samacharsecretary.com

सुपर-4 की राह में आज पाकिस्तान का निर्णायक मैच, यूएई भी तैयार

दुबई  पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की बुधवार को एशिया कप 2025 में टक्कर होगी। दोनों टीमों दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। ग्रुप ए का हिस्सा पाकिस्तान और यूएई के लिए यह'करो या मरो' का मुकाबला है। आज जो भी टीम जीतेगी, उसके सुपर-4 राउंड का टिकट मिल जाएगा। दोनों के खाते में फिलहाल दो-दो अंक हैं। सलमान आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तान टीम को अपने पिछले मैच में भारत के हाथों 7 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। भारत ने सुपर-4 में जगह पक्की कर ली है। वहीं, मुहम्मद वसीम के नेतृत्व वाली यूएई टीम ने अपने पिछले मुकाबले में ओमान को 42 रनों से रौंदा था। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पाकिस्तान और यूएई ने अब तक तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। तीनों मैच में पाकिस्तान ने बाजी मारी है। दोनों ने पहला मैच फरवरी 2016 में मीरपुर में खेला था जबकि अगले दो मुकाबले एशिया कप से पहले शारजाह में ट्राई सीरीज के दौरान खेले गए। क्या पाकिस्तान की डिमांड मानेगा आईसीसी? भारत के खिलाफ 'नो हैंडशेक' विवाद के बाद पाकिस्तान ने एशिया कप बॉयकॉट की धमकी दी थी। हालांकि, पाकिस्तान ने बहिष्कार की धमकी वापिस ले ली लेकिन मैच रैफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को लेकर उसका ऐतराज बरकरार है। बताया जा रहा है पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टीम के बाकी मैचों में पाइक्रॉफ्ट की जगह रिची रिचर्डसन को जिम्मेदारी देने की मांग की। कि पीसीबी ने आईसीसी को इस संबंध में एक और ईमेल लिखा है। पाइक्रॉफ्ट को पाकिस्तान और यूएई के बीच आज होने वाले मैच में भी रैफरिंग करनी है। यूएई का स्क्वॉड अलीशान शराफू, मुहम्मद वसीम (कप्तान), आसिफ खान, मुहम्मद जोहैब, हर्षित कौशिक, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), ध्रुव पाराशर, हैदर अली, मुहम्मद रोहिद खान, मुहम्मद जवादुल्लाह, जुनैद सिद्दीकी, एथन डिसूजा, सिमरनजीत सिंह, सगीर खान, मुहम्मद फारूक, अर्यांश शर्मा, मतिउल्लाह खान। पाकिस्तान का स्क्वॉड सलमान आगा (कप्तान), सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हुसैन तलत, हसन अली, खुशदिल शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद।

