samacharsecretary.com

तिलक वर्मा ने हैम्पशायर की जीत में निभाई अहम भूमिका

साउथम्पटन भारत के टी 20 स्पेशलिस्ट तिलक वर्मा ने गुरुवार को साउथंप्टन में खेले गए वनडे कप के ग्रुप-ए मुकाबले में अपनी टीम हैम्पशायर के लिए एसेक्स के खिलाफ 54 रन की पारी खेली। तिलक ने जो वीदरली के साथ 98 रन की अहम साझेदारी भी निभाई, वीदरली ने इस मैच में नाबाद शतक जड़ा। एसेक्स के खिलाफ इस जीत के बाद अंक तालिका में हैम्पशायर टॉप पर पहुंच गई है, जबकि दो मैचों में दो हार के साथ एसेक्स फिलहाल आठवें स्थान पर है। इससे पहले हैम्पशायर के कप्तान निक गबिन्स ने टॉस जीतकर एसेक्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया था। एसेक्स ने चार्ली एलिसन, टॉम वेस्ले और रॉबिन दास के अर्धशतकों की बदौलत स्कोर बोर्ड पर 285 रन बना दिए थे। एलिसन ने 80, वेस्ले ने 61 जबकि दास ने 50 रन बनाए थे। हैम्पशायर की ओर से काइल एबॉट, एडी जैक, डॉमिनिक केली और एंड्र्यू नील को दो-दो सफलता हाथ लगी थी। 286 रनों का पीछा करते हुए हैम्पशायर को कप्तान गबिन्स और अली ओर ने अच्छा आग़ाज़ दिलाया था। पहले विकेट के लिए दोनों ने 58 रन की साझेदारी निभाई, अली के रूप में हैम्पशायर को पहला झटका लगा। अली के आउट होने के बाद नंबर-3 पर तिलक बल्लेबाज़ी करने आए, उन्होंने आते ही कुछ अच्छे शॉट्स लगाए लेकिन 80 रन के योग पर हैम्पशायर को गबिन्स के तौर पर दूसरा झटका लग गया था। तिलक ने यहां से सूझ-बूझ की पारी खेलते हुए वीदरली के सााथ अच्छी साझेदारी निभाई। तिलक ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था और अच्छी लय में नज़र आ रहे थे लेकिन 54 रन के निजी योग पर वह वेस्ले की गेंद पर बोल्ड हो गए। तिलक ने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के भी लगाए। तिलक और वीदरली के बीच हुई 98 रनों की साझेदारी ने एक बेहतरीन प्लेटफ़ॉर्म सेट कर दिया था। तिलक के आउट होने के बाद वीदरली ने ज़िम्मेदारी उठाई और अंत तक नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए हैम्पशायर को जीत की मंज़िल तक पहुंचा दिया। हैम्पशायर ने ये मुक़ाबला 22 गेंद शेष रहते हुए पांच विकेट से अपने नाम किया। तिलक के लिए वनडे कप में शानदार वापसी रही, क्योंकि पिछले मुक़ाबले में वह ग्लमॉर्गन के ख़िलाफ़ बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे। हालांकि इससे पहले लाल गेंद से उन्होंने हैम्पशायर के लिए चार मैचों में दो शतक और एक अर्धशतक भी जड़ा था। तिलक इसी महीने दलीप ट्रॉफ़ी में खेलते नज़र आएंगे. जहां उनके कंधों पर साउथ ज़ोन की कमान भी होगी।  

