samacharsecretary.com

उत्तरी बस्तर समिति को झटका: कांकेर में तीन नक्सलियों ने किया सरेंडर, माओवादी संगठन बिखरने के संकेत

कांकेर छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने की डेड लाइन में अब केवल महीनेभर का वक्त बचा है. जंगलों में भटक रहे नक्सली मुख्याधारा में लौट रहे हैं. 3 दिन में 25 लाख रुपये के 3 नक्सली AK-47 हथियार के साथ आत्मसमर्पण चुके हैं. उत्तर बस्तर के जंगल में अभी भी 21 नक्सली शेष हैं. पुलिस का अनुमान है कि जल्द ये नक्सली भी आत्मसमर्पण कर उत्तर बस्तर इलाके को नक्सल मुक्त करने में अपनी अहम रोल अदा करेंगे. नक्सलियों के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है. AK-47 हथियार के साथ लौटे नक्सली, 25 लाख के इनामी उग्रवादियों ने छोड़ी हिंसा दशकों से उत्तर बस्तर का इलाका नक्सलवाद का दंश झेलता आ रहा है. नक्सलियों के दहशत के कारण आज भी अंदरूनी इलाके विकास से कोसो दूर है. केंद्र और राज्य सरकार ने नक्सलवाद की समाप्ति के लिए मार्च 2026 की डेडलाइन तय की है. तय डेडलाइन के आधार पर चलाये जा रहे ऑपरेशन में पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों को सफलता मिलती जा रही है. नक्सली मारे जा रहे हैं. बड़ी संख्या में नक्सली हथियारों के साथ मुख्यधारा में लौटकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं. कांकेर में बचे हैं करीब 60 लाख के 21 इनामी नक्सली बीते 3 दिनों में दो डिवीसीएम व एक पार्टी सदस्य सहित 25 लाख रुपये के 3 नक्सलियों ने AK-47 हथियार के साथ आत्मसमर्पण किया है. उत्तर बस्तर के भिहड़ में अभी भी 21 नक्सली बचे हैं. पुलिस को उम्मीद है कि ये भी जल्द आत्मसमर्पण कर सकते हैं. पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने लल्लूराम डॉट कॉम से बात करते हुए बताया कि उत्तर बस्तर कांकेर में 60 लाख रुपये के आसपास के लगभग 21 नक्सली शेष बचे हुए हैं. बीते कुछ दिनों में कुछ नक्सली मुख्यधारा में लौटे हैं. बड़े कैडर के आत्मसमर्पण के बाद अब बचे हुए नक्सलियों के पास कोई आधार नहीं बचा है. उम्मीद है कि बचे हुए नक्सली भी जल्द आत्मसमर्पण कर सकते हैं. नक्सलियों के लिए हेल्पलाइन जारी पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि शेष बचे हुए नक्सलियों के लिए मोबाइल नंबर 9479194119 जारी किया गया है, जिससे वह बिना किसी भय के संपर्क कर सकते हैं. उन्हें सुरक्षित मुख्यधारा में लाने प्रयास किया जाएगा. सूत्र बताते हैं कि आगमी समय में उत्तर बस्तर के इलाके में शेष बचे 21 नक्सली भी जल्द आत्मसमर्पण कर सकते हैं. इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं सरकार की डेड लाइन के पूर्व ही उत्तर बस्तर कांकेर जिला जल्द नक्सल मुक्त हो जाएगा, जो सरकार और पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी. इससे आम लोगों के लिए विकास की राह आसान होगा.  

