samacharsecretary.com

तेज गेंदबाज कुंदई मातिगिमु पर खतरनाक खेल के लिए जुर्माना लगा, डिमेरिट अंक भी मिला

बुलावायो  जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज कुंदई मातिगिमु पर यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन ‘अनुचित और खतरनाक' तरीके से गेंद फेंकने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और एक डिमेरिट अंक दिया गया। यह घटना दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी के 72वें ओवर के दौरान हुई जब मातिगिमु ने गेंदबाजी करने के बाद वापसी आई गेंद को रोका और बल्लेबाज लुआन डि प्रीटोरियस की ओर फेंका जो उनकी कलाई पर लगी।  मातिगिमु ने खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी की आचार संहिता के नियम 2.9 का उल्लंघन किया। आईसीसी ने मीडिया विज्ञप्ति में कहा कि यह ‘अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास अनुचित और/या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट उपकरण का कोई अन्य सामान) फेंकने' से संबंधित है। इस तेज गेंदबाज ने अपराध और मैच रेफरी रंजन मदुगले द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया जिससे औपचारिक सुनवाई नहीं हुई।  यह 24 महीने की अवधि में जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज का पहला अपराध था। दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान वियान मुल्डर के नाबाद 367 रन की बदौलत पहली पारी पांच विकेट पर 626 रन बनाकर घोषित की। जिम्बाब्वे को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा और उस पर पारी की हार का खतरा मंडरा रहा है।   

तीसरे मैच से पहले जेम्स एंडरसन ने मेजबान टीम को अपने पेस अटैक में जोफ्रा आर्चर को शामिल करने की दी सलाह

लंदन इंग्लैंड क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद दूसरा मुकाबला 336 रनों के बड़े अंतर से हार गई है। सीरीज के तीसरे मैच से पहले इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने मेजबान टीम को अपने पेस अटैक में जोफ्रा आर्चर को शामिल करने की सलाह दी है। एंडरसन के अनुसार, मेजबान टीम को तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को शामिल करके एक चांस लेना चाहिए। बेन स्टोक्स की अगुआई में इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में यह मुकाबला खेलेगी। भारत ने सीरीज का पहला मैच पांच विकेट से गंवाया था, जिसके बाद उसने एजबेस्टन में 336 रन से जीत दर्ज की। यह टेस्ट इतिहास में भारत की इस मैदान पर पहली जीत रही। फिलहाल पांच मुकाबलों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। जोफ्रा आर्चर पिछले सप्ताह एजबेस्टन में इंग्लैंड की टीम से जुड़े थे। वह साल 2019 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले, लेकिन हाल ही में ससेक्स के लिए प्रथम श्रेणी स्तर पर लाल गेंद से वापसी की है। एंडरसन ने ‘आईसीसी’ से कहा, “आप उनके ओवरों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाकर उन्हें सीरीज के आखिरी मुकाबलों में खिलाने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन तब तक बहुत देर हो सकती है। मुझे लगता है कि वह खेलेंगे। उन्होंने ससेक्स के लिए एक मैच खेला है, एजबेस्टन में टीम के साथ रहे और थोड़ी गेंदबाजी भी की थी। मेरा मानना है कि उन्हें खिलाना ही चाहिए। यह मुकाबला बहुत अहम है। इसे ऐसे ही नहीं छोड़ा जा सकता।” इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैकुलम ने हालांकि आर्चर की वापसी की गारंटी नहीं दी है, लेकिन उन्होंने यह बताया है कि दाएं हाथ का यह खिलाड़ी फिट होकर चयन के लिए उपलब्ध है। ब्रेंडन मैकुलम ने कहा, “जोफ्रा फिट दिख रहे हैं। वह मजबूत दिख रहे हैं। वह खेलने के लिए तैयार दिख रहे हैं। जोफ्रा भी उत्साहित हैं। वह स्पष्ट रूप से अपनी चोटों और टेस्ट क्रिकेट से बाहर रहने के दौर से गुजर चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, “हम सभी जानते हैं कि जोफ्रा टेस्ट क्रिकेट में क्या हासिल करने में सक्षम हैं। हमें उम्मीद है कि जब उनके लिए मौका आएगा, तो वह फिर से पहले जैसा मुकाम हासिल करने और उसमें सुधार करने में सक्षम होंगे।” एजबेस्टन टेस्ट गंवाने के कुछ घंटों बाद ही इंग्लैंड ने लॉर्ड्स टेस्ट के लिए 16 खिलाड़ियों के नाम का ऐलान कर दिया था। इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट के लिए अपने दल में तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को शामिल किया है। तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, जैक क्रॉली, बेन डकेट, जेमी ओवरटन, ओली पोप, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग और क्रिस वोक्स।  