क्या भारत एशिया कप में पाकिस्तान से खेलने से करेगा इनकार? रिपोर्ट में खुलासा

नई दिल्ली इंग्लैंड के शानदार दौरे के बाद अब बारी है एशिया कप की। टीम इंडिया अगले महीने इस टूर्नामेंट के लिए यूएई जाने वाली है। वैसे तो औपचारिक तौर पर एशिया कप की मेजबानी भारत कर रहा है लेकिन पाकिस्तान के साथ तनाव की वजह से न्यूट्रल वेन्यू में मैच कराए जा रहे हैं। सवाल यह है कि क्या भारत एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगा या जिस तरह इंडिया चैंपियंस ने WCL में पाकिस्तान के साथ न सिर्फ लीग स्टेज बल्कि सेमीफाइनल तक का बहिष्कार किया था, वैसा कुछ देखने को मिलेगा?   एशिया कप में भारत 10 सितंबर को दुबई में यूएई के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगा। उसके बाद अगला मैच 14 सितंबर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ है। अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं तो टूर्नामेंट में 3 बार उनका आमना-सामना होगा। इस बीच 'द नेशनल' की एक रिपोर्ट में एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के सीईओ शुभान अहमद के हवाले से दावा किया गया है कि एशिया कप में WCL जैसी स्थिति पैदा नहीं होगी। यानी पाकिस्तान के खिलाफ मैच का भारत बहिष्कार नहीं करेगा। रिपोर्ट में शुभान को कोट करते हुए कहा गया है, 'हम कोई गारंटी तो नहीं दे सकते, लेकिन एशिया कप की तुलना WCL जैसे किसी प्राइवेट इवेंट से करना ठीक नहीं है। जब एशिया कप में खेलने का फैसला हुआ तो उससे पहले ही सरकार की इजाजत ले ली गई थी। देशों के लिए शेड्यूल के ऐलान से पहले ही निश्चित तौर पर यह कर लिया गया। इसलिए हम WCL जैसी स्थिति में नहीं होंगे।' इस साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों का धर्म पूछकर उनकी पत्नी और बच्चों के सामने ही बर्बरता से मार डाला था। उसके बाद भारत ने मई में ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के भीतर आतंकी ठिकानों को सटीक हमलों से नेस्तनाबूद कर दिया था। आतंकियों के मारे जाने और आतंकी अड्डे तबाह होने से बौखलाए पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों और यहां तक कि कुछ धर्मस्थलों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले की नाकाम कोशिश की थी। भारत ने पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों को न सिर्फ हवा में ही मार गिराया, जवाबी हमले में पाकिस्तान के तमाम एयरबेस और सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया। इससे पाकिस्तानी सेना घुटनों पर आ गई और वहां के डीजीएमओ भारतीय समकक्ष से सीजफायर की गुहार लगाने लगे। भारत ने आखिरकार सीजफायर स्वीकार तो कर लिया लेकिन दो टूक चेतावनी दे रखी है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी सिर्फ स्थगित हुआ है, खत्म नहीं। तब से लेकर दोनों देशों में तनाव बना हुआ है।  

