samacharsecretary.com

Nothing का डबल सरप्राइज़: 5 मार्च को Phone 4a और 4a Pro की होगी एंट्री

नई दिल्ली लंदन बेस्ड टेक ब्रांड नथिंग मार्च में अपने दो नए स्मार्टफोन को भारत में लॉन्च करने जा रहा है. कंपनी के सीईओ कार्ल पेई ने खुद सोशल मीडिया पर 5 मार्च की तारीख का ऐलान किया है. माना जा रहा है कि इस इवेंट में Nothing Phone 4a और Phone 4a Pro लॉन्च किए जा सकते हैं. इसके साथ ही कंपनी नए ओवर-ईयर हेडफोन भी पेश कर सकती है. चलिए जानते हैं इनकी डिटेल्स के बारे में… Carl Pei ने X पर पोस्ट करते हुए 5 मार्च को लॉन्च इवेंट की घोषणा की. खास बात यह रही कि यह इवेंट 4 मार्च को होने वाले Apple के स्पेशल एक्सपीरियंस के ठीक अगले दिन रखा गया है. एपल का इवेंट लंदन, न्यूयॉर्क और शंघाई में आयोजित होगा, जबकि नथिंग ने डिजिटल अंदाज में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. नथिंग का न्योता काफी अलग और बोल्ड स्टाइल में सामने आया है. एपल के मिनिमलिस्ट इनवाइट पर पंक-रॉक अंदाज में गुलाबी ग्रैफिटी स्टाइल ओवरले किया गया, जिसमें 5 मार्च की नई तारीख लिखी गई. यह अंदाज साफ बताता है कि कंपनी खुद को परंपरागत ब्रांड्स से अलग और युवा सोच के करीब रखना चाहती है. Nothing Phone 4a सीरीज से क्या उम्मीद? कंपनी ने आधिकारिक तौर पर डिवाइस की जानकारी नहीं दी है, लेकिन हालिया टीजर और लीक से संकेत मिल रहे हैं कि Nothing Phone 4a और Nothing Phone 4a Pro लॉन्च हो सकते हैं. दोनों फोन में UFS 3.1 स्टोरेज मिलने की बात कही जा रही है, जिससे डेटा स्पीड बेहतर हो सकती है. इसके अलावा बैटरी पिछले मॉडल की तुलना में थोड़ी बड़ी हो सकती है, जिससे बैकअप बेहतर मिलने की उम्मीद है. कंपनी इन फोन्स को 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च कर सकती है. स्टैंडर्ड मॉडल ब्लैक और व्हाइट रंग में आ सकता है, जबकि Pro वेरिएंट ब्लैक और सिल्वर ऑप्शन में उपलब्ध हो सकता है. Snapdragon पावर और Geekbench परफॉर्मेंस रिपोर्ट्स के मुताबिक, Nothing Phone 4a Pro में क्वालकॉम का नया Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट दिया जा सकता है. यह प्रोसेसर मिड-रेंज सेगमेंट में दमदार परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है. हाल ही में यह मॉडल गीकबेंच पर भी देखा गया, जहां इसके स्कोर ने ध्यान खींचा. गीकबेंच टेस्ट में डिवाइस ने सिंगल प्रिसिजन टेस्ट में 707, हाफ प्रिसिजन में 1,077 और क्वांटाइज्ड टेस्ट में 1,265 अंक हासिल किए. ये आंकड़े बताते हैं कि फोन डेली यूज, मल्टीटास्किंग और गेमिंग के लिहाज से मजबूत साबित हो सकता है. हालांकि असली परफॉर्मेंस लॉन्च के बाद ही साफ होगी. Nothing Headphone (a) से ऑडियो मार्केट पर नजर स्मार्टफोन के अलावा कंपनी नए ओवर-ईयर हेडफोन भी पेश कर सकती है, जिन्हें Nothing Headphone (a) नाम दिया जा सकता है. यह कदम कंपनी की ऑडियो कैटेगरी में विस्तार की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. पिछले मॉडल Nothing Headphone 1 को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, जिसके बाद कंपनी इस सेगमेंट में और मजबूती से उतरना चाहती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, Nothing 2026 तक और भी ओवर-ईयर हेडफोन लॉन्च करने की योजना बना रही है. ऐसे में 5 मार्च का इवेंट केवल स्मार्टफोन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह कंपनी के इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है.

