samacharsecretary.com

राजनांदगांव में डेढ़ करोड़ की अवैध धान जब्त

राजनांदगांव. जिले में 1.46 करोड़ का अवैध धान पकड़ाया है। गुरुवार रात रानीतालाव-पाटेकोहरा के बीच पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग की। इस दौरान महाराष्ट्र से आ रहे 6 बड़े ट्रकों को रोका गया। इसके साथ ही अलग-अलग चेकपोस्ट पर 4 गाड़ी पकड़ाई। जांच करने पर सभी गाड़ियों में धान मिले, जिसका कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी गाड़ियों को जब्त किया और 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर अंतर्राज्यीय सीमाओं पर स्थित चेकपोस्ट और नाकों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही थी। इसी सतर्कता के परिणामस्वरूप पाटेकोहरा बैरियर और एनएच 53 (रानीतालाव-पाटेकोहरा के बीच) पर चेकिंग के दौरान महाराष्ट्र की ओर से आ रहे 6 बड़े ट्रकों को रोका गया। जांच करने पर इन ट्रकों में अवैध रूप से लाया जा रहा धान मिला। इसके अलावा कई अन्य चेकपोस्ट पर 4 छोटे पिकअप वाहनों को भी अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। कुल 2170 कट्टा (लगभग 845 क्विंटल) धान और 10 वाहन (6 ट्रक और 4 पिकअप) जब्त किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 46 लाख 90 हजार 800 रुपये है।

जशपुर पुलिस ने सरहदी राज्यों से अवैध तस्करी कर लाई 149 क्विंटल धान की जब्त

जशपुर. छत्तीसगढ़ में चालू धान खरीदी सीजन के बीच जशपुर पुलिस ने सरहदी राज्यों से अवैध धान लाने की कोशिशों पर लगातार निगरानी रखी है। इसी कड़ी में चौकी आरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से जशपुर लाए जा रहे 149 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया है। इस धान की अनुमानित कीमत 3 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम केतार और बोकी में की गई। 10 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास एक संदिग्ध ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी आरा की पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 290 बोरी यानी 90 क्विंटल धान पाया गया। पूछताछ पर ट्रक चालक गणेश यादव (33 वर्ष, ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी) ने बताया कि ट्रक जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है और धान को झारखंड से लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी थी। चालक धान परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। ट्रक सहित धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि विशाल गुप्ता का एक मिनी ट्रक इससे पहले भी धान तस्करी के मामले में पकड़ा गया था। इसके बाद 11 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सूचना पर आरा पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोका। जांच में पहले पिकअप से 66 बोरी यानी 30 क्विंटल और दूसरे पिकअप से 60 बोरी यानी 29 क्विंटल धान बरामद हुई। दोनों पिकअप के चालक शेखर यादव (26 वर्ष, मधुबनटोली, जशपुर) और सजीत कुमार (25 वर्ष, पुरनानगर, जशपुर) पाए गए। चालकों ने बताया कि वे भी झारखंड से धान ले जा रहे थे, लेकिन वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिकअप और कुल 126 बोरी यानी 59 क्विंटल धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया। इस तरह जशपुर पुलिस ने केवल दो दिनों में अवैध धान परिवहन करते हुए एक ट्रक और दो पिकअप से कुल 149 क्विंटल धान पकड़कर बड़ी कार्रवाई की। जिले में अब तक 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर संबंधित मामलों में जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन के खिलाफ लगातार सख्ती कर रही है। आरा क्षेत्र में पकड़े गए ट्रक और पिकअप से जब्त धान जिला प्रशासन को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी अवैध धान तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कोई भी तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह कार्रवाई जिले में धान खरीदी के दौरान काले धंधों पर नियंत्रण और किसानों की उपज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