इंग्लैंड में हैदर अली के खिलाफ आपराधिक केस, पाकिस्तानी बल्लेबाज फंसे विवाद में

मैनचेस्टर/लाहौर पाकिस्‍तान क्रिकेट एक नए विवाद के कारण शर्मसार हुआ है। युवा बल्‍लेबाज हैदर अली बलात्‍कार के आरोप में इंग्‍लैंड में गिरफ्तार हो गए हैं। यह घटना पाकिस्‍तान शाहीन के हाल ही में संपन्‍न इंग्‍लैंड दौरे के दौरान की है। 24 साल के हैदर अली पाकिस्‍तान ए टीम का हिस्‍सा हैं, जिन्‍हें पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड ने जांच पूरी होने तक अनंतिम रूप से निलंबित कर दिया है। ग्रेटर मैनचेस्‍टर पुलिस ने सोमवार को बलात्‍कार की रिपोर्ट प्राप्‍त करने की पुष्टि की है। पुलिस ने की पुष्टि ग्रेटर मैनचेस्‍टर पुलिस ने अपने बयान में कहा, 'हमने 24 साल के शख्‍स को गिरफ्तार किया है। यह आरोप है कि मैनचेस्‍टर के परिसर में 23 जुलाई 2025 को घटना हुई थी। शख्‍स इस समय जमानत पर है और आगे की कार्रवाई के लिए जांच होगी।' इंग्‍लैंड में पुलिस ने जांच के इस चरण में संदेह के घेरे के कारण क्रिकेटर का नाम नहीं लिया। किसके खिलाफ लगा आरोप? टेलीकॉम एशिया स्‍पोर्ट्स के मुताबिक, 'हैदर को बेकेनहम ग्राउंड से गिरफ्तार किया गया, जहां शाहीन एमसीएसएसी के खिलाफ मुकाबला खेल रहे थे।' एक सूत्र ने बताया कि यह पाकिस्‍तानी मूल की लड़की के खिलाफ बलात्‍कार का मामला है। जानकारी मिली है कि हैदर को जमानत पर रिहा करने से पहले उनका पासपोर्ट जब्‍त कर लिया गया है। पीसीबी ने किया सस्‍पेंड पीसीबी प्रवक्‍ता ने कहा, 'हमें इस मामले और जांच के बारे में बताया गया। हमने हैदर को जांच पूरी होने तक निलंबित किया और इंग्‍लैंड में अपनी खुद की कार्यवाही करेंगे।' पीसीबी प्रवक्‍ता ने ध्‍यान दिलाया कि बोर्ड कानूनी प्रक्रिया में पूरा समर्थन करेगा और हैदर को कानूनी समर्थन भी देगा। शाहीन का इंग्‍लैंड दौरा पता हो कि शाहीन का इंग्‍लैंड दौरा 17 जुलाई से शुरू होकर 6 अगस्‍त को समाप्‍त हुआ। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन दिवसीय दो मुकाबले खेले गए, जो कि ड्रॉ रहे। शाहीन ने इसके बाद वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की। कप्‍तान सउद शकील और हैदर के अलावा अधिकांश खिलाड़ी घर लौट चुके हैं। हैदर अली का करियर बता दें कि हैदर अली ने 2020 में अपने अंतरराष्‍ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्‍होंने दो वनडे और 35 टी20 इंटरनेशनल मैचों में पाकिस्‍तान का प्रतिनिधित्‍व किया। वह पहले भी विवादों से घिरे रहे हैं। इसमें 2021 पाकिस्‍तान सुपर लीग के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल के उल्‍लंघन के कारण निलंबन शामिल है। कौन है ये खिलाड़ी? पाकिस्तान के जिस खिलाड़ी पर ये आरोप लगे हैं उसका नाम हैदर अली है। हैदर पाकिस्तान के लिए पांच वनडे औऱ 35 टी20 मैच खेल चुके हैं। साल 2020 में उन्होंने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। दो वनडे मैच में उन्होंने बनाए हैं 42 रन जबकि 35 टी20 मैचों में उनके बल्ले से निकले हैं 505 रन जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। जहां तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट की बात तो हैदर ने 27 मैच खेले हैं और 47.28 की औसत से 1797 रन बनाए हैं। फर्स्ट क्लास में उनके बल्ले से पांच शतक और आठ अर्धशतक निकले हैं। लिस्ट-ए में उनके नाम 58 मैचों में 37.66 की औसत से 1996 रन हैं जिसमें दो शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। हैदर ने अभी तक कुल 164 टी20 मैच खेले हैं और 23.62 की औसत, 139.35 की स्ट्राइक रेट से 3141 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके बल्ले से 17 अर्धशतक निकले हैं। पीसीबी ने किया सस्पेंड इस मामले में पीसीबी ने भी दखल दिया है और बयान जारी कर बताया है कि उन्होंने हैदर क सस्पेंड कर दिया है। पीसीबी ने बयान में कहा, "जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक हमने हैदर को सस्पेंड कर दिया है। हम इंग्लैंड में अपनी खुद की कार्यवाही करेंगे।" पीसीबी ने साथ ही कहा है कि वह इस मामले की जांच में पूरा सपोर्ट करेगी और हैदर को भी जरूरी कानूनी मदद मुहैया कराएगी।  

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कोच टिम नीलसन संभालेंगे ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की कमान

