samacharsecretary.com

बिहार में गरीब परिवार फ्री सोलर पैनल लगवाकर पाएं बिजली बिल से मुक्ति

पटना/भभुआ. कुटीर ज्योति यानी बीपीएल बिजली उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें बिजली बिल की चिंता नहीं करनी होगी। कैमूर के विद्युत कार्यपालक अभियंता भभुआ शशिकांत कुमार ने बताया की सरकार उनकी छत पर 1.1 केवीए का मुफ्त में सोलर पैनल लगाने जा रही है। इसके लिए बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से सहमति मांगी है। अगर आपके पास पक्की छत है और योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो 28 फरवरी तक सुविधा एप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। जिले में करीब 66512 कुटीर ज्योति कनेक्शनधारी हैं। इस Kutir Jyoti Yojana का मकसद गरीब परिवारों को बिजली बिल से राहत देना और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देना है। सोलर यूनिट लगाने के लिए उपभोक्ता के पास करीब 64 वर्ग फीट पक्की छत होनी चाहिए व जगह छायामुक्त भी होनी चाहिए। उन्होंने बताया की 1.1 केवीए क्षमता के सोलर पैनल के लिए दो सोलर प्लेट लगेंगे। सोलर पैनल और इंस्टॉलेशन का पूरा खर्च विद्युत विभाग उठाएगी। उपभोक्ता को अपनी जेब से एक पैसा नहीं देना है, बस शर्त यह है कि पैनल लगने के बाद उसकी साफ-सफाई और सुरक्षा (रखरखाव) की जिम्मेदारी उपभोक्ता को खुद की होगी। कुटीर ज्योति योजना एक सरकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब परिवारों को घरेलू बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना है। सुविधा एप कर सकेंगे आवेदन पहले बहुत से गांवों में लोग मिट्टी के दीये, लालटेन या केरोसिन लैंप का इस्तेमाल करते थे। इससे न केवल खर्च बढ़ता था बल्कि स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए भी खतरा रहता था। आवेदन करने के लिए उपभोक्ता को अपने मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर से सुविधा एप डाउनलोड करना होगा। उसके उपरांत एप खोलें और रूफटाप सोलर पैनल स्थापन के लिए सहमित (कुटीर ज्योति) लिंक पर क्लिक करें। तत्पश्चात अपना कंज्यूमर नंबर (सीए नंबर) डालें उसके बाद रजिस्ट्रड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा व योजना की जानकारी आएगी उसपर क्लिक करें। सहमति प्रदान करते समय आवेदक को किसी एक पता प्रमाण पत्र (जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि) के साथ बीपीएल कार्ड या अन्य पात्रता प्रमाण पत्र जमा करना एवं मांगी गई जानकारी (छत का फोटो या एरिया) भरकर सबमिट कर दें। जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है, वह प्रमंडल कार्यालय के सुविधा काउंटर पर या वसुधा केंद्र की मदद ले सकते हैं। विभागीय सुविधा काउंटर पर यह सेवा बिल्कुल ही मुफ्त है। पहले चरण में इस योजना का लाभ उठाने की आखिरी तारीख 28 फरवरी तय की गई है। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी सहमति दें।

सोलर पैनल से दूर हुई चिंताराम की बिजली बिल की चिंता

रायपुर. खैरागढ़ जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ ग्रामीण अंचलों में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इस योजना के माध्यम से जहां लोगों को बढ़ते बिजली बिलों से राहत मिल रही है, वहीं वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम सनडोंगरी के शिक्षक चिंताराम कंवर ग्रामीणों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपने निवास की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर यह सिद्ध कर दिया कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे किफायती, स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा है। चिंताराम कंवर ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी विद्युत विभाग द्वारा चलाए गए जनसंपर्क अभियान के माध्यम से प्राप्त हुई। योजना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पंजीयन कराया और मात्र एक माह के भीतर उनके घर में सोलर संयंत्र की स्थापना पूर्ण हो गई। इस परियोजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र एवं राज्य शासन से कुल 1 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा दी जा रही भारी सब्सिडी एवं आसान मासिक किश्त (ईएमआई) की सुविधा से उन पर पड़ने वाला आर्थिक भार काफी कम हो गया है। वर्तमान में वे न केवल मुफ्त बिजली का लाभ ले रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं। चिंताराम कंवर की इस पहल से प्रेरित होकर जिले के अन्य ग्रामीणजन भी अब सौर ऊर्जा को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे जिले में हरित ऊर्जा की ओर एक मजबूत कदम देखने को मिल रहा है।

हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोलर बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा

हजारीबाग झारखंड के हजारीबाग जिले में चौपारण थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोलर पैनल बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 2 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से स्पार्क कम्पनी की 120 बैटरियां, एक पिकअप वैन, एक एलपीटी ट्रक, एक आल्टो कार तथा एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर की है। वादी सुमित कुमार सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, एम/एस स्विचर रांची को सूचना मिली कि चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम गरमोरवा स्थित मिनी सोलर प्लांट की बैटरियां चोरी की जा रही हैं। सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वेन समेत एक आरोपी को धर दबोचा। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही अजित कुमार विमल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि चोरी की इस घटना में बोकारो के तेलों क्षेत्र से आए उसके साथी शामिल थे, जिन्होंने ऑल्टो कार को सियारकोणी स्थित सीएम होटल के पीछे छिपा रखा था तथा चोरी की गई बैटरियों को ट्रक में लोड कर ले जाने की योजना थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित छापामारी कर ऑल्टो कार और ट्रक दोनों को बरामद कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान तौसिफ उमर (उम्र 23 वर्ष), पिता मो. शमीम, सा. तेलों, थाना चन्द्रपुरा, जिला बोकारो, वाहिद हुसैन (उम्र 34 वर्ष), पिता सिदिक हुसैन, सा. बडकीपोना, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़ के रूप में हुई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।