samacharsecretary.com

Irfan Pathan बोले – T20 World Cup में जीत जरूरी, नेट रन रेट अपने आप सुधरेगा

नई दिल्ली पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने टीम इंडिया को साफ संदेश दिया है कि नेट रन-रेट की गणित में उलझने के बजाय पहले मैच जीतने पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अगर भारत शुरुआत से ही नेट रन-रेट का पीछा करने की सोच रखेगा, तो दबाव और बढ़ेगा। वेस्टइंडीज का नेट रन-रेट +5 से ऊपर और साउथ अफ्रीका का +3 से ज्यादा है, जबकि भारत फिलहाल निगेटिव में है। ऐसे में बड़े अंतर से जीत दर्ज करना आसान नहीं होगा। पठान के मुताबिक, 'पहली प्राथमिकता मैच जीतना होना चाहिए। अगर जीत मिलती है, तभी रन-रेट की बात करें।' भारत को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए: साउथ अफ्रीका का बाकी मैच जीतना जरूरी है भारत को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी अगर ऐसा नहीं हुआ तो फैसला नेट रन-रेट से हो सकता है, जो भारत के लिए फिलहाल बड़ी चुनौती है। टीम कॉम्बिनेशन पर उठे सवाल हार के बाद टीम संयोजन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। टॉप ऑर्डर में तीन लेफ्ट हैंडर — अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और तिलक वर्मा अभिषेक चार पारियों में सिर्फ 15 रन बना सके हैं, जिसमें तीन बार शून्य पर आउट हुए तिलक वर्मा ने 107 रन बनाए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 118 के आसपास रहा ईशान और अभिषेक ऑफ स्पिन के खिलाफ असहज दिखे सूर्यकुमार यादव का स्ट्राइक रेट भी मिड-130s में रहा, जिससे संकेत मिलता है कि कप्तान ने आक्रामक खेलने के बजाय पारी संभालने की कोशिश की। क्या नंबर 3 पर उतरेंगे सूर्या? इरफान पठान का मानना है कि बल्लेबाजी में संतुलन के लिए सूर्यकुमार यादव को नंबर 3 पर उतारने पर विचार किया जा सकता है। इससे टॉप ऑर्डर में तीन लेफ्ट हैंडर का पैटर्न टूटेगा और टीम को लचीलापन मिलेगा। हालांकि, नई गेंद के खतरे को देखते हुए टीम मैनेजमेंट अब तक उन्हें मिडिल ओवर्स के लिए बचाकर रख रहा है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारत के लिए करो या मरो जैसा साबित हो सकता है।  

शमी की वापसी पर बड़ा बयान: इरफान पठान ने सिलेक्टर्स को घेरा, बताया टीम इंडिया में लौटने का आखिरी तरीका

 नई दिल्ली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मोहम्मद शमी टीम इंडिया में वापसी नहीं कर पा रहे हैं। पहले वह चोट के चलते टीम से बाहर थे, मगर अब उन्होंने अपनी फिटनेस पूरी तरह से हासिल कर ली है और वह डोमेस्टिक क्रिकेट में भी तहलका मचा रहे हैं। मगर इसके बावजूद चयनकर्ता उन्हें मौका नहीं दे रहे हैं। इरफान पठान मोहम्मद शमी के चयन ना होने से काफी निराश है, उन्होंने इसके लिए चयनकर्ताओं को लताड़ा भी है, साथ ही उन्होंने शमी को टीम इंडिया में कमबैक करने का आखिरी रास्ता भी दिखाया है।   इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "सबसे बड़ी बात मोहम्मद शमी हैं। उनका भविष्य क्या है? वह कोई ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जो कल आए, कुछ मैच खेले और चले गए। उन्होंने 450-500 इंटरनेशनल विकेट लिए हैं, जो बहुत बड़ी संख्या है। अगर आपने 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं और फिर आपको टीम से बाहर कर दिया जाता है और आपकी फिटनेस पर सवाल उठाए जाते हैं – तो ऐसा सबके साथ होता है। जब तक आप क्रिकेट खेलते हैं, आपको खुद को साबित करते रहना पड़ता है।" उन्होंने आगे कहा, “लेकिन शमी पहले ही 200 ओवर फेंक चुके हैं। 200 ओवर फेंकने के बाद, अगर फिटनेस की बात है, तो फिटनेस तो पहले ही दिख चुकी है। और क्या सुधार चाहिए, यह तो सिर्फ सिलेक्शन कमेटी ही जानती है कि वे क्या सोच रहे हैं। अगर मैं उनकी जगह होता, तो मैं IPL खेलने जाता और धमाल मचा देता। मैं नई गेंद लेता और उस लेवल पर परफॉर्म करता। डोमेस्टिक क्रिकेट परफॉर्मेंस की बात होती है, लेकिन जब IPL आता है और आप अपनी पुरानी लय और फिटनेस दिखाते हैं, तो कोई भी आपको नजरअंदाज नहीं कर सकता। पूरी दुनिया IPL देखती है। अगर आप वहां परफॉर्म करते हैं, तो आप स्क्वॉड में अपनी जगह फिर से बना लेते हैं। मेरा मानना ​​है कि उनके लिए दरवाजे बंद नहीं होने चाहिए।”  