मेलबर्न पूर्व ऑस्ट्रेलियाई मुख्य कोच टिम नीलसन को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। वे भारत अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज़ से अपनी नई भूमिका की शुरुआत करेंगे। इस सीरीज़ को आगामी अंडर-19 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ सीरीज़ के लिए 15 सदस्यीय ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम की घोषणा की है। यह सीरीज़ सितंबर से ब्रिसबेन और मैकाय में खेली जाएगी जिसमें तीन 50-ओवर के मुकाबले और दो चार दिवसीय युवा टेस्ट मैच शामिल होंगे।  वनडे मुकाबले: 21, 24 और 26 सितंबर को ब्रिसबेन के इयान हीली ओवल में खेले जाएंगे, जबकि पहला युवा टेस्ट 30 सितंबर से ब्रिसबेन में, दूसरा युवा टेस्ट 7 अक्टूबर से मैकाय में खेला जाएगा। ऑलराउंडर ओलिवर पीक नहीं होंगे टीम का हिस्सा टीम में ओलिवर पीक को शामिल नहीं किया गया है क्योंकि वे उसी समय ऑस्ट्रेलिया ए टीम के साथ भारत दौरे पर रहेंगे। पीक ने पिछले वर्ष भारत में हुए युवा टेस्ट में शतक जमाया था और हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के लिए श्रीलंका ए के खिलाफ 92 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। हालांकि वे अगले साल होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए अब भी पात्र हैं, लेकिन उनका व्यस्त घरेलू सीज़न और बीबीएल में मेलबर्न रेनेगेड्स से अनुबंध उनके चयन को अनिश्चित बनाता है। टिम नीलसन का कोचिंग में पुनरागमन 57 वर्षीय टिम नीलसन 2007 से 2011 तक ऑस्ट्रेलिया सीनियर टीम के कोच रह चुके हैं और इससे पहले वे जॉन बुकानन के सहायक कोच भी रहे हैं। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी कोचिंग की है। हाल ही में 2024 में वे पाकिस्तान की टेस्ट टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच बने थे। नीलसन अब एक बार फिर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के डेवलपमेंट रोल में लौटे हैं, जहां वे लॉकलन स्टीवंस के इस्तीफे के बाद इस भूमिका को संभालेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की हेड ऑफ नेशनल डेवलपमेंट सोन्या थॉम्पसन ने कहा, हम इस बहु-प्रारूप दौरे के माध्यम से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव देने और उनकी स्किल को चुनौती देने के लिए उत्साहित हैं। यह सीरीज़ आगामी अंडर -19 वर्ल्ड कप के लिए हमारी तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने आगे कहा,टिम नीलसन के अनुभव से हमारी युवा टीम को बहुत लाभ मिलेगा और उनकी लीडरशिप हमारे अगले जेनरेशन के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देगी। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम (भारत के खिलाफ सीरीज़ के लिए): साइमन बज, एलेक्स टर्नर, स्टीव होगन, विल मलाजचुक, यश देशमुख, टॉम होगन, आर्यन शर्मा, जॉन जेम्स, हेडन शिलर, चार्ल्स लैकमुंड, बेन गॉर्डन, विल बायरम, केसी बार्टन, एलेक्स ली यंग, जेडन ड्रेपर। रिज़र्व खिलाड़ी: जेड होलिक, टॉम पैडिंगटन, जूलियन ऑस्बोर्न।  

कार्तिक ने शुभमन की प्रशंसा करते हुए उन्हें सुझाव भी दिया

मुंबई भारतीय टीम के पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भारतीय टेस्ट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि अपने पहले ही दौरे में उन्होंने सभी को प्रभावित किया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के अचानक संन्यास के बाद शुभमन को कप्तानी सौंपी गयी थी और उन्होंने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। इंग्लैंड दौरे में टीम के अच्छे प्रदर्शन से उनका मनोबल भी आगे के मुकाबलों के लिए बढ़ा है। साथ ही कहा कि वह अपनी आक्रामकता पर कुछ नियंत्रण करें तो और भी बेहतर होगा। इसके अलावा शुभमन ने सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर अपने आलोचकों को भी करारा जवाव दिया है।  सीरीज में उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ 754 रन बनाए, जो किसी भारतीय कप्तान के किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे अधिक रन है। शुभमन ने अपनी कप्तानी से भी कई क्रिकेट विशेषज्ञ को प्रभावित किया है। कार्तिक ने उन्हें आगामी सीरीज के लिए कुछ सुझाव भी दिए है। कार्तिक ने कहा, वह कई बार आक्रामक रहे हैं। कभी कभी वह अधिक आक्रामक हो जाते हैं मेरा मानना है कि वह इसपर नियंत्रण करें। मुझे लगता है कि वह अपने बारे में यह बात कुछ हद तक बदलें। मुझे उम्मीद है कि वह इसे ज़्यादा नहीं बदलेंगे। कार्तिक ने आगे कहा, इस सीरीज में आते ही लोग पूछ रहे थे शुभमन, भारत से बाहर, उनका रिकॉर्ड बेहतर हो सकता है। और उन्होंने कहा, मैं दोनो टीमो में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बनना चाहता हूं। आत्मविश्वास होना एक बात है, लेकिन आपको उसके साथ कौशल भी जोड़ना होगा। वह पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनकी बल्लेबाजी में वापस आती गेंद के सामने थोड़ी कमजोरी थी। उन्होंने अपनी तकनीक पर काम करने और उसका सामना करने का तरीका निकाल लिया।  