धर्मांतरण पर गृह मंत्री विजय शर्मा का अपडेट: संशोधन के बाद आएगा नया कानून

कांकेर छत्तीसगढ़ के आमाबेड़ा में धर्मांतरण को लेकर गंभीर और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. इस मामले पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज के बड़े हिस्से में इस बात को लेकर नाराजगी है. भ्रमित करके लोगों का धर्मांतरण कराया जाता है. अचानक समाज का व्यक्ति अलग हो जाता है. ऐसी ही स्थिति कांकेर के आमाबेड़ा में हुई थी. अंतिम निष्कर्ष पर जाने की जरूरत है. वहां गंभीर और संघर्ष की स्थिति थी. कांकेर जिले में वर्तमान में सब ठीक है पर बड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी. समाज में बड़ा आक्रोश भी दिखा है. बता दें, कांकेर जिले के बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफन को लेकर भारी बवाल मचा हुआ है. आक्रोशित भीड़ ने चर्च में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी. इसके अलावा सरपंच के घर में भी तोड़फोड़ की. इस दौरान आदिवासी और ईसाई समाज के बीच हिंसक झड़प हुई. स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान झड़प में अंतागढ़ एडिशनल एसपी आशीष बंसोड़ गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में अब भी भारी तनाव का माहौल है. वहीं भारी विरोध के बीच प्रशासन ने शव को कब्र से निकालकर बाहर भेज दिया है. धर्म स्वतंत्रता अधिनियम पर विपक्ष के आरोपों पर जवाब धर्म स्वतंत्रता अधिनियम को लेकर विपक्ष के आरोपों पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत अभी बिल आना था, शुद्धिकरण और संशोधन के लिए उसे रोका गया है. कांग्रेस को नारायणपुर का विषय भी याद होगा, आज वही क्षेत्र है, वही स्थिति है. यह समाज की चिंता का विषय है, इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. स्पष्टता के साथ कहना चाहिए कि धर्मांतरण बंद हो. नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री ने कहा कि नए साल से पहले प्रदेश में लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है. राजधानी में हाल ही में करीब 80 लाख रुपये मूल्य की कोकीन जब्त की गई है. उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत छत्तीसगढ़ में अभूतपूर्व कार्य हुआ है. उन्होंने आगे कहा कि एंड टू एंड इन्वेस्टिगेशन के लिए हमने काम किया है. पेडलर से लेकर कंज्यूमर सप्लायर तक पूरा चैन का इन्वेस्टिगेट किया जाएग। कांग्रेस के टैलेंट हंट पर कटाक्ष कांग्रेस द्वारा टैलेंट हंट के माध्यम से नए प्रवक्ता तलाशने को लेकर भी डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहीं से भी प्रवक्ता ले आए, लेकिन भाजपा प्रवक्ताओं के सामने नहीं टिक पाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि राजनीति साधना जैसी है. लोगों के बीच और पहले से काम करने वालों का अनुभव अलग होता है. कहीं से भी किसी को अचानक ले आना ठीक नहीं है. जनता के बीच काम करके आएंगे तो अनुभव होगा. बीजेपी में मेहनत करके लोग शामिल होते हैं. बीजेपी में परिवार की राजनीति नहीं हैं. बीजेपी में इटली से भी आकर किसी को पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनाते.

कांकेर जिले के धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का लिया जायज़ा : सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने

रायपुर, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की आयुक्त श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने आज कांकेर जिले के धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। समर्थन मूल्य पर सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने चारामा तहसील के माहुद, चारामा, लखनपुरी और कांकेर तहसील के नाथिया नवागांव एवं सरोना स्थित खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने धान विक्रय टोकन की प्रक्रिया का परीक्षण किया और किसानों को बताया कि टोकन सोसायटी मॉड्यूल के माध्यम से भी प्राप्त किए जा सकते हैं। सचिव ने जिला खाद्य अधिकारी और सहकारी बैंक के नोडल अधिकारियों से कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति, उनके प्रशिक्षण, नमी मापक यंत्र, बारदाना उपलब्धता, डेमेज एवं हमाल की व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 94 हज़ार 192 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है तथा 85 प्रतिशत बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है। सचिव के द्वारा निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अरुण वर्मा, खाद्य अधिकारी श्री जे.जे. नायक, उप पंजीयक सहकारी समिति श्री आशुतोष डडसेना, तहसीलदार चारामा श्री सतेन्द्र शुक्ल, नायब तहसीलदार श्री कृष्ण कुमार पाटले, तहसीलदार सरोना श्री मोहित साहू, सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी श्री मनोज वानखेडे तथा नान के जिला प्रबंधक श्री आकाश राही भी उपस्थित रहे।

केन्द्र सरकार की अतिरिक्त सचिव पहुंची कांकेर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों और मूक बधिर बच्चों से की बातचीत