आज की चूक से पाकिस्तान को होगा 141 करोड़ का नुकसान, साथ में दो और झटके तय

दुबई  पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशिया कप से हटने की धमकी देकर क्रिकेट की दुनिया में खलबली मचा दी है. पीसीबी अध्यक्ष और मौजूदा एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रमुख मोहसिन नकवी ने इस धमकी की नींव आईसीसी रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट से जुड़े विवाद पर रखी. दरअसल, भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद हाथ मिलाने के दौरान हुए हंगामे के लिए नकवी ने पायक्रॉफ्ट को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें हटाने की मांग कर दी. लेकिन आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने एशिया कप छोड़ने की धमकी दी है.  एशिया कप 2025: पाकिस्तान को आज (17 सितंबर) यूएई के खिलाफ अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलना है. मुकाबले से एक दिन पहले मंगलवार को पाकिस्तान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा नहीं लिया, जिससे टीम के रुख और तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं. यह धमकी जितनी बड़ी है, उसका वित्तीय जोखिम उससे कहीं ज्यादा है. पाकिस्तान यदि टूर्नामेंट छोड़ता है तो उसे 12 से 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 105 से 141 करोड़ रुपये तक का सीधा नुकसान झेलना पड़ेगा. एसीसी की कुल कमाई में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को बराबर-बराबर 15-15 प्रतिशत हिस्सा मिलता है. यानी कुल 75 प्रतिशत राजस्व इन्हीं 5 देशों के बीच बंटता है. अकेले मौजूदा एशिया कप से पीसीबी की अनुमानित कमाई 1.2 से 1.6 करोड़ डॉलर के बीच है. आर्थिक रूप से पहले से कमजोर पीसीबी के लिए यह घाटा बहुत बड़ा साबित होगा. पाकिस्तान का वार्षिक बजट करीब 227 मिलियन डॉलर का है. ऐसे में 16 मिलियन डॉलर की चपत उसके राजस्व का लगभग 7 प्रतिशत खत्म कर देगी. इसे सह पाना किसी भी कमजोर बोर्ड के लिए आसान नहीं है. … प्रसारणकर्ता का भरोसा भी टूटेगा सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया (SPNI) ने 2024 से 2031 तक एसीसी के साथ 170 मिलियन डॉलर का करार किया है. इस डील में महिला और अंडर-19 एशिया कप भी शामिल हैं. जाहिर है, इस डील का सबसे बड़ा आकर्षण भारत-पाकिस्तान मुकाबला है. अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो न केवल उसका हिस्सा कटेगा, बल्कि प्रसारणकर्ता का भरोसा भी टूटेगा. भारत-पाक मैच ही वह खजाना है, जिससे टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन स्लॉट प्रीमियम दरों पर बिकते हैं. ऐसे में प्रसारणकर्ता का गुस्सा सीधे पीसीबी और नकवी पर फूट सकता है. एसीसी में अलग-थलग पड़ने का खतरा पाकिस्तान के इस कदम का दूसरा बड़ा खतरा एसीसी बोर्डरूम में है. बाकी चार टेस्ट खेलने वाले देश यह सवाल जरूर उठाएंगे कि बिना भाग लिए पीसीबी को 15 प्रतिशत राजस्व क्यों दिया जाए. इससे नकवी की एसीसी अध्यक्ष के रूप में विश्वसनीयता भी बुरी तरह प्रभावित होगी. एक तरफ वह बोर्ड के मुखिया हैं और दूसरी तरफ परिषद के प्रमुख… इस टकराव से उनकी साख दोनों जगह कमजोर हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक, नकवी का यह कदम पूरी तरह क्रिकेटीय नहीं, बल्कि राजनीतिक भी है. पाकिस्तान में घरेलू दबाव को देखते हुए वे अपनी ‘सख्त छवि’ बनाए रखना चाहते हैं. लेकिन असली सवाल यह है कि क्या वे अपने देशवासियों के सामने इज्जत बचाने के लिए बोर्ड को अरबों का घाटा झेलने देंगे? साफ है कि एशिया कप से हटने की धमकी पाकिस्तान के लिए आत्मघाती कदम साबित हो सकती है. उसे अरबों रुपये का नुकसान होगा, बोर्ड की साख गिरेगी और एसीसी में उसकी स्थिति कमजोर होगी. मोहसिन नकवी चाहे जितनी भी कूटनीति करें, लेकिन इस मामले में पाकिस्तान के पास खोने के लिए बहुत कुछ है और पाने के लिए लगभग कुछ भी नहीं.

स्मृति मंधाना ने World Cup से पहले जमाया शतक, रचा इतिहास, 15 शतक जड़ने वाली पहली महिला बनी स्मृति

