samacharsecretary.com

समूह से मिला एक लाख रुपये का सहारा, दुकान और ठेले से आत्मनिर्भर बनीं लाजो

रायपुर खेती-बाड़ी का कोई साधन नहीं और चार सदस्यीय परिवार की जिम्मेदारी के बीच सरगुजा जिले की लाजो ने स्वरोजगार को अपनी आजीविका का आधार बनाया है। स्व-सहायता समूह से मिले एक लाख रुपये के ऋण ने उन्हें स्वयं का काम शुरू करने का अवसर दिया। उन्होंने इस राशि से दुकान और ठेले का व्यवसाय शुरू किया और आज इसी से होने वाली आमदनी के सहारे परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ समूह से लिए ऋण की मूल राशि और ब्याज भी चुका रही हैं। अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम लिबरा निवासी लाजो की यह कहानी बताती है कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मिलने वाला आर्थिक सहयोग ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की राह दिखा सकता है। खेती का साधन नहीं होने के बावजूद लाजो ने अपनी मेहनत से आय का जरिया तैयार किया और आज वे अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। एक लाख रुपये के ऋण से शुरू किया अपना व्यवसाय लाजो बताती हैं कि उनके पास खेती-बाड़ी नहीं है। ऐसे में परिवार के भरण-पोषण के लिए नियमित आमदनी का साधन जुटाना जरूरी था। स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें एक लाख रुपये का ऋण मिला। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने में किया। लाजो ने दुकान के साथ ठेला भी शुरू किया। धीरे-धीरे व्यवसाय से आमदनी होने लगी और परिवार के लिए नियमित आय का रास्ता बना। अब इसी कमाई से वे घर के जरूरी खर्च पूरे कर रही हैं और अपने व्यवसाय को भी आगे बढ़ा रही हैं। चार सदस्यीय परिवार के लिए बनीं मजबूत सहारा लाजो के परिवार में चार सदस्य हैं। खेती-बाड़ी नहीं होने के कारण उनके व्यवसाय से होने वाली कमाई परिवार की आजीविका के लिए महत्वपूर्ण सहारा बन गई है। वे बताती हैं कि ठेले और दुकान से होने वाली आय से घर का खर्च चलाने में मदद मिल रही है। स्वरोजगार ने उन्हें परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालने के साथ आत्मनिर्भर बनने का भरोसा भी दिया है। नियमित रूप से व्यवसाय चलाते हुए वे अपनी आय से परिवार की आवश्यकताओं को पूरा कर रही हैं। परिवार भी संभाला, ऋण की जिम्मेदारी भी निभा रहीं लाजो की सफलता की खास बात यह है कि व्यवसाय से होने वाली आमदनी से वे केवल परिवार का भरण-पोषण ही नहीं कर रहीं, बल्कि समूह से लिए गए ऋण की मूल राशि और ब्याज का भुगतान भी कर रही हैं। इससे उनका व्यवसाय आर्थिक अनुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लाजो का कहना है कि उनका व्यवसाय अच्छी तरह चल रहा है और इससे उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिला है। समूह से मिली सहायता ने उन्हें किसी दूसरे आय के साधन पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं का काम शुरू करने का रास्ता दिया। समूह की मदद से आत्मनिर्भरता की राह हुई आसान स्व-सहायता समूह से मिला एक लाख रुपये का ऋण लाजो के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि स्वयं की आजीविका खड़ी करने का अवसर साबित हुआ। खेती का साधन नहीं होने के बावजूद उन्होंने स्वरोजगार को अपनाकर परिवार के लिए आय का स्रोत तैयार किया। लाजो ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समूह से मिली मदद के कारण वे आज अपने परिवार का भरण-पोषण कर पा रही हैं और आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ी हैं। उनकी कहानी ग्रामीण महिलाओं के लिए इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि समूह से मिले अवसर और स्वयं की मेहनत से स्वरोजगार को परिवार की आजीविका का मजबूत आधार बनाया जा सकता है।

सेवा सेतु शिविर के तहत पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कैम्प 9 अक्टूबर से