कोरिया जिले में सैकड़ों बोरी अवैध धान सहित वाहन जब्त

कोरिया. जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं धान खरीदी में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत मंगलवार को ग्राम रनई में वाहन क्रमांक सीजी -16-सीएफ-2949 को अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक सतनारायण साहू पिता मालिकचंद साहू के कब्जे से अवैध धान जब्त कर वाहन सहित थाना पटना की सुपुर्दगी में दिया गया। वहीं, धान खरीदी केंद्र जामपारा में की गई जांच के दौरान अवैध रूप से लाया गया 384 बोरी धान (लगभग 160 क्विंटल), दो ट्रैक्टर एवं एक माजदा 407 वाहन को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) की उपस्थिति में जब्त कर समिति प्रबंधक को सुपुर्द किया गया। यह धान बड़गांव निवासी माधोराम पिता सोनसाय द्वारा लाया गया था। इसी दिन शिवम एग्रो राइस मिल का भौतिक सत्यापन अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, सहकारिता निरीक्षक बैकुंठपुर, खाद्य निरीक्षक बैकुंठपुर एवं विद्युत विभाग के संयुक्त दल द्वारा किया गया। सत्यापन में पिछले वर्ष का 735 क्विंटल धान भौतिक रूप से अनुपलब्ध पाया गया। वहीं, चालू वर्ष में अब तक 4400 क्विंटल धान का उठाव दर्ज किया गया, जो मिल में भौतिक रूप से मौजूद पाया गया। इसके अलावा मोहित राइस मिल के भौतिक सत्यापन में पिछले वर्ष का 500 क्विंटल धान कम पाया गया। चालू वर्ष में अब तक 2780 क्विंटल धान का उठाव किया गया, जो मिल में भौतिक रूप से उपलब्ध है। साथ ही मिल द्वारा पिछले दो माह का विद्युत बिल भुगतान लंबित पाया गया। बुधवार को तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं फूड इंस्पेक्टर सोनहत द्वारा सोनहत एवं रजौली समितियों की मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान सोनहत समिति में 25 बोरी (10 क्विंटल) अमानक धान को रिजेक्ट कर जब्त किया गया। जप्त धान फिलहाल समिति परिसर में सुरक्षित रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि सोनहत एवं रजौली दोनों समितियाँ सैचुरेट हो चुकी हैं, जिससे शीघ्र धान उठाव की आवश्यकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी एवं परिवहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

