रवार को भी सुनवाई नहीं हुई तो याचिका निरर्थक हो जाएगी तो जस्टिस माहेश्वरी ने दो टूक जवाब दिया, “मैच इस रविवार है? हम इसमें क्या कर सकते हैं? रहने दीजिए, मैच होना चाहिए।” याचिका में क्या कहा गया? यह याचिका चार कानून के छात्रों ने दाखिल की है। उनका कहना है कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के साथ मैच खेलना राष्ट्रीय हित के खिलाफ है। इससे शहीद हुए जवानों और नागरिकों के बलिदान का अपमान होगा। याचिका के मुताबिक, “जब हमारे सैनिक अपनी जान दे रहे हैं, उसी देश के साथ क्रिकेट खेलना गलत संदेश देता है और शहीदों के परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता है।” याचिका में कहा गया कि मनोरंजन को राष्ट्र की सुरक्षा और गरिमा से ऊपर नहीं रखा जा सकता। याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट से यह भी अपील की है कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम, 2025 (National Sports Governance Act, 2025) को लागू करे। सीजन बॉल क्रिकेट को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघ (National Sports Federation) के दायरे में लाया जाए। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को खेल मंत्रालय के अधीन लाया जाए। याचिका का नेतृत्व कर रही छात्रा उर्वशी जैन ने कहा, “अब समय आ गया है कि बीसीसीआई को खेल मंत्रालय के अधीन लाया जाए। एक बार राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम लागू हो गया तो बोर्ड को राष्ट्रीय खेल बोर्ड के तहत आना ही पड़ेगा।”  

एशिया कप में भारतीय तूफान: 27 गेंद में UAE ढेर, इंग्लैंड का बड़ा रिकॉर्ड बाल-बाल बचा