संजू सैमसन ट्रेड की चर्चा, CSK-राजस्थान रॉयल्स के बीच 2 खिलाड़ियों का संभावित सौदा

नई दिल्ली राजस्थान रॉयल्स के के कप्तान संजू सैमसन अपनी फ्रेंचाइजी छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने फ्रेंचाइजी से अनुरोध किया है कि आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले या तो उन्हें रिलीज किया जाए या फिर ट्रेड किया जाए। दरअसल नीलामी से एक हफ्ते पहले तक ट्रेड विंडो खुली होती है और उसमें फ्रेंचाइजी सहमति से अपने किसी खिलाड़ी को दूसरे फ्रेंचाइजी को या तो कैश डील या फिर किसी अन्य खिलाड़ी/खिलाड़ियों के बदले में दे सकती हैं।   मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, संजू सैमसन में चेन्नई सुपर किंग्स रुचि दिखा रही है। सीएसके के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स भी संजू को अपने साथ जोड़ना चाहती है लेकिन ऐसा लगता है कि वह कई कारणों से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ही जुड़ना चाहते हैं। आईपीएल 2025 खत्म होने के बाद संजू सैमसन ने अमेरिका में सीएसके के मैनेजमेंट और उनके हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग से मुलाकात भी की थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राजस्थान रॉयल्स संजू सैमसन के बदले में चेन्नई सुपर किंग्स से दो खिलाड़ी चाहती है। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘चेन्नई 30 साल के स्टार को कैश में ट्रेड करके अपने साथ जोड़ने की इच्छुक है लेकिन गतिरोध ये है कि राजस्थान का जोर चेन्नई से 2 खिलाड़ियों के एक्सचेंज पर है।’ स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज को लेकर अगर राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स में कोई समझौता नहीं हो पाता है तो अगली नीलामी में उनके लिए बोलियां लगती हुईं दिख सकती हैं। संजू सैमसन के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 2013 में डेब्यू किया था। वह अब तक आईपीएल में दो टीमों- राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स (पहले दिल्ली डेयरडेविल्स) के साथ खेल चुके हैं। दुनिया की इस सबसे अमीर क्रिकेट लीग में उन्होंने 177 मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 4704 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 26 अर्धशतक जड़े हैं।  

