samacharsecretary.com

टीम सिलेक्शन पर विवाद, चोपड़ा ने हर्षित राणा की जगह पर उठाए सवाल

नई दिल्ली एशिया कप के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड घोषित होते ही चयन को लेकर बहस तेज हो गई है। श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों को 15 सदस्यों वाले स्क्वाड में नहीं चुनने पर सवाल उठ रहे हैं। सवाल कुछ खिलाड़ियों का चयन होने पर भी उठ रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज हर्षित राणा को एशिया कप के लिए चुने जाने पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है। चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर पूछा, 'हर्षित राणा का केस बहुत ही दिलचस्प है। उनके मामले में चर्चा की जरूरत है क्योंकि वह बार शिवम दुबे के रिप्लेसमेंट के तौर पर आए थे और तीन विकेट भी चटकाए। प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। लेकिन उससे पहले और उसके बाद क्या हुआ?' चोपड़ा ने आगे कहा, 'उनका पिछला आईपीएल सीजन बहुत ही साधारण रहा। उनका प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा। उनके आंकड़े ठीक नहीं हैं। ऐसा नहीं लगता कि उनके आंकड़े इतने दमदार हैं कि उन्हें स्क्वाड में जगह मिलनी चाहिए।' पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'यह भी सच है कि उन्हें सभी मैच खेलने का मौका मिलने से रहा। हो सकता है कि उन्हें एक मैच का मौका मिल जाए अगर बुमराह उपलब्ध नहीं रहेंगे तब। अगर उन्हें खेलने का मौका नहीं मिलने जा रहा तो आप कहेंगे कि बाहर ही तो बैठना है, क्या ही फर्क पड़ रहा है।।' आकाश चोपड़ा ने प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज के ऊपर हर्षित राणा को तरजीह दिए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, 'अगर आप उनके हालिया प्रदर्शन को देखें तो पाएंगे कि यार ये तो प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिलना चाहिए था या फिर मोहम्मद सिराज को इनाम मिलता। लेकिन वे एक बार फिर हर्षित राणा की तरफ गए हैं।'  

पहले ही मैच में झटका! एक्शन विवाद के चलते अफ्रीकी स्पिनर पर बैन

नई दिल्ली  अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बुधवार को बताया कि दक्षिण अफ्रीकी ऑफ स्पिनर प्रेनेलन सुब्रायन की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए रिपोर्ट की गई। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैच अधिकारियों की रिपोर्ट में सुब्रायन के गेंदबाजी एक्शन की वैधता को लेकर चिंता व्यक्त की गई है। ’’  सुब्रायन ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पहले एकदिवसीय मैच में 46 रन देकर एक विकेट लिया जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 98 रन से जीत हासिल कर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। इकतीस वर्षीय सुब्रायन के पास आईसीसी से मान्यता प्राप्त परीक्षण प्रयोगशाला में अपने गेंदबाजी एक्शन का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने के लिए 14 दिन का समय है। जांच के परिणाम आने तक उन्हें गेंदबाजी करने की अनुमति है। नियम के अनुसार गेंदबाज को क्रिकेट गेंद फेंकते समय अपनी कोहनी को 15 डिग्री तक मोड़ने की अनुमति है। यह पहली बार नहीं है जब यह ऑफ स्पिनर जांच के दायरे में आया है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने 2012 में दो अलग जांच करने के बाद उनके गेंदबाजी एक्शन को अवैध घोषित किया था। इसके बाद 2013 में सुधारात्मक कार्रवाई के बाद उन्हें गेंदबाजी करने की अनुमति दी गई और उनके गेंदबाजी एक्शन का दोबारा परीक्षण किया गया। बाद में 2014 में भारत में चैंपियंस लीग टी20 टूर्नामेंट के दौरान और फिर 2015 में एक घरेलू टी20 टूर्नामेंट के दौरान उनकी गेंदबाजी एक्शन की रिपोर्ट की गई। वह 2016 की शुरुआत में उनके गेंदबाजी एक्शन के पुनर्मूल्यांकन में विफल रहे लेकिन क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के हाई परफॉरमेंस सेंटर से मंजूरी मिलने के बाद उन्हें मंजूरी दे दी गई और मार्च 2016 में उन्होंने गेंदबाजी फिर से शुरू कर दी। सुब्रायन ने इस साल बुलावायो में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना टेस्ट पदार्पण किया था और पहली पारी में चार विकेट झटके थे।  