शासन के निर्देशानुसार वर्तमान में संचालित सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विद्युत कम्पनी द्वारा मुख्य गतिविधि सेवा सेतु शिविर का विकासखंडवार आयोजन 9 से 15 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र उपभोक्ताओं को ऑन द स्पॉट पंजीयन कर वित्तीय व तकनीकी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। इस क्रम में पन्ना विकासखंड अंतर्गत वितरण केन्द्र पन्ना शहर कार्यालय में 9 अक्टूबर को शिविर लगेगा, जबकि वितरण केन्द्र कार्यालय गुनौर में 12 अक्टूबर, पवई में 13 अक्टूबर, अजयगढ़ में 14 अक्टूबर और शाहनगर में 15 अक्टूबर को शिविर लगाया जाएगा। विद्युत कम्पनी के कार्यपालन अभियंता द्वारा उपभोक्ताओं से अधिकाधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर लगाने पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया व बैंक से मिलने वाली आसान ऋण सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर दिया डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश

रायपुर  सेवा संकल्प अभियान के तहत जशपुर के रणजीता स्टेडियम में प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के विजन को आकर्षक रंगोली के माध्यम से साकार किया गया। रंगों और रचनात्मकता के अनूठे संगम से तैयार इस विशाल रंगोली में डिजिटल तकनीक के जरिए सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत की परिकल्पना को कलात्मक रूप से उकेरा गया। डिजिटल कनेक्टिविटी और ई-गवर्नेंस के साथ ही भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश भी रंगोली का विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर रंगोली का अवलोकन किया और इसके चारों ओर दीप प्रज्वलित कर अपनी सहभागिता निभाई। दीपों की रोशनी से जगमगाती रंगोली ने डिजिटल भारत की बदलती तस्वीर को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर विधायक मती रायमुनी भगत भी उपस्थित रहीं। पर्यटन मंत्री  राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश में विकास और सुशासन को नई गति दी है। तकनीक के विस्तार से आज शासन की सेवाएं नागरिकों की पहुंच में आई हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग सहित अनेक क्षेत्रों में सुविधाएं अधिक सहज और सुलभ हुई हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी केवल तकनीकी प्रगति का माध्यम नहीं, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की एक सशक्त कड़ी है। प्रधानमंत्री  मोदी का डिजिटल इंडिया का विजन आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रंगोली में दिखी डिजिटल भारत की पूरी तस्वीर रंगोली के मध्य में ‘डिजिटल इंडिया’ का संदेश प्रमुखता से उकेरा गया। इसके ऊपर बनाया गया वाई-फाई का प्रतीक देश में बढ़ती डिजिटल कनेक्टिविटी और इंटरनेट की पहुंच को प्रदर्शित करता है। कंप्यूटर और क्लाउड तकनीक के चित्रों के माध्यम से डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन जानकारी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों को दर्शाया गया, जबकि मोबाइल फोन और सरकारी भवन के चित्रों ने ई-गवर्नेंस तथा नागरिकों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचती शासकीय सेवाओं की तस्वीर प्रस्तुत की। रंगोली में भारत के मानचित्र को दोनों हाथों से थामे हुए चित्र के माध्यम से तकनीक से सशक्त होते भारत और प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की भावना को अभिव्यक्त किया गया। मानचित्र के भीतर विभिन्न रंगों में बनाई गई डिजिटल लाइनें देश के अलग-अलग हिस्सों को तकनीक और संचार के माध्यम से आपस में जोड़ने का प्रतीक बनीं। इसके साथ ही हरी पत्तियों और पौधे की आकृति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आधुनिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का दिया संदेश रंगोली के नीचे अंकित ‘कनेक्टेड इंडिया, स्ट्रॉन्गर इंडिया’ का संदेश डिजिटल रूप से जुड़े नागरिकों के माध्यम से सशक्त भारत के निर्माण की परिकल्पना को सामने लाया। रंगोली के चारों ओर प्रज्वलित दीप भारतीय संस्कृति, ज्ञान, प्रकाश और सकारात्मकता के प्रतीक बने। रंगों और दीपों के इस अनूठे संगम ने डिजिटल जागरूकता की रोशनी से डिजिटल दूरी को कम कर नए अवसरों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया। रणजीता स्टेडियम में तैयार इस रंगोली के माध्यम से डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीकी सशक्तिकरण, ई-गवर्नेंस, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को एक ही कलाकृति में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष  अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष  गंगाराम भगत,  कलेक्टर  रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ  अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

