samacharsecretary.com

भावांतर योजना के लिए हेल्पलाइन कॉल सेंटर प्रारंभ

भोपाल राज्य शासन द्वारा प्रदेश के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भावांतर योजना-2025 के अंतर्गत सोयाबीन की खरीदी में मदद के लिये भावांतर हेल्पलाइन सुविधा प्रारंभ की गई है। हेल्पलाइन का दूरभाष नंबर–0755-2704555 है। योजना के प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए किसान, व्यापारी संगठनों, मंडी बोर्ड / मंडी समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए भावांतर हेल्पलाइन कॉल सेंटर प्रारंभ किया गया है। यह हेल्पलाइन 30 अक्टूबर 2025 से निरंतर योजना अवधि तक कार्यरत रहेगी। हेल्पलाइन प्रतिदिन प्रातः 07 बजे से रात्रि 11 बजे तक निरंतर कार्य करेगी। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए कोई भी किसान, व्यापारी अथवा संबंधित व्यक्ति हेल्पलाइन से संपर्क कर सकता है। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम द्वारा किसानों, व्यापारियों, हम्माल-तुलावटियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से अपील की गई है कि वे भावांतर योजना का अधिक से अधिक लाभ लें तथा आवश्यक जानकारी के लिए हेल्पलाइन का उपयोग करें।  

जल्द होगा जेवर एयरपोर्ट का भव्य शुभारंभ, मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी की पूरी तैयारी

लखनऊ,  नोएडा के जेवर में बना नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द ही शुरू होने जा रहा है। एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मेरठ और हरियाणा जैसे क्षेत्रों से जोड़ने के लिए बहु-माध्यमीय (multi-modal) परिवहन व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसका मकसद यात्रियों, पर्यटकों और उद्योगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने का तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल साधन देना है। हर दिशा से आसान रोड कनेक्टिविटी एयरपोर्ट सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (बल्लभगढ़ लिंक) बनने से हरियाणा और पश्चिम भारत की दिशा से भी सुगमता बढ़ी है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट को जोड़ने का काम तेज़ी से चल रहा है, जिससे गाजियाबाद, मेरठ, पलवल और सोनीपत से भी सीधा रास्ता मिलेगा। वहीं, औद्योगिक और मालवाहक ट्रैफिक के लिए उत्तर और पूर्व एक्सेस रोड लगभग बनकर तैयार हैं। जबकि,  सेक्टर-28 की 60 मीटर चौड़ी सेवा सड़क को भी यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है, ताकि स्थानीय यातायात सुचारू रहे। रेल और रैपिड रेल से भी पहुंचना होगा आसान दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक रीजनल रैपिड रेल (RRTS) परियोजना का डीपीआर राज्य सरकार ने मंज़ूर कर दिया है। रेल मंत्रालय भी एयरपोर्ट को चोला-रुंधी रेल लाइन से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। साथ ही, दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में जेवर स्टेशन का प्रावधान किया गया है। इलेक्ट्रिक बसों से अंतिम माइल कनेक्टिविटी एयरपोर्ट को आसपास के शहरों और मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने के लिए UPSRTC के साथ समझौता किया गया है। उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के साथ भी अंतरराज्यीय बस सेवा की सहमति बन चुकी है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण मिलकर 500 इलेक्ट्रिक बसें चलाएं गे, जो यात्रियों को एयरपोर्ट तक पर्यावरण-अनुकूल यात्रा सुविधा देंगी। कैब और कार रेंटल सेवाएं भी तैयार 1. NIA ब्रांडेड कैब (महिंद्रा लॉजिस्टिक्स): एयरपोर्ट पर महिंद्रा लॉजिस्टिक्स द्वारा NIA ब्रांडेड कैब सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा यात्रियों को समय पर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव देगी। 2. ऐप-आधारित टैक्सियां: उबर, रैपिडो और मेक माई ट्रिप जैसी कंपनियां ऑन-डिमांड कैब सेवा देंगी। ओला के साथ अनुबंध भी अंतिम चरण में है। यात्री मोबाइल ऐप से कैब बुक कर सकेंगे, किराया देख सकेंगे और लाइव ट्रैकिंग कर पाएंगे। 3. कार रेंटल सेवाएं: यात्रियों को खुद चलाने वाली या ड्राइवर सहित कारें किराए पर लेने की सुविधा भी मिलेगी। कई कंपनियां इस सेवा के लिए तैयार हैं। उत्तर भारत का नया एविएशन हब बनने को तैयार इन सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) उत्तर भारत का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक विमानन केंद्र बनने जा रहा है। यह देश के उन चुनिंदा एयरपोर्ट्स में शामिल होगा, जहाँ सड़क, रेल, रैपिड रेल और बस—चारों माध्यमों से एकीकृत कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिला लुगू बुरु धोरोम गाढ़ प्रतिनिधिमंडल, विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