दुबई  एशिया कप 2025 के दूसरे मैच में टीम इंडिया ने यूएई को 9 विकेट से रौंदकर विजयी आगाज किया है. ये मुकाबला दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया. मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. यूएई की टीम पहले बैटिंग करते हुए महज 57 के स्कोर पर ढेर हो गई थी. कुलदीप यादव को 4 तो शिवम दुबे को 3 सफलता मिली. इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम ने इस टोटल को 5वें ओवर में ही चेज कर लिया. यूएई की टीम जब पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी तो उसका पहला विकेट 26 के स्कोर पर गिरा. लेकिन अगले 31 रन बनाने में यूएई ने 9 विकेट गंवाए. कुलदीप ने इस मैच में 4 तो शिवम दुबे ने एक विकेट झटका. 58 रनों के जवाब में उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा के 16 गेंद में 30 और गिल के नाबाद 9 गेंद में 20 रनों और कप्तान सूर्या के नाबाद 7 रनों के दम पर ये मैच 4.3 ओवर में ही चेज कर लिया. भारत का अगला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान से होना है. T20 में इंग्लैंड का ये रिकॉर्ड टूटने से बचा टीम इंडिया के नाम जुड़ा ये खास रिकॉर्ड इस जीत के साथ भारत ने एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया है. किसी फुल मेंबर टीम द्वारा सबसे अधिक गेंदें शेष रहते टी20 जीत दर्ज करने के मामले में भारत अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. यहां देखें सबसे ज्यादा गेंद रहते जीत वाले मैच… 101 गेंद शेष: इंग्लैंड बनाम ओमान, नॉर्थ साउंड, 2024 93 गेंद शेष: भारत बनाम यूएई, दुबई, 2025 90 गेंद शेष: श्रीलंका बनाम नीदरलैंड, चटगांव, 2014 90 गेंद शेष: ज़िम्बाब्वे बनाम मोज़ाम्बिक, नैरोबी, 2024 भारत का पिछला रिकॉर्ड 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ दुबई में था, जब टीम ने 81 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की थी. इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने भी एक शानदार उपलब्धि हासिल की. इस मैच में अभिषेक शर्मा ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. ऐसा करने वाले वो कुछ चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए. भारतीय बल्लेबाज़ जिन्होंने T20I की पहली गेंद पर छक्का जड़ा रोहित शर्मा– आदिल राशिद (इंग्लैंड) के खिलाफ, अहमदाबाद, 2021 यशस्वी जायसवाल– सिकंदर रज़ा (ज़िम्बाब्वे) के खिलाफ, हरारे, 2024 संजू सैमसन– जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड) के खिलाफ, मुंबई WS, 2025 अभिषेक शर्मा- हैदर अली (यूएई) के खिलाफ, दुबई, 2025 ऐसा रहा ये मुकाबला मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. यूएई की टीम पहले बैटिंग करते हुए महज 57 के स्कोर पर ढेर हो गई थी. कुलदीप यादव को 4 तो शिवम दुबे को 3 सफलता मिली. इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम ने इस टोटल को 5वें ओवर में ही चेज कर लिया. यूएई की टीम जब पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी तो उसका पहला विकेट 26 के स्कोर पर गिरा. लेकिन अगले 31 रन बनाने में यूएई ने 9 विकेट गंवाए. कुलदीप ने इस मैच में 4 तो शिवम दुबे ने एक विकेट झटका. 58 रनों के जवाब में उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा के 16 गेंद में 30 और गिल के नाबाद 9 गेंद में 20 रनों और कप्तान सूर्या के नाबाद 7 रनों के दम पर ये मैच 4.3 ओवर में ही चेज कर लिया. भारत का अगला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान से होना है. सूर्या ने प्लेइंग इलेवन में संजू सैमस को मौका दिया था. तिलक वर्मा भी टीम में थे. लेकिन जितेश और रिंकू को मौका नहीं मिला था.   ऐसी रही यूएई की बल्लेबाजीः पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई के लिए पारी का आगाज कप्तान मुहम्मद वसीम और शराफू ने किया. पहले दो ओवर में यूएई ने धारदार बल्लेबाजी की. लेकिन चौथे ओवर में यूएई को पहला झटका लगा जब बुमराह ने शराफू को बोल्ड किया. शराफू के बल्ले से 22 रन आए. इसके बाद 5वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने जोहैब को बाहर का रास्ता दिखाया. 5 ओवर के बाद यूएई का स्कोर 32-2 था. इसके बाद मुहम्मद वसीम से बड़ी उम्मीदें थीं. लेकिन कुलदीप यादव कहर बनकर बरपे. उन्होंने एक के बाद एक यूएई को झटके दिए, जिससे यूएई की पारी लड़खड़ा गई. कुलदीप के बाद शिवम दुबे ने भी गेंदबाजी से कहर बरपाया और यूएई की टीम महज 57 के स्कोर पर ढेर हो गई. यूएई का विकेट पतनः 26-1 (अलीशान शराफू, 3.4), 29-2 (मुहम्मद जोहैब, 4.4), 47-3 (राहुल चोपड़ा, 8.1), 48-4 (मुहम्मद वसीम, 8.4), 50-5 (हर्षित कौशिक, 8.6), 51-6 (आसिफ खान, 10.3), 52-7 (सिमरनजीत सिंह, 11.2), 54-8 (ध्रुव पाराशर, 12.1), 55-9 (जुनैद सिद्दीकी, 12.4), 57-10 (हैदर अली, 13.1)

