samacharsecretary.com

होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांताराः चैप्टर 1 का मुंबई में होगा प्री-रिलीज इवेंट!

मुंबई,  होम्बले फिल्म्स और ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांताराः चैप्टर 1 का मुंबई में 29 सितंबर को प्री-रिलीज इवेंट हो सकता है। वर्ष 2022 में कांतारा की ज़बरदस्त सफलता के बाद दर्शक इसके प्रीक्वल का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। ऐसे में, अब जब ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है।दर्शक इसमें रोंगटे खड़े कर देने वाले पल और दिल को छू जाने वाले विजुअल्स देख पा रहे हैं। ये ट्रेलर सिर्फ उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है, बल्कि उसे पार करने में कामयाब रहा है। इतिहास रचते हुए, ट्रेलर ने सिर्फ़ 24 घंटे में 107 मिलियन से ज़्यादा व्यूज़ और 3.4 मिलियन से ज़्यादा लाइक्स हासिल किए हैं। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जोश अपने सबसे ऊँचे लेवल पर पहुंच चुका है और अब मेकर्स 29 सितंबर को मुंबई में फिल्म रिलीज से पहले एक इवेंट करने की तैयारी कर रहे हैं। एक करीबी सूत्र के अनुसार , "कांतारा: चैप्टर 1 के मेकर्स मुंबई में एक प्रमोशनल इवेंट करने की प्लानिंग बना रहे हैं, जिसमें ऋषभ शेट्टी, रुक्मिणी और होम्बाले फिल्म्स के प्रोड्यूसर शामिल होंगे।यह लगभग दो सालों में ऋषभ का नॉर्थ इंडिया में पहला मीडिया अपीयरेंस होगा, क्योंकि वह पिछले लंबे समय से पूरी तरह से कांतारा: चैप्टर 1 की शूटिंग में बिजी चल रहे थे। इसके साथ ही मेकर्स इस मीडिया इंटरैक्शन के साथ अपना पहला बड़ा नॉर्थ इंडिया प्रोग्राम करने जा रहे हैं।" कांताराः चैप्टर 1 होम्बले फिल्म्स की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। यह फिल्म 02 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।  

सिद्धू की अजब-गजब शायरी पर मलाइका लिखेंगी किताब!

  मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा ने नवजोत सिंह सिद्धू की शायरी पर किताब लिखने की इच्छा जतायी है। बहुप्रतीक्षित इंडियाज़ गॉट टैलेंट का नया सीज़न आखिरकार जल्दी शुरू होने वाला है, और मंच पर जोश, जुनून और जादू का माहौल है। नवजोत सिंह सिद्धू, मलाइका अरोड़ा और शान एक साथ आकर दर्शकों को प्रतिभा, ग्लैमर और मनोरंजन का शानदार संगम दे रहे हैं।जहां भारत की कुछ सबसे अजब टैलेंट्स मंच पर गजब मोमेंट्स रच रही हैं, वहीं सिद्धू अपनी अनोखी शैली में शायरी की बौछार कर माहौल को और भी रंगीन बना रहे हैं। प्रतियोगियों की सांसें रोक देने वाली प्रस्तुतियों के बाद सिद्धू की दिल से निकली शायरियां हर प्रस्तुति को यादगार बना देती हैं। उनकी शायरी की अनवरत धारा ने न सिर्फ सभी को चौंका दिया है, बल्कि मलाइका को भी गहराई से प्रभावित किया है। अब वह सिद्धू की इन काव्य रचनाओं से प्रेरित होकर एक किताब लिखने की इच्छा जता रही हैं! एक ऐसे ही पल में, जब सिद्धू ने एक प्रस्तुति के बाद शायरी सुनाई, मलाइका खुद को रोक नहीं पाईं और बोलीं, “सारे जो आप बोल रहे हो न, मुझे लिखना है।” प्रोमो में सिद्धू की एक प्रभावशाली पंक्ति “दुनिया में सबसे बड़ा रोग, मेरे बारे में क्या कहेंगे लोग”,उन संघर्षों को दर्शाती है जो समाज की आलोचनाओं से दबे रहते हैं। यह पंक्ति प्रतिभाओं को प्रेरित करती है कि वे ऐसे बंधनों से ऊपर उठें और अपने सपनों को निडर होकर पूरा करें। इंडियाज़ गॉट टैलेंट के पहले प्रोमो में इस सीज़न की झलक भर दिखाई गई है, जिसमें टैगलाइन “जो अजब है, वो गजब है” इस सीज़न की आत्मा को बखूबी दर्शाती है।इंडियाज़ गॉट टैलेंट का प्रसारण 04 अक्टूबर 2025 से हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और सोनी लिव पर होगा।  

