samacharsecretary.com

पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल का रिश्ता खत्म! मंगेतर ने हटाई सगाई की तस्वीरें

मुंबई  क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वह ऑफ फील्ड अपनी निजी जिंदगी में बड़े बदलाव से गुजर रहे हैं। पृथ्वी शॉ और उनकी मंगेतर अभिनेत्री आकृति अग्रवाल ने गुरुवार को आपसी सहमति से सगाई तोड़ने का फैसला किया है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकृति ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी पुष्टि की। उन्होंने अपने इस फैसले के बारे में बताया और कहा कि उनके मुताबिक इस संबंध का आगे कोई भविष्य नहीं बचा था। दोनों की अपेक्षाएं और जिम्मेदारियां अलग-अलग थीं और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने साथ छोड़ने का फैसला लिया। आकृति अग्रवाल ने शेयर किया इमोशनल मैसेज भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने मार्च 2026 में सार्वजनिक रूप से सगाई की थी। हालांकि 6 महीने के अंदर ही उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया है। उन्होंने आपसी सहमति से सगाई तोड़ने का फैसला किया है। आकृति ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''भारी दिल से बताना चाहती हूं कि मैं और मेरे मंगेतर अब अलग हो रहे हैं। आगे की जिंदगी को लेकर हमारे सोच और हालात अलग हैं, इसलिए हमने ये फैसला लिया है।'' उन्होंने आगे लिखा, 'चाहे हम एक-दूसरे से कितना भी प्यार और परवाह क्यों न करते हों, लेकिन अब ये मान लिया है कि हमारी राहें एक नहीं हैं। जिम्मेदारियों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए हम दोनों ने मिलकर अलग होने का फैसला लिया है।'' आकृति अग्रवाल और पृथ्वी शॉ ने अलग होने की वजह बने हालातों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। लेकिन उनकी उन्होंने पृथ्वी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है। उन्होंने लिखा, “आगे बढ़ते हुए मैं सच में हम दोनों के लिए बेहतरीन भविष्य, शांति और खुशी की कामना करती हूं।” आकृति ने कहा, “इस मुश्किल समय में सभी से विनती है कि हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और हमारे इस फैसले के पीछे की वजहों को लेकर किसी तरह का अनुमान या अटकलें लगाने से बचें। समझने और हमारे हालात का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।'' पृथ्वी शॉ का क्रिकेट करियर युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को एक समय भारतीय टीम का उभरता हुआ सितारा माना गया था और उनकी तुलना कई बड़े दिग्गजों से होती थी लेकिन खराब फॉर्म और गलत वजहों के कारण वह भारतीय टीम से बाहर हो गए और फिर वापस लौटने में वह अभी तक सफल नहीं हुए हैं। उन्होंने 2018 में टेस्ट डेब्यू पर भारत के लिए शतक लगाया था और सुर्खियां बटोरी थी। हाल के सालों में फिटनेस और फॉर्म के कारण टीमों ने उनसे दूरी बना ली। आईपीएल 2025 में वह अनसोल्ड रहे थे और फिर उससे पहले मुंबई ने अपनी टीम से बाहर कर दिया था। हालांकि उन्हें आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने भारत के लिए टेस्ट में 5 मैच खेलते हुए 339 रन बनाए। वनडे में उन्होंने 6 मैचों में 189 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में उन्हें सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला। 

कोर्ट ने लिया कड़ा फैसला: पृथ्वी शॉ को लड़की से छेड़छाड़ मामले में लगाया जुर्माना

