samacharsecretary.com

वंदे मातरम् रैली: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ जवानों और नागरिकों ने जताया देशभक्ति का जोश

जयपुर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के अंबाबाड़ी में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन तथा सांस्कृतिक एवं नैतिक प्रशिक्षण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रभक्ति भाव जागरण ‘वंदे मातरम्’ रैली में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं सहित आमजन की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक उद्घोष नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, त्याग और समर्पण की भावना का प्रतीक है। यह मंत्र स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और आत्मगौरव की चेतना जागृत करता रहा है। ऐसी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रैलियां हमारी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति संकल्प को और अधिक सशक्त करती हैं।   उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् शब्द नहीं, बल्कि शौर्य, साहस, त्याग, बलिदान और समर्पण का भाव है, जिस पर प्रत्येक देशवासी को गर्व है। साथ ही उन्होंने नई पीढ़ी को इतिहास और महापुरुषों के बारे में जानकारी देने तथा उन्हें सही दिशा दिखाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।  कार्यक्रम में जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर महानगर प्रचारक श्री प्रशांत, एचएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष सुभाष बापना, सचिव सोमकांत शर्मा, उपाध्यक्ष शीला अग्रवाल, आरएसएस के क्षेत्रीय संघचालक डॉ. रमेश, संस्कार भारती के राजस्थान अध्यक्ष अरुण, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल सहित एचएसएस फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।  

दीया कुमारी ने कहा- ‘हमारी संस्कृति को प्रमोट करना है, यह हमारी पहचान है’

जयपुर  राजस्थान के जयपुर में मकर संक्रांति के मौके पर टूरिज्म डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित पतंग महोत्सव में राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह सच में एक खूबसूरत इवेंट था। पूरे जयपुर में आतिशबाजी हो रही थी। यहां आए पर्यटकों को भी काफी आनंद मिला है। लोग अपने घरों से पटाखे चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत अच्छा दिन है, मकर संक्रांति के दिन लोगों ने सुबह पतंगें उड़ाईं, लोग अब आतिशबाजी देख रहे हैं, मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।  यह हमारी संस्कृति है, हमारा त्योहार है और इसे बढ़ावा देना चाहिए, नई पीढ़ी को समझना चाहिए और इसे आगे बढ़ाना चाहिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ऐसे इवेंट्स को बढ़ावा देने की कोशिश करती है, हमने घूमर फेस्टिवल किया, हम इसे हर जिले तक ले जाने की कोशिश करेंगे, यह बहुत जरूरी है। हम यहां टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन टूरिस्ट्स को अच्छा अनुभव देना जरूरी है, जो हमारे पास पहले से है, अगर हम उन्हें बचाकर रखें, उन्हें बेहतर बनाएं, कनेक्टिविटी दें, तो यह भी एक उपलब्धि होगी। एक्स पोस्ट में डिप्टी सीएम ने लिखा कि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जयपुर के विश्व-प्रसिद्ध हवामहल पर राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित भव्य लालटेन प्रज्ज्वलन एवं आतिशबाजी कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। रंग-बिरंगी लालटेनें और आतिशबाजी ने हवामहल की ऐतिहासिक भव्यता को और भी आकर्षक बना दिया। यह आयोजन राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने का एक सुंदर प्रयास है। राजस्थान की लोकसंस्कृति, पर्व-परंपराओं और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से भविष्य में प्रदेश के सभी जिलों में इस प्रकार के विशिष्ट और आकर्षक आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि हर अंचल की पहचान विश्वभर में स्थापित हो सके। उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्यों एवं समर्पित कार्यकर्ता बंधुओं के साथ हर्षोल्लास एवं पारस्परिक सौहार्द के साथ मकर संक्रांति का पावन पर्व मनाया। यह पर्व सूर्य के उत्तरायण होने के साथ जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। वरिष्ठजनों का सान्निध्य और कार्यकर्ताओं का उत्साह संगठन की मजबूती और एकता का प्रतीक है।

नाहरगढ़ वैक्स म्यूज़ियम में लगी महाराजा भवानी सिंह की प्रतिमा, देखकर भावुक हुईं राजकुमारी दीया कुमारी