एमा वॉटसन ने बताई एक्टिंग से दूरी की वजह, बोलीं- हॉलीवुड ने कर दिया थका

मॉस्को  हॉलीवुड के चमकते पर्दे के पीछे की सच्चाई के बारे में हाल ही में अभिनेत्री एमा वॉटसन ने बताया है। हैरी पॉटर सीरीज से घर-घर में मशहूर हुईं अभिनेत्री आखिर बीते 7 वर्षों से किसी एक्टिंग प्रोजेक्ट में नजर क्यों नहीं आईं। हाल ही में उन्होंने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल अध्याय के बारे में खुलकर बात की, जिसने उन्हें पर्दे से दूर कर दिया। एमा वॉटसन ने किया खुलासा एमा वॉटसन, जिन्हें दुनिया ने हैरी पॉटर सीरीज की होशियार और निडर हरमाइनी ग्रेंजर के रूप में अपनाया, उन्होंने साल 2018 में 'लिटिल वूमेन' के बाद अभिनय से दूरी बना ली थी। अब 35 वर्ष की उम्र में, उन्होंने एक पॉडकास्ट पर अपनी चुप्पी तोड़ी और बताया कि कैसे हॉलीवुड के माहौल ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया। हॉलीवुड से ब्रेक लेने पर की बात जय शेट्टी के साथ पॉडकास्ट में एमा वॉटसन ने स्वीकार किया कि हैरी पॉटर के सेट पर उन्होंने जिस पारिवारिक जुड़ाव और दोस्ती को महसूस किया था, वही उम्मीद वह बाकी फिल्मों में भी ले आईं। लेकिन वास्तविकता अलग थी। उनके मुताबिक, इंडस्ट्री में ज्यादातर लोग काम को केवल करियर और अवसर के नजरिए से देखते थे, न कि रिश्तों के लिहाज से। यही उनके लिए सबसे बड़ा झटका था। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हॉलीवुड का प्रतिस्पर्धी माहौल, ईर्ष्या और अहंकार से भरा हुआ था। एमा ने इसे एक ऐसा टॉक्सिक माहौल बताया जिसने उनकी संवेदनशीलता को गहरी चोट पहुंचाई। वह मानती हैं कि उन्हें इन सब चीजों से काफी तकलीफ पहुंची और इसलिए उन्होंने ब्रेक लेने का फैसला किया था। को-स्टार्स के साथ फेक दोस्ती पर बोलीं एमा इतना ही नहीं, एमा वॉटसन ने यह भी बताया कि फिल्मों के प्रमोशन के दौरान उन्हें नकली मुस्कान और झूठी दोस्ती दिखाने की मजबूरी सबसे ज्यादा खराब लगी। उनके लिए यह बेहद दर्दनाक था कि उन्हें बार-बार ऐसा दिखाना पड़ता था मानो वह अपने सह-कलाकारों के साथ गहरी दोस्ती निभा रही हों, जबकि हकीकत इसके विपरीत थी। इसके बावजूद, उन्होंने इस अनुभव से सकारात्मक पहलू खोजने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि 'अगर मैं टूटी हूं, तो इसका मतलब है कि अभी भी मेरे अंदर टूटने के लिए कुछ बचा है—एक दिल जो अब भी महसूस कर सकता है।' डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रही हैं एमा बता दें आज एमा वॉटसन ने फिल्मों से अलग राह पकड़ ली है। वह इस समय ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रही हैं और अपने जीवन को नए मायनों में ढाल रही हैं। हरमाइनी ग्रेंजर के रूप में एमा ने करोड़ों दर्शकों को अपना दीवाना बनाया था। 