बेन शेल्टन ने कारेन खाचानोव को हराकर जीता कैनेडियन ओपन पुरुष एकल वर्ग का खिताब

टोरंटो बेन शेल्टन ने कैनेडियन ओपन पुरुष एकल वर्ग का खिताब जीत लिया है। फाइनल में शेल्टन ने कारेन खाचानेव को हराया। शेल्टन के करियर का यह सबसे बड़ा खिताब है। बेन शेल्टन ने कारेन खाचानेव तीन सेट तक चले मुकाबले में 6-7(5), 6-4, 7-6(3) से हराया। फाइनल मैच दो घंटे 48 मिनट तक चला। बेन शेल्टन एंडी रोडिक के बाद एटीपी मास्टर्स 1000 जीतने वाले दूसरे सबसे युवा अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं। शेल्टन से पहले 2004 में एंडी रोडिक ने मियामी ओपन का खिताब जीता था। खिताबी जीत के साथ शेल्टन एटीपी लाइव रेस टू ट्यूरिन में चौथे स्थान पर भी पहुंचे। इससे नवंबर में होने वाले एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की उनकी संभावना बढ़ गई है। शेल्टन 2025 में पहली बार मास्टर्स 1000 चैंपियन बनने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले जैक ड्रेपर (इंडियन वेल्स), जैकब मेन्सिक (मियामी) और कैस्पर रूड (मैड्रिड) ने ये उपलब्धि हासिल की थी। यह शेल्टन के करियर का तीसरा खिताब है, इससे पहले उन्होंने 2023 में टोक्यो और 2024 में ह्यूस्टन में जीत हासिल की थी। शेल्टन ने लगातार तीन सालों से कम से कम एक खिताब जीता है। जीत के बाद बेन शेल्टन ने कहा, “यह एक अद्भुत एहसास है। यह एक लंबा सप्ताह रहा है। फाइनल तक का रास्ता आसान नहीं था। मेरा सर्वश्रेष्ठ टेनिस तब सामने आया जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।” खाचानोव ने शुरुआती सेट में 10 फोरहैंड विनर लगाए और उनकी ताकत ने शेल्टन को बेसलाइन के काफी पीछे धकेल दिया। लेकिन अपने कोच और पिता ब्रायन की सलाह पर, शेल्टन ने दूसरे और तीसरे सेट में कोर्ट पर अपनी पकड़ मजबूत की और आक्रामक रुख अपनाया। शेल्टन अब एटीपी हेड-टू-हेड सीरीज में खाचानोव से 2-0 से आगे हैं। इससे पहले उन्होंने खाचानोव को साल की शुरुआत में इंडियन वेल्स में भी हराया था। दोनों खिलाड़ियों को सिनसिनाटी ओपन के क्वार्टर फाइनल में भिड़ना है।  

नाओमी ओसाका पर मिली जीत से विक्टोरिया म्बोको बनीं कैनेडियन ओपन चैंपियन

मॉन्ट्रियल विक्टोरिया म्बोको ने कैनेडियन ओपन महिला एकल का खिताब जीत लिया है। 18 साल की कनाडा की विक्टोरिया म्बोको ने जापान की दिग्गज खिलाड़ी नाओमी ओसाका को हराकर चैंपियन बनी। वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाली विक्टोरिया म्बोको ने चार बार की ग्रैंड स्लैम विजेता नाओमी ओसाका को 2-6, 6-4, 6-1 से हराकर कैनेडियन ओपन का खिताब जीता था। अपने घर में मिली यह जीत म्बोको के लिए विशेष थी। म्बोको ने पहला सेट हारने के बाद जोरदार वापसी की और दो सेट जीतकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत से म्बोको ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की। वह डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 25वें स्थान पर पहुंच गई। उन्हें इस महीने के अंत में न्यूयॉर्क में होने वाले ग्रैंड स्लैम में पहली वरीयता दी जाएगी। 2019 के बाद म्बोको कनाडा की ऐसी दूसरी महिला खिलाड़ी बनी हैं, जिन्होंने कैनेडियन ओपन जीता है। 2019 में बियांका एंड्रीस्कू ने खिताब अपने नाम किया था। टूर्नामेंट में आने से पहले म्बोको की रैंकिंग 85 थी। उनकी जीत उन्हें 1990 में इस प्रारूप की शुरुआत के बाद से टियरI ‘डब्ल्यूटीए 1000’ खिताब जीतने वाली दूसरी सबसे कम रैंकिंग वाली खिलाड़ी बनाती है। वह 2009 के बाद से ‘डब्ल्यूटीए 1000 इवेंट’ में अपना पहला खिताब जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी हैं। म्बोको 1995 में मोनिका सेलेस के बाद नेशनल बैंक ओपन जीतने वाली दूसरी वाइल्डकार्ड खिलाड़ी हैं। म्बोको ने सोफिया केनिन, कोको गॉफ, एलेना रयबाकिना और ओसाका जैसी दिग्गजों को हराते हुए खिताब जीता। गॉफ और रयबाकिना को क्रमशः पहली और तीसरी वरीयता दी गई थी। वहीं, चार पूर्व महिला एकल ग्रैंड स्लैम चैंपियन का सामना करने वाली और ओपन एरा में एक ही डब्ल्यूटीए इवेंट में चारों को हराने वाली विक्टोरिया म्बोको पहली कनाडाई खिलाड़ी हैं। म्बोको ओपन एरा में एक ही डब्ल्यूटीए इवेंट में चार ग्रैंड स्लैम चैंपियन को हराने वाली दूसरी सबसे कम उम्र की खिलाड़ी हैं। पहली खिलाड़ी 1999 में सेरेना विलियम्स थीं।  