जनगणना के द्वितीय चरण के लिए प्रशिक्षण 13 से 16 अक्टूबर तक

जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल द्वारा प्रसारित निर्देशों के अनुक्रम में जनगणना के द्वितीय चरण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, चार्ज जनगणना लिपिक, तकनीकी सहायक एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना के कला भवन में आगामी 13 से 16 अक्टूबर तक होगा। प्रथम दिवस सुबह 9ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक एवं द्वितीय दिवस सुबह 09ः30 बजे से शाम 06ः15 बजे तक प्रशिक्षण का समय निर्धारित है। जनगणना निदेशालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षक मिलन गुप्ता एवं हरिओम चौधरी प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। प्रथम दो दिवस 33 तथा अंतिम दो दिवस 37 प्रतिभागी प्रशिक्षण में शामिल होंगे। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ऊषा परमार द्वारा नामांकित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज कराने एवं गंभीरतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया है।

सआईआर की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में दर्ज थे 7 लाख 50 हजार 769 मतदाता

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लगभग एक माह तक संचालित विशेष अभियान में मतदाता सूची में नवीन व पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाना हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान गणना चरण में बीएलओ द्वारा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे पंजीकरण मतदाताओं की सूची तैयार की जाकर निर्धारित स्थलों पर चस्पा करने के साथ-साथ बीएलए को प्रति प्रदान की गई थी तथा इसे निर्वाचन वेबसाइट पर भी अपलोड किया गया था। निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया सतत प्रचलन में रहती है। कोई भी पात्र व्यक्ति, जिसका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है अथवा विलोपित हो गया है, किसी भी समय मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकता है। आयोग द्वारा विशेष अभियान के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं कि बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची की तुलना एसआईआर पूर्व की मतदाता सूची से करेंगे और ऐसे मतदाताओं की पहचान भी करेंगे, जिनके नाम पूर्व की निर्वाचक नामावली में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं हैं। इन मतदाताओं की सूची तैयार कर एवं चिन्हित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का पता लगाकर पात्रता अनुसार नाम शामिल करने हेतु घर-घर जाकर सत्यापन व भ्रमण किया जाएगा तथा प्रारूप-6 भरवाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बताया गया है कि प्री-एसआईआर की मतदाता संख्या व गणना चरण के दौरान 40 हजार 144 मतदाताओं के गणना पत्रक संकलित नहीं होने से नाम विलोपित हो गए थे। 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम एसआईआर सूची में कुल 7 लाख 50 हजार 769 मतदाता दर्ज हैं। इस संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से बीएलए को सूचित कर अपने मतदान केन्द्र से बीएलओ को छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया है। साथ ही ऐसे मतदाताओं की पहचान व आगामी एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए भी सहयोग की अपील की गई है।