विंबलडन के दौरान यानिक सिनर चोटिल, करवाना होगा ‘एमआरआई स्कैन’

लंदन विंबलडन के चौथे दौर में ग्रिगोर दिमित्रोव के खिलाफ मुकाबले के शुरुआती चरण में यानिक सिनर गिरकर चोटिल हो गए, जिसके बाद वर्ल्ड नंबर-1 सिनर चोट की जांच के लिए ‘एमआरआई स्कैन’ कराने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, सिनर विंबलडन के चौथे दौर में पहुंच गए हैं, क्योंकि ग्रिगोर दिमित्रोव को चोट के कारण मैच छोड़ना पड़ा। चौथे दौर के मैचअप के पहले ही गेम में सिनर हार की ओर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे थे। इसी बीच जमीन पर एक सहज दिखने वाली स्लाइड के दौरान उनकी कोहनी में चोट लग गई। इसके बाद उन्हें ‘मेडिकल टाइमआउट’ मिला। हाल ही में अपने फिजियोथेरेपिस्ट और ट्रेनर से अलग होने के बाद, सिनर अब अपनी कोहनी के इलाज के लिए एटीपी टूर के फिजियो की मदद लेंगे। सिनर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “उस तरह गिरना काफी दुर्भाग्यपूर्ण था। मैंने वीडियो देखी, तो लगा कि यह गंभीर नहीं था, लेकिन फिर भी मुझे काफी दर्द महसूस हुआ, खासकर सर्व और फोरहैंड पर। मैं दर्द को महसूस कर सकता था। अब देखते हैं, कल चोट की जांच करेंगे, फिर तय करेंगे आगे क्या करना है।” उन्होंने आगे कहा, “यहां एटीपी के अच्छे फिजियोथेरेपिस्ट हैं। डॉक्टर भी अच्छे हैं। जैसा कि मैंने कहा, एमआरआई से पता चलेगा कि कहीं कोई गंभीर बात तो नहीं है, और फिर उसी के अनुसार इलाज किया जाएगा।” इस मुकाबले में ग्रिगोर दिमित्रोव दो सेट से आगे चल रहे थे। इसी बीच दिमित्रोव अपने दाहिने हाथ के नीचे ‘पेक्टोरल मसल्स’ को पकड़कर मैदान पर गिर पड़े। जब तक उन्होंने गेम खत्म किया, तब तक वह दर्द से कराह रहे थे। दिमित्रोव अपनी सर्विसिंग आर्म को मुश्किल से उठा पाए और चोटिल होने के कारण उन्हें रिटायर होना पड़ा। यह लगातार पांचवां ग्रैंड स्लैम है, जिसमें उन्हें मैच के बीच में ही हटना पड़ा। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सिनर का सामना अमेरिका के बेन शेल्टन से होगा।  

शादी का वादा कर किया शोषण, यश दयाल पर लगा आरोप, FIR दर्ज

गाजियाबाद गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज की गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि यश ने शादी का वादा करके उसका शोषण किया। सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती, शादी का वादा कर किया शोषण सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, 5 साल पहले सोशल मीडिया के जरिए यश दयाल और पीड़िता की मुलाकात हुई थी। शुरुआत दोस्ती से हुई जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पीड़िता का कहना है कि यश ने उसे शादी का भरोसा दिलाया था। दोनों ने लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद यश ने बेंगलुरु समेत कई शहरों में उसे होटल और रिसॉर्ट्स में ले जाकर शारीरिक और मानसिक शोषण किया। FIR दर्ज, 10 साल तक की हो सकती है सजा, जांच जारी बताया जा रहा है कि पहले भी इस मामले में पीड़िता ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन यश दयाल के परिवार ने इसे साजिश करार दिया था। अब गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 69 के तहत गैरजमानती FIR दर्ज की गई है। अगर यश दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें 10 साल तक की सजा हो सकती है। पीड़िता ने पुलिस को यश के साथ हुई इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया चैट के कई सबूत भी दिए हैं, जो उनके आरोपों को मजबूत करते हैं। प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस बीच, यश दयाल की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। 

विराट कोहली की विंबलडन वाली पोस्ट पर फैंस की चुटकी – अब रिटायरमेंट का वक्त आ गया?