एशेज 2025 का नतीजा पहले ही बता दिया ग्लेन मैकग्रा ने, बोले— ये टीम नहीं हारेगी एक भी मैच

लंदन  ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज शुरू होने में अभी तीन महीने से अधिक का समय बाकी है लेकिन दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने भविष्यवाणी की है कि ऑस्ट्रेलिया इसमें 5-0 से क्लीन स्वीप करेगा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह प्रतिष्ठित सीरीज 21 नवंबर को पर्थ में शुरू होगी। मैकग्रा ने कहा कि उनकी भविष्यवाणी भारत के खिलाफ हाल में समाप्त हुई सीरीज में इंग्लैंड के प्रदर्शन पर आधारित है। भारत ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली गई इस सीरीज में इंग्लैंड को 2-2 से बराबरी पर रोका था।   मैकग्रा ने 'बीबीसी रेडियो' पर कहा, ‘‘मैं अमूमन भविष्यवाणी नहीं करता हूं लेकिन एशेज के लिए मेरी भविष्यवाणी है कि ऑस्ट्रेलिया इसमें 5-0 जीत हासिल करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। जब पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन अपने घरेलू हालात में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों, तो इंग्लैंड के लिए यह काफी मुश्किल होने वाला है। इसके अलावा इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया में रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं है।’’ इंग्लैंड इस साल के अंत में पांच मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगा। उसने 2015 के बाद से एशेज नहीं जीती है। इसके अलावा इंग्लैंड को 2002-03 के बाद से ऑस्ट्रेलिया में एक सीरीज को छोड़कर बाकी सभी सीरीज में 0-5 या 0-4 से हार का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट मैच 2010-11 में जीता था। इंग्लैंड ने तब सीरीज 3-1 से अपने नाम की थी। ऑस्ट्रेलिया ने 2021-22 में जब इंग्लैंड का आखिरी दौरा किया था, तब 4-0 से जीत हासिल की थी। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया ने अपनी धरती पर जो पिछले 15 टेस्ट मैच खेले हैं उनमें से 11 में उसने जीत दर्ज की है। उसने इस बीच केवल दो मैच हारे जबकि दो अन्य मैच ड्रॉ समाप्त हुए थे।  