रुपाली गांगुली ने मां कूष्मांडा को याद कर बेजुबानों के लिए की प्रार्थना

मुंबई, टेलीविजन इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने गुरुवार को एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने मां कूष्मांडा देवी से बेजुबान जानवरों के लिए प्रार्थना की। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में वह पालतू कुत्तों के साथ नजर आ रही हैं, जिन्हें उन्होंने अपने दिल के करीब बताया। अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “मां कूष्मांडा से मेरी प्रार्थना है कि वह हर दिल को दया, करुणा और प्रेम से भर दें, खासकर उन बेजुबानों के लिए जो अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर सकते। मेरे ‘कॉफी’ और ‘किंग कॉन्ग’ यहां पोज दे रहे हैं। ये बोल नहीं सकते, लेकिन सब कुछ समझते और महसूस करते हैं।” तस्वीरों में रुपाली अपने पालतू कुत्तों के साथ अलग-अलग अंदाज में दिख रही हैं। एक तस्वीर में वह एक कुत्ते को गोद में लिए कैमरे की ओर देख रही हैं, जबकि दूसरा डॉगी उनके पास बैठा है। दूसरी तस्वीर में वह जमीन पर बैठकर एक कुत्ते को गोद में लिए उसके सिर पर हाथ रखे हुए हैं, और बगल में बैठे डॉगी के भी सिर पर हाथ रखे हुए हैं। तीसरी तस्वीर में वह एक डॉगी को गोद में लिए हुए हैं और दूसरे के सिर को अपने सिर से सटाए हुए हैं, जो उनके प्रेम को दर्शा रहा है। लुक की बात करें तो अभिनेत्री ने पीले रंग की साड़ी पहन रखी है, जिसका गुलाबी रंग का चौड़ा बॉर्डर है। इसके साथ ही उन्होंने मैचिंग ब्लाउज पेयर किया। गले में नेकपीस, कानों में झुमके, नाक में पांचू नथ (महाराष्ट्रीयन नथ), हाथों में गोल्डन कंगन और बाजूबंद उनके लुक को निखार रहे हैं। साथ ही उन्होंने चंद्र बिंदी और मिनिमल मेकअप के साथ बालों को जूड़े में सजाया। फैंस का मानना है कि ये तस्वीरें उनके सेट ‘अनुपमा’ की हैं। रुपाली की यह पोस्ट उनके प्रशंसकों के बीच खूब पसंद की जा रही है, और लोग उनके बेजुबानों के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं।  