Nothing का बड़ा कदम, बेंगलुरु में खुलेगा भारत का पहला फ्लैगशिप स्टोर

मुंबई  यूके की टेक कंपनी नथिंग अब भारत में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने जा रही है. कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कन्फर्म किया है कि वह भारत में अपना पहला फ्लैगशिप स्टोर खोलने वाली है. यह स्टोर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में खुलेगा. हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी ओपनिंग डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह साफ कर दिया गया है कि स्टोर जल्द ही शुरू होगा. नथिंग ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि यह फ्लैगशिप स्टोर ग्राहकों के लिए एक खास अनुभव लेकर आएगा. यहां लोग कंपनी के अलग-अलग प्रोडक्ट्स को खरीदने से करीब से देख और इस्तेमाल कर सकेंगे. इस स्टोर में नथिंग के स्मार्टफोन, ट्रू वायरलेस ईयरबड्स यानी TWS और दूसरे स्मार्ट डिवाइस शामिल होंगे. कंपनी का मकसद है कि ग्राहक प्रोडक्ट को सिर्फ तस्वीरों या ऑनलाइन रिव्यू के आधार पर न खरीदें, बल्कि उसे हाथ में पकड़कर उसका डिजाइन, फील और कम्फर्ट खुद महसूस करें और उसके बाद उसे खरीदने का मन बनाएं. यह स्टोर नथिंग का भारत में पहला और दुनिया का दूसरा फ्लैगशिप स्टोर होगा. फिलहाल कंपनी का एकमात्र ब्रांड-ओन्ड स्टोर लंदन के सोहो इलाके में मौजूद है. ऐसे में भारत में फ्लैगशिप स्टोर खोलना यह दिखाता है कि नथिंग भारतीय बाजार को कितनी अहमियत दे रही है. आपको बता दें कि बीते कुछ समय में कंपनी ने भारत में कई प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं और अलग-अलग शहरों में प्रोडक्ट ड्रॉप इवेंट्स भी आयोजित किए हैं. CMF बनी इंडियन कंपनी नथिंग की सब-ब्रांड CMF को लेकर भी कंपनी ने हाल ही में एक बड़ी घोषणा की थी. CMF अब भारत में एक अलग और कानूनी रूप से रजिस्टर्ड कंपनी बन चुकी है. दिसंबर 2025 में इसे आधिकारिक तौर पर शामिल किया गया और अब इसका नाम CMF इंडिया प्राइवेट लिमिटेड हो गया है. इसकी खास बात यह है कि CMF का हेडक्वार्टर भी अब भारत में ही है. कंपनी के को-फाउंडर और इंडिया प्रेसिडेंट अकीस इवेंजेलिडिस ने कहा कि CMF भारत के लिए एक अहम भूमिका निभाएगा. उनका मानना है कि भारत तेजी से ग्लोबल कंज्यूमर टेक इकोसिस्टम का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है. इसी को देखते हुए कंपनी ने भारत में अपने ऑपरेशंस को और बढ़ाने का फैसला किया है. इसमें स्मार्टफोन और वियरेबल्स की मैन्युफैक्चरिंग, ऑपरेशंस और रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर खास फोकस रहेगा. कुल मिलाकर, बेंगलुरु में खुलने वाला नथिंग का पहला फ्लैगशिप स्टोर न सिर्फ कंपनी के लिए बल्कि भारतीय टेक मार्केट के लिए भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इससे ग्राहकों को ब्रांड से जुड़ने और उसके प्रोडक्ट्स को बेहतर तरीके से समझने का मौका मिलेगा.