रांची  झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मौके पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अवगत कराया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सोहराय कुनामी (कार्तिक पुर्णीमा) के शुभ अवसर पर लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़, टी0टी0पी0एस0 ललपनिया बोकारो में आगामी 03, 04 एवं 05 नवम्बर 2025 को 'अन्तररष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन-2025' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मौके पर प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने मुख्यमंत्री सोरेन को इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के अध्यक्ष बबुली सोरेन, सचिव लोबिन मुर्मू सहित मिथिलेश किस्कू, बिंदे सोरेन (मांझी बाबा, जमशेदपुर), सुरेन्द्र टुडू, बुधन सोरेन, सुखराम बेसरा, मेघराज मुर्मू, संतोष हेंब्रम एवं अन्य उपस्थित रहे।  

प्रदेश की प्रगति में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान : राज्य मंत्री पटेल

ई-लिस एप सॉफ्टवेयर संबधी दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ भोपाल पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा है कि प्रदेश की प्रगति में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। भारत सरकार द्वारा नीति निर्माण में पशुधन सांख्यिकी आंकड़ों की आवश्यकता होती है। संपूर्ण देश में 'ई-लिस एप सॉफ्टवेयर' (eLISS App Software) के माध्यम से इन आंकड़ों को डिजिटलाईज किया जाता है। इस सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण प्राप्त करें और पशुधन संबंधी आंकड़ों के डिजिटाइजेशन में इनका पूरा उपयोग करें। मंत्री श्री पटेल ने गुरूवार को भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा मध्यप्रदेश राज्य में सेंट्रल एवं बेस्टजोन के मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, दादर और नगर हवेली, दमन एवं द्वीव तथा गोवा के राज्यों के नोडल एवं जिला नोडल अधिकारियों के लिए 'ई-लिस एप सॉफ्टवेयर' की दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान 'देवी अहिल्या सभागार' भोपाल में शुभारंभ कर संबोधित रहे थे। भारत सरकार के सांख्यिकीय सलाहकार, पशुपालन सांख्यिकी प्रभाग श्री जगत हजारिका ने बताया कि ग्राम स्तर पर एकीकृत नमूना सर्वेक्षण के माध्यम से प्राप्त होने वाले आंकड़ों का संकलन करने के बाद विश्व स्तर पर रिपोर्टिंग की जाती है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्राची मिश्रा साहू द्वारा सॉफ्टवेयर के उपयोग के संबध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वीसीआई नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा द्वारा देश और प्रदेश की प्रगति में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के योगदान और इससे संबंधित आंकड़ों और उनके डिजिटाइजेशन के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यशाला में पशुपालन एवं डेयरी संचालक डॉ. पी. एस. पटेल, पशुपालन सांख्यिकी भारत सरकार के संचालक श्री आर.पी.एस. राठौर, पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त संचालक डॉ. मनोज गौतम, भारत सरकार से सहायक संचालक श्री बैधर स्वाइन, उप संचालक श्री चैतराम मीणा, म.प्र. से एकीकृत नमूना सर्वेक्षण की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. उमा कुमरे (परते) आदि उपस्थित रहे। 