इंग्लैंड से लौटे जुरेल को कप्तानी, गिल को टीम की कमान और कुलदीप को मौका

मुंबई  भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को दलीप ट्रॉफी 2025-26 के लिए नॉर्थ जोन  की टीम का कप्तान बनाया गया है. वहीं ध्रुव जुरेल को सेंट्रल जोन का कप्तान बनाया गया है. कुलदीप यादव को भी इस टूर्नामेंट में अपना जौहर दिखाने का मौका मिलेगा. यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से बेंगलुरु में शुरू हो रहा है.  शुभमन गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 754 रन बनाए, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. उनसे ज्यादा रन सिर्फ सुनील गावस्कर (774 रन, 1971 वेस्ट इंडीज दौरा) ने बनाए थे.  गिल की कप्तानी में नॉर्थ जोन की टीम ईस्ट जोन से भिड़ेगी. अगर गिल को एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में चुना जाता है, तो वह सिर्फ पहला मैच खेलेंगे और फिर टीम से बाहर हो सकते हैं. एशिया कप में भारत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ अभियान शुरू करेगा, फिर 14 को पाकिस्तान और 19 को ओमान से भिड़ेगा.  वहीं शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह या हर्षित राणा को एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुना जाता है, तो उनके विकल्प के तौर पर शुभमन रोहिल्ला, गुरनूर बराड़, और अनुल ठकराल को स्टैंडबाय में रखा गया है. गिल के उपकप्तान अंकित कुमार (हरियाणा) होंगे. जिन्होंने पिछले रणजी सीजन में 14 पारियों में 574 रन बनाए थे. निशांत सिंधु जो बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हैं, उन्हें भी टीम में मौका मिला है.  दिल्ली के तीन खिलाड़ी इस टीम में चुने गए हैं. इनमें हर्षित राणा, यश ढुल (U-19 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान), और आयुष बडोनी शामिल हैं.  जम्मू और कश्मीर से सबसे ज्यादा 5 खिलाड़ी टीम में हैं, जिनमें शुभम खजूरिया और आकिब नबी शामिल हैं. आक‍िब ने पिछले रणजी सीजन में 8 मैचों में 44 विकेट लिए थे और वह दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे.  इस बार की दलीप ट्रॉफी फिर से पुराने जोनल फॉर्मेट में खेली जाएगी और यह 2025-26 घरेलू सीजन की शुरुआत होगी.  कुलदीप यादव नॉर्थ जोन की टीम में शामिल सेंट्रल जोन की टीम में कुलदीप यादव भी शामिल हैं, जो इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब वह वापसी के लिए तैयार हैं. वो दो और बाएं हाथ के स्पिनरों हर्ष दुबे (विदर्भ) और मानव सुथार (राजस्थान) के साथ मिलकर स्पिन अटैक को मजबूती देंगे. हर्ष दुबे ने पिछले रणजी सीजन में रिकॉर्ड 69 विकेट लिए थे. तेज गेंदबाजी की कमान खलील अहमद के हाथ में होगी, जो इंग्लैंड की काउंटी टीम एसेक्स से निजी कारणों की वजह से लौट आए हैं. वो दीपक चाहर के साथ नई गेंद संभाल सकते हैं. दीपक चोट के कारण आईपीएल के कुछ मैच नहीं खेल पाए थे लेकिन अब वो फिट हैं.  विदर्भ के यश राठौड़, जिन्होंने पिछले रणजी ट्रॉफी में 960 रन बनाए थे, वो बल्लेबाजी को मजबूती देंगे. उनके साथी दानिश मालेवार जिन्होंने रणजी फाइनल में शानदार पारियां (153 और 73 रन) खेलीं, उन्हें भी टीम में मौका मिला है. टीम के कोच उस्मान गनी होंगे, जो विदर्भ की रणजी जीत के कोच भी थे.  दलीप ट्रॉफी के ल‍िए सेंट्रल जोन की टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर, यूपी), रजत पाटीदार (उपकप्तान, मध्य प्रदेश), आर्यन जुयाल (विकेटकीपर, यूपी), आयुष पांडे (छत्तीसगढ़), दानिश मालेवार (विदर्भ), शुभम शर्मा (मध्य प्रदेश), संजीत देसाई (छत्तीसगढ़), यश राठौड़ (विदर्भ), कुलदीप यादव (यूपी), हर्ष दुबे (विदर्भ), आदित्य ठाकरे (विदर्भ), मानव सुथार (राजस्थान), दीपक चाहर (राजस्थान), खलील अहमद (राजस्थान), सारांश जैन (मध्य प्रदेश),  स्टैंडबाय खिलाड़ी:मह‍िपाल लोमरोर (राजस्थान), यश ठाकुर (विदर्भ), माधव कौशिक (यूपी), कुलदीप सेन (मध्य प्रदेश), युवराज चौधरी (छत्तीसगढ़), उपेंद्र यादव (विकेटकीपर, रेलवे) दलीप ट्रॉफी के ल‍िए नॉर्थ जोन टीम: शुभमन गिल (कप्तान, पंजाब), अंकित कुमार (उपकप्तान, हरियाणा), शुभम खजूरिया (जम्मू-कश्मीर), आयुष बडोनी (दिल्ली), यश ढुल (दिल्ली), अंकित कालसी (हिमाचल प्रदेश), निशांत सिंधु (हरियाणा), साहिल लोत्रा (जम्मू-कश्मीर), मयंक डागर (हिमाचल प्रदेश), युद्धवीर सिंह चरक (जम्मू-कश्मीर), अर्शदीप सिंह (पंजाब), हर्षित राणा (दिल्ली), अंशुल कम्बोज (हरियाणा), आकिब नबी (जम्मू-कश्मीर), कन्हैया वधावन (विकेटकीपर, जम्मू-कश्मीर)