samacharsecretary.com

भेडाणा गांव में आधी रात चौपाल: कलेक्टर टीना डाबी ने सीधे ग्रामीणों से जाना जमीनी हाल

बाड़मेर बाड़मेर जिले में रात्रि चौपाल एक बार फिर ग्रामीणों के लिए राहत की वजह बनी। बुधवार को सर्द रात में जिला कलेक्टर टीना डाबी स्वयं जिले की भेडाणा ग्राम पंचायत पहुंची और घंटों ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। सर्दी के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण चौपाल में एकत्र हुए। जहां उन्होंने अपनी समस्याओं को जिला कलेक्टर के सामने रखा। जिसे जिला कलेक्टर टीना डाबी ने गंभीरता से लेते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान की। दरसअल बाड़मेर जिला कलेक्टर टीना डाबी ने बुधवार को भेडाणा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान आमजन की परिवेदनाएं सुनी। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण करते हुए आमजन को राहत पहुंचाई गई। रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी ने आमजन समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ व्यक्तिशः सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि समस्त विभागीय अधिकारी प्राप्त होने वाले प्रकरणों का त्वरित निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी प्रकरण निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने के साथ परिवादी से व्यक्तिगत संपर्क करते हुए एवरेज डिस्पोजल टाइम में सुधार करें। उन्होंने मौजूदा समय में निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे एसआईआर कार्यकम के तहत 1 जनवरी 2026 को पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के बारे में अवगत कराया। रात्रि चौपाल में बिजली, पानी, अतिक्रमण, पेंशन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित परिवाद प्राप्त हुए जिन पर जिला कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी और संबंधित विभागों को आगामी सात दिवस में परिवारदों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परिवादियों को की गई कार्यवाही से अवगत कराते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी केशव मीना समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बाड़मेर ने एसआईआर डिजिटाईजेशन में मारी बाजी, टीना डाबी ने साझा किया सफलता सूत्र

बाड़मेर बाड़मेर जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शत प्रतिशत डिजिटाईजेशन पूर्ण कर बाड़मेर जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा है। जिले में शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 97 प्रतिशत मैपिंग कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. इस उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बाड़मेर जिले के समस्त मतदाताओं ओर जिले की निर्वाचन टीम को बधाई दी। इधर बाड़मेर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर टीना डाबी ने एक वीडियो संदेश जारी कर बाड़मेर निर्वाचन टीम को बधाई दी है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि पोलिंग बूथ पर 100 प्रतिशत कार्य पूरा करने में बाड़मेर जिला अव्वल है। बाड़मेर में अब तक कुल 1407 पोलिंग स्टेशनों पर शत प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। साथ ही बालोतरा के 751 और चूरू के 668 पोलिंग स्टेशनों पर 100 फीसदी कार्य पूरा किया जा चुका है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बाड़मेर, गुड़ामालानी, चौहटन एवं बायतु विधानसभा क्षेत्र में 100 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइज हो चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन तथा त्रुटिरहित बनाना है ,ताकि प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्तमान में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बाड़मेर जिले ने मतदाताओं के सौ फीसदी डिजिटाईजेशन का कार्य सबसे पहले पूरा कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।  जिला निर्वाचन अधिकारी डाबी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण राज्य और केंद्र निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है। ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में इन बीएलओ ने जिस सत्यनिष्ठा और तत्परता का परिचय दिया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इन कार्मिकों की ओर से स्थापित कार्य-संस्कृति अन्य समस्त कार्मिकों के लिए एक आदर्श उदाहरण है।