samacharsecretary.com

ऑनलाइन फ्रॉड अलर्ट: टैक्स रिफंड के बहाने लूटा जा रहा पैसा

जयपुर विस्तार- राजस्थान में साइबर ठगी को लेकर राजस्थान पुलिस की साइबर सेल ने एक और चेतावनी जारी की है। इन दिनों इनकम टैक्स  रिटर्न के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहे हैं। साइबर शाखा ने लोगों को सलाह दी है इस तरह की किसी भी  फर्जी ईमेल, SMS और लिंक से दूर रहें। साइबर अपराधी टैक्स रिफंड, पैन-आधार लिंकिंग और प्रोफाइल सत्यापन जैसे बहाने बनाकर आम जनता को निशाना बना रहे हैं। ठगी के आम तरीके: 1.  फर्जी मैसेज और कॉल: अपराधी फर्जी ईमेल, एसएमएस और कॉल के जरिए बताते हैं कि आपका टैक्स रिफंड रुका हुआ है या आपने गलत ITR भरा है। वे आपको एक लिंक पर क्लिक करने के लिए कहते हैं, जो आपको एक नकली वेबसाइट पर ले जाता है। 2.  फिशिंग वेबसाइट: ये लिंक आपको आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट incometax.gov.in जैसी दिखने वाली नकली साइट पर ले जाते हैं। यहाँ आपसे पैन, आधार, बैंक डिटेल्स, ओटीपी और लॉगिन पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी मांगी जाती है। 3.  मालवेयर वाले अटैचमेंट: कुछ ईमेल में ITR की रसीद के रूप में खतरनाक फाइलें (APK) होती हैं, जिन्हें डाउनलोड करने पर आपके फोन या कंप्यूटर में वायरस आ सकता है। 4.  सोशल मीडिया स्कैम: व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया पर तत्काल रिफंड का दावा करने वाले फर्जी संदेश भेजे जाते हैं, जिनमें नकली लोगो या QR कोड का इस्तेमाल किया जाता है। खुद को कैसे बचाएं : हमेशा रहें सतर्क: ITR से जुड़ी सेवाओं के लिए सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट incometax.gov.in का ही उपयोग करें।  जांच करें: किसी भी ईमेल या संदेश पर भरोसा करने से पहले, भेजने वाले के ईमेल पते की अच्छी तरह से जांच कर लें। जानकारी साझा न करें: किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, पैन नंबर, आधार नंबर, या कोई भी निजी जानकारी कभी न दें। लिंक पर क्लिक न करें: अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।  UPI/QR कोड स्कैन न करें: किसी भी अज्ञात क्यूआर कोड या यूपीआई लिंक के जरिए रिफंड पाने की कोशिश न करें। अगर आप साइबर धोखाधड़ी के शिकार हो जाते हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आप साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (https://cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, आप नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930/9257510100 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

पुरानी अदावत ने ली जान, फलासिया हत्या मामले में चार अभियुक्त गिरफ्तार

उदयपुर उदयपुर के फलासिया थाना क्षेत्र में 7 अगस्त को हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में शामिल चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पांच नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अश्विन ने पूछताछ में बदले की भावना से हत्या करने की बात स्वीकार की है। अश्विन ने बताया कि मार्च महीने में वह खेत के रास्ते से फलासिया आ रहा था, तभी रास्ते में शराब के नशे में रमेश और दीपक उससे भिड़ गए और बिना किसी कारण उसके साथ मारपीट की। इस घटना से आहत होकर उसने बदला लेने का मन बना लिया और कई महीनों तक मौके की तलाश करता रहा। 7 अगस्त को अश्विन फलासिया बाजार में सामान लेने आया, जहां उसकी नजर रमेश पर पड़ी। पुरानी रंजिश का बदला लेने के इरादे से उसने तुरंत अपने दोस्तों और परिचितों को बुला लिया। कुछ ही देर में उसके साथी भी मौके पर पहुंच गए और रमेश को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच दीपक वहां आकर बीचबचाव करने लगा लेकिन विवाद बढ़ गया। लड़ाई के दौरान अश्विन के साथ मौजूद एक नाबालिग ने अचानक चाकू निकालकर दीपक के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से दीपक मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश देकर चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया और पांच नाबालिगों को डिटेन किया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस चाकू बरामदगी, घटना स्थल की पुष्टि और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई कर रही है।

आसाराम को फिलहाल जेल से बाहर रहने का मौका, 29 अगस्त तक बढ़ी राहत

जयपुर गुजरात और राजस्थान में दुष्कर्म के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 86 वर्षीय आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट ने एक बार फिर राहत प्रदान की है। 8 अगस्त को दायर अपील पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसकी अंतरिम जमानत 29 अगस्त तक बढ़ाने का आदेश दिया है। सुनवाई के दौरान आसाराम के वकील निशांत बोड़ा ने हालिया मेडिकल रिपोर्ट्स कोर्ट के समक्ष पेश कीं। इन रिपोर्ट्स में हृदय संबंधी गंभीर समस्या का उल्लेख है। इससे पहले गुजरात हाईकोर्ट ने भी इसी आधार पर उसकी अंतरिम जमानत को 29 अगस्त तक बढ़ा दिया था। गुजरात हाईकोर्ट के आदेश में सामने आया कि आसाराम का ट्रोपोनिन लेवल बहुत अधिक है, जो हृदय रोग का गंभीर संकेत है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत क्रिटिकल है और फिलहाल वह इंदौर के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश दिनेश मेहता और विनीत कुमार माथुर ने आदेश दिया है कि अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों का एक पैनल गठित किया जाए। इस पैनल में दो कार्डियोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे। टीम आसाराम की हृदय और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट कोर्ट को सौंपेगी।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का जायजा लेने CM भजनलाल शर्मा का बॉर्डर पोस्ट निरीक्षण

बीकानेर स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले, 14 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा का दौरा प्रस्तावित है। सीएम खाजूवाला क्षेत्र स्थित कोडेवाला पोस्ट पर पहुंचकर बीएसएफ जवानों के बीच तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे और उनके साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री यहां करीब एक घंटे रुककर जवानों से बातचीत करेंगे और सीमा पर स्थित फेंसिंग क्षेत्र का निरीक्षण भी कर सकते हैं। यह पहला मौका होगा जब भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री बनने के बाद बॉर्डर पर जाकर जवानों के साथ समय बिताएंगे। बीएसएफ और जिला प्रशासन ने इस विशेष यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कोडेवाला पोस्ट पर पहले से ही कड़ी सुरक्षा है, जिसे मुख्यमंत्री की यात्रा के मद्देनजर और मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों ने किया निरीक्षण खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर और बीएसएफ बीकानेर रेंज के डीआईजी अजय लूथरा सहित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम के स्वागत और सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कोडेवाला पोस्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम पहले से मौजूद हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और भी सख़्त की जा रही है। सीएम के खाजूवाला आगमन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यक्रम के मद्देनज़र बॉर्डर इलाक़े में प्रशासन और बीएसएफ की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं, वहीं बीकानेर रेंज में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर हलचल बढ़ गई है।

किसानों के लिए अहम खबर! ‘कृषक उपहार योजना’ में संशोधन, लाभार्थियों की नई सूची जारी

जयपुर राज्य सरकार ने किसानों को पारदर्शी और डिजिटल माध्यम से कृषि जिंसों की बिक्री हेतु प्रोत्साहित करने के लिए संचालित ‘कृषक उपहार योजना’ में संशोधन के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। अब इस योजना का लाभ उन किसानों को ही मिलेगा जो ई-नाम पोर्टल के माध्यम से बिक्री करते हुए ई-पेमेंट (इलेक्ट्रॉनिक भुगतान) प्रणाली से भुगतान प्राप्त करते हैं।  मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को कृषि विपणन विभाग द्वारा भिजवाए गए प्रस्ताव के अनुसार अब उन्हीं किसानों को उपहार कूपन जारी किया जाएगा, जिनकी जिंसों की बिक्री ई-नाम पोर्टल पर दर्ज हुई हो और उसका भुगतान ई-पेमेंट के माध्यम से प्राप्त किया गया हो। योजना के वर्तमान स्वरूप में देखा जा रहा था कि ई-नाम पर कृषि जिंस के विक्रय पर्चियों पर जारी कूपन की तुलना में ई-पेमेंट पर जारी कूपन की संख्या काफी कम है। अब केवल ई-पेमेंट पर ही उपहार कूपन जारी किए जाने से ई-नाम पोर्टल पर बिक्री के साथ-साथ किसान और व्यापारी तत्काल एवं सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए प्रेरित होंगे।  संशोधित योजना में ई-पेमेंट से प्राप्त कृषि उपज विक्रय की प्रति 10 हजार रूपये की राशि एवं इसके गुणकों में उपहार कूपन ई-नाम सॉफ्टवेयर द्वारा जारी किए जा सकेंगे। प्रत्येक 6 माह में मंडी स्तर पर ड्रॉ निकालकर 50,000 रूपये का प्रथम पुरस्कार 30,000 रूपये का द्वितीय पुरस्कार और 20,000 रूपये का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