इरफान पठान का टीम इंडिया पर निशाना: बोले– गिल से उम्मीदें ठीक, पर सैमसन से नहीं!

नई दिल्ली  भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि शुभमन गिल की खराब फॉर्म न केवल उन पर व्यक्तिगत रूप से बल्कि टीम प्रबंधन पर भी दबाव बढ़ा रही है। पठान ने जियो हॉटस्टार पर कहा कि संजू सैमसन को वापस लाकर पहले की तरह के सफल बल्लेबाजी संयोजन को बहाल करना भी उतना आसान नहीं होगा, क्योंकि केरल के इस खिलाड़ी को भी अपनी लय वापस पाने में कुछ समय लगेगा। भारत के लिए टी20 में सलामी बल्लेबाज के तौर पर सैमसन काफी सफल रहे थे। इसके बाद जब गिल को टी20 उप-कप्तान बनाया गया तो सैमसन की जगह उन्हें सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतारा गया। भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान गिल हालांकि खेल के सबसे छोटे प्रारूप में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए।   पठान ने कहा, ‘‘शुभमन गिल कह सकते हैं कि उन्होंने एक बहुत अच्छी गेंद पर अपना विकेट गंवाया। अगर गिल फॉर्म में होते तो वे उस गेंद को आसानी से खेल लेते। वे फॉर्म में नहीं हैं। जहां तक कप्तान सूर्यकुमार यादव की बात है तो मुझे लगता है कि उन्हें अपने ऑफ साइड के खेल पर ध्यान देने की जरूरत है। जब वे आउट हुए तो वे पूरी तरह से गलत पोजीशन में थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गिल का रन नहीं बना पाना एक बुरा संकेत है और इससे उन पर और टीम प्रबंधन पर दबाव बढ़ जाता है। वे सोच रहे होंगे कि क्या किया जाए। यह स्थिति और खराब नहीं होनी चाहिए।’’ पठान ने कहा, ‘‘अगर उनसे फिर भी रन नहीं बन पा रहे हैं तो आप संजू सैमसन को वापस लाकर उनसे तुरंत अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं कर सकते, खासकर तब जब वह भी लय में न हों। इससे कई सवाल पैदा हो गए हैं। अगर वे सैमसन को वापस प्लेइंग XI में शामिल करते हैं, तो उनके लिए रन बनाना बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है।’’    उन्होंने सूर्यकुमार की मुश्किलों का भी जिक्र किया, जो कप्तानी संभालने के बाद से कोई बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं। पठान ने कहा, ‘‘सूर्या पर दबाव होगा क्योंकि वह कप्तान हैं और कप्तान होने के नाते प्लेइंग XI में आपकी जगह स्वतः ही पक्की हो जाती है। एक खिलाड़ी के तौर पर अगर आपने एक साल में रन नहीं बनाए हैं, तो आप दबाव में होते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वर्ल्ड कप (अगले साल फरवरी-मार्च में) से पहले उन्हें अपनी फॉर्म में वापसी करनी होगी। उन्हें बल्लेबाजी की सही स्थिति और बेहतर शॉट चयन की जरूरत है। सूर्या लेग साइड की तरफ सीधी गेंद पर आउट हो रहे हैं। जब आप इस तरह से आउट हो रहे हैं तो आपको ऑफ साइड में अधिक खेलने की कोशिश करनी चाहिए।’’