RIICO ने खोले औद्योगिक प्लॉट के रास्ते, भीलवाड़ा में 300+ भूखंडों का आवंटन शुरू

भीलवाड़ा  जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने प्रत्यक्ष भूखंड आवंटन के 14वें चरण का आगाज कर दिया है। योजना के तहत जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कुल 289 औद्योगिक भूखंड और नवीन टेक्सटाइल पार्क रूपाहेली में 14 भूखंड आवंटन के लिए उपलब्ध कराए गए है। राइजिंग राजस्थान के तहत ईएमडी की अंतिम तिथि तक एमओयू करने वाले निवेशक भी इस योजना में भूखंड पाने के पात्र होंगे। योजना के तहत जिले की विभिन्न तहसीलों में औद्योगिक भूखंडों की योजना बनाई है। इसमें और वेयरहाउस इकाइयों के लिए शाहपुरा के फतेहपुरा-समेलिया में 195 औद्योगिक और 2 वेयरहाउस भूखंड। मांडलगढ़ के करणपुरा में 37 भूखंड। जहाजपुर के पंडेर में 17 व पीपलूंद में 6 भूखंड। मांडल के धुवालां में 10 भूखंड। करेड़ा के किडीमाल में 7 भूखंड। अंटाली के उखलिया में 3 भूखंड शामिल हैं। हुरड़ा तहसील के नवीन औद्योगिक क्षेत्र टेक्सटाइल पार्क रूपाहेली में उपलब्ध 14 भूखंडों के लिए राजस्थान टेक्सटाइल एंड अपैरल पॉलिसी 2025 के तहत आने वाले उद्योग एवं टेक्सटाइल संबंधित इकाइयां आवेदन कर सकती है। रीको के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एसके. नेनावटी ने बताया कि टेक्सटाइल पार्क रूपाहेली सहित फतेहपुरा-समेलिया, पंडेर, पीपलूंद, धुवालां और किडीमाल को 'फ्लेक्सिबल लीज पॉलिसी के दायरे में रखा गया है। इसके तहत निवेशकों को भारी राहत देते हुए आरक्षित दर के मात्र 60 प्रतिशत मूल्य पर 33 वर्ष की लीज अवधि के लिए भूखंड आवंटित किए जाएंगे। आवंटन और भुगतान के नियम अंतिम तिथिः निवेशकों को रीको के ऑनलाइन पोर्टल पर कुल देय प्रीमियम की 5 प्रतिशत अमानत राशि 12 अक्टूबर सायं 6 बजे तक जमा करानी होगी। ई-लॉटरीः यदि किसी भूखंड पर एक ही आवेदन आता है तो उसका सीधा आवंटन कर दिया जाएगा, जबकि एक से अधिक दावेदार होने पर फैसला ई-लॉटरी से होगा। 25 प्रतिशत पर मिलेगा कब्जाः सुविधा के लिए 25 प्रतिशत राशि जमा उद्यमियों की कब्जा और कराते ही भूखंड का आवंटन पत्र सौंप दिया जाएगा। किश्तों की सुविधाः शेष 75 प्रतिशत राशि या तो 120 दिनों के भीतर ब्याज रहित जमा कराई जा सकती है, या फिर 8.50 प्रतिशत ब्याज के साथ 19 त्रैमासिक किश्तों में चुकाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। योजना में भूखंड देखने और ऑनलाइन आवेदन करने के इच्छुक निवेशक रीको की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।  

कृषि यंत्रों के लिए 13 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर आगामी 13 अक्टूबर तक फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर, स्वचलित हाई ग्राउंड क्लियरेंस स्प्रेयर बूम टाईप, रीपर स्वचलित, रीपर ट्रेक्टर चलित, शुगरकेन रेटून मैनेजर, रिजर एवं ब्रॉड बेड फरो प्लांटर कृषि यंत्रों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसकी लॉटरी प्रक्रिया 14 अक्टूबर को संपादित की जाएगी। इच्छुक किसानों को आवेदन के साथ स्वयं के बैंक खाते से संबंधित जिले के सहायक कृषि यंत्री पन्ना के नाम से निर्धारित राशि का डीडी जमा करना अनिवार्य है। धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं होगा। फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर के लिए 5500, स्वचलित हाई ग्राउंड क्लियरेंस स्प्रेयर बूम टाईप के लिए 15,000, रीपर स्वचलित के लिए 2300, रीपर ट्रेक्टर चलित के लिए 2300, शुगरकेन रेटून मैनेजर के लिए 5000, रिजर के लिए 2500 एवं ब्रॉड बेड फरो प्लांटर के लिए 3000 रूपए की राशि निर्धारित है।

टाउन हॉल पन्ना में जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से संचालित अभियान अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त इकाई मेरा युवा भारत द्वारा नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत थीम पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल, पन्ना में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 300 विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों व टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी सुमित तोमर भी उपस्थित रहे। जिला युवा अधिकारी अपूर्व तिवारी ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।