इटालियन सिनेमा की मशहूर अदाकारा क्लाउडिया कार्डिनले का 87 वर्ष की उम्र में निधन

इटली दिग्‍गज इटालियन एक्ट्रेस क्लाउडिया कार्डिनले का निधन हो गया है। 100 से अध‍िक फिल्‍मों और शोज में काम कर चुकीं एक्‍ट्रेस ने मंगलवार को 87 साल की उम्र में आख‍िरी सांस ली। क्लाउडिया 1960 और 1970 के दशक की सबसे मशहूर यूरोपियन एक्‍ट्रेस रही हैं। उन्‍हें 1963 में फेडेरिको फेलिनी की फिल्म '8½' से पॉपुलैरिटी मिली थी, जिसमें उनके साथ मार्सेलो मास्ट्रोयानी लीड रोल में थे। 'एएफपी' की रिपोर्ट के मुताबिक, क्‍लाउडिया का निधन फ्रांस के नेमूर शहर में हुआ, जहां उनके बच्चे भी साथ थे। उनके एजेंट लॉरेंट सैवरी ने न्‍यूज एजेंसी से मौत की पुष्‍ट‍ि की। क्लाउडिया ने अपना एक्‍ट‍िंग करियर 17 साल की उम्र में शुरू किया था, इससे पहले वह एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट की विनर भी रही थीं। ट्यूनिशिया में पैदा हुई थीं क्‍लाउडिया कार्डिनले ट्यूनिशिया में पैदा हुईं क्‍लाउडिया कार्डिनले के माता-पिता सिसिलियन थे। साल 1963 में '8½' की सफलता के बाद उन्होंने लुचीनो विस्कोंती की अवॉर्ड विनिंग फिल्म 'द लेपर्ड' में एंजेलिका सेदार का किरदार निभाया और 1968 में सर्जियो लियोने की मशहूरफिल्म ‘वन्स अपॉन अ टाइम इन दी वेस्ट’ में भी तारीफ बटोरी। इस फिल्‍म में उन्‍होंने एक एक्‍स-सेक्स वर्कर का रोल प्‍ले किया था। फिल्मों से पहले स्कूल टीचर बनने वाली थीं क्‍लाउडिया क्लाउडिया कार्डिनले ने साल 2002 में बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड लेते वक्त कहा था, 'मैं फिल्में कर रही हूं, तो यह बस एक संयोग है। जब मुझसे पूछा गया था कि क्‍या मैं फिल्मों में आना चाहती हूं, तो मैंने इनकार किया था। मैं तो स्‍कूल टीचर बनने वाली थी।' ब्रिजिट बार्डोट से होती थी क्लाउडिया कार्डिनले की तुलना क्लाउडिया कार्डिनले की सफलता सोफिया लॉरेन की इंटरनेशनल पॉपुलैरिटी के बाद आई। उन्हें इटली की ओर से ब्रिजिट बार्डोट का जवाब माना जाने लगा। हालांकि उन्हें फ्रांसीसी एक्‍ट्रेस ब्रिजिट जितनी सफलता कभी नहीं मिली, फिर भी कार्डिनले को एक स्टार माना जाता था और उन्होंने यूरोप और हॉलीवुड के सबसे बड़े फिल्‍ममेकर्स के साथ काम किया।जहां तक ब्रिजिट बार्डोट की बात है, तो वह फ्रेंच एक्ट्रेस, मॉडल और सिंगर थीं। उन्‍हें 1950 और 1960 के दशक में आइकन माना जाता था। वह खास तौर पर अपनी खूबसूरती और स्टाइल के लिए जानी जाती थीं। क्लाउडिया कार्डिनले ने कहा था- सिनेमा ने मुझे सबकुछ दिया क्लाउडिया फिल्‍मों के बारे में अक्सर कहती थीं, ‘सिनेमा ने मुझे सबकुछ दिया। यह अद्भुत बात है कि मैं इतनी अलग-अलग जिंदगियां जी। मैंने पर्दे पर 150 से ज्यादा अलग-अलग महिलाओं की जिंदगी को जीने का काम किया।' क्लाउडिया कार्डिनले की शादी और तलाक क्लाउडिया के सबसे शुरुआती किरदारों में 1958 की कॉमेडी फिल्म ‘बिग डील ऑन मैडोना स्ट्रीट’ यादगार है। इसमें उन्होंने ब्लैक सिसिलियन गर्लका रोल किया था। इस फिल्म के प्रोड्यूसर फ्रैंको क्रिस्टाल्डी थे, जिन्होंने शुरुआत में उनके करियर को मैनेज भी किया।1966 में क्लाउडिया ने फिल्म प्रोड्यूसर फ्रैंको क्रिस्टाल्डी से शादी की, जो 1975 तक चली। भूरी आंखों वाली क्लाउडिया अपने समय की बेहद खूबसूरत एक्ट्रेस मानी जाती थीं। क्लाउडिया कार्डिनले की हॉलीवुड फिल्‍में हॉलीवुड में उन्होंने रॉक हडसन के साथ ‘ब्लाइंडफोल्ड’ (1965) और टोनी कर्टिस के साथ ‘डोंट मेक वेव्स’ (1967) जैसी फिल्में करके नाम कमाया। क्लाउडिया का मानना था कि उनकी सबसे बेहतरीन हॉलीवुड फिल्म 1966 की ‘द प्रोफेशनल्स’ है, जिसे रिचर्ड ब्रूक्स ने डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में उन्होंने बर्ट लैंकेस्टर, जैक पैलेंस, रॉबर्ट रयान और ली मार्विन जैसे बड़े एक्टर्स के साथ काम किया था। क्लाउडिया कार्डिनले के बच्‍चे क्लाउडिया को अपने करियर में कई अवॉर्ड्स मिले। इनमें 'गोलडन लायन फोर एचीवमेंट' भी शामिल है, जो उन्होंने वेनिस फिल्म फेस्टिवल में जीता। साल 2000 में उन्हें यूनेस्को ने 'महिलाओं के अधिकारों की रक्षा' के लिए गुडविल एम्बेसडर चुना। परिवार में क्‍लाउडिया के दो बच्चे हैं। इनमें से एक उनके पहले पति फ्रैंको क्रिस्टाल्डी से है और दूसरा बच्‍चा, पार्टनर और डायरेक्टर पास्क्वाले स्क्विटिएरी से।

