samacharsecretary.com

15 साल की क्रिकेटर ने T20I डेब्यू पर शतक लगाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

  लागोस रवांडा की युवा बल्लेबाज फैनी उटागुशिमानिंदे ने टी20 इंटरनेशनल (टी20I) में इतिहास रच दिया है. उन्होंने नाइजीरिया इनविटेशनल विमेंस T20I टूर्नामेंट में घाना के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही शतक जड़ दिया. फैन टी20I डेब्यू पर शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं. इसके अलावा वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाली बल्लेबाज भी बन चुकी हैं।  20 मार्च को लागोस के तफावा बालेवा स्क्वायर क्रिकेट ओवल में हुए मुकाबले में फैनी उटागुशिमानिंदे ने 65 गेंदों पर नाबाद 111 रन बनाए, जिसमें 17 चौके शामिल रहे. फैनी ने 15 साल और 223 दिन की उम्र में ये शतक लगाया है।  इससे पहले विमेंस टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू पर सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया की करने रोल्टन के नाम था, जिन्होंने 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ 96* रन बनाए थे. वहीं सबसे कम उम्र में टी20I शतक लगाने का रिकॉर्ड युगांडा की प्रोस्कोविया अलोका के नाम था, जिन्होंने 16 साल 233 दिन की उम्र में माली के खिलाफ शतक जड़ा था।  मेन्स टी20I में डेब्यू पर 4 खिलाड़ियों ने जड़े शतक मेन्स टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बात करें, तो अब तक चार बल्लेबाज डेब्यू मैच में शतक लगा चुके हैं, लेकिन इनमें कोई भी फुल मेम्बर देश का खिलाड़ी नहीं है. कनाडा के मैथ्यू स्पूर्स ने साल 2022 में फिलीपींस के खिलाफ नाबाद 108 रन बनाए और वो इस सूची में सबसे ऊपर हैं. फ्रांस के गुस्ताव मैककॉन मेन्स टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज हैं. मैककॉन ने 18 साल और 280 दिन की उम्र में ये कारनामा किया था।  फैनी उटागुशिमानिंदे की शतकीय पारी के दम पर रवांडा ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट पर 210 रन बनाए. टीम की ओर से उनके अलावा मर्वेल उवासे ने 19 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए. घाना की गेंदबाजी इतनी बिखरी हुई थी कि टीम ने 28 अतिरिक्त रन दे दिए, जिसमें 25 वाइड शामिल थे. रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी घाना की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई. रवांडा के गेंदबाजों ने लगातार शिकंजा कसते हुए घाना को 20 ओवर में 8 विकेट पर 88 रनों के स्कोर तक रोक दिया. इस तरह रवांडा ने यह मुकाबला 122 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया.

क्रिकेट की दुनिया में धोखा: युवा खिलाड़ी से रणजी और आईपीएल में जगह दिलाने के नाम पर ठगी

इंदौर  अंडर-19 क्रिकेटर से आईपीएल और रणजी टीम में सिलेक्शन के नाम पर धोखाधड़ी हो गई। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों से नजदीकी बताकर एक अन्य क्रिकेट खिलाड़ी ने पीड़ित से 12 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। लसूड़िया पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपित ने कई युवाओं से ठगी की है। टीआई तारेश सोनी के मुताबिक मानसरोवर नगर (इंदौर) निवासी एक क्रिकेटर की शिकायत पर आरोपित अभिषेक गैंगवार निवासी मानसरोवर कॉलोनी मुरादाबाद (उप्र) के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। आरोपित फिलहाल महालक्ष्मी अपार्टमेंट, सचिवालय कॉलोनी, केदारपुर, देहरादून (उत्तराखंड) में रहता है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि आरोपित अभिषेक से क्रिकेट मैच के दौरान नागपुर (महाराष्ट्र) में परिचय हुआ था। उसने प्रैक्टिस देखकर कहा कि तुम्हारा प्रदर्शन अच्छा है। वह आईपीएल और रणजी टीम में सिलेक्शन करवा सकता है। अभिषेक ने सिलेक्शन में खर्च करने का झांसा देकर किस्तों में 12 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। सिलेक्शन न होने और रुपये न लौटाने पर जानकारी निकाली तो पता चला अभिषेक सौराष्ट्र, उप्र, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई युवाओं से ठगी कर चुका है। उसके कोच भी इसी तरह की धोखाधड़ी में गिरफ्तार किया गया है। राष्ट्रीय खिलाड़ियों को वीडियो काल कर ठगता है आरोपित पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह अंडर-19 खेलता था। आरोपित भी क्रिकेट खिलाड़ी है। एक ही टीम में खेलने के दौरान दोस्ती हो गई थी। उसने कोविड के दिनों में कई दिनों तक झांसेबाजी की। वह उसके सामने ही राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बात करता था। इससे उसकी बातों पर आसानी से भरोसा हो गया। आरोपित ने पीड़ित से ऑनलाइन रुपये उसकी पत्नी आकांक्षा के खाते में जमा करवाए हैं।