अब घर बैठे कर सकेंगे जमीन की रजिस्ट्री, हरियाणा सरकार ने किया बड़ा बदलाव

चंडीगढ़  हरियाणा में जमीन की रजिस्ट्री अब ऑनलाइन होगी. इसके बाद अब पूरे प्रदेश में हरियाणा दिवस (एक नवंबर) से डीड पंजीकरण भी ऑनलाइन किया जाएगा. हरियाणा ने भूमि एवं राजस्व प्रशासन को पूर्ण रूप से डिजिटल करते हुए पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल शासन के नए युग की शुरुआत कर दी है. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन की वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा ने सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उच्च स्तरीय बैठक करते हुए डिजिटल सुधारों की प्रगति की समीक्षा की. हरियाणा की होम सेक्रेटरी, डॉ. सुनीता मिश्रा ने बताया, 1 नवंबर से हम हरियाणा में एक बड़ा बदलाव ला रहे हैं. मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में, हम तहसीलों में जमीन रजिस्ट्रेशन डीड के सिस्टम को बदल रहे हैं और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की तरफ बढ़ रहे हैं. हरियाणा ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य होगा. 29 सितंबर को मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन में इसे लॉन्च किया था. अब, एक महीने की टेस्टिंग और सुधार के बाद, हम इसे 1 नवंबर से पूरे राज्य में लॉन्च कर रहे हैं, जो हरियाणा दिवस भी है. यह हमारी कोशिश है कि उन नागरिकों को राहत मिले जिन्हें पहले तहसीलों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जहां उन्हें बिचौलियों और दलालों के बारे में सुनने को मिलता था और उनसे निपटना पड़ता था. अब, यह सब नागरिक के हाथ में होगा. जो भी रजिस्ट्रेशन करवाना चाहता है, वह अपनी ID बनाकर लॉगिन करेगा.   जमीन की डीड (जैसे सेल डीड) वह कानूनी दस्तावेज है जो संपत्ति के स्वामित्व को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को हस्तांतरित करता है. रजिस्ट्री उस दस्तावेज को सरकारी कार्यालय (उप-पंजीयक कार्यालय) में पंजीकृत करने की प्रक्रिया है ताकि यह कानूनी रूप से मान्य हो जाए और सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा बन जाए. कैसे करेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन? ऑनलाइन डीड रजिस्ट्रेशन के लिए https://eregistration.revenueharyana.gov.in/ पोर्टल पर लाग इन किया जा सकता है. नई व्यवस्था आरंभ होने के बाद मौजूदा प्रणाली स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी. इस सुविधा के बाद हरियाणा देश में शत-प्रतिशत कागज रहित संपत्ति पंजीकरण प्राप्त करने वाला पहला राज्य बन जाएगा. नागरिक सुरक्षित ओटीपी प्रमाणीकरण के माध्यम से अपनी पहचान पंजीकृत और सत्यापित कर सकते हैं.

जेल की दीवारों के भीतर देश प्रेम का अनोखा उदाहरण — कैदियों ने रचा ‘भारत एकता’ का प्रतीक नक्शा

जयपुर राष्ट्रीय एकता दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जयपुर में विशिष्ट केंद्रीय कारागार श्यालावास में एक अनोखा और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ की प्रेरणा और जेलर विकास बागोरिया के मार्गदर्शन में चार सौ से अधिक बंदियों ने मिलकर भारत का एक विशाल नक्शा तैयार किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। जेल परिसर के खुले मैदान में बने इस नक्शे के बीचोंबीच सरदार पटेल की प्रतीकात्मक “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” स्थापित की गई, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। इस प्रस्तुति के माध्यम से बंदियों ने न केवल लौह पुरुष को श्रद्धांजलि दी, बल्कि उनके एकता और अखंडता के संदेश को भी जीवंत किया। देशभक्ति के नारों से गूंज उठा जेल परिसर कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बंदियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘राष्ट्रीय एकता ज़िंदाबाद’ और ‘हम सब एक हैं’ के नारे लगाते हुए तिरंगे झंडे लहराए। देश के प्रति उनका यह उत्साह और सामूहिक एकजुटता सभी के लिए प्रेरणा बन गई। जानें किसने किया यह नवाचार इस आयोजन की तैयारी में बंदी संदीप गुप्ता ने प्रमुख भूमिका निभाई। उनके साथ बंदी विकास शर्मा, महेश, नितिन, दिनेश, राजेश मूर्तिकार, रामप्रसाद और प्रवीण सैनी सहित कई अन्य बंदियों ने मिलकर इस विशाल नक्शे को आकार दिया। यह टीमवर्क जेल प्रशासन और बंदियों के बीच सकारात्मक तालमेल का उदाहरण बना। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। बंदियों ने हाथों में तिरंगा थामे पूरे जोश और गर्व के साथ राष्ट्रगान गाकर एकता और देशभक्ति का सशक्त संदेश दिया।

हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सोलर बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा

हजारीबाग झारखंड के हजारीबाग जिले में चौपारण थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सोलर पैनल बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 2 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से स्पार्क कम्पनी की 120 बैटरियां, एक पिकअप वैन, एक एलपीटी ट्रक, एक आल्टो कार तथा एक स्मार्टफोन बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर की है। वादी सुमित कुमार सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, एम/एस स्विचर रांची को सूचना मिली कि चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम गरमोरवा स्थित मिनी सोलर प्लांट की बैटरियां चोरी की जा रही हैं। सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वेन समेत एक आरोपी को धर दबोचा। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही अजित कुमार विमल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि चोरी की इस घटना में बोकारो के तेलों क्षेत्र से आए उसके साथी शामिल थे, जिन्होंने ऑल्टो कार को सियारकोणी स्थित सीएम होटल के पीछे छिपा रखा था तथा चोरी की गई बैटरियों को ट्रक में लोड कर ले जाने की योजना थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित छापामारी कर ऑल्टो कार और ट्रक दोनों को बरामद कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान तौसिफ उमर (उम्र 23 वर्ष), पिता मो. शमीम, सा. तेलों, थाना चन्द्रपुरा, जिला बोकारो, वाहिद हुसैन (उम्र 34 वर्ष), पिता सिदिक हुसैन, सा. बडकीपोना, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़ के रूप में हुई है। इस संबंध में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।  

सरकारी काम होंगे आसान! सेवा केंद्रों पर शुरू हुई ये नई सुविधाएं

जालंधर  पंजाब सरकार ने ट्रांसपोर्ट विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और दलालों के नैक्सस को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ट्रांसपोर्ट विभाग की सभी सेवाओं को सेवा केंद्रों के माध्यम से फेसलेस बनाने की योजना लागू कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज लुधियाना में इन फेसलेस सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया, जिसके बाद अब 30 अक्टूबर से राज्य के सभी जिलों के सेवा केंद्रों में ये सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इसी कड़ी में आज जिला ट्रांसपोर्ट अधिकारी (आर.टी.ओ.) अमनपाल सिंह ने सेवा केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ एडीशनल आर.टी.ओ. विशाल गोयल भी मौजूद रहे। आर.टी.ओ. ने बताया कि फिलहाल जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स स्थित सेवा केंद्र में 2 काऊंटर ट्रांसपोर्ट सेवाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च की गई नई प्रणाली के तहत अब प्रत्येक सेवा केंद्र में ट्रांसपोर्ट विभाग की 56 तरह की सेवाएं उपलब्ध होंगी, जबकि पहले केवल 28 सेवाएं ही मिलती थीं। हालांकि इन सेवाओं के लिए आवेदक को बेहद किफायती अतिरिक्त शुल्क देना होगा, लेकिन अब उसे ट्रांसपोर्ट दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके अलावा आरटीओ अमनपाल सिंह ने आज दोपहर बाद जिले के 35 सेवा केंद्रों के कर्मचारियों को ट्रेनिंग सैशन दिया। यह ट्रेनिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी कार्यालय में आयोजित की गई, ताकि 30 अक्तूबर से सभी केंद्रों पर फेसलेस सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।