मुंबई रणजी टीम की कप्तानी छोड़ेंगे अजिंक्य रहाणे, जानें फैसले के पीछे की वजह

नई दिल्ली  टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने आगामी डोमेस्टिक सीजन से पहले मुंबई की कप्तानी छोड़ने का बड़ा फैसला लिया है। 37 साल के रहाणे ने यह फैसला अपनी उम्र और नए कप्तान को तैयार करने को ध्यान में रखते हुए लिया है। वह बतौर खिलाड़ी मुंबई की टीम का हिस्सा होंगे। रहाणे ने कप्तानी छोड़ने का यह ऐलान सोशल मीडिया पर किया। रहाणे का मानना ​​है कि मुंबई के लिए एक नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है और उन्होंने यह भी दोहराया है कि वह टीम के लिए खेलना जारी रखेंगे।   रहाणे ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “मुंबई टीम की कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही है। आने वाले घरेलू सत्र को देखते हुए, मेरा मानना ​​है कि एक नए कप्तान को तैयार करने का यह सही समय है, इसलिए मैंने कप्तानी की भूमिका जारी न रखने का फैसला किया है। मैं एक खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के साथ अपनी यात्रा जारी रखूंगा ताकि हम और अधिक ट्रॉफी जीत सकें। इस सीजन का बेसब्री से इंतजार है।” रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने जीते दो खिताब रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023-24 सीजन में खिताब जीतकर रणजी ट्रॉफी के सात साल के इंतज़ार को खत्म किया। टीम ने 2024-25 के सीजन में ईरानी ट्रॉफी भी हासिल की। कप्तानी छोड़ने के बावजूद, रहाणे ने स्पष्ट किया कि उनका संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है और वे सभी फॉर्मेट में बल्लेबाज के रूप में मुंबई की सेवा करते रहेंगे। कौन होगा मुंबई का अगला कप्तान? मुंबई की टीम में श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। जायसवाल और सरफराज को छोड़कर, बाकी सभी की कप्तानी काबिले तारीफ है – अय्यर तीन आईपीएल फ्रेंचाइजी का नेतृत्व कर चुके हैं, जबकि सूर्यकुमार भारत के वर्तमान टी20 कप्तान हैं। जायसवाल की टेस्ट प्रतिबद्धताओं को देखते हुए, चयनकर्ता घरेलू सत्र के अधिकांश समय के लिए उपलब्ध कप्तान को प्राथमिकता दे सकते हैं। अय्यर और सूर्यकुमार दोनों ही रहाणे की जगह मुंबई के कप्तान बनने के प्रबल दावेदार हैं।  

टीम इंडिया के चयन पर दिग्गज का सवाल, 1983 वर्ल्ड कप विजेता बोले- हैरान करने वाले फैसले

नई दिल्ली एशिया कप के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड पर 1983 वर्ल्ड कप के हीरो मदन लाल ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ खिलाड़ियों के शामिल नहीं किए जाने से उन्हें आश्चर्य है। उन्होंने हार्दिक पांड्या पर भी चयन समिति पर सवाल उठाए। हालांकि उन्होंने साथ में यह भी कहा कि भारतीय टीम एशिया कप जीत सकती है। बातचीत में पूर्व चयनकर्ता मदन लाल ने कहा, 'कभी-कभी आप यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों के शामिल नहीं किए जाने पर हैरान महसूस करते हैं…मुझे नहीं पता हार्दिक पांड्या को क्यों हटाया गया।' उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन गिल एक अच्छी पसंद हैं क्योंकि वह बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं। आने वाले समय में यह संभव है कि गिल तीनों ही फॉर्मेट में खेलेंगे…वे खिलाड़ी जो मैच जिताते हैं, उन्हें बाहर नहीं किया जाना चाहिए…हमारे पास इतनी अच्छी टीम है कि हम एशिया कप जीत सकते हैं।’ मदन लाल ने भले ही कहा कि हार्दिक पांड्या को क्यों हटाया गया, लेकिन वह एशिया कप के स्क्वाड का हिस्सा हैं। पूर्व चयनकर्ता का इशारा पांड्या को उपकप्तान नहीं बनाए जाने की तरफ था। वैसे भी ऑलराउंडर को पहले ही उपकप्तानी से हटा दिया गया था और पिछली सीरीज में अक्षर पटेल इस भूमिका में थे। पांड्या ने 2024 के वर्ल्ड कप में उपकप्तानी की थी। एशिया कप के लिए ये जिम्मेदारी शुभमन गिल को मिली है। यशस्वी जायसवाल 15 खिलाड़ियों के स्क्वाड में नहीं हैं, लेकिन उन्हें रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है। अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयनसमिति ने मंगलवार को एशिया कप के लिए 15 सदस्यों वाले भारतीय दल का ऐलान किया। यशस्वी जायसवाल को इसमें जगह नहीं मिली। इसी तरह चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत के हीरो और टूर्नामेंट में टीम के टॉप स्कोरर रहे श्रेयस अय्यर को भी नजरअंदाज किया गया। अय्यर ने आईपीएल 2025 और पिछले साल घरेलू सीजन में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया था। जायसवाल को तो स्क्वाड में जगह नहीं मिली लेकिन रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में उन्हें जरूर रखा गया है। दूसरी तरफ अय्यर को रिजर्व खिलाड़ी के लायक भी नहीं समझा गया। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।  