आस्था का केंद्र सजेगा नए रूप में, श्री रावल मल्लीनाथ जी मंदिर में भूमि पूजन संपन्न

बोलातरा मालाणी क्षेत्र की आस्था और गौरव का प्रतीक श्री रावल मल्लीनाथ जी का प्राचीन मंदिर, जिसे भक्त मालाजाल मंदिर के नाम से भी जानते हैं, अब नए भव्य स्वरूप में निखरेगा। यह ऐतिहासिक मंदिर तिलवाड़ा कस्बे के मालाजाल में पवित्र लूणी नदी के किनारे स्थित है। सैकड़ों वर्षों की परंपरा से जुड़े इस मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ किया गया। भूमि पूजन रावल श्री मल्लीनाथ जी के 25वें गादीपति एवं संस्थान अध्यक्ष रावल किशन सिंह जसोल ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच संपन्न कराया। इस दौरान संस्थान समिति के पदाधिकारी, माला पोता परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मालाणी के संस्थापक और लोकदेवता रावल किशन सिंह जसोल ने बताया कि रावल मल्लीनाथ जी न केवल मालाणी क्षेत्र के संस्थापक थे, बल्कि लोकदेवता और सिद्ध पुरुष के रूप में आज भी पूजनीय हैं। 1358 ईस्वी में राव शल्काजी के ज्येष्ठ पुत्र के रूप में जन्मे मल्लीनाथ जी वीर योद्धा, चमत्कारी संत और ‘त्राता’ (रक्षक) के रूप में लोकमानस में स्थापित हुए। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष चैत्र कृष्ण एकादशी से तिलवाड़ा पशु मेला आयोजित होता है, जो अब विश्वविख्यात है। करीब 700 वर्ष पहले संतों के प्रथम समागम से शुरू हुए इस मेले में ऐतिहासिक रूप से रानी रूपादे जी, गुरु उगमसी भाटी, राणा कुम्भा, रामदेवजी, हड़बूजी और कई संत-राजघराने शामिल रहे थे। मालाजाल की आध्यात्मिक महत्ता मालाजाल संतों की तपोभूमि मानी जाती है। मान्यता है कि रावल मल्लीनाथ जी ने यहां जाल की टहनी रोपकर तत्काल एक विशाल वृक्ष प्रकट किया था, जो आज भी हरा-भरा है और आस्था का केंद्र है। 14 अगस्त को होगा शिलान्यास जीर्णोद्धार के दूसरे चरण का भव्य शिलान्यास 14 अगस्त 2025 को होगा। इसमें बाड़मेर, जोधपुर, जालौर और जैसलमेर जिलों से हजारों श्रद्धालु और माला पोता वंशज शामिल होंगे। कार्यक्रम में गणपति पूजन, नवग्रह पूजन, वास्तु पूजन, यंत्र पूजन, हवन और शीला स्थापना जैसे अनुष्ठान होंगे। महाप्रसादी वितरण और मंदिर के भावी स्वरूप की प्रदर्शनी भी लगेगी। एक वर्ष में पूर्ण होगा निर्माण कार्य शिलान्यास के बाद मंदिर निर्माण शुरू होगा, जिसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्रीय सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को भी मजबूत करेगा। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भूमि पूजन में संस्थान उपाध्यक्ष कुंवर हरिश्चंद्र सिंह जसोल, सचिव सुमेरसिंह वरिया, सदस्य मोहनसिंह बूड़ीवाड़ा, गुलाबसिंह डंडाली, स्वरूप सिंह लूणा, पूर्व विधायक शैतान सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार: ओपीडी दवा-जांच सीमा बढ़ाने का अधिकार मिला, पेंशनर्स को फायदा