नई दिल्ली  2025 का महिला विश्व कप 30 सितंबर से शुरू होने वाला है. इसके पहले स्मृति मंधाना ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धमाकेदार शतक जड़ा है. उन्होंने मात्र 77 गेंदों में 100 पूरा किया. इसी के साथ उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया, जो आज तक एशिया की कोई महिला सुपरस्टार नहीं कर पाई. स्मृति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में अपनी इस पारी द्वारा अलग-अलग कमाल किए हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा ताबड़तोड़ शतक ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच दूसरे वनडे अंतर्राष्ट्रीय में स्मृति मंधाना ने धमाकेदार शुरुआत दी. मंधाना ने 77 गेंदों में 100 रन बना दिए. इसी के साथ वो भारतीय विमेंस क्रिकेट इतिहास में दूसरा सबसे तेज वनडे शतक जड़ने में सफल हुई हैं. पहले पायदान पर भी उनका ही नाम है. उन्होंने इसके पहले आयरलैंड की महिला टीम के खिलाफ राजकोट में 70 गेंदों में शतक लगाया था. उन्होंने इसके बाद भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. टीम इंडिया की पारी के 33वें ओवर में ताहलिया मैक्ग्राथ की गेंद पर स्मृति कैच आउट हो गई. इसी के साथ 91 गेंदों में 117 रन बनाकर उन्होंने अपनी पारी का अंत कर दिया. उन्होंने कुल 4 छक्के और 14 चौके जड़े. 15 शतक जड़ने वाली पहली महिला बनी स्मृति स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने के साथ इतिहास रच दिया है. वो एशिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 15 शतक लगाए हैं. उन्होंने टी20 में एक और टेस्ट में 2 शतक जड़े थे. उन्होंने वनडे में 12वां शतक लगाया और इसी के साथ वो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए 15 लगा चुकी हैं. कोई भी अन्य एशियाई महिला ये कारनामा नहीं कर पाई हैं. वर्ल्ड कप से पहले उन्हें इस शतक से आत्मविश्वास मिलेगा. वर्ल्ड में नंबर 1 बनने से कुछ कदम दूर स्मृति मंधाना ने वनडे करियर का 12वां शतक लगा दिया है और वो अब महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाली खिलाडियों की लिस्ट में चौथे पायदान पर आ गई हैं. टॉप पर मेग लैनिंग हैं, जिन्होंने 15 बार 100 का आंकड़ा पार किया है. कुछ और शतक लगाकर इस लिस्ट में नंबर 1 बन सकती हैं. 

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप: नीरज चोपड़ा ने पहले थ्रो में ही किया क्वालिफाई, फाइनल में पहुंचे

तोक्यो भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने 84.85 मीटर की दूरी का भाला फेंककर वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पुरुष भाला फेंक के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है. बुधवार को क्वालिफाइंग राउंड में नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही थ्रो में ये कमाल किया. दरअसल, 84.50 मीटर क्वालीफिकेशन मार्क था. लेकिन नीरज चोपड़ा ने 84.85 मीटर की दूरी का भाला फेंका. गुरुवार यानी की कल फाइनल खेला जाएगा. जहां नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम का आमना-सामना हो सकता है. दिलचस्प बात यह रही कि नीरज चोपड़ा के अलावा किसी भी एथलीट ने पहले राउंड में सीधे क्वालीफिकेशन हासिल नहीं किया. बता दें कि नीरज चोपड़ा के ग्रुप में कुल 6 एथलीट हैं. भारतीय भाला फेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा अब फाइनल मुकाबले में गुरुवार को उतरेंगे. उनके सामने अपनी बादशाहत बचाने की चुनौती होगी. वहीं, पाकिस्तान के अरशद नदीम से भी उनका मुकाबला होगा. पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद यह पहली बार होगा जब दोनों एक ही मंच पर उतरेंगे. पेरिस में अरशद ने 92.97 मीटर थ्रो कर स्वर्ण जीता था, जबकि नीरज का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.45 मीटर रहा और उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा. अरशद और नीरज अलग-अलग ग्रुप में बता दें कि क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज को 19 सदस्यीय ग्रुप ए में रखा गया था, जिसमें वेबर, वाल्कोट, वाडलेज और सचिन यादव शामिल थे. वहीं, ग्रुप बी में अरशद नदीम, पीटर्स, येगो, दा सिल्वा, रोहित यादव, यशवीर सिंह और श्रीलंका के उभरते खिलाड़ी रमेश थरंगा पथिरगे हैं. 84.50 मीटर का निशान पार करने वाले या टॉप-12 थ्रोअर फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे. डिफेंडिंग चैंपियन हैं नीरज चोपड़ा नीरज चोपड़ा को इस इवेंट के फाइनल में पहुंचने के लिए 84.50 मीटर भाला फेंकना था और उन्होंने पहले ही राउंड में इस बाधा को पार करते हुए ये उपलब्धि अपने नाम कर ली। नीरज चोपड़ा मौजूदा समय में भारतीय एथलीट विश्व चैंपियनशिप में जैवलीन थ्रो इवेंट के विजेता हैं और साल 2023 में उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। नीरज चोपड़ा इस इवेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं और वे जान जेलेज़नी (1993, 1995) और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (2019, 2022) के बाद इतिहास में वर्ल्ड जैवलिन टाइटल को लगातार दो बार जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी बनने की कोशिश करेंगे। नीरज ने साल 2023 में 88.17 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था, जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम 87.82 मीटर थ्रो के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे जबकि और याकुब वडलेच (86.67 मीटर थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।