बुमराह ने भारत को दिलाई पहली सफलता, हार्दिक ने संभाली अटैक की कमान

नई दिल्ली  आज टी20 एशिया कप 2025 में भारत और यूएई के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। ग्रुप ए का हिस्सा दोनों टीमों की दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टक्कर हो रही है। भारत ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम की टूर्नामेंट में तूफानी आगाज पर नजर है। भारत डिफेंडिंग चैंपियन है। भारत ने एशिया कप इतिहास में सर्वाधिक आठ खिताब जीते हैं। यह भारत का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यूएई के खिलाफ दूसरा मैच है। भारत के लिए यूएई के खिलाफ मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले अभ्यास मैच की तरह है। शुभमन गिल की सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी के बाद विकेटकीपर संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर असमंजस था। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने संजू पर भरोसा बरकरार रखा है। गिल बुधवार को ओपनर के रूप में उतरेंगे जबकि संजू मध्यक्रम में आएंगे। बुमराह ने दिलाई पहली सफलता जसप्रीत बुमराह ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर अलीशान शराफू को बोल्ड किया। शराफू ने 17 गेंदों में तीन 22 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक सिक्स शामिल हैं। उन्होंने वसीम के संग 26 रनों की साझेदारी की। हार्दिक ने संभाली अटैक की कमान यूएई की पारी शुरू हो गई है। मुहम्मद वसीम और अलीशान शराफू बैटिंग करने उतरे हैं। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने बॉलिंग अटैक की कमान संभाली। उन्होंने पहले ओवर में 10 रन खर्च किए। शराफू ने दो चौके लगाए और डबल निकाला।

SA20 ऑक्शन में टूटा रिकॉर्ड: ब्रेविस-मार्करम की बोली ने रचा नया इतिहास

जोहानिसबर्ग साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और एडेन मार्करम ने SA20 क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे सत्र की खिलाड़ियों की नीलामी में रिकॉर्ड धनराशि हासिल करके नया इतिहास रचा। ब्रेविस को सौरव गांगुली की कोचिंग वाली प्रिटोरिया कैपिटल्स ने 16.5 मिलियन रैंड (लगभग 8.3 करोड़ रुपये) में खरीदा, जो 2022 में ट्रिस्टन स्टब्स के लिए भुगतान किए गए 9.2 मिलियन रैंड (लगभग 4.6 करोड़ रुपये) के पिछले रिकॉर्ड से कहीं अधिक है। नए मुख्य कोच गांगुली के नेतृत्व में सेंचुरियन स्थित फ्रेंचाइजी ने जोबर्ग सुपर किंग्स के साथ बोली प्रक्रिया में चली कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद इस 22 वर्षीय खिलाड़ी को अपनी टीम से जोड़ा। गांगुली ने नीलामी के बाद एक रिलीज में कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और पिछले डेढ़ साल में उन्होंने अपने खेल में काफी सुधार किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका प्रदर्शन इसका सबूत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रदर्शन को कभी भी पैसे से नहीं जोड़ता। 16.5 मिलियन रैंड की बात छोड़ भी दें, तो मेरा मानना ​​है कि वह एक शानदार प्रतिभा हैं। वह स्पिन को बहुत अच्छी तरह खेलते हैं, जो बेहद महत्वपूर्ण है। हमने हर पहलू पर गौर करके उन पर यह कीमत लगाई।’’ साउथ अफ्रीका के टी-20 कप्तान मार्करम को डरबन सुपर जायंट्स ने 14 मिलियन रैंड (लगभग सात करोड़ रुपये) में खरीदा, जबकि सनराइजर्स ईस्टर्न केप ने उन्हें राइट टू मैच कार्ड के तहत 12.4 मिलियन रैंड में रिटेन करने की कोशिश की थी। नीलामी के बाद SA20 लीग के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ ने कहा, ‘‘मैं आंकड़ों के बारे में बात करने से हिचकिचाता हूं, लेकिन साउथ अफ्रीकी क्रिकेट में इस तरह के निवेश को देखना रोमांचक है। सबसे अच्छी बात यह है कि फ्रेंचाइजी साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों का समर्थन कर रही हैं।‘‘ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यहां कुछ अच्छी प्रतिभाएं हैं। एसए20 ने उन्हें जो मंच प्रदान किया है, उससे उन्हें न केवल यहां (दक्षिण अफ्रीका में) फायदा हुआ है, बल्कि अन्य लीगों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्हें लाभ मिला है।’’ कुल मिलाकर छह फ्रेंचाइजी ने 84 खिलाड़ियों पर 129.3 मिलियन रैंड (लगभग 65 करोड़ रुपये) खर्च किए, जिसमें दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों पर 116.9 मिलियन रैंड (लगभग 59 करोड़ रुपये) खर्च किए गए। बारह अंडर-23 खिलाड़ियों पर कुल 22.8 मिलियन रैंड (लगभग 11.4 करोड़ रुपये) खर्च किए गए। युवा खिलाड़ियों में किशोर तेज गेंदबाज क्वेना मफाका को डरबन सुपर जायंट्स ने 2.3 मिलियन रैंड में चुना, जबकि जैन्को स्मिट (जोबर्ग सुपर किंग्स), बयांडा माजोला (प्रिटोरिया कैपिटल्स) और जेजे बेसन (पार्ल रॉयल्स) ने भी एसए20 में अपने पहले सत्र के लिए अनुबंध हासिल किए। जोबर्ग सुपर किंग्स ने ऑलराउंडर वियान मुल्डर को नौ मिलियन रैंड (लगभग 4.5 करोड़ रुपये) और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर को 6.3 मिलियन रैंड (लगभग 3.1 करोड़ रुपये) में अनुबंधित किया। एसए20 का चौथा सत्र इस साल 26 दिसंबर से शुरू होगा और अगले साल 25 जनवरी तक चलेगा।  