कलेक्टर की जनसुनवाई में आए 51 आवेदन

जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में मंगलवार को संपन्न हुई जनसुनवाई में 51 आवेदन आए। इस मौके पर आम लोगों की समस्याओं को सुनकर निराकरण किया गया। जनसुनवाई में उपस्थित विभागीय अधिकारियों द्वारा भी आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आवेदकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निर्देशित किया।

दिल्ली से पटना का सफर होगा आसान, छठ पर प्रस्तावित वंदे भारत के टाइमिंग-किराए और स्टॉपेज की पूरी डिटेल

पटना दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली-पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। करीब 994 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन लगभग 13 घंटे में सफर पूरा करेगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो त्योहार के दौरान दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है। सोशल मीडिया की स्लीपर ट्रेन से अलग है यह प्रस्ताव नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्लीपर को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में रेलवे की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल उत्तर रेलवे की ओर से भेजा गया प्रस्ताव वंदे भारत स्पेशल ट्रेन का है, जिसमें एसी चेयर कार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार की व्यवस्था होगी। इसलिए स्लीपर वंदे भारत की चर्चा को इस प्रस्तावित ट्रेन से अलग समझना जरूरी है। कहां-कहां रुकेगी ट्रेन? छह स्टेशनों पर ठहराव का प्रस्ताव प्रस्तावित वंदे भारत स्पेशल नई दिल्ली से पटना के बीच चलेगी। रास्ते में अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर इसका ठहराव प्रस्तावित है। करीब 994 किलोमीटर के इस सफर में यात्रियों को तेज और अपेक्षाकृत सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक पहली जोड़ी चलाने की तैयारी पहली जोड़ी 02252/02251 को नई दिल्ली से 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलाने का प्रस्ताव है। वापसी में पटना से 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को ट्रेन चलाने की योजना है। इस दौरान कुल 16 फेरे लगाए जाने का प्रस्ताव है। दूसरी जोड़ी भी चलेगी, जानें किस दिन मिलेगी ट्रेन दूसरी जोड़ी 02253/02254 पटना से 24 अक्टूबर से 28 नवंबर तक शनिवार, सोमवार और बुधवार को चलाने का प्रस्ताव है। वहीं नई दिल्ली से यह ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक रविवार, मंगलवार और गुरुवार को संचालित की जाएगी। यानी त्योहारों के दौरान दिल्ली-पटना रूट पर अतिरिक्त फेरे उपलब्ध कराने की तैयारी है। सुबह दिल्ली से रवाना, रात में पहुंचेगी पटना प्रस्ताव के मुताबिक नई दिल्ली से ट्रेन सुबह 8:35 बजे रवाना होगी और दोपहर पौने तीन बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे पटना पहुंचने का समय प्रस्तावित है। वापसी में पटना से ट्रेन सुबह 10 बजे चलकर दोपहर 3:35 बजे प्रयागराज और रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंच सकती है। कितना होगा किराया? चेयर कार और एग्जीक्यूटिव क्लास का प्रस्ताव नई दिल्ली से पटना के बीच एसी चेयर कार का किराया भोजन समेत करीब 2,575 से 2,600 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया करीब 4,650 से 4,680 रुपये रहने का प्रस्ताव है। हालांकि अंतिम किराया रेलवे बोर्ड की मंजूरी और आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद शुरू होगी टिकट बुकिंग सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार रेलवे बोर्ड की हरी झंडी मिलने के बाद आइआरसीटीसी पर आरक्षण शुरू किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को फिलहाल आधिकारिक घोषणा और बुकिंग खुलने का इंतजार करना होगा। दिवाली और छठ के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त ट्रेन अहम विकल्प बन सकती है। क्या दिल्ली-पटना के बीच स्लीपर वंदे भारत भी आएगी? नई दिल्ली-पटना के बीच वंदे भारत स्लीपर चलाने की योजना को लेकर चर्चा जरूर है, लेकिन अभी इसका समय और शेड्यूल आधिकारिक रूप से तय नहीं है। सोशल मीडिया पर 2 अक्टूबर से ट्रेन चलने और ट्रायल जैसी चर्चाएं सामने आई हैं, लेकिन रेलवे की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल त्योहारों के लिए सामने आया ठोस प्रस्ताव वंदे भारत स्पेशल ट्रेन का ही है।