धान तस्करी पर कसा शिकंजा, बॉर्डर एरिया से 1370 क्विंटल धान बरामद

गरियाबंद छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्रों में धान तस्करी पर लगातार चल रही कार्रवाई है. सीमा का आड़ लेकर धान को एक राज्य से दूसरे राज्य में खपाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लगभग एक महीने में पुलिस की मुस्तैद कार्रवाई ने तस्करों की कमर तोड़ दी है. मगररोडा जांच नाका से महज 500 मीटर दूर पर स्थित ओडिसा चंदाहांडी थाना क्षेत्र के जामलीपारा में ट्रक से धान लाकर डंप किया गया, जिसे पिकअप के जरिए देवभोग इलाके में लाने की तैयारी थी. देवभोग पुलिस ने पुख्ता सूचना पर मौके पर पहुंची तो ट्रक डंप कर भाग चुका था. थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने बताया कि किसी भी स्थानीय ने इस धान को अपना नहीं होना बताया. जिसके बाद चंदाहांडी पुलिस और वहां के फूड इंस्पेक्टर पृथ्वी राज मेहर को सूचना कर पुलिस ने 25 तो राजस्व अमला ने 6 वाहन किए जब्त कर लिया गया. पुलिस के इस संयुक्त कार्रवाई के बाद तस्करों का सीमापार डंपिंगयार्ड बनाने की रणनीति भी ध्वस्त पड़ गई. थाना प्रभारी फैजुल शाह ने कहा कि गैर कानूनी कार्य में सीमाएं बाधा नहीं बनेंगे. कानून अपना काम करना जानती है, पुलिस कप्तान के दिशा निर्देश में सीमावर्ती पुलिस थानों में समन्वय बना कर आगे भी इसी तरह कार्रवाई किया जाएगा. इधर अमलीपदर में भी बीती रात तीन बड़ी कार्रवाई ने बिचौलियों के नींद उड़ा दिया है. थाना प्रभारी दिलीप मेश्राम ने बताया कि अवैध तस्करी रोकने बनाई टीम को दो ट्रेक्टर और एक मेटाडोर में ओडिसा के रास्ते अवैध धान आने की सूचना मिली थी. सीमा पार के चुके वाहन चालक को भनक लगी तो वापस जाने की आपाधापी में लगा रहा, लेकिन मुस्तैद टिम ने पकड़ लिया. मेश्राम ने बताया कि रात को ही कार्रवाई में 314 पेकेट धान जब्त किया गया है, दो ट्रेक्टर में कूल 110 पैकट शेष मात्रा मेटाडोर में जब्त हुआ है. पुलिस ने 25 तो राजस्व अमला ने 6 वाहन किए जब्त पिछले 27 दिनों में देवभोग पुलिस ने 17 वाहन और डंप मिलाकर 670 क्विंटल धान जब्त किया है.जबकि राजस्व अमला ने 6 वाहनों के साथ 200 क्विंटल धान जब्त किया. अमलीपदर पुलिस ने भी 8 वाहनों में 500 क्विंटल जप्त किया है. इस तरह अब तक 28 वाहन और 1370 क्विंटल धान जप्त किया गया. ओडिसा के इस अवैध धान के एवज में सरकार को लगभग 45 लाख का भुगतान करना पड़ता. कार्रवाई से खरीदी आधी हो गई अंतिम खरीदी तारीख तक देवभोग ब्लॉक के 12 खरीदी केंद्र में 8 हजार क्विंटल की खरीदी हुई थी.जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 16 हजार पार कर गया था. ऐसा ही परिवर्तन गोहरापदर ब्रांच के अधीन आने वाले 9 से ज्यादा सीमावर्ती खरीदी केंद्रों में देखने को मिला है. लगातार वाहनों के धर पकड़ के चलते इस बार कोचियों और सप्लायर में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन का दबाव आगे भी इसी तरह बना रहा तो सरकार को बोगस खरीदी में होने वाले प्रति वर्ष के करोड़ों का नुकसान, इस बार नहीं होगा. ओडिसा से धान आवक की दो बड़ी वजह 1. स्थानीय उत्पादन तय मात्रा से कम देवभोग तहसील क्षेत्र की औसतन पैदावारी प्रति एकड़ 10 से 12 क्विंटल है. अमलीपदर तहसील क्षेत्र में भी लगभग यही स्थिति.सरकार समर्थन मूल्य में प्रति एकड़ रकबे में 21 क्विंटल खरीदी करती है. ऐसे में खरीदी के लिए प्रावधिक मात्रा और उत्पादन मात्रा के अंतर के लिए किसान ओडिसा की पैदावारी पर निर्भर है.पिछले पांच सालों से ओडिसा के धान पर निर्भरता बढ़ गई है. 2. उड़ीसा की धान खरीदी नीति में झोल झाल दो साल पहले तक ओडिसा में 2300 प्रति क्विंटल में धान खरीदी होती थी.सत्र 2024 से बोनस 800 देना शुरू कर 3100 में खरीदी तय तो किया पर,खरीदी प्रक्रिया मिलर के सहूलियत पर निर्भर होती है.इस साल 28 नवंबर से समर्थन मूल्य खरीदी शुरू कर दिया गया,लेकिन मिलर से अनुबंध नहीं होने के कारण ,धान खरीदी बंद है.कब शुरू होगा,आगे क्या होगा यह बताने वाले भी नहीं.ऐसे में बिचौलिए ओडिसा के किसान के घर घर पहुंच कर 2000 में धान नगद खरीद रही,जिसे 2300 से 2500 रुपए तक में सीजी सीमावर्ती किसान ओडिसा का धान खरीदी करने तैयार हैं.

रायगढ़ में बड़ी कार्रवाई: 30 प्रकरणों से 3,266 क्विंटल अवैध धान जब्त, कीमत एक करोड़ पार