मंत्री सारंग: शूटिंग में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनने की राह पर

शूटिंग में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में अग्रसर- मंत्री सारंग मंत्री सारंग: शूटिंग में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनने की राह पर मध्यप्रदेश शूटिंग में अग्रणी बनने की दिशा में, मंत्री सारंग ने दी जानकारी मंत्री सारंग ने राज्य शूटिंग अकादमी का किया निरीक्षण भोपाल खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी का निरीक्षण कर वहाँ की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अकादमी में अभ्यासरत प्रदेश के प्रतिभावान शूटिंग खिलाड़ियों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री सारंग ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश शूटिंग में देश को अग्रणी राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना, प्रशिक्षित कोचिंग स्टाफ और उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध करा रही है। हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव सहयोग करेगी। सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अकादमी परिसर की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को खिलाड़ियों की सुविधाओं में बेहतरी के निर्देश दिए।  

डल झील में खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल-2025 का आयोजन

डल झील में पहले खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल-2025 का आयोजन डल झील में खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल-2025 का आयोजन वाटर स्पोर्ट्स क्याकिंग केनोइंग और रोइंग के 44 खिलाड़ी करेंगे प्रतिभागिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सारंग ने दीं शुभकामनाऐं भोपाल प्रथम 'खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल-2025' का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर स्थित प्रतिष्ठित डल झील में किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के 44 प्रतिभाशाली खिलाड़ी एवं 10 सहायक स्टाफ सहित कुल 54 सदस्यो का दल शामिल होगा। दलबीर सिंह, मुख्य प्रशिक्षक, वॉटर स्पोर्ट्स रोइंग अकादमी भी दल में शामिल हैं। खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 में 3 खेलों का अभियान किया जा रहा हैं, जिसमें मध्यप्रदेश के खिलाड़ी दो खेलों रोइंग और क्याकिंग-केनोइंग में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल- 2025 जम्मू-कश्मीर में प्रतिभागिता करने जा रहे मध्यप्रदेश के सभी वॉटर स्पोर्ट्स के प्रतिभावन खिलाड़ियों को शानदार खेल का प्रदर्शन कर विजेता बनने के लिए उत्साहित करते हुये शुभकामनाऐं दी हैं। 'खेलो इण्डिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल' राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण खेल प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता में 5 खेलों रोइंग, क्याकिंग केनोइंग (पदकीय स्पर्धा), वॉटर स्कींग, डेगन बोट और शिकारा स्प्रिंट (डेमो खेल) शामिल किये गये हैं। आयोजन में देश के 36 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के लगभग 400 खिलाड़ी प्रतिभागिता कर रहे हैं।  

