samacharsecretary.com

हरियाणा दहला: रोहतक में ताबड़तोड़ गोलियां, IG ऑफिस के नजदीक मर्डर से सनसनी

  रोहतक हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आईजी ऑफिस से कुछ ही दूरी पर दिल्ली बाईपास के पास अज्ञात हमलावरों ने दिनेश उर्फ गोगा पर 22 गोलियां दाग दीं. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. बिजी रोड पर हुई इस वारदात से आसपास अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई. मृतक दिनेश गोगा का भी आपराधिक रिकार्ड बताया जा रहा है. मौके से मिले 28 से 30 राउंड गोलियां के खोल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर तेज रफ्तार वाहन में आए और एकाएक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें पहुंचीं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस को मौके से करीब 28 से 30 राउंड हुए गोलियां के खोल मिले है. '2-4 कीड़े मकोड़े हैं इनका टाइम आ लिया है' घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने मामले को और सनसनीखेज बना दिया. पोस्ट में 'जय भोले की' लिखते हुए दावा किया गया कि दिनेश गोगा की हत्या अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के इशारे पर कराई गई है. पोस्ट में आगे धमकी भरे लहजे में अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. लिखा है – बाकी ये और 2-4 कीड़े मकोड़े हैं इनका टाइम आ लिया है. साथ ही इसमें कुछ पुलिसकर्मियों पर करप्ट होने का आरोप भी लगाया गया है. पोस्ट में लिखा है- हम देश के कानून और ईमानदार खाकी का सम्मान करते हैं लेकिन कुछ करप्ट पुलिसवालों के कारण आज ये दिन देखना पड़ रहा है.  

हरियाणा में गणतंत्र दिवस से पहले रोहतक में हाई अलर्ट

रोहतक. गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस की ओर से जिले भर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने के स्थानों पर गहन जांच की। पुलिस ने यहां ठहरे हुए लोगों की पहचान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस अधिकारियों ने होटल व धर्मशाला संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे किसी भी व्यक्ति को ठहराने से पहले उसकी पहचान पत्र (आधार कार्ड आदि) की फोटोकापी अवश्य लें और उसे अपने रिकार्ड में सुरक्षित रखें। बिना आईडी सत्यापन के किसी को भी कमरा देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही निर्देश दिए गए कि सभी आगंतुकों का पूरा नाम, पता और संपर्क विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाए। गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए थाना व चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में अपने-अपने क्षेत्रों में सर्चिंग व काम्बिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और आवश्यकतानुसार उनकी तस्दीक संबंधित थानों से कराई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या वाहन नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।