samacharsecretary.com

केकेआर की बढ़ीं मुश्किलें, एक और झटका—आकाश दीप भी टूर्नामेंट से बाहर

कोलकाता तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए और अब एक अन्य तेज गेंदबाज आकाश दीप भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। आकाश दीप चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। खिलाड़ियों की चोट का सबसे ज्यादा प्रभाव केकेआर पर ही पड़ा है।    मुंबई के खिलाफ शुरू करेगी अभियान आईपीएल 2026 का सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है, लेकिन केकेआर पर दबाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हर्षित और आकाश दीप जहां पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, तो वहीं, श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को अब तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिला है। यह तय है कि वह भी शुरुआती कुछ मैचों में केकेआर के लिए उपलब्ध नहीं हो सकेंगे। आईपीएल में केकेआर अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। केकेआर के पास विकल्प कम खिलाड़ियों की चोटों ने आईपीएल टीमों की चिंता बढ़ा दी है। 28 मार्च से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से पहले हर्षित राणा और आकाश दीप समेत पांच खिलाड़ी पूरे सत्र से बाहर हो गए हैं। खिलाड़ियों के बाहर होने का सबसे ज्यादा असर हैदराबाद और कोलकाता पर पड़ा है। हर्षित राणा पहले से ही बाहर थे और अब टीम को आकाश दीप की सेवाएं भी नहीं मिल सकेंगी। केकेआर के पास फिलहाल वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी ही भारतीय तेज गेंदबाज के तौर पर उपलब्ध हैं। हालांकि, टीम के पास कुछ ओवर कराने के लिए ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन उपलब्ध रहेंगे। आकाश दीप का आईपीएल करियर आकाश दीप ने 2022 में आईपीएल में डेब्यू किया था और वह अब तक 14 मैच ही खेल चुके हैं। आईपीएल में आकाश दीप के नाम 10 विकेट हैं। पिछले सीजन वह लखनऊ सुपर जाएंट्स का हिस्सा थे जिन्होंने आकाश दीप को 2025 के लिए हुई नीलामी में आठ करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन एक सीजन के बाद ही रिलीज कर दिया था। 29 वर्षीय बंगाल के तेज गेंदबाज को केकेआर ने पिछले साल हुई मिनी नीलामी में एक करोड़ रुपये के आधार मूल्य पर खरीदा था।  

युवाओं के लिए आकाश दीप का संदेश – सफलता की चाबी है आत्मविश्वास और अनुशासन

रोहतास भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी आकाश दीप ने हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में बेहतर प्रदर्शन किया था। सीरीज खत्म होने के बाद वे अपने गृहराज्य बिहार पहुंचे। रोहतास में सोमवार को उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए युवाओं को सफलता का मंत्र दिया। तेज गेंदबाज आकाश दीप ने बताया, “पहले जब मैं गांव में क्रिकेट खेलता था, तो काफी मजा आता था, फिर मेरी इसमें रुचि बढ़ी। जब मेरी समझ हुई, तो इसके बारे में मैंने सोचना शुरू किया।” भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के पांचवें टेस्ट की बात करते हुए उन्होंने कहा, “इंग्लैंड सीरीज का आखिरी मैच काफी रोचक था, क्योंकि पांचों दिन कभी ऐसा नहीं लगा कि खेल किसी एक टीम के कंट्रोल में है; हर सेशन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कभी मेजबान तो कभी मेहमान टीम के पाले में खेल जा रहा था। टेस्ट मैच का असली मजा यही है कि आखिरी दिन तक यह नहीं पता चले कि कौन जीतेगा।” युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। नतीजे हमारे हाथ में नहीं होते, हमारे हाथ में जो चीजें हैं, हम सिर्फ वही कर सकते हैं। हमें खुद पर भरोसा रखने और मेहनत करने की जरूरत है। अनुशासित जीवन जीना चाहिए। अगर यह सभी रहेगा, तो सफलता कभी न कभी मिलेगी ही।” दाएं हाथ के मीडियम पेसर आकाश दीप ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए ‘एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी’ में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने बर्मिघम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर 10 विकेट चटकाए थे। इस मैच में टीम इंडिया ने 336 रनों से जीत दर्ज की थी। 0-1 से सीरीज में पिछड़ने के बाद टीम इंडिया की वापसी में आकाश दीप ने बेहतरीन भूमिका निभाई थी। तीसरे टेस्ट में उन्होंने एक विकेट चटकाया। वहीं, ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट की दूसरी पारी में 66 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी। साथ ही, दोनों पारी में एक-एक विकेट चटकाए थे। भारत ने इस मैच में भी जीत दर्ज कर सीरीज को 2-2 से बराबर किया था।