samacharsecretary.com

टी20 वर्ल्ड कप जीतते ही शोएब अख्तर का अजीब रिएक्शन, ‘अमीर बच्चा-गरीब बच्चा’ बयान से मचा बवाल

नई दिल्ली जली न, तेरी जली न। ये मीम अक्सर सोशल मीडिया पर चलता है। भारत के लगातार तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर की जलन पर ये मीम बहुत ही सटीक बैठता है। शायद इससे ज्यादा सटीक कोई मौका हो ही नहीं सकता। टीम इंडिया की जीत से शोएब अख्तर जल भी गए और शायद कन्फ्यूज भी हो गए। एक तरफ वह अमीर बच्चा-गरीब बच्चा वाली कहानी सुनाकर भारत की कामयाबी को कमतर जताने की कोशिश करने लगे। अब्बा डब्बा जब्बा करने लगे। दूसरी तरफ भारतीय टीम की जमकर तारीफ भी की। टीम इंडिया ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से शिकस्त दे दी। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने टी20 विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन ठोक डाले। फिर प्लेयर ऑफ द मैच जसप्रीत बुमराह और लोकल बॉय अक्षर पटेल की कातिल गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड की टीम को 19 ओवर में 159 रन पर समेट दिया। पूरे विश्व कप में भारत ने सिर्फ एक मैच हारा। सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ। लगातार दूसरी बार और कुल मिलाकर तीसरी बार टी20 विश्व चैंपियन बनकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया लेकिन रावलपिंडी एक्सप्रेस को सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड की ये कामयाबी शायद ठीक से नहीं पची।   शोएब अख्तर ने टैपमैड शो 'गेम ऑन है' पर भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली लेकिन अंदाज ऐसा रहा जैसे टीम इंडिया की कामयाबी को कमतर जताने की कोशिश कर रहे हों। शोएब अख्तर ने कहा, ‘इंडिया ने कोशिश की, जैसे अमीर बच्चा नहीं होता मोहल्ले में, जो सारे गरीब बच्चों को बुला लेता है कि आओ क्रिकेट खेले। जीतना सिर्फ मैंने है। इंडिया भी वही कर रहा है हमारे साथ। 8 टीम में से 4 रह गई हैं, उनको हराकर कहता है, लो मैं जीत गया। क्रिकेट भी खत्म कर दिया गया।’ अख्तर ने जब ये बात कहते हैं तब शो पर मौजूद दूसरे पैनलिस्ट सना मीर, मोहम्मद हफीज, उमर गुल और सकलैन मुश्ताक हंसने लगते हैं। शोएब अख्तर एक तरफ तो भारत की ऐतिहासिक कामयाबी को हल्के-फुल्के अंदाज में कमतर जताने की कोशिश की लेकिन उसी शो पर दूसरी तरफ चैंपियन टीम की तारीफों के पुल भी बांधे। शोएब अख्तर ने कहा, ‘ये उनकी नीतियों, सिस्टम और मेरिट का सबूत है। ये भी हो सकता था कि पैसे का सही जगह पर इस्तेमाल नहीं होता। गौतम गंभीर ने जोखिम लिया और संजू सैमसन को बीच में लाए। अभिषेक शर्मा युवा है और अक्खड़ है, उसे बहुत कुछ सीखने की जरूरत है लेकिन सैमसन बहुत ही परिपक्व है।’ अख्तर ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा, 'भारत ने दिखाया कि कैसे सही खिलाड़ियों को मौके दिए जाते हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने संन्यास ले लिया था और अब भारत ने विश्व कप जीत लिया।'

एक हफ्ते बाद सामने आया सच, पाकिस्तान की हार के पीछे का रहस्य

नई दिल्ली टी20 विश्व कप 2026 में रविवार 15 फरवरी को इंडिया और पाकिस्तान के बीच ग्रुप फेज का मैच खेला गया था। उस मैच में पाकिस्तान को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले को खत्म हुए एक सप्ताह का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक पाकिस्तान में इस हार के चर्चे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अब वह कारण बताया है, जिसकी वजह से पाकिस्तान की टीम को भारतीय टीम से 61 रनों के अंतर से हार मिली थी। हार की वजह से सलमान अली आगा एंड कंपनी की बहुत बुराई पहले ही हो चुकी है, लेकिन अब शोएब अख्तर ने कहा कि भारत का सामना करते समय पाकिस्तान 'फंस' जाता है। हालांकि, उनका मानना ​​है कि पाकिस्तान के पास अभी दुनिया की किसी भी टीम को हराने के लिए टीम और लोग हैं, लेकिन फिर भी टीम फंस जाती है। शोएब अख्तर ने टैपमैड पर कहा, "बदकिस्मती से, हम भारत से सिर्फ इसलिए हार रहे हैं, क्योंकि हम फंस रहे हैं। कोई और वजह नहीं है। हमारी टीम का सिलेक्शन सही नहीं है। मुझे समझ भी नहीं आ रहा कि हम क्या कर रहे हैं। वरना, हम अभी किसी भी टीम को हराने के लिए काफी अच्छे हैं।" पाकिस्तान की टीम को उस मैच के बाद आखिरी लीग फेज के मैच में जीत मिली, लेकिन सुपर 8 का पहला मुकाबला पाकिस्तान का बारिश में धुल गया। न्यूजीलैंड के खिलाफ ये मैच खेला जाना था, लेकिन उस मैच में एक-एक पॉइंट दोनों टीमों को दिया गया। इस मैच में सिर्फ टॉस ही हो सका था। इसके बाद बारिश ने दस्तक दी और फिर बारिश रुक ही नहीं पाई। 5-5 ओवर का मैच भी आयोजित नहीं हो सका, क्योंकि बारिश और पानी भरने की वजह से दिक्कतों का सामना ग्राउंड्समैन को करना पड़ा। आपकी जानकारी के लिए बता दें, जब पाकिस्तान की टीम को हार मिली थी तो उन्होंने टीम से ज्यादा बोर्ड के आला अधिकारियों को कोसा था। उन्होंने मोहसिन नकवी को जाहिल और नाकाबिल भी बता दिया था। हालांकि, अपने उस बयान पर शोएब अख्तर ने यूटर्न मारा था और कहा था कि वे मेरे भाई जैसे हैं। समस्या टीम में है। अब फिर से शोएब अख्तर ने इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को लेकर बात की है। पाकिस्तान के दिल और दिमाग से यह मैच निकल नहीं रहा है। कप्तान सलमान अली आगा की खूब आलोचना इस मैच को लेकर हुई है।