samacharsecretary.com

झारखंड में सुरक्षाबलों पर हमला, IED ब्लास्ट में CRPF का जवान जख्मी

चाईबासा झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों में रविवार को चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के विस्फोट में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन 209 का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना छोटानगरा थाना क्षेत्र के बलिबा गांव के पास की बताई जा रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान के तहत जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर कोबरा बटालियन का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट के तुरंत बाद ऑपरेशन में शामिल अन्य सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालते हुए घायल जवान को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया। जवान की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन द्वारा घायल जवान को जल्द से जल्द एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उसे उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि इलाके में नक्सलियों ने और भी आईईडी बिछा रखे हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अत्यंत सतर्कता के साथ इलाके की गहन तलाशी ले रही हैं। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध हलचल को लेकर कड़ी निगरानी की जा रही है। फिलहाल ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।

सुकमा में ड्यूटी के दौरान CRPF जवान की आत्महत्या, कैंप में अफरा-तफरी

सुकमा जिले के घोर नक्सल प्रभावित कैंप मिनपा जहां सीआरपीएफ की सेकेंड बटालियन तैनात है। वहां मोर्चे पर ड्यूटी कर रहे जवान ने अपनी एलएमजी (लाइट मशीन गन) से खुद गोली मार दी। गोली सिर के आर- पार हो गई और जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जवान एक दिन पहले ही अवकाश से वापस लौटा था। पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने घटना की पुष्टि करते हुए पूरे मामले की जांच करने की बात कही। घटना से मच गई अफरा-तफरी शनिवार दोपहर 2 बजे घोर नक्सल प्रभावित सीआरपीएफ कैंप मिनपा जहां अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। कैंप के किनारे में स्थित मोर्चे की तरफ से गोली की आवाज सुनाई दी। बाकी जवान सावधानी से मोर्चे की तरफ बड़े और सोचे कि कहीं ये माओवादियों का हमला तो नहीं। लेकिन मोर्चे के पास जाकर देखे तो ड्यूटी पर तैनात जवान शशि भूषण कुमार का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।   आसपास खून ही खून था और सिर का एक हिस्सा गायब था। बिहार के गया जिले के रहने वाले शशि भूषण कुमार यहां सैकंड बटालियन मे तैनात थे और शुक्रवार को अवकाश खत्म कर घर से वापस कैंप लौटे थे। वो अपनी ड्यूटी कर रहे थे तभी अचानक खुद को ही अपनी राइफल से गोली मार दी। पुलिस कर रही घटना की छानबीन घटना की जानकारी मिलते ही चिंतागुफा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। और घटना क्यों हुई और आत्म हत्या के पीछे क्या कारण हो सकते है इस पर छानबीन करने लगी। वही जवान का पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद गृहग्राम भेजा जाएगा। खबर की पुष्टि एसपी किरण चव्हाण ने की।