जयपुर  नाहरगढ़ की ऊंची पहाड़ियों पर बसे जयपुर वैक्स म्यूज़ियम में गुरुवार का दिन भावनाओं से भरा हुआ था। मौका था — महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की जयंती का, और इस अवसर पर उनकी वैक्स प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में उनकी बेटी और राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी ने अपने पिता की वैक्स मूर्ति का अनावरण किया। जैसे ही परदा हटाया गया, वहां मौजूद सभी लोगों ने तालियों से स्वागत किया, जबकि दीया कुमारी की आंखें नम हो उठीं। उन्होंने कहा — “यह मेरे लिए गर्व और भावनाओं से भरा क्षण है। मेरे पिताजी केवल हमारे परिवार के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव थे। उनका यह वैक्स स्टेच्यू देखकर ऐसा लगा मानो वे मेरे सामने खड़े हैं। मैं जयपुर वैक्स म्यूज़ियम और उन सभी कारीगरों की आभारी हूं जिन्होंने इतनी सजीव प्रतिमा बनाई।” ब्रिगेडियर भवानी सिंह: जयपुर के आख़िरी महाराजा और सेना के वीर अधिकारी ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह न केवल जयपुर राजघराने के उत्तराधिकारी थे, बल्कि भारतीय सेना के एक बहादुर योद्धा भी थे। उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध में विशेष साहस का प्रदर्शन किया था, जिसके लिए उन्हें महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। उनका योगदान केवल सैन्य क्षेत्र तक सीमित नहीं था — उन्होंने जयपुर की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाई। नाहरगढ़ म्यूज़ियम में ‘राजसी और वीरता’ का संगम जयपुर वैक्स म्यूज़ियम में यह प्रतिमा एक विशेष सेक्शन में लगाई गई है, जिसे “राजसी और वीरता का संगम” शीर्षक दिया गया है। यहां राजस्थान के ऐतिहासिक शख़्सियतों के साथ-साथ देश के महान नेताओं और कलाकारों की भी प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं। म्यूज़ियम के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि सवाई भवानी सिंह की प्रतिमा को तैयार करने में महीनों का समय लगा। उनकी वर्दी, मेडल, और चेहरे के भावों को बारीकी से रिसर्च कर तैयार किया गया ताकि मूर्ति में ‘जीवंतता’ झलके। दीया कुमारी की अपील — “नई पीढ़ी को जानना चाहिए अपने नायकों को” दीया कुमारी ने इस मौके पर कहा कि “मेरे पिता जैसे सच्चे देशभक्तों की कहानियां आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए। म्यूज़ियम इस दिशा में शानदार काम कर रहा है, जो न केवल पर्यटन को बढ़ावा देता है, बल्कि इतिहास को जीवंत भी बनाए रखता है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी ऐसे सांस्कृतिक स्थलों को प्रोत्साहित करेगी ताकि राजस्थान की विरासत और वीरता दोनों पीढ़ियों तक सुरक्षित रहें।

जघराने की विरासत को मिला नया रूप — नाहरगढ़ में सवाई भवानी सिंह की मोम प्रतिमा का दिया कुमारी ने किया लोकार्पण

 जयपुर जयपुर के नाहरगढ़ किले में स्थित जयपुर वैक्स म्यूजियम में महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की वैक्स प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने अपने पिता की प्रतिमा का लोकार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह विशेष आयोजन महाराजा सवाई भवानी सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिससे यह दिन और भी भावनात्मक और गौरवपूर्ण बन गया। समारोह में उनकी वीरता और जीवन यात्रा पर आधारित आठ मिनट की डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसने उपस्थित अतिथियों को भावुक कर दिया। जयपुर वैक्स म्यूजियम के रॉयल दरबार सेक्शन में स्थापित यह वैक्स प्रतिमा सवाई भवानी सिंह की शौर्य, अनुशासन और देशभक्ति का जीवंत प्रतीक है। कलाकारों ने महीनों तक अनुसंधान और अध्ययन कर इस प्रतिमा को साकार किया। इसका क्ले फेस मॉडल अप्रैल में उनकी पुण्यतिथि पर जारी किया गया था। लोकार्पण के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यह क्षण मेरे लिए अत्यंत गर्व और भावनाओं से भरा है। मेरे पिता केवल हमारे परिवार के नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के गौरव थे। उनकी प्रतिमा जयपुर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रसेवा और साहस का संदेश देगी। जयपुर वैक्स म्यूजियम के फाउंडर डायरेक्टर अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि सवाई भवानी सिंह जी का व्यक्तित्व न केवल राजस्थान, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमारा उद्देश्य इतिहास, संस्कृति और वीरता को नई पीढ़ी तक जीवंत रूप में पहुंचाना है। म्यूजियम में पहले से महाराणा प्रताप, सवाई जयसिंह द्वितीय, सवाई माधोसिंह द्वितीय और महारानी गायत्री देवी जैसी ऐतिहासिक विभूतियों की प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं। अब ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह की प्रतिमा के जुड़ने से यह संग्रह और भी समृद्ध हो गया है। कार्यक्रम में सेना के पूर्व अधिकारी, म्यूजियम की टीम, पर्यटन विभाग के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।