samacharsecretary.com

शॉकिंग कदम! पाकिस्तान का नया पैंतरा, टी20 वर्ल्ड कप में खिलाड़ी करेंगे काली पट्टी पहनकर खेल

नई दिल्ली पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में शामिल होगा या नहीं, उसे लेकर अभी तक अपने पत्ते नहीं खेले हैं। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आईसीसी को बांग्लादेश मामले पर दूसरा लेटर लिखने वाला है। इसमें वह अपने इस इरादे की जानकारी देगा कि अगर उसकी टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी तो उसके खिलाड़ी प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराने के लिए बांह पर काली पट्टी बांधकर खेलेंगे।   टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी अब औपचारिक तौर पर आईसीसी को बताएगा कि बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने पर उसे काफी निराशा हुई है। उसके खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराएंगे। रिपोर्ट में पीसीबी से जुड़े सूत्र के हवाले से कहा गया है, ‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आईसीसी को वर्ल्ड कप के दौरान अपने प्रोटेस्ट के बारे में लेटर लिखने वाला है।’ पाकिस्तान वर्ल्ड कप में अपनी भागीदारी को लेकर सोमवार को अंतिम फैसला लेगा। इससे पहले इस हफ्ते की शुरुआत में पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बहुत अच्छी बातचीत हुई और वर्ल्ड कप को लेकर पाकिस्तान अपना अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को बताएगा। शुक्रवार चूंकि बीच चुका है, इसलिए जाहिर है कि पीसीबी सोमवार को अपने फैसले का ऐलान करेगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इससे पहले इसी महीने आईसीसी को बांग्लादेश मुद्दे पर पहला ईमेल लिखा था और सीसी में बाकी सभी बोर्ड मेंबर को भी रखा था। लेटर में उसने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए कहा था कि उसके मैच भारत से बाहर कराए जाएं। उसने बांग्लादेश के विश्व कप मैचों की मेजबानी की भी पेशकश की थी। हालांकि आईसीसी ने बोर्ड मीटिंग में फैसला किया कि बांग्लादेश की चिंताएं आधारहीन हैं और उसके मैचों के वेन्यू नहीं बदले जाएंगे। आईसीसी ने तब बांग्लादेश को दो टूक कहा था कि उसके मैच पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे यानी उसके सभी ग्रुप मैच भारत में ही होंगे। आईसीसी ने बांग्लादेश को आखिरी मौका देते हुए उसे 24 घंटे की मोहलत दी थी लेकिन बीसीबी ने आखिरकार भारत नहीं जाने का फैसला किया। उसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप 2026 में शामिल कर लिया। इससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और विश्व कप के बहिष्कार की धमकी दे रहा है। बांग्लादेश से जुड़े विवाद की शुरुआत तब हुई जब आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर ने अपने स्क्वाड के एक मात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया। इसकी प्रतिक्रिया में बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप के मैच भारत में खेलने से इनकार करते हुए आईसीसी से अपने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट किए जाने की मांग की थी। बांग्लादेश ने इसके लिए 'सुरक्षा चिंताओं' को वजह के रूप में गिनाया था लेकिन आईसीसी ने स्वतंत्र सिक्यॉरिटी एजेंसी के सर्वे में पाया कि बांग्लादेश की चिंताओं में कोई दम नहीं है।  

पीसीबी ने विदेशी टी20 लीगों के लिए खिलाड़ियों की एनओसी निलंबित की

इस्लामाबाद पीसीबी ने पाक के बाहर टी-20 लीग में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के सभी अनापत्ति प्रमाणपत्र निलंबित कर दिए हैं। बोर्ड के मुख्य परिचालन अधिकारी सुमैर अहमद सैयद ने नोटिस भेजकर खिलाड़ियों और एजेंटों को इस फैसले की जानकारी दी। नोटिस में लिखा है, पीसीबी अध्यक्ष की स्वीकृति से, लीग और अन्य विदेशी टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों के सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) अगले आदेश तक स्थगित किए जाते हैं। बोर्ड के दृष्टिकोण से, इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और घरेलू प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रमुख घरेलू प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता, कायदे-आजम ट्रॉफी भी अक्तूबर में शुरू होने वाली है, जो 22 सितंबर से स्थगित कर दी गई थी।  

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान की टेस्ट टीम घोषित, बाबर आजम की वापसी

लाहौर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान ने अपनी 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की टीम में वापसी हुई है। दोनों देशों के बीच 12 अक्टूबर से आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र की शुरुआत होगी, जिसमें दो मुकाबले खेले जाने हैं। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को एशिया कप में स्थान नहीं मिल सका था, लेकिन अब शान मसूद की कप्तानी में इन अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है। बाबर की वापसी से पाकिस्तान के मध्य क्रम को मजबूती मिली है। एशिया कप से बाहर बैठने वाले मोहम्मद रिजवान इस सीरीज में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रमुख गेंदबाज शाहीन अफरीदी, हसन अली और अबरार अहमद भी टीम में शामिल हैं। इमाम-उल-हक और अब्दुल्ला शफीक के पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है, जबकि सऊद शकील और सलमान अली आगा बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। पाकिस्तान की इस टीम में अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण है। तीन नए खिलाड़ियों में बाएं हाथ के स्पिनर आसिफ अफरीदी, कलाई के स्पिनर फैसल अकरम और विकेटकीपर-बल्लेबाज रोहेल नजीर के पास डेब्यू का मौका होगा। पाकिस्तानी खिलाड़ी हेड कोच अजहर महमूद और एनसीए के कोचों के मार्गदर्शन में 8 अक्टूबर तक ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेंगे। हाल ही में संपन्न एसीसी पुरुष टी20 एशिया कप में भाग लेने वाले क्रिकेटर 4 अक्टूबर को शिविर में शामिल होंगे। पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका की टीमें 12-16 अक्टूबर के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेलेंगी, जिसके बाद 20-24 अक्टूबर के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। दोनों देश 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेंगे, जबकि 4-8 अक्टूबर के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। पाकिस्तान की टीम: शान मसूद (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अबरार अहमद, आसिफ अफरीदी, बाबर आजम, फैसल अकरम, हसन अली, इमाम-उल-हक, कामरान गुलाम, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद रिजवान (विकेट कीपर), नोमान अली, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील और शाहीन शाह अफरीदी।