जब दलीप ट्रॉफी फाइनल में सितारे गायब, तो युवा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

नई दिल्ली  रविचंद्रन स्मरण और दानिश मालेवार जैसे युवा खिलाड़ी गुरुवार से बेंगलुरु में दक्षिण क्षेत्र और मध्य क्षेत्र के बीच शुरू हो रहे दलीप ट्रॉफी फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ खींचने की कोशिश करेंगे। दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ी एशिया कप में भाग ले रहे हैं जबकि कुछ खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ होने वाले मैच के लिए भारत ए की टीम में शामिल हैं जिससे यह मुकाबला कुछ हद तक नीरस बन गया है। मध्य क्षेत्र के कप्तान रजत पाटीदार को छोड़कर कोई भी अन्य स्टार खिलाड़ी इस मैच में भाग नहीं ले रहा है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों के पास अपनी चमक बिखरने का यह शानदार मौका है। इन खिलाड़ियों में कर्नाटक के स्मरण प्रमुख हैं जिन्होंने कर्नाटक के लिए सात प्रथम श्रेणी मैचों में 64.50 की औसत से 516 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं। लिस्ट ए और टी-20 में भी उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली है। उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप के 10 मैचों में 72.16 की औसत से 433 रन और छह टी-20 मैचों में 170 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं । यह 22 वर्षीय खिलाड़ी बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के सामने निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होगा। मध्य क्षेत्र के मालेवार ने पहले ही दलीप ट्रॉफी में अपनी छाप छोड़ दी है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में क्रमशः 203 और 76 रन बनाए। विदर्भ के इस 21 वर्षीय बल्लेबाज ने अब तक 11 प्रथम श्रेणी मैचों में 59 की औसत से तीन शतकों के साथ 1077 रन बनाए हैं। तमिलनाडु के 19 वर्षीय आंद्रे सिद्धार्थ के प्रदर्शन पर भी सभी की नजर रहेगी जिन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत 612 रन के सत्र (2024-25) से की थी, जिसमें उनका औसत 68 का था। दक्षिण और मध्य क्षेत्र दोनों का बल्लेबाजी विभाग मजबूत है। दोनों टीमों के पास कुछ कुशल गेंदबाज भी हैं जिनमें मध्य क्षेत्र के दीपक चाहर भी शामिल है जो राष्ट्रीय टीम ने वापसी करने के लिए अच्छा प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मध्य क्षेत्र को गेंदबाजी विभाग में स्पिनर हर्ष दुबे, तेज गेंदबाज खलील अहमद और यश ठाकुर की कमी खलेगी, क्योंकि ये तीनों खिलाड़ी लखनऊ में भारत ए टीम में शामिल हो गए हैं। दक्षिण क्षेत्र भी देवदत्त पडिक्कल और नारायण जगदीशन जैसे बल्लेबाजों के बिना खेल रहा है। टीम इस प्रकार हैं: मध्य क्षेत्र: रजत पाटीदार (कप्तान), आयुष पांडे, दानिश मालेवार, शुभम शर्मा, संचित देसाई, यश राठौड़, नचिकेत भुटे, कुमार कार्तिकेय सिंह, आदित्य ठाकरे, उपेंद्र यादव (विकेटकीपर), अजय सिंह कुकना, अक्षय वाडकर (विकेटकीपर), दीपक चाहर, कुलदीप सेन, सारांश जैन। दक्षिण क्षेत्र: मोहम्मद अज़हरुद्दीन (कप्तान और विकेटकीपर), रिकी भुई (उप-कप्तान), रविचंद्रन स्मरण, काले एम, शेख रशीद, तन्मय अग्रवाल, सलमान निज़ार, आंद्रे सिद्दार्थ, तनय त्यागराजन, गुरजापनीत सिंह, एमडी निधिश, वासुकी कौशिक, अंकित शर्मा, टी विजय, बासिल एनपी। स्टैंडबाय: मोहित रेडकर, स्नेहल कौतनकर, ईडन एप्पल टॉम, अजय रोहेरा, जी अनिकेत रेड्डी। समय: मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।  

बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास में मदद को तैयार शिखर धवन की पहल

नई दिल्ली  भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद से लिए आगे आए हैं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक भावुक वीडियो में धवन ने इस कठिन समय में एकता और करुणा का आह्वान किया। धवन ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में लिखा, 'यह एकजुट होने का समय है। पंजाब को हमारी ताकत, करुणा और समर्थन की जरूरत है.. थोड़ी सी मदद भी बहुत फर्क ला सकती है। आइए हम सब अपना योगदान दें।'  अपनी व्यक्तिगत अपील के साथ धवन का NGO शिखर धवन फाउंडेशन बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास प्रयासों में सहायता के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। शिखर धवन की मीडिया टीम की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फाउंडेशन का उद्देश्य जीवन के पुनर्निर्माण में मदद करना और जहां सबसे ज्यादा जरूरत है वहां दीर्घकालिक सहायता प्रदान करना है।  उनके संदेश को प्रशंसकों और साथी क्रिकेटरों का जबरदस्त समर्थन मिला है जिसमें संकट के समय में करुणा और एकता के महत्व पर प्रकाश डाला गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने पंजाब को पहले से आवंटित 12,000 करोड़ रुपए के अलावा, राज्य के लिए 1,600 करोड़ रुपए के वित्तीय सहायता पैकेज की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार केंद्र राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) और पीएम किसान सम्मान निधि योजना की दूसरी किस्त भी अग्रिम रूप से जारी करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने स्थिति का जमीनी स्तर पर आकलन करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के कर्मियों से भी बातचीत की। हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के कारण पंजाब में व्यापक तबाही हुई है। राज्य सरकार ने केंद्र द्वारा 'रोके गए' 60,000 करोड़ रुपए की धनराशि तत्काल जारी करने की मांग की है, जो पंजाब की बाढ़ से प्रभावित अर्थव्यवस्था को समग्र रूप से पटरी पर लाने के लिए बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरदासपुर और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन किया। इसके बाद उन्होंने गुरदासपुर में अधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ एक आधिकारिक समीक्षा बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने राहत और पुनर्वास उपायों की समीक्षा की और पंजाब में हुए नुकसान का भी आकलन किया।