नई दिल्ली  भारतीय टीम से दूर चल रहे पृथ्वी शॉ इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। पृथ्वी शॉ को कोर्ट से झटका लगा है। मुंबई की डिंडोशी सेशंस कोर्ट ने उन्हें जवाब ना दाखिल करने के मामले में 100 रुपए का जुर्माना लगाया है। फरवरी 2023 में शॉ का विवाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल के साथ हुआ था। अब इस मामले पर कोर्ट ने शॉ पर जुर्माना ठोका है। अदालत ने ठोका जुर्माना पृथ्वी शॉ कोर्ट को जवाब नहीं दे रहे थे। ऐसे में अब कोर्ट ने उनसे नाराजगी जताते हुए 100 रुपये का जुर्माना लगाया है। अदालत की ओर से शॉ को 13 जून 2025 को आखिरी जवाब देने का मौका दिया गया था। लेकिन स्टार खिलाड़ी की ओर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 9 सितंबर को 100 रुपये का जुर्माना लगाते हुए उन्हें जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका दिया है। क्या था विवाद? फरवरी 2023 में मुंबई के एक होटल में पृथ्वी शॉ और सपना गिल के बीच विवाद हुआ था, जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शॉ और सपना के बीच सेल्फी को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना के बाद सपना गिल ने पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन उस वक्त केस दर्ज नहीं हुआ था। इसके बाद सपना गिल ने मजिस्ट्रेट कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।   4 साल से भारतीय टीम से दूर शॉ 4 साल से भारतीय टीम से दूर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मुकाबला साल 2021 में खेला था। इसके बाद वह लगातार भारतीय टीम से दूर हैं। शॉ को आईपीएल 2025 के लिए भी कोई खरीदार नहीं मिला था। वह मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। अब तक भारत के लिए शॉ ने 5 टेस्ट मैच में 339 रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 6 वनडे मैच में 31.50 की औसत के साथ 189 रन बनाए हैं। वहीं 1 टी-20 में शॉ ने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। लेकिन बल्लेबाजी में उन्हें मौका नहीं मिला था। आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक स्टार बल्लेबाज ने 79 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 1892 रन बनाने के अलावा 14 अर्धशतक बनाए हैं।  

पृथ्वी शॉ ने मुंबई की टीम को कहा टाटा … अब घरेलू क्रिकेट में इस स्टेट से खेलेंगे

 मुंबई भारतीय बल्लेबाज और मुंबई के पूर्व खिलाड़ी पृथ्वी शॉ आगामी घरेलू सत्र के लिए सोमवार को महाराष्ट्र की टीम के साथ जुड़ गये हैं। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने इसकी घोषणा की। शॉ ने किसी और राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए पिछले महीने मुंबई क्रिकेट संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की मांग की थी, जिस पर उसकी संचालन समिति ने मुहर लगा दी थी। शॉ को खराब फिटनेस और अनुशासन संबंधी मुद्दों के कारण मुंबई की लाल गेंद टीम से बाहर कर दिया गया था । उन्होंने मुंबई के लिए अपना पिछला मैच मध्य प्रदेश के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने यहां जारी बयान में कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के आक्रामक बल्लेबाज पृथ्वी शॉ आधिकारिक तौर पर मुंबई क्रिकेट संघ से अलग हो गये हैं और वह आगामी घरेलू सत्र में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘इस रणनीतिक बदलाव को भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण विकास के रूप में देखा जा रहा है, जिससे महाराष्ट्र की टीम और मजबूत होगी। भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेल चुके हैं पृथ्वी शॉ शॉ ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच जीतने की क्षमता से इंडियन प्रीमियर लीग और घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावित किया है। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहित पवार ने कहा, ‘उनके शामिल होने से रुतुराज गायकवाड़, अंकित बावने, राहुल त्रिपाठी, मुकेश चौधरी और रजनीश गुरबानी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों वाली पहले से ही प्रतिभाशाली टीम की मजबूती और बढ़ेगी। शॉ का अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल अनुभव खासकर टीम में युवा खिलाड़ियों को सलाह देने के लिए अमूल्य होगा।’ महाराष्ट्र से जुड़ने के बाद शॉ ने क्या कहा? शॉ ने कहा कि यह कदम उन्हें क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़ने में मदद करेगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि करियर के इस पड़ाव पर महाराष्ट्र की टीम से जुड़ने से मुझे क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। मैं पिछले कुछ वर्षों में मुंबई क्रिकेट संघ की तरफ से मिले मौके और समर्थन के लिए आभारी रहूंगा।’