नई दिल्ली भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली अब आपको सिर्फ और सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर आएंगे, क्योंकि वे दो फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं। इस बीच वे अपने परिवार के साथ लंदन में हैं और काफी समय से वहीं रहते हुए आ रहे हैं। इसी दौरान वे सात जुलाई को नोवाक जोकोविच का मुकाबला देखने के लिए विंबलडन के टेनिस एरेना में नजर आए। हालांकि, कुछ फैंस को ये बात तीर सी चुभ गई, क्योंकि जिस खिलाड़ी का समर्थन करने के लिए वे पहुंचे थे, वह उनसे दो साल बड़ा है और विराट ने दो फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लिया है।   विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ विंबलडन में पहुंचे थे। विराट कोहली ने नोवाक जोकोविच की एक तस्वीर भी इंस्टाग्राम पर शेयर की और इस दिग्गज की सराहना की। नोवाक जोकोविच का भी रिप्लाई इस पोस्ट पर आया। हालांकि, बात इतनी सी नहीं है। कुछ फैंस इस बात से नाराज हैं कि विराट कोहली ने 36 साल की उम्र में रिटायरमेंट (दो फॉर्मेट से) ले लिया है, जबकि 38 साल के नोवाक जोकोविच अभी भी अपना 100 फीसदी दे रहे हैं। ऐसे में फैंस का कहना है कि 36 साल के क्रिकेटर रिटायर होकर 38 साल के खिलाड़ी को सपोर्ट कर रहे हैं। ये दुखद है। हालांकि, फैंस का एक तबका इस जोड़ी की तारीफ कर रहा है। वैसे भी विंबलडन में भारतीय क्या किसी भी क्रिकेटर का जाना अब आम हो गया है। एमएस धोनी से लेकर रोहित शर्मा और खुद विराट कोहली इस टूर्नामेंट को देखते हुए नजर आ चुके हैं। इंग्लैंड के क्रिकेटर तो अक्सर विंबलडन के मैच देखने के लिए पहुंच जाते हैं। नोवाक जोकोविच की बात करें तो वे राउंड 16 का अपना मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं, जहां से सेमीफाइनल और फिर फाइनल का सफर भी वे तय कर सकते हैं।  

मुल्डर ने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक ठोक मचाई खलबली, लारा का रिकॉर्ड खतरे में