BCCI ने घोषित की Women’s World Cup 2025 टीम, 15 खिलाड़ियों की किस्मत चमकी

मुंबई  बीसीसीआई ने  आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। हरमनप्रीत कौर को 15 सदस्यीय टीम की कमान सौंपी गई है। उन्हें गोल्डन चांस मिला है। वह पहली बार 50 ओवर फॉर्मेट के वनडे वर्ल्ड में भारत की कप्तानी करेंगी। ओपनर स्मृति मंधाना को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टूर्नामेंट 30 सितंबर से भारतीय सरजमीं पर शुरू होगा। भारत ने अब तक महिला वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीता है। नीतू डेविड की अगुवाई वाली चयन समिति ने स्टार प्लेयर शेफाली वर्मा को वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह नहीं दी। नीतू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम अच्छा खेल रही है। हमें लगा कि इसमें ज्यादा बदलाव करने का कोई फायदा नहीं है। इसीलिए शेफाली टीम में नहीं है। लेकिन वो हमारी रणनीति का हिस्सा बनी हुई है। शीर्षक्रम की बल्लेबाज प्रतीका रावल को टीम में चुना गया है। उन्होंने पिछले 14 वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है। हरलीन देओल को भी अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड में हालिया सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली क्रांति गौड़ और श्रीचरणी को भी चुना है। बॉलिंग अटैक की कमान रेणुका सिंह ठाकुर संभालेंगी। रेणुका महिला प्रीमियर लीग के बाद पैर की चोट के कारण बाहर हो गई थीं। वह श्रीलंका में टॉई सीरीज में भी नहीं खेल पाईं। बता दें कि वर्ल्ड कप के अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की महिला वनडे सीरीज के लिए भी भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की गई है। वर्ल्ड कप और ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए स्क्वॉड में सिर्फ एक बदलाव है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अमनजोत कौर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आराम दिया गया है लेकिन वह वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 14 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज आयोजित होगी। सीरीज के शुरुआती दो मैच मुल्लांपुर के स्टेडियम में होंगे जबकि अंतिम मुकाबले दिल्ली में खेला जाना है। महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के लिए भारतीय स्कॉड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (वीसी), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर) और स्नेह राणा। ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्कॉड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा।

ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका ने वनडे में थमाई 34 सालों की सबसे बड़ी हार

साउथ अफ्रीका साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। साउथ अफ्रीका ने मंगलवार को मेजबान ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में 92 रनों से रौंदा। ऑस्ट्रेलियाई टीम केर्न्स के मैदान पर 297 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 40.5 ओवर में 198 पर ढेर हो गई। स्पिनर केशव महाराज के 'कातिलाना पंजे' से ऑस्ट्रेलिया बुरी तरह जख्मी हुआ। उन्होंने 10 ओवर में महज 33 रन देकर पांच विकेट चटकाए। महराज ने पहली बार पांच विकेट हॉल लिया। महराज का इससे पहले करियर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन पर चार विकेट था। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया को पिछले 34 सालों में रनों के लिहाज घरेलू वनडे में सबसे बड़ी हार झेलनी पड़ी है। वहीं, साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर कंगारू टीम के खिलाफ वनडे में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। साउथ अफ्रीका ने इससे पहले 1994 में पर्थ में ऑस्ट्रेलिया को 82 रनों से धूल चटाई थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सधी हुई शुरुआत की। ट्रैविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। हेड 24 गेंदों में 27 रन बनाकर आठवें ओवर में स्टंप आउट हुए। इसके बाद, महाराज का कहर देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया ने 89 रन तक अपने छह विकेट गंवा दिए थे। प्लेयर ऑफ द मैच महराज ने मार्नस लाबुशैन (1), कैमरून ग्रीन (3), जोश इंग्लिस (5), एलेक्स कैरी (0) और आरोन हार्डी (4) का शिकार किया। हालांकि, मार्श ने काफी देर तक मजबूती से एक छोर संभाले रखा। वह 37वें ओवर में पवेलियन लौटे। उन्होंने 96 गेंदों में 10 चौकों के जरिए 88 रन बनाए। बेन ड्वार्शुइस ने 33 और नाथन एलिस ने 14 रनों का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी और नंद्रे बर्गर ने दो-दो विकेट झटके। दूसरी ओर, टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 296 रन जुटाए। ओपनर एडेन मार्करम ने 81 गेंदों में 82 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके निकले। रयान रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 33 रन बटोरे। कप्तान टेम्बा बावुमा (74 गेंदों में 65) और मैथ्यू ब्रीट्जके (56 गेंदों में 57) ने अर्धशतक ठोका। वियान मुल्डर 26 गेंदों में 31 रन बनाकर नाबाद रहे। ट्रिस्टन स्टब्स का खाता नहीं खुला। डेवाल्ड ब्रेविस 6 रन ही जुटा सके। ऑस्ट्रेलिया के लिए हेड ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। बेन ड्वार्शुइस ने दो अपने नाम किए।  