वरुण चक्रवर्ती टी20 रैंकिंग में टॉप पर, दुनिया के नंबर 1 गेंदबाज बने – भारत को मिली बड़ी खुशी

नई दिल्ली  भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की रैंकिंग में पहली बार नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। आईसीसी की आधिकारिक घोषणा आईसीसी ने एक बयान में कहा, 'भारत के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को 2025 में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है और वे आईसीसी पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय प्लेयर रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं।' चक्रवर्ती ने एशिया कप में यूएई के खिलाफ चार रन देकर एक और पाकिस्तान के खिलाफ 24 रन देकर एक विकेट लिया। बुमराह और बिश्नोई के बाद तीसरे चक्रवर्ती से पहले सिर्फ दो भारतीय गेंदबाज ही टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे हैं। इनमें बुमराह और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई शामिल हैं। अब वरुण चक्रवर्ती भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव 16 पायदान की छलांग लगाकर 23वें स्थान पर हैं, जबकि अक्षर पटेल एक पायदान ऊपर चढ़कर गेंदबाजों में 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बुमराह चार पायदान चढ़कर 40वें स्थान पर हैं। अभिषेक को ऑलराउंडर्स में भी फायदा ऑलराउंडर्स में हार्दिक पांड्या शीर्ष पर हैं, जबकि अभिषेक शर्मा चार स्थान चढ़कर 14वें स्थान पर पहुंच गए। बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शीर्ष पर बने हुए हैं जिन्होंने करियर के सर्वोच्च 884 रेटिंग अंक हासिल कर लिए। शुभमन गिल 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं। तिलक वर्मा दो स्थान खिसककर चौथे और सूर्यकुमार यादव एक स्थान खिसककर सातवें स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे और जोस बटलर तीसरे स्थान पर हैं। बीते 12 महीनों में शानदार प्रदर्शन 34 वर्षीय चक्रवर्ती पिछले एक साल से भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में नियमित रूप से खेल रहे हैं। उन्होंने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की गेंदबाजी में अहम भूमिका निभाई है। यही कारण है कि उन्होंने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए रैंकिंग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वरुण का अंतरराष्ट्रीय करियर वरुण ने अब तक भारत के लिए 20 टी20 में 35 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 6.83 का रहा है। 17 रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वरुण चार वनडे भी खेल चुके हैं और 10 विकेट ले चुके हैं। आईसीसी रैंकिंग में भारतीयों का दबदबा अब टेस्ट और टी20 में भारतीय गेंदबाज नंबर-1 हैं। टी20 में वरुण के अलावा  टेस्ट में जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर हैं। वहीं, वनडे में दक्षिण अफ्रीका के केशव महाराज शीर्ष पर हैं। वहीं, बल्लेबाजों में भी भारतीयों का दबदबा है। वनडे और टी20 में भारतीय शीर्ष पर हैं। वनडे में शुभमन गिल और टी20 में अभिषेक शर्मा नंबर एक बल्लेबाज हैं। टेस्ट में इंग्लैंड के जो रूट शीर्ष पर हैं। वहीं, टीम रैंकिंग में भारत वनडे और टी20 में शीर्ष पर है। टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है।  ऑलराउंडर्स में टेस्ट में रवींद्र जडेजा और टी20 में हार्दिक पांड्या शीर्ष पर हैं। वहीं, वनडे में जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा नंबर एक ऑलराउंडर हैं।  