हरियाणा की सीमाओं पर धान का ‘सैलाब’! यूपी-बिहार से ट्रकों की बढ़ी आमद

यमुनानगर जबसे हरियाणा में धान की खरीद शुरू हुई है उसके बाद से ही अन्य राज्यों से हरियाणा में धान की तस्करी हो रही है। 'दैनिक ट्रिब्यून' ने 20 अक्तूबर के अपने अंक में इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जब किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने हरियाणा-यूपी सीमा पर उत्तर प्रदेश, बिहार से आने वाले डेढ़ सौ से अधिक ट्रकों को रोक लिया था। उसी के बाद मुख्यमंत्री ने इस पर सख्ती बरतने के आदेश दिए और अब हरियाणा-यूपी सीमा पर 24 घंटे पहरा लगाया गया है, ताकि अन्य राज्यों का धान हरियाणा में न आ पाए। हरियाणा में एमएसपी पर 24 फसलें खरीदी जा रही हैं, उनमें धान भी एक प्रमुख फसल है। आजकल धान का सीजन जोरों पर है, ऐसे में उत्तर प्रदेश, बिहार से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक, ट्रालियां चावल और धान लेकर आ रहे हैं, ताकि उन्हें हरियाणा में एमएसपी पर बेचकर लाभ कमाया जाए। व्यापारी मोटे मुनाफे के चक्कर में यहां फसल भेज रहे हैं, क्योंकि वहां धान और चावल के रेट काफी कम हैं। इसीलिए हरियाणा सरकार ने अन्य राज्यों से हरियाणा में धान और चावल लाने पर प्रतिबंध लगाया है। यमुनानगर में कलानौर चौकी पर इंटर स्टेट नाका लगाया गया है, जिसमें पुलिस, फूड सप्लाई विभाग, मार्केट कमेटी, ग्राम पंचायत के अधिकारी तैनात किए गए हैं। 24 घंटे इस नाके पर सभी विभागों के कर्मचारी तैनात रहते हैं। लेकिन दूसरी तरफ भारी संख्या में उत्तर प्रदेश, बिहार से वाहनों का लगातार आना भी जारी है। वह बात अलग है कि उन्हें नाके पर रोक कर वापस किया जा रहा है । फसल लाने वाले वाहन चालक परेशान वहीं बिहार, यूपी से धान और चावल लाने वाले वाहन चालक परेशान है। उनका कहना है कि वह पिछले कई दिनों से हरियाणा-यूपी सीमा पर ही बैठे है, न तो हरियाणा में उन्हें आने दिया जा रहा है, और न ही उन्हें भेजने वाले मालिक उनका फोन उठा रहे हैं, यहां खाने-पीने के भी लाले पड़ गए हैं, जिससे वे परेशान है।

बेटे की मौत का मामला फिर गरमाया, पूर्व DGP मुस्तफा पर बढ़ा दबाव

चंडीगढ़  पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर की रहस्यमय मौत की जांच में एसआईटी लगातार जुटी हुई है। ये मामला उलझता ही जा रही है। इसी बीच बुधवार देर रात तक पुलिस ने मुस्तफा के घर पर काम करने वाले 4 नौकरों के बयान दर्ज किए। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में नौकरों ने बताया कि पूर्व डीजीपी और उनके बेटे के बीच कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। पुलिस ने इन बयानों की बारीकी से समीक्षा शुरू कर दी है। वहीं, वीरवार को 3 अन्य नौकरों से भी पूछताछ की जाएगी। जांच टीम अकील की पत्नी के अलग रहने की वजह जानने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते दोनों अलग रह रहे थे। पुलिस अब इस पहलू की भी पुष्टि करने में जुटी है, ताकि अकील की मौत से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़ा जा सके। जानकारी के मुताबिक, एसआईटी अभी तक अकील के राइटिंग सैंपल (हस्तलेख नमूने) नहीं ले पाई है। सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार पुलिस आज उसके कॉलेज या यूनिवर्सिटी जाकर ये सैंपल एकत्र करेगी। आम तौर पर पुलिस हस्ताक्षर (सिग्नेचर) के आधार पर ही मिलान करती है और इसके लिए बैंक से रिकॉर्ड जुटाया जाता है। लेकिन इस मामले की हाईप्रोफाइल केस और बरामद नोटों की संख्या अधिक होने के कारण जांच एजेंसी को अब बड़े पैमाने पर राइटिंग सैंपल की जरूरत महसूस हो रही है।