भारतीय महिला टीम का वर्ल्ड कप स्क्वाड तैयार, देखें पूरा चयनित खिलाड़ी सूची

नई दिल्ली बीसीसीआई ने आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय महिला टीम का एलान कर दिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी टीम का एलान कर दिया गया है। हरमनप्रीत कौर को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। मंधाना उनकी डिप्टी होंगी। धाकड़ सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की टीम में वापसी नहीं हुई है। उनकी जगह प्रतिका रावल ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगी।  युवा खिलाड़ियों को मिला मौका प्रतिका रावल, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और श्री चरणी जैसी युवा खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली है। कुछ समय से यह खिलाड़ी गजब की फॉर्म में रही हैं। 30 सितंबर से खेला जाएगा टूर्नामेंट महिला विश्व कप 30 सितंबर से 2 नवंबर के बीच भारत में खेला जाएगा। हालांकि, पाकिस्तान के सभी मैच कोलंबो में खेले जाएंगे। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम की नजरें पहली बार वैश्विक ट्रॉफी जीतने पर टिकी होंगी। इंग्लैंड को सीमित ओवरों की दोनों सीरीज में हराने और श्रीलंका तथा साउथ अफ्रीका के खिलाफ अप्रैल में वनडे ट्राई सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम काफी आत्मविश्वास के साथ विश्व कप में उतरेगी। क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए भारतीय महिला टीम:- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर) और स्नेह राणा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम:- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष (विकेटकीपर), क्रांति गौड़, सयाली सतघरे, राधा यादव, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), स्नेह राणा  

महाआर्यमन सिंधिया की ताजपोशी तय, MPCA अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाने के आसार

भोपाल मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का अगला अध्यक्ष कौन होगा। दो सितंबर को इसके लिए वोटिंग है। इस रेस में सबसे आगे महाआर्यमन सिंधिया चल रहे हैं। उनके नाम सामने आते ही यह संभावना जताई जा रही है कि क्या वे निर्विरोध अध्यक्ष बन जाएंगे। क्योंकि उनके पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया अब बीजेपी में है। कैलाश विजयवर्गीय के साथ उनकी पुरानी अदावत भी खत्म हो गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि महाआर्यमन सिंधिया निर्विरोध एमपीसीए के अध्यक्ष बन सकते हैं। संजय जगदाले का गुट भी कई महत्वपूर्ण पदों पर जीत हासिल कर सकता है। अभी अभिलाष खांडेकर हैं अध्यक्ष दरअसल, एमपी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अभी अभिलाष खांडेकर हैं। उनका दूसरा कार्यकाल पूरा हो रहा है। सूत्रों के अनुसार महाआर्यमन सिंधिया को इसके लिए नामित करने की तैयारी चल रही है। अभी महाआर्यमन सिंधिया ग्वालियर क्रिकेट डिवीजन के उपाध्यक्ष हैं। एमपी प्रीमियर लीग की शुरुआत की महाआर्यमन सिंधिया ने दो साल पहले ग्वालियर में एमपी प्रीमियर लीग सिंधिया कप की शुरुआत की थी। इसमें उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमता दिखाई है। साथ ही यह लीग सफल रही है। एक सीनियर क्रिकेटर ने कहा कि लीग के जरिए महाआर्यमन सिंधिया ने दिखा दिया है कि महाआर्यमन में बड़ी जिम्मेदारियां लेने की क्षमता है। विरोधी गुटों को भी साधने की तैयारी वहीं, पहले इस लीग को इंदौर में आयोजित करने की प्लानिंग थी। लेकिन बाद में ग्वालियर में हुआ। सूत्रों ने बताया है कि एसोसिएशन के चुनाव में संजय जगदाले और कैलाश विजयवर्गीय गुट के सदस्यों को भी अहम पद मिल सकते हैं। ताकि उनदोनों को भी साधा जा सके। इंदौर में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन वहीं, चुनाव से पहले, एसोसिएशन के आठ डिवीजनों के अधिकारी सोमवार को इंदौर में MPCA पुरस्कार समारोह के लिए पहुंचे। एक वरिष्ठ सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चूंकि सभी लोग इंदौर में थे, इसलिए चुनाव से पहले मिलने का यह एक अच्छा मौका था। अगले कुछ दिनों में स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। अभी तक यह साफ है कि अध्यक्ष पद के लिए एक नाम तय हो गया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी रह चुके हैं अध्यक्ष गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके पिता माधवराव सिंधिया भी पहले MPCA के अध्यक्ष रह चुके हैं। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव तो बिना विरोध के होने की उम्मीद है। लेकिन सचिव पद के लिए मुकाबला हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, जगदाले गुट का कोई सदस्य इस पद के लिए चुना जा सकता है।