 बुलावायो  बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका के स्टार ऑलराउंडर वियान मुल्डर ने क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है. बतौर कप्तान अपने पहले ही टेस्ट मैच में मुल्डर ने तिहरा शतक (300 रन) जड़कर वर्ल्ड क्रिकेट में एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया. वह टेस्ट क्रिकेट में बतौर कप्तान पहली पारी में तिहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. वियान मुल्डर का ऐतिहासिक तिहरा शतक 27 साल के वियान मुल्डर को इस टेस्ट में नियमित कप्तान टेम्बा बवुमा और स्टैंड-इन कप्तान केशव महाराज की मौजूदगी में साउथ अफ्रीका की कमान सौंपी गई थी. महाराज को पहले टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान ग्रोइन इंजरी हो गई थी, जिसके बाद मुल्डर को कप्तानी की जिम्मेदारी मिली. यह उनके करियर का पहला मौका था जब वह साउथ अफ्रीकी टीम की कप्तानी करने उतरे. इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मुल्डर ने नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए न केवल अपनी टीम को शुरुआती झटकों से उबारा, बल्कि एक ऐसी पारी खेली जो क्रिकेट इतिहास में हमेशा याद रखी जाएगी. वियान मुल्डर ने 297 गेंदों का सामना करते हुए तिहरा शतक जड़ा, इस दौरान उन्होंने 38 चौके और 3 छक्के लगाए. ये टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक भी है. उनसे आगे इस लिस्ट में सिर्फ वीरेंद्र सहवाग हैं. वीरेंद्र सहवाग ने 278 गेंदों पर ये कारनामा किया था. वहीं, वियान मुल्डर साउथ अफ्रीका के सिर्फ दूसरे ऐसे बल्लेबाज भी बने हैं, जिसने टेस्ट में तिहरा शतक लगाया है. इससे पहले सिर्फ हाशिम आमला इस मुकाम तक पहुंच सके थे. रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम वियान मुल्डर ने अपनी इस पारी के साथ कई बड़े कारनामे किए हैं. वह वीरेंद्र सहवाग के बाद 300 से कम गेंदों में तिहरा शतक बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. उन्होंने 300 रन बनाने वाले सबसे युवा टेस्ट कप्तान बनने के बॉब सिम्पसन के 61 साल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. अब वह सबसे युवा कप्तान बन गए हैं, जिसने टेस्ट में तिहरा शतक जड़ा है. टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 300 रन (Fastest 300s in Test Cricket) 278 गेंद – वीरेंद्र सहवाग बनाम SA 297 गेंद – वियान मुल्डर  बनाम ZIM* 310 गेंद – हैरी ब्रूक बनाम PAK 362 गेंद – मैथ्यू हेडन बनाम ZIM 364 गेंद – वीरेंद्र सहवाग बनाम PAK इसके अलावा वियान मुल्डर ने टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में साउथ अफ्रीका की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलनेवाले कप्तान बन गए हैं. ऐसा कर उन्होंने ग्रीम स्मिथ के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. ग्रीम स्मिथ ने साल 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान के तौर पर एक पारी में 277 रन बनाए थे.  टेस्ट पारी में साउथ अफ़्रीकी कप्तानों द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर  300* – वियान मुल्डर बनाम ज़िम्बाब्वे, 2025* 277 – ग्रीम स्मिथ बनाम इंग्लैंड, 2003 259 – ग्रीम स्मिथ बनाम इंग्लैंड, 2003 234 – ग्रीम स्मिथ बनाम पाकिस्तान, 2013 इसके अलावा मुल्डर टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज तिहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा कप्तान बन गए हैं. मुल्डर ने ऐसा कर बॉब सिम्पसन के 61 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. इसके साथ-साथ मुल्डर टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज हैं. उनसे पहले साउथ अफ्रीका के लिए हाशिम अमला ने तिहरा शतक लगाने का कमाल किया था. साल 2012 में हाशिम अमला ने इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में 311 रन की पारी खेली थी.  टेस्ट में तिहरे शतकों के बारे में रोचक तथ्य कुल तिहरे शतक: 33 इस उपलब्धि को हासिल करने वाले खिलाड़ियों की संख्या: 29 पहला तिहरा शतक: 1930 में एंडी सैंडहम (325) सबसे हालिया तिहरा शतक: 2025 में वियान मुल्डर (300*) सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर: 2004 में ब्रायन लारा (400*) सबसे तेज़ तिहरा शतक: 2008 में वीरेंद्र सहवाग (278 गेंद) सबसे कम उम्र के तिहरे शतक: गारफील्ड सोबर्स (21 साल, 216 दिन) सबसे उम्रदराज तिहरा शतक: एंडी सैंडहम (39 साल, 275 दिन)  

पृथ्वी शॉ ने मुंबई की टीम को कहा टाटा … अब घरेलू क्रिकेट में इस स्टेट से खेलेंगे

 मुंबई भारतीय बल्लेबाज और मुंबई के पूर्व खिलाड़ी पृथ्वी शॉ आगामी घरेलू सत्र के लिए सोमवार को महाराष्ट्र की टीम के साथ जुड़ गये हैं। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने इसकी घोषणा की। शॉ ने किसी और राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए पिछले महीने मुंबई क्रिकेट संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की मांग की थी, जिस पर उसकी संचालन समिति ने मुहर लगा दी थी। शॉ को खराब फिटनेस और अनुशासन संबंधी मुद्दों के कारण मुंबई की लाल गेंद टीम से बाहर कर दिया गया था । उन्होंने मुंबई के लिए अपना पिछला मैच मध्य प्रदेश के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने यहां जारी बयान में कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के आक्रामक बल्लेबाज पृथ्वी शॉ आधिकारिक तौर पर मुंबई क्रिकेट संघ से अलग हो गये हैं और वह आगामी घरेलू सत्र में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘इस रणनीतिक बदलाव को भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण विकास के रूप में देखा जा रहा है, जिससे महाराष्ट्र की टीम और मजबूत होगी। भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं पृथ्वी शॉ शॉ ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच जीतने की क्षमता से इंडियन प्रीमियर लीग और घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावित किया है। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहित पवार ने कहा, ‘उनके शामिल होने से रुतुराज गायकवाड़, अंकित बावने, राहुल त्रिपाठी, मुकेश चौधरी और रजनीश गुरबानी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों वाली पहले से ही प्रतिभाशाली टीम की मजबूती और बढ़ेगी। शॉ का अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल अनुभव खासकर टीम में युवा खिलाड़ियों को सलाह देने के लिए अमूल्य होगा।’ महाराष्ट्र से जुड़ने के बाद शॉ ने क्या कहा? शॉ ने कहा कि यह कदम उन्हें क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़ने में मदद करेगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि करियर के इस पड़ाव पर महाराष्ट्र की टीम से जुड़ने से मुझे क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। मैं पिछले कुछ वर्षों में मुंबई क्रिकेट संघ की तरफ से मिले मौके और समर्थन के लिए आभारी रहूंगा।’