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वित्त विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत, राजस्थान राज्य पेंशनर्स चिकित्सा रियायती योजना-2021 (आरजीएचएस) में संशोधन करते हुए, पेंशनर्स के लिए आउटडोर चिकित्सा सुविधा (ओपीडी) में दवाइयों और जांचों की वार्षिक सीमा बढ़ाने का अधिकार अब चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया गया है। वर्तमान में ओपीडी दवाइयों के लिए 50 हजार रुपये और जांचों के लिए 5 हजार रुपये की सीमा तय थी। नये प्रावधान के तहत ओपीडी दवाइयों की सीमा 2 लाख रुपये तक बढ़ाने के लिए राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के अतिरिक्त सीईओ या संयुक्त सीईओ को अधिकार दिया गया है। 2 लाख से 7 लाख रुपये तक की सीमा बढ़ाने के लिए एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को अधिकार होगा। 7 लाख रुपये से अधिक के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग (प्रशासनिक विभाग) को अधिकार दिया गया है। इसी तरह जांचों के लिए 5 हजार रुपये से अधिक की सीमा बढ़ाने का अधिकार राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ को दिया गया है। पहले यह अधिकार वित्त विभाग के पास थे, लेकिन अब यह पूरी तरह स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दिए गए हैं। इस फैसले से पेंशनर्स को अपने चिकित्सा खर्चों के लिए अधिक लचीलापन मिलेगा और आवेदन प्रक्रिया भी सरल होगी। पेंशनर्स को इस सुविधा के लिए अब आरजीएचएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

भाजपा में चर्चा तेज: राठौड़ की अपील के पीछे क्या है रणनीति?

जयपुर राजस्थान भाजपा में नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन का इंतजार अब लगभग खत्म होने वाला है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ इस बार ऐसी टीम बनाने पर फोकस कर रहे हैं जो न केवल मजबूत हो बल्कि विवादों से भी दूर रहे। इसके लिए वे पिछले एक साल में सभी गुटों के नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सांसदों, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनके सुझाव ले चुके हैं। राठौड़ का स्पष्ट संदेश है कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन के लिए काम करे, किसी व्यक्तिगत नेता के लिए नहीं। उनकी प्राथमिकता सत्ता और संगठन का संतुलन साधना है, जिसके तहत मौजूदा मंत्रियों को भी संगठन में और सक्रिय नेताओं को सरकार में जगह दी जा सकती है। इससे मंत्रिमंडल फेरबदल के संकेत भी मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उपाध्यक्ष पद पर नाहर सिंह जोधा, ज्योति मिर्धा, अनिता कटारा, विजेंद्र पूनिया और हरिराम रिणवा के नाम संभावित हैं। महा मंत्री पद पर श्रवण सिंह बगड़ी, मिथलेश गौतम, भूपेंद्र सैनी और अर्चना मीणा के नाम चर्चा में हैं, जबकि मंत्री पद के लिए आईदान सिंह भाटी, एकता अग्रवाल और नीलम गुर्जर का नाम सामने आया है। राठौड़ फरवरी 2028 तक अपने कार्यकाल में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवा और महिला नेताओं की भागीदारी बढ़ाने और आदिवासी-दलित समुदाय को जोड़ने पर जोर देंगे। यह नई टीम न केवल आंतरिक संरचना को सुदृढ़ करेगी, बल्कि आने वाले उपचुनावों और निकाय चुनावों में भाजपा के मनोबल को भी बढ़ाएगी।

एनईबी थाना पुलिस की दबिश, धारदार हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

अलवर अलवर के एनईबी थाना पुलिस ने धारदार हथियार लेकर घूम रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि कल मुखबिर से सूचना मिली कि एनईबी हाउसिंग बोर्ड के पास एक युवक हथियार के साथ घूम रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मनीष पुत्र रामावतार, निवासी एनईबी, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मनीष आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कई दिनों से पुलिस की निगरानी से नदारद था और अपने घर पर भी नहीं मिल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद धारदार हथियार को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और कई मामलों में न्यायालय से भी गैरहाजिर था। उसे जल्द ही अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।  

राज्यपाल से राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने की मुलाकात

जयपुर राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे से शनिवार को राजभवन पहुंचकर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा की। डॉ. चतुर्वेदी की राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष बनने के बाद राज्यपाल से यह पहली शिष्टाचार भेंट थी।