रायपुर, भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव सुश्री कैरेलिन खोंगवार देशमुख आज आकांक्षी जिला कांकेर पहुंची। उन्होंने यहां शुरू किए गए मावा मोदोल कोचिंग संस्थान और सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन किया। तदुपरांत वे ग्राम कोदाभाट स्थित शासकीय श्रवण बाधितार्थ विशेष विद्यालय पहुंची जहां उन्होंने निःशक्त, मुक-बधिर बच्चों से बातचीत की। भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव सुश्री देशमुख ने कांकेर की सेंट्रल लाइब्रेरी का अवलोकन किया और वहां आने वाले विद्यार्थियों से बातचीत की। कांकेर में स्थानीय युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण एवं स्टडी मटेरियल उपलब्ध कराने के उद्देश्य को लेकर यह सेंट्रल लाइब्रेरी बनाई गई है। इस लाइब्रेरी में प्रतिदिन महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन करते हैं। अतिरिक्त सचिव ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की। उन्होंने लाइब्रेरी के विजिटर्स रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर भी किए। अतिरिक्त सचिव सुश्री देशमुख मावा मोदोल कोचिंग संस्थान भी गई। यहां उन्होंने  अध्ययन कक्ष में जाकर विद्यार्थियों से चर्चा की। सुदूर आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर ढंग से तैयारी करने व कैरियर गाइडेंस देने के लिए इस कोचिंग संस्थान को शुरू किया गया है। कोचिंग संस्थान में कांकेर जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को सीजी पीएससी, एसएससी, व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। अतिरिक्त सचिव सुश्री देशमुख ने इसकी भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपीएससी, राज्य पीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पढ़ने की सुविधा देना जिले की प्रतिभाओं को गढ़ने का अच्छा प्रयास है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांकेर के विद्यार्थियों का न सिर्फ प्रदेश की लोक सेवाओं में चयन हो, बल्कि वे अपनी मेहनत और संस्थान के मार्गदर्शन में देश और विदेशों में भी सेवाओं के जरिए अपनी पहचान स्थापित करें। सुश्री देशमुख ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से उनके भविष्य की रणनीति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।   अतिरिक्त सचिव ने मूक-बधिर विद्यार्थियों के बीच गुजारा समय कांकेर प्रवास के दौरान भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव सुश्री देशमुख ग्राम कोदाभाट स्थित शासकीय श्रवण एवं दृष्टि बाधितार्थ विशेष विद्यालय भी पहुंचीं। यहां विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों ने साइन लैंग्वेज से उनका स्वागत किया। इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने स्वागत गीत गाया तथा खुद के द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स उन्हें भेंट की। यह विशेष विद्यालय 50 सीटर है। विद्यालय में बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित हैं तथा कुल 45 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें 33 श्रवण बाधित और 12 दृष्टिबाधित बच्चे सम्मिलित हैं। विशेष विद्यालय परिसर में सभी छात्रों के लिए निःशुल्क आवासीय एवं भोजन सुविधा उपलब्ध है। इस विद्यालय में निकट भविष्य में स्मार्ट क्लासेस शुरू करने की भी योजना है। अतिरिक्त सचिव सुश्री देशमुख ने यहां उपलब्ध साधनों एवं संसाधनों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की रूचि के अनुरूप विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण देने की बात भी कही, ताकि निः शक्त और दृष्टि तथा श्रवण बाधित बच्चे बड़े होकर आत्मनिर्भर बन सकें।

फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में कांकेर पुलिस ने पकड़े दो बांग्लादेशी, आदिवासी समुदाय की सख्त प्रतिक्रिया

कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे 2 बांग्लादेशियों की गिरफ्तारी के बाद आदिवासी समाज मोर्चा खोलने वाला है. समाज लंबे समय से पखांजूर क्षेत्र में बांग्लादेशियों के अवैध रूप से रहने का लगातार मुद्दा उठाते आ रहा है. इस बीच पखांजूर क्षेत्र में 2 बांग्लादेशियों ने अवैध रूप से रहते जन्म प्रमाण पत्र बनवा लिया था. हालांकि तहसीलदार की शिकायत पर दोनों बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर वीजा जब्त कर लिया गया है. सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष कन्हैया उसेंडी ने कहा कि हम लगातार आवाज उठाते आए हैं कि पखांजूर क्षेत्र में अवैध रूप से बांग्लादेशी रह रहे हैं और यहां के निवासी बनने की कोशिश कर रहे हैं. प्रशासन को क्षेत्र में जांच करनी चाहिए और उन पर कार्रवाई करनी चाहिए. अभी दो लोग गिरफ्तार हुए हैं, उनके जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले संलिप्त व्यक्तियों और अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए. गौरतलब हो कि प्रशांत बैरागी एवं उसके पुत्र सुकृक्ति बैरागी ग्राम पीव्ही 127 अनुपपुर अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं. जांच के दौरान पता चला कि दोनों आरोपी प्रशांत बैरागी एवं सुकृति वैरागी वीजा अवधी समाप्त होने के पश्चात भी अवैध रूप से ग्राम पीव्ही 127 अनुपपुर तहसील पखांजूर में निवासरत थे. प्रशांत बैरागी अपने पुत्र सुकृति बैरागी का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने तहसील न्यायालय पखांजूर को गुमराह करते हुए गलत जानकारी दी और फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए थे. वीजा को पुलिस ने जब्त कर लिया है. आरोपी प्रशांत वैरागी एवं सुकृति बैरागी निवासी ग्राम औसखली पोस्ट कंचन नगर थाना बोटियाघाट जिला खुलना (बांग्लादेश) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.