संजय दत्त ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में टेका माथा, भस्म आरती में हुए शामिल

उज्जैन,  बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता संजय दत्त ने गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लेकर भगवान शिव से आशीर्वाद लिया। मंदिर के नंदी हॉल में बैठकर संजय दत्त ने पूरे विधि-विधान से आरती देखी और भगवान महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर में पहुंचे संजय दत्त का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे आध्यात्मिक माहौल का आनंद लेते दिख रहे हैं। मंदिर में दर्शन के बाद संजय दत्त ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि बाबा महाकाल ने मुझे बुलाया। मैं कई सालों से यहां आने की कोशिश कर रहा था। मैं आज यहां आकर और भस्म आरती देखने का अवसर पाकर बेहद खुश हूं।” उन्होंने कहा, “मैंने यहां दिव्य ऊर्जा को प्रत्यक्ष रूप से महसूस किया। मेरी कामना है कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद सब पर बना रहे।” महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भगवान शिव के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह मंदिर उज्जैन शहर में स्थित है, जिसे भारत के प्राचीन धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। मान्यता है कि यहां स्थित शिवलिंग स्वयंभू है, यानी यह शिवलिंग खुद धरती से प्रकट हुआ है। यह अन्य ज्योतिर्लिंगों से इस मायने में अलग है कि यहां शिव की ऊर्जा भीतर से ही उत्पन्न होती है, जबकि अन्य जगहों पर शिवलिंग की स्थापना विधिवत मंत्रों और पूजा-पाठ से की जाती है। महाकालेश्वर मंदिर की सबसे खास और प्रसिद्ध पूजा ‘भस्म आरती’ मानी जाती है, जो हर दिन सुबह विशेष तरीके से की जाती है। मध्य प्रदेश में कुल दो ज्योतिर्लिंग हैं, महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर से लगभग 140 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। दोनों ही स्थल शिव भक्तों के लिए अत्यंत पावन और महत्वपूर्ण माने जाते हैं। फिल्मों की बात करें तो संजय दत्त हाल ही में रिलीज हुई एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘बागी 4’ में नजर आए थे। इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ, सोनम बाजवा और हरनाज संधू ने भी अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म को ए. हर्षा ने निर्देशित किया है और यह 2013 की तमिल फिल्म ‘ऐंथु ऐंथु ऐंथु’ का रीमेक मानी जा रही है। संजय दत्त ने इस फिल्म में एक अहम किरदार निभाया। अब वे जल्द ही ‘धुरंधर’ नामक एक जासूसी एक्शन थ्रिलर फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म को आदित्य धर ने लिखा, निर्देशित और सह-निर्मित किया है। इसमें संजय दत्त के साथ रणवीर सिंह, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसे कई बड़े सितारे शामिल हैं। फिल्म की कहानी एक गुप्त एजेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देश की सुरक्षा, राजनीतिक साजिशों और निजी संघर्षों से जूझता है।  

शाहरुख-गौरी पर छवि खराब करने का आरोप, समीर वानखेड़े ने लिया न्याय का रास्ता

विस्तार एनसीबी के पूर्व अफसर समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान के स्वामित्व वाली रेड चिलीज और गौरी खान पर दिल्ली हाईकोर्ट में मामला दर्ज कराया है। समीर वानखेड़े ने आर्यन खान की वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में उनकी छवि को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाया है। छवि को नुकसान पहुंचाने की कही बात समीर वानखेड़े एनसीबी मुंबई के जोनल निदेशक रहे हैं। रेड चिलीज शाहरुख खान और गौरी खान की स्वामित्व वाली कंपनी है। समीर ने रेड चिलीज के साथ स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य के खिलाफ भी दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि रेड चिलीज की सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में झूठी, दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक सामग्री है, जिसका उद्देश्य उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का निर्देशन आर्यन खान ने किया है। ये सीरीज हाल ही में रिलीज हुई है और नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। साथ ही उन्होंने शो की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने का निर्देश देने की भी मांग की है। उम्मीद है कि दिल्ली हाईकोर्ट जल्द ही इस मामले में सुनवाई कर सकता है। याचिका में लगाए गंभीर आरोप अपने मुकदमे में समीर वानखेड़े ने प्रोडक्शन हाउस, नेटफ्लिक्स और अन्य के खिलाफ स्थायी और अनिवार्य राहत निषेधाज्ञा, घोषणा और हर्जाने के रूप में राहत मांगी है। उन्होंने यह भी कहा है कि वह आर्यन खान के निर्देशन में बने पहले शो 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में एक झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानि करने वाले वीडियो से वह आहत हैं। उन्होंने याचिका में दावा किया कि यह सीरीज नशीली दवाओं के खिलाफ प्रवर्तन एजेंसियों को गलत व अपमानजनक तरीके से दिखाती है। इससे लोगों में इन संस्थानों के प्रति विश्वास कम होता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह सीरीज जानबूझकर समीर वानखेड़े की प्रतिष्ठा को रंग-बिरंगे और गलत तरीके से खराब करने के इरादे से तैयार की गई है। खासकर तब जब उनसे और आर्यन खान से जुड़ी कार्यवाही बॉम्बे हाईकोर्ट और मुंबई के एनडीपीएस विशेष न्यायालय में चल रही है। कैंसर रोगियों के इलाज के लिए मांगा 2 करोड़ का हर्जाना शो के एक सीन जिसमें एक कैरेक्टर 'सत्यमेव जयते' का पाठ करने के बाद अश्लील इशारा करता है, मुकदमे में दावा किया गया है कि यह राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के प्रावधानों का उल्लंघन है, जिसके लिए कानून के तहत सजा का प्रावधान है। इसके अलावा भी समीर वानखेड़े ने ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ पर कई अन्य आरोप लगाए हैं। क्योंकि यह अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री के उपयोग करके राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। अपने मुकदमे में समीर वानखेड़े ने कैंसर रोगियों के इलाज के लिए टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को दान करने के लिए 2 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है। द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में था संंबंधित सीन आर्यन खान के हालिया रिलीज शो ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में एक एपिसोड में एनसीबी के पूर्व अफसर समीर वानखेड़े पर तंज कसा गया था। समीर वानखेड़े क्रूज पार्टी मामले में आर्यन खान को गिरफ्तार करने वाले एनसीबी अफसर हैं। सीरीज में समीर वानखेड़े की तरह ही दिखने वाला एक किरदार था, जिसकी भूमिका भी एनसीबी अफसर की ही थी। सीरीज में दिखाया गया कि एनसीबी अफसर बॉलीवुड की पार्टी में रेड डालने पहुंचता है। इस अफसर के हाव-भा और शकल काफी हद तक समीर वानखेड़े से मिलते थे।

गरबा के रंग में डूबी दीपिका सिंह, ‘शुभारंभ’ गाने के साथ खास अंदाज में किया डांडिया सेलिब्रेशन

मुंबई,  टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस दीपिका सिंह अपने खूबसूरत डांस और ट्रेडिशनल लुक्स के लिए हमेशा चर्चा में रहती हैं। उनका हर अंदाज फैंस का दिल जीत लेता है। गुरुवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक खास वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह गरबा करती नजर आ रही हैं। वीडियो की शुरुआत एक बेहद सिंपल लुक से होती है, जिसमें दीपिका ग्रीन टी-शर्ट और ब्लैक जैगिंग पहने अपने मेकअप रूम में तैयार होती नजर आती हैं। उनके हाथ में वही खूबसूरत लहंगा है, जो थोड़ी ही देर बाद उन्हें एक गरबा क्वीन में बदलने वाला है। कुछ ही सेकंड में ट्रांजिशन आता है, और दीपिका का पूरा लुक बदल जाता है। वह एक शानदार येलो कलर के घेरदार लहंगे और पर्पल कलर के ब्लाउज में तैयार दिखती हैं। उनका ब्लाउज बेहद यूनिक है, क्योंकि इससे चुन्नी भी अटैच है, यानी एक्ट्रेस ने अलग से चुन्नी को कैरी नहीं किया। लहंगा जहां बिल्कुल सिंपल है, वहीं ब्लाउज से लटकी चुन्नी ने लोगों का ध्यान खींचा। ब्लाउज से लेकर चुन्नी तक में बारीक कढ़ाई और मिरर वर्क किया गया है। उन्होंने इस लुक के साथ ऑक्सिडाइज्ड चोकर नेकलेस, झुमके और चूड़ियां पहनी। इसके बाद वीडियो में वह किसी कार्यक्रम में शामिल होती नजर आती हैं, जहां वह लोगों के साथ गरबा करती दिखती हैं। वहीं, कुछ लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आते हैं। इस वीडियो की खूबसूरती को और भी खास इसका बैकग्राउंड म्यूजिक बना रहा है। दीपिका ने फिल्म ‘काई पो चे’ के मशहूर गाने ‘शुभारंभ’ को अपने इस वीडियो में जोड़ा है। इस गाने में गुजराती लोक धुनों की मिठास साफ महसूस होती है। श्रुति पाठक और दिव्या कुमार की आवाज में गाए गए गाने ‘शुभारंभ’ में म्यूजिक अमित त्रिवेदी ने दिया है। गाने के बोल ‘रंगी पर ओढ़ आई, खुशियों संग लाई’ हर किसी को थिरकने पर मजबूर कर रहे हैं।  

ट्रेडिशनल लुक में दिखीं ईशा कोप्पिकर, बोलीं- ‘देवी की कृपा से हर दिन सुनहरा है’

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर अपनी खूबसूरती और स्टाइलिश अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी मौजूदगी दर्ज करवाती रहती हैं। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए मां की कृपा का बखान किया। ईशा ने पीले रंग की खूबसूरत ड्रेस पहनी है, जो उनकी शानदार शख्सियत को निखार रही है। उन्होंने कान में बड़े-बड़े झुमके, एक हाथ में ब्रेसलेट, दूसरे में स्टाइलिश घड़ी, उंगलियों में रिंग और पैरों में पारंपरिक मोजड़ी से लुक पूरा किया। वहीं, मिनिमल मेकअप के साथ उन्होंने अपने बालों को आगे से स्टाइल किया और पीछे खजूर चोटी बनाई, जो उन्हें और आकर्षक बना रहा है। पहली तस्वीर में ईशा एक हैंडबैग लिए बैठकर शानदार पोज दे रही हैं। दूसरी तस्वीर में वह दीवार के सहारे अपनी दिलकश अदाओं से सबका दिल जीत रही हैं। तीसरी तस्वीर में वह कैमरे की ओर हल्की मुस्कान के साथ देख रही हैं, जो उनकी सादगी और आत्मविश्वास को दर्शाता है। बाकी तस्वीरों में भी उन्होंने अलग-अलग अंदाज में पोज दिए हैं। ईशा ने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, “आज का पीला रंग सूरज की तरह चमक रहा है। यह खुशी, समर्पण और देवी की कृपा को फैलाता है।” ईशा का यह स्टाइलिश अंदाज और भक्ति भाव उनके प्रशंसक खूब पसंद कर रहे हैं। उन्होंने उनकी तस्वीरों की जमकर तारीफ की। ईशा का फिल्मी सफर इतना आसान नहीं था, उन्होंने करियर की शुरुआत साउथ सिनेमा से की थी। इसके बाद वह बॉलीवुड में आ गईं। अभिनेत्री ने 2003 में रिलीज हुई 6 फिल्मों में नजर आईं। इन फिल्मों में ‘तुझे मेरी कसम’, ‘दिल का रिश्ता’, ‘डरना मना है’, ‘पिंजर’, ‘एलओसी’ और ‘कयामत’ शामिल हैं। फिल्म ‘पिंजर’ को नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। इसी तरह से 2004 में उनकी 6 फिल्में रिलीज हुईं। इन फिल्मों में ‘रुद्राक्ष’, ‘कृष्णा कॉटेज’ और ‘इंतेकाम’ शामिल हैं। साल 2005 में ईशा कोप्पिकर फिल्म ‘क्या कूल हैं हम’, ‘मैंने प्यार क्यूं किया’ और ’36 चाइना टाउन’ का हिस्सा रहीं। 2006 में वह ‘डॉन’ में नजर आईं। साल 2007 में उन्होंने ‘इक विवाह ऐसा भी’ में अहम किरदार निभाया।  

लता मंगेशकर की जयंती पर ‘120 बहादुर’ का खास टीजर होगा रिलीज

मुंबई, एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज की आने वाली फिल्म 120 बहादुर का खास टीजर लता मंगेशकर की जयंती 28 सितंबर के अवसर पर रिलीज होगा। फिल्म 120 बहादुर का पहला टीज़र सोशल मीडिया और ट्रेड सर्किल में आते ही दिलों को जीत रहा है। इसका ग्रैंड स्केल, इंटेंसिटी और इमोशनल गहराई सभी को पसंद आ रही है। ऐसे में इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब मेकर्स दूसरा टीज़र लाने के लिए तैयार हैं, जो कि लता मंगेशकर की जयंती 28 सितंबर पर रिलीज किया जायेगा।इस दिन का खास महत्व है, क्योंकि इसे लता मंगेशकर की याद में चुना गया है। वह अपनी देशभक्ति के गानों के लिए जानी जाती हैं, खासकर "ऐ मेरे वतन के लोगों" के लिए। यह गीत कवि प्रदीप ने लिखा, सी. रामचंद्र ने संगीत दिया और लता मंगेश्कर ने गाया। यह गीत 1962 के भारत–चीन युद्ध में सैनिकों की बलिदानी को याद करता है और आज भी इसे त्याग और वीरता का प्रतीक माना जाता है। इस गाने पर पहली बार लता मंगेशकर ने 26 जनवरी 1963 को गणतंत्र दिवस के मौके पर परफॉर्म किया था, जिसने पूरे देश को भावनाओं की गहराई में डूबो दिया। टीज़र 2 ऑफ़ 120 बहादुर भाईचारे, देशभक्ति और चार्ली कंपनी के 120 जवानों की बहादुरी को सच्ची श्रद्धांजलि है। इसमें उनकी निडरता और जज़्बे की एक झलक देखने को मिलेगी। फरहान अख्तर ने कहा, “लता मंगेश्कर की जयंती के दिन ‘120 बहादुर’ का टीज़र 2 पेश करना बेहद खास है। यह गीत 1962 के भारत-चीन युद्ध के बहादुर सैनिकों और शहीदों के लिए लिखा गया था और लता जी ने इसे लाइव गाया था। जिसकी रिकॉर्डिंग आज भी पूरे देश की आत्मा को छू लेती है। ऐसे में हमारी फिल्म का संदेश कवि प्रदीप जी के दिल छू लेने वाले शब्दों से पूरी तरह मेल खाता है।” रज़नीश ‘रेज़ी’ घई द्वारा निर्देशित और रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) द्वारा निर्मित, फिल्म 120 बहादुर 21 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।