अपशब्दों के बाद बदली भाषा: मोहम्मद यूसुफ ने सूर्यकुमार यादव से मांगी माफी

नई दिल्ली भारतीय खिलाड़ियों ने जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया, न ही सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय सलमान अली आगा से हाथ मिलाया. इसके बाद पाकिस्तान बौखलाया हुआ है, शोएब अख्तर से लेकर शाहिद अफरीदी तक इस पर बोल रहे हैं. लेकिन मोहम्मद यूसुफ़ ने तो सारी हदें पार कर दी थी, उन्होंने एक टीवी कार्यक्रम में सूर्यकुमार यादव को अपशब्द कहे थे. लेकिन 24 घंटे के अंदर उन्होंने इसको लेकर सफाई दी. यूसुफ़ ने ट्वीट करते हुए लिखा, "मेरा इरादा किसी भी ऐसे प्लेयर का अपमान करना नहीं था, जो अपने देश के लिए पूरे जोश और लगन से खेलता है. लेकिन जब इरफ़ान पठान ने कहा कि शाहिद अफरीदी कुत्ते की तरह भौंक रहे हैं, तो इंडियन मीडिया और लोग उनकी तारीफ़ क्यों कर रहे थे? क्या गरिमा और सम्मान की बात करने वाले सभी लोगों को उनकी इस बात को खारिज नहीं करना चाहिए था?" क्यों बौखलाए हुए हैं पाकिस्तानी दरअसल पहलगाम हमले के बाद पहली बार था, जब भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेल रही थी. सोशल मीडिया पर विरोध के बीच टीम इंडिया ने निर्णय लिया कि पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएंगे और ऐसा ही किया. इसके बाद पीसीबी ने मैच रेफरी को हटाने की मांग की, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया. आज पाकिस्तान का मुकाबला यूएई के साथ है. ग्रुप ए से भारतीय क्रिकेट टीम सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है, जबकि आज पाकिस्तान बनाम यूएई मैच की विजेता सुपर-4 में जाने वाली दूसरी टीम होगी और हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी.  

वेस्टइंडीज ने टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा की, 2 अक्टूबर से भारत में मुकाबला

नई दिल्ली क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने भारत दौरे के लिए अपनी 15 सदस्यीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है. यह सीरीज 2 से 14 अक्टूबर तक अहमदाबाद और दिल्ली में खेली जाएगी. यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का हिस्सा है और मौजूदा चक्र में वेस्टइंडीज का पहला विदेशी टेस्ट दौरा होगा. साथ ही, यह 2018 के बाद भारत का उनका पहला टेस्ट दौरा है. इन खिलाड़ियों को मिला मौका टीम में तीन बदलाव किए गए हैं. तजेनरीन चंद्रपॉल और एलिक अथनाजे को टीम में शामिल किया गया है, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर खैरी पियरे को पहली बार टेस्ट कॉल-अप मिला है. चंद्रपॉल और अथनाज़े को टॉप ऑर्डर को मज़बूत करने के लिए लाया गया है, वहीं पियरे को दूसरे स्पिन विकल्प के रूप में जगह दी गई है. उन्होंने वेस्टइंडीज चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 13.56 की औसत से 41 विकेट झटके थे. गुडाकेश मोटी को इस सीरीज से आराम दिया गया है ताकि वे अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप और सीमित ओवरों की व्यस्त सीरीज़ के लिए फिट रह सकें. टीम के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा कि भारत में खेलना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है. टीम 22 सितंबर को भारत के लिए रवाना होगी और 24 सितंबर को अहमदाबाद पहुंचेगी. वेस्टइंडीज टेस्ट टीम (भारत दौरे के लिए): रोस्टन चेज़ (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), केवलॉन एंडरसन, अलीक अथनाज़े, जॉन कैंपबेल, तगेनराइन चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खैरी पियरे, जेडन सील्स. पूरा कार्यक्रम: पहला टेस्ट: 2-6 अक्टूबर, नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद दूसरा टेस्ट: 10-14 अक्टूबर, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली

टेस्ट के पहले दिन सैम कोंस्टास का धमाल, अय्यर ब्रिगेड की पकड़ ढीली

लखनऊ  सैम कोंस्टास की शतकीय पारी और पहले विकेट के लिए कैंपबेल केलावे के साथ 198 रन की साझेदारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ए ने पहले अनौपचारिक टेस्ट के शुरुआती दिन भारत ए के खिलाफ मंगलवार को लखनऊ में पांच विकेट पर 337 रन बना लिए। हर्ष दुबे ने तीन विकेट लेकर मैच में भारत ए की कुछ हद तक वापसी कराई। दुबे ने 21 ओवर में 88 रन देकर तीन विकेट झटके। कोंस्टास ने भारतीय टीम के पिछले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पदार्पण मैच में आक्रामक पारी से प्रभावित किया था। उन्होंने रणजी ट्रॉफी के रिकार्डधारी दुबे की गेंद पर आउट होने से पहले परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए 144 गेंद की पारी में 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 109 रन बनाए।   प्रसिद्ध कृष्णाके खिलाफ आक्रामक तेवर इस 19 साल के खिलाड़ी को केलावे का शानदार साथ मिला, जिन्होंने 97 गेंद में 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 88 रन बनाए। कोंस्टास और केलावे की जोड़ी ने भारतीय टेस्ट गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा सहित अन्य गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखा कर टीम को 38वें ओवर में 200 रन के करीब पहुंचा दिया। इस साझेदारी को गुरनूर बरार (47 रन पर एक विकेट) ने केलावे तनुष कोटियान के हाथों कैच कराकर तोड़ा। इस साझेदारी के टूटने के बाद क्रीज पर आए कप्तान नाथन मैकस्वीनी (एक) कुछ खास नहीं कर सके और दुबे का पहला शिकार बने। दुबे ने दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को एलबीडब्ल्यू करने के बाद कोंस्टास को भी बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। भारत ने पकड़ बनाने का मौका गंवाया बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद (46 रन पर एक विकेट) ने ज्यादा समय गंवाए बिना ऑलिवर पिक (दो) को एलबीडब्ल्यू किया तब लगा कि श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारत ए की टीम अब मैच पर पकड़ बना लेगी। कूपर कॉनली (70) और लियन स्कॉट (नाबाद 47) ने पांचवें विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी कर एक बार फिर से मैच पर ऑस्ट्रेलिया ए का दबदबा कायम कर दिया। इस साझेदारी को दुबे ने कॉनली को देवदत्त पडिक्कल के हाथों कैच कराकर तोड़ा। कॉनली ने 84 गेंद की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। स्टंप्स के समय स्कॉट के साथ जॉश फिलिप (नाबाद तीन) क्रीज पर मौजूद थे। प्रसिद्ध कृष्णा और तनुष कोटियान को कोई सफलता नहीं मिली। कृष्णा ने 11 ओवर में 47 जबकि कोटियान ने 19 ओवर में 92 रन दिए।  