सभी अंतरराज्यीय एवं आंतरिक चेक पोस्टों पर 24×7 रखी जा रही कड़ी निगरानी        रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर पर बसे ज़िलों पर कड़ी निगरानी की जा रही है। साथ ही इस कार्य में संलिप्त पाए जाने वालों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जा रही हैं। इसी क्रम में समर्थन मूल्य पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष धान खरीदी नीति के तहत प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान में  रायगढ़ में विगत 15 दिनों में 30 प्रकरणों के द्वारा कुल 3,266 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 3100 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 1 करोड़ रुपए से अधिक होने का अनुमान लगाया गया है।            कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले की सीमाओं पर स्थित सभी अंतरराज्यीय एवं आंतरिक चेक पोस्टों पर 24×7 कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, वहीं अनुविभागीय स्तर पर विशेष निगरानी दल सक्रिय हैं। अवैध धान भंडारण एवं परिवहन में शामिल हर व्यक्ति पर कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने आम नागरिकों एवं किसानों से अपील की है कि अवैध धान परिवहन या भंडारण की कोई भी जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाना, तहसील कार्यालय या चेक पोस्ट पर दें। कार्रवाई में सहयोग करना खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता को मजबूत करेगा। उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से सुचारु रुप से संचालित हो रहा धान खरीदी कार्य          जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 105 उपार्जन केन्द्र बनाए गए है। शासन के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केन्द्रों में चेक लिस्ट के अनुरुप मूलभुत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। 105 उपार्जन केन्द्रों में से 15 केंद्रों को संवेदनशील और 4 केंद्रों को अति-संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। अवैध धान की आवाजाही रोकने के लिए 24 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, इनमें भुईंयापाली, बेलरिया, लारा, रेंगालपाली, एकताल, जमुना, तोलमा, हाड़ीपानी, लमडांड, हमीरपुर, मेनरोड हाटी, गोलाबुड़ा, फतेपुर, केशरचुंवा, टांगरघाट, बिजना, बरकछार, उर्दना बेरियर, बोईरदादर, बेरियर, पलगड़ा, भालूनारा, बाकारुमा बेरियर, ऐडू बेरियर एवं रीलो बेरियर सहित 24 अंतराज्यीय एवं आंतरिक चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेकपोस्टों पर 24 घंटे निगरानी के लिए तीन-तीन पालियों में चार टीमें तैनात की गई हैं। तुहर टोकन मोबाइल एप के जरिए ऑनलाईन टोकन एवं माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध           धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने और किसानों को पारदर्शी सुविधा प्रदान करने के लिए “तुंहर टोकन” मोबाइल ऐप के जरिए उपलब्ध कराया जा रहा है और सोसायटी संचालक सुबह 9.30 बजे से टोकन जारी कर कर रहे है। टोकन सात दिनों तक वैध रहेंगे और आधार आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है, जिससे बिना किसान की सहमति कोई टोकन जारी नहीं हो सकेगा। सेवा सहकारी समितियों में कृषकों को लिए नगद लेनदेन हेतु माइक्रो एटीएम की भी सुविधा उपलब्ध है। जिसके माध्यम से कृषक एटीएम कार्ड के माध्यम से प्रतिदिन 10 हजार रुपए तक की राशि आहरण कर सकते है। सुगम एवं पारदर्शी धान खरीदी के लिए जिला स्तरीय जांच कमेटी गठित           शासन के नीति के अनुरूप जिले में सुगम एवं पारदर्शी धान खरीदी के लिए कलेक्टर द्वारा जिला स्तरीय जांच कमेटी गठित की गई हैं। जांच कमेटी में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश कुमार गोलछा, खाद्य अधिकारी श्री चितरंजन सिंह, जिला विपणन अधिकारी कु.जान्हवी जिलहरे, उप आयुक्  सहकारिता श्री व्यास नारायण साहू, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री सी आदि नारायण एवं विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री एस.पी.सिंह शामिल है।

अवैध धान तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: चिल्फी में दो ट्रक पकड़े गए, 647 क्विंटल धान जब्त

कबीरधाम 15 नवंबर से शुरू होने वाले धान खरीदी सीजन के मद्देनजर जिले के सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान परिवहन की रोकथाम के लिए प्रशासन ने चौकसी तेज कर दी है। सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं और निगरानी के लिए राजस्व, पुलिस, मंडी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम तैनात की गई हैं। इसी अभियान के तहत चिल्फी घाटी में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रक में भरे कुल 647 क्विंटल अवैध धान को जब्त किया। नायब तहसीलदार ऋतु श्रीवास ने बताया कि जांच के दौरान ट्रक को रोककर पूछताछ की गई। वाहन चालकों ने बताया कि धान उत्तर प्रदेश से लाया जा रहा था, लेकिन वे इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। संयुक्त टीम द्वारा धान को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर जिले में धान खरीदी के दौरान निगरानी और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले में अवैध धान परिवहन को रोका जा सके।