विंबलडन :जर्मनी की लौरा सिगमंड भी जीतीं; मेंस डबल्स में वर्ल्ड नंबर-3 जोड़ी उलटफेर का शिकार

लंदन  विंबलडन के राउंड ऑफ 16 मुकाबलों में रविवार को वर्ल्ड नंबर-1 एरिना सबालेंका ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने विमेंस सिंगल्स के मैच में बेल्जियम की एलिस मर्टेंस को सीधे सेट में हरा दिया। मेंस सिंगल्स में वर्ल्ड नंबर-5 टेलर फ्रिट्ज ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना लिया।  विमेंस सिंगल्स में 3 प्लेयर्स जीतीं वर्ल्ड नंबर-1 बेलारूस की एरिना सबालेंका न मर्टेंस को 6-4, 7-6 (7-4) के अंतर से हरा दिया। विमेंस सिंगल्स में उनके अलावा रूस की एनास्तासिया पाव्ल्यूचेंकोवा ने ब्रिटेन की सोनाय कार्टाल को 7-6 (7-3), 6-4 से हराया। वहीं जर्मनी की लौरा सिगमंड ने अर्जेंटीना की सोलाना सिएरा को 6-3, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।  मेंस डबल्स में नंबर-1 जोड़ी जीतीं मेंस डबल्स में अर्जेंटीना के मार्सेलो अरेवालो और क्रोएशिया के मैट पाविच ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। दोनों की नंबर-1 जोड़ी ने चेक रिपब्लिक के पैट्रिक रिकल और पीटर नौजा की जोड़ी को 7-5, 7-6 (15-13) के अंतर से हराया। मेंस डबल्स में वर्ल्ड नंबर-3 जर्मनी के टिम पुट्ज और केविन क्राविट्ज की जोड़ी को उलटफेर का शिकार होना पड़ा।  दोनों को ऑस्ट्रेलिया के रिंकी हिजीकाता और नीदरलैंड के डेविड पेल की जोड़ी ने 6-2, 6-4 से हरा दिया। अन्य मुकाबलों में ब्राजील के मार्सेलो मेलो और राफेल माटोस की जोड़ी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं वर्ल्ड नंबर-10 जोड़ी मोनाको के ह्यूगो नायस और फ्रांचस एडोर्ड रोजर वैसलीन को भी जीत मिल गई।  मेंस सिंगल्स में फ्रिट्ज जीते मेंस सिंगल्स के में वर्ल्ड नंबर-5 अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज को ऑस्ट्रेलिया को जॉर्डन थॉम्पसन के खिलाफ वॉकओवर मिल गया। वॉकओवर के वक्त फ्रिट्ज 6-1, 3-0 से आगे थे। वहीं दूसरे मुकाबले में रूस के कैरेन खाचनोव ने पोलैंड के कामिल माजरेक को 6-4, 6-2, 6-3 से हरा दिया।

ICC ने संजोग गुप्ता को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, जय शाह ने फैसले का किया स्वागत

मुंबई  इंटरनेशनल क्रिकेट कौंसिल (ICC) ने संजोग गुप्ता को अपना नया चीफ एक्जीकेटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त करने की घोषणा की है. वो आधिकारिक तौर पर 7 जुलाई, 2025 को कार्यभार संभालेंगे. जिसके साथ गुप्ता इस पद को संभालने वाले सातवें व्यक्ति बनेंगे. संजोग की नियुक्ति ICC द्वारा मार्च में शुरू की गई वैश्विक भर्ती प्रक्रिया के बाद हुई है. इस पद के लिए 25 देशों से 2,500 से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जो इस पद की अंतरराष्ट्रीय अपील और महत्व को दर्शाता है. बता दें कि संजोग गुप्ता वर्तमान में JioStar में स्पोर्ट्स और लाइव एक्सपीरियंस के CEO के रूप में कार्यरत हैं. कंटेंट, रणनीति और संचालन में दो दशकों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्हें भारत में आधुनिक खेल प्रसारण परिदृश्य को आकार देने का श्रेय दिया जाता है. जय शाह ICC के फैसले का स्वागत किया ICC के चेयरमैन जय शाह ने संजोग गुप्ता के नए सीईओ बनने के फैसले का स्वागत किया है. उन्होंने कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि संजोग गुप्ता को ICC का CEO नियुक्त किया गया है. संजोग के पास खेल रणनीति और व्यावसायीकरण का व्यापक अनुभव है, जो ICC के लिए अमूल्य होगा. उन्होंने ये भी कहा, 'वैश्विक खेल, मीडिया और मनोरंजन के बारे में उनकी गहरी समझ, साथ ही तकनीक और क्रिकेट प्रशंसकों के दृष्टिकोण के प्रति उनके जुनून के बारे में उनकी निरंतर जिज्ञासा आने वाले वर्षों में खेल को आगे बढ़ाने की हमारी महत्वाकांक्षा में आवश्यक साबित होगी. हमारा लक्ष्य पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़ना और ओलंपिक में क्रिकेट को एक नियमित खेल के रूप में स्थापित करना है, दुनिया भर में इसका विस्तार करना और इसके मुख्य बाजारों में इसकी जड़ें गहरी करना है. ICC के अध्यक्ष ने आगे कहा, 'हमने इस पद के लिए कई असाधारण उम्मीदवारों पर विचार किया, लेकिन नामांकन समिति ने सर्वसम्मति से संजोग की सिफारिश की. ICC बोर्ड के निदेशक उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं, और मैं ICC में सभी की ओर से उनका स्वागत करना चाहता हूं.' ICC के नए CEO बनने के बाद संजोग ने क्या कहा ? ICC की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संजोग ने कहा, 'यह अवसर पाना सौभाग्य की बात है, खासकर ऐसे समय में जब क्रिकेट अभूतपूर्व विकास के लिए तैयार है और दुनिया भर में लगभग 2 बिलियन प्रशंसकों का जोशीला समर्थन प्राप्त है. खेल के लिए यह रोमांचक समय है क्योंकि प्रमुख आयोजनों का कद बढ़ रहा है, वाणिज्यिक रास्ते बढ़ रहे हैं और महिलाओं के खेल जैसे अवसर लोकप्रियता के पैमाने पर बढ़ रहे हैं. मैं क्रिकेट के विकास के अगले चरण में योगदान देने, इसके वैश्विक पदचिह्न का विस्तार करने, प्रशंसकों के अनुभव को बढ़ाने और हमारी मजबूत नींव पर निर्माण करने के लिए ICC सदस्य बोर्डों के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं.' संजोग गुप्ता ने पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया संजोग गुप्ता ने एक पत्रकार के रूप में अपना करियर शुरू किया और फिर वो 2010 में स्टार इंडिया में शामिल हुए. 2020 में डिज्नी और स्टार इंडिया में खेल प्रमुख बनने से पहले उन्होंने कई वर्षों तक कंटेंट, प्रोग्रामिंग और रणनीति में कई नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाईं. संजोग ने ICC इवेंट्स और IPL जैसी मार्की क्रिकेट संपत्तियों के निरंतर विकास को आकार देने, PKL और ISL जैसी घरेलू खेल लीगों की स्थापना करने, प्रीमियर लीग और विंबलडन जैसे वैश्विक खेल आयोजनों की लोकप्रियता को बढ़ाने और उपभोक्ता और वाणिज्यिक उद्देश्यों के पार व्यवसाय को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. नवंबर 2024 में वायकॉम18 और डिज्नी स्टार के विलय के बाद संजोग गुप्ता को जियोस्टार स्पोर्ट्स का सीईओ नियुक्त किया गया. आईसीसी के अब तक के सीईओ डेविड रिचर्ड्स (ऑस्ट्रेलिया): 1993-2001 मैल्कम स्पीड (ऑस्ट्रेलिया): 2001-2008 हारून लोर्गट (साउथ अफ्रीका): 2008 -2012 डेविड रिचर्डसन (साउथ अफ्रीका): 2012-2019 मनु साहनी (भारत): 2019-2021 ज्योफ एलार्डिस (ऑस्ट्रेलिया): 2021-25 संजोग गुप्ता (भारत): 2025-

WTC 2025-27: भारत की जीत से बदला पॉइंट्स टेबल का हाल, इस नंबर पर पहुंची इंग्लिश टीम

नई दिल्ली आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव हुआ है। भारत ने इंग्लैंड को हराकर टेबल में फेरबदल किया लेकिन उसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम ने वेस्टइंडीज को हराकर पॉइंट्स टेबल में बड़ा खेल कर दिया है। टीम इंडिया बर्मिंघम में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भी टॉप 2 में शामिल नहीं हैं। हालांकि टीम इंडिया के पास तीसरे टेस्ट मैच में जीत दर्ज करके अपनी स्थिति और बेहतर करने का बड़ा मौका है। पॉइंट्स टेबल का बदल गया खेल लीड्स टेस्ट मैच में हार के बाद टीम इंडिया ने शानदार कमबैक किया और बर्मिंघम में 336 रनों से जीत लिया। इस जीत के कारण ही अब टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में नंबर 4 पर 12 अंको के साथ नजर आ रही है। वहीं इंग्लिश टीम भी 12 अंको के साथ नंबर 3 पर नजर आ रही है। श्रीलंका की टीम 16 अंकों के साथ नंबर 2 पर फिलहाल नजर आ रही है। वहीं वेस्टइंडीज को दोनों टेस्ट मैच में हराने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम 24 अंको के साथ टॉप पर नजर आ रही है। 4 अंको के साथ बांग्लादेश की टीम फिलहाल टेबल में नंबर 5 पर मौजूद है। वहीं वेस्टइंडीज का तो अभी खाता भी नहीं खुला है। टीम इंडिया लॉर्ड्स टेस्ट मैच में जीतकर टॉप 2 में एंट्री कर सकती है। वहीं यही मौका फिलहाल इंग्लैंड के पास भी मौजूद है। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही सीरीज खत्म हो चुकी है। वहीं ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच एक और टेस्ट मैच होना है। यहां जानें डब्ल्यूटीसी का पूरा समीकरण यह जीत सिर्फ सीरीज़ के लिहाज़ से अहम नहीं थी, बल्किवर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 (WTC) के नज़रिए से भी महत्वपूर्ण रही. यह भारत की मौजूदा चक्र में पहली जीत थी और इसी के साथ टीम ने अपने पहले अंक भी हासिल कर लिए. गिल की टीम ने ये साबित कर दिया कि वह WTC फाइनल की दौड़ में मजबूत दावेदार है. WTC चक्र की बात करें तो अब तक ऑस्ट्रेलिया ने 2 मैच खेले हैं और दोनो में जीत हासिल की है. इसी के साथ 24 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया पहले पायदान पर है. वहीं, दूसरे नंबर पर श्रीलंका है, जिसने 2 टेस्ट मैच में अबतक 1 जीता है और एक ड्रा पर खत्म किया है. 16 अंकों के साथ वो दूसरे पायदान पर है. तीसरे पायदान पर भारत है जिसने 2 में से 1 मैच जीता है और 12 अंक हासिल किया है. चौथे स्थान पर इंग्लैंड है और पांचवें पर बांग्लादेश है.  यहां पर देखें WTC 2025-27 का पॉइंट्स टेबल  स्थान टीम संक्षेप टीम नाम खेले जीते हारे ड्रा कटौती अंक प्रतिशत 1 AUS ऑस्ट्रेलिया 2 2 0 0 0 24 100.00% 2 SL श्रीलंका 2 1 0 1 0 16 66.67% 3 ENG इंग्लैंड 2 1 1 0 0 12 50.00% 4 IND भारत 2 1 1 0 0 12 50.00% 5 BAN बांग्लादेश 2 0 1 1 0 4 16.67% 6 WI वेस्ट इंडीज 2 0 2 0 0 0 0.00% 7 NZ न्यूज़ीलैंड 0 0 0 0 0 0 0.00% 8 PAK पाकिस्तान 0 0 0 0 0 0 0.00% 9 SA दक्षिण अफ्रीका 0 0 0 0 0 0 0.00%