एशिया कप 2025: बांग्लादेश की पारी हुई शुरू, फारूकी ने संभाली अफगान अटैक की कमान

दुबई  आज अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीज एशिया कप 2025 का नौवां मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमों की अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में टक्कर हो रही है। बांग्लादेश ने 'करो या मरो' मैच में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी है। बांग्लादेश ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं जबकि अफगानिस्तान ने कोई फेरबदल नहीं किया। ग्रुप बी का हिस्सा राशिद खान की अगुवाई वाली अफगानिस्तान टीम टूर्नामेंट में दूसरी बार मैदान पर उतरी है और सुपर-4 का टिकट कटाने पर नजर है। उसने पहले मैच में हॉन्ग कॉन्ग को 94 रनों से रौंदा था। वहीं, लिटन दास की कप्तानी वाली बांग्लादेश टीम ग्रुप चरण का अपना तीसरा और आखिरी मैच खेल रही है। बांग्लादेश को अगर आज हार मिली तो टूर्नामेंट से पत्ता कट जाएगा। उसके खाते में दो मैचों में सिर्फ दो अंक हैं। बांग्लादेश को अपने पिछले मैच में श्रीलंका के हाथों 6 विकेट से हार मिली थी। बांग्लादेश की पारी हुई शुरू बांग्लादेश की पारी शुरू हो गई है। तंजीद हसन तमीम और सैफ हसन बैटिंग करने उतरे हैं। अफगानिस्तान के बॉलिंग अटैक की कमान फजलहक फारूक ने संभाली। उन्होंने पहले ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। 

TMC सांसद यूसुफ पठान की राहत नहीं, हाईकोर्ट ने अतिक्रमण मामले में आवेदन ठुकराया

अहमदाबाद  गुजरात हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए यूसुफ पठान को अतिक्रमणकारी करार दिया है. पूर्व क्रिकेटर व वर्तमान टीएमसी सांसद यूसुफ पठान पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप है. हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि जल्द ही जमीन को खाली किया जाए. अतिक्रमण के संबंध में यूसुफ पठान की तरफ से याचिका कोर्ट में दायर की गई थी. हाईकोर्ट ने पठान की याचिका खारिज करते हुए उसे अतिक्रमणकारी करार दिया है. वडोदरा के भूखंड को खाली करने का आदेश गुजरात हाईकोर्ट ने पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस सांसद यूसुफ पठान को वडोदरा में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का दोषी पाया है. कोर्ट ने उन्हें विवादित भूखंड को खाली करने का आदेश दिया है. इस फैसले में कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि सेलिब्रिटी कानून से ऊपर नहीं हो सकते और उन्हें विशेष छूट देना समाज के लिए गलत संदेश देता है. सिंगल बेंच ने की सुनवाई न्यायमूर्ति मोना भट्ट की सिंगल बेंच ने यह फैसला सुनाया, जिसमें यूसुफ पठान की याचिका खारिज कर दी गई जिसमें उन्होंने अपने बंगले से सटे सरकारी भूखंड पर कब्जा बनाए रखने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने क्या कहा? हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा सेलिब्रिटीज का समाज पर गहरा प्रभाव होता है. यदि उन्हें कानून तोड़ने के बावजूद छूट दी जाती है तो इससे न्यायिक व्यवस्था पर से जनता का भरोसा कमजोर होता है. ऐसे व्यक्तियों की जिम्मेदारी आम नागरिकों से ज्यादा होती है. क्या है मामला यह विवाद वर्ष 2012 में शुरू हुआ था. वडोदरा नगर निगम ने यूसुफ पठान को सरकारी जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया था. पठान ने इस नोटिस को चुनौती दी और गुजरात हाईकोर्ट का रुख किया. उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि उनके और उनके भाई इरफान पठान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वह जमीन खरीदने की अनुमति दी जाए. उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री को भी इस संबंध में आवेदन दिया था. सरकार का क्या रुख रहा यूसुफ पठान की अर्जी को नगर निगम ने राज्य सरकार को भेजा था, लेकिन वर्ष 2014 में सरकार ने भूमि आवंटन के प्रस्ताव को खारिज कर दिया. इसके बावजूद पठान ने जमीन पर कब्जा बनाए रखा, जससे मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंचा।