samacharsecretary.com

कल्कि सीक्वल में नहीं दिखेंगी दीपिका? शेड्यूल और शर्तों को लेकर हुआ ब्रेकअप!

मुंबई  बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. साल 2024 में आई तेलुगू ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में दीपिका नजर नहीं आएंगी. मेकर्स ने ऐलान किया है कि एक्ट्रेस इस रोल में वापसी नहीं करेंगी. यह खबर सही में शॉकिंग है. कल्कि 2 में नहीं होंगी दीपिका नाग अश्विन के निर्देशन में बनी फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' को प्रोड्यूस करने वाली व्यजयंती मूवीज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इस खबर को शेयर किया. उन्होंने लिखा, 'यह आधिकारिक रूप से घोषणा की जाती है कि दीपिका पादुकोण फिल्म कल्कि 2898 एडी के आने वाले सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी. काफी विचार-विमर्श के बाद हमने अलग होने का फैसला किया है. पहली फिल्म के लंबे सफर के बावजूद, हमें एक साझेदारी नहीं मिल सकी. और कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्म कमिटमेंट और उससे भी अधिक की हकदार है. हम दीपिका को भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हैं.' दीपिका पादुकोण ने फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में सुमति का रोल निभाया था, जो दुनिया का उद्धार करने वाले कल्कि की मां है. एक्ट्रेस को फिल्म में प्रेग्नेंट महिला के रूप में देखा गया था, जिसकी जान के पीछे कमल हासन यानी सुप्रीम यास्किन पड़ा है. इस पिक्चर के क्लाइमैक्स के दौरान दीपिका पादुकोण असल जिंदगी में भी प्रेग्नेंट थीं. उन्होंने 8 सितंबर 2024 को अपनी और रणवीर सिंह की बेटी दुआ को जन्म दिया था. 'कल्कि 2898 एडी' में दीपिका पादुकोण के साथ फिल्म में प्रभास और अमिताभ बच्चन ने काम किया था. प्रभास इस फिल्म में डबल रोल में थे. उन्होंने एक बाउंटी हंटर और महाभारत के कर्ण का रोल निभाया था. डायरेक्टर नाग आश्विन की ये फिल्म महाभारत से प्रेरित थी. इसकी कहानी को कुरक्षेत्र में महाभारत के युद्ध के 6000 साल बाद डिस्टोपियन दुनिया में सेट किया गया था, जहां एक 200 साल के गॉड किंग सुप्रीम यास्किन का राज है. इस फिल्म को दो पार्ट में बनाया जाना था. दोनों में दीपिका पादुकोण काम कर रही हैं, हालांकि अब चीजें बदल गई हैं. क्या है दीपिका के बाहर होने की वजह? दीपिका पादुकोण के 'कल्कि 2898 एडी' से बाहर होने की वजह का खुलासा नहीं किया गया है. हालांकि मेकर्स के ट्वीट में कमिटमेंट की बात कही गई है, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद दीपिका के 8 घंटे की शिफ्ट का चक्कर यहां भी हुआ है. इससे पहले डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' से दीपिका बाहर हो गई थीं. तब बताया गया था कि उन्होंने मेकर्स से कई बड़ी डिमांड्स की थीं, जिनमें 8 घंटे की शिफ्ट और भारी-भरकम फीस शामिल थी.

फिल्म ‘ड्रैगन’ के लिए जूनियर एनटीआर ने किया गजब का ट्रांसफॉर्मेशन, वायरल वीडियो में दिखा नया लुक

मुंबई,  जूनियर एनटीआर ने प्रशांत नील की इस फिल्म के लिए खुद को पूरी तरह ट्रांसफॉर्म कर लिया है। उन्होंने वजन घटाया है और अब उनका लुक पहले से कहीं ज्यादा लीन और फिट दिखाई दे रहा है।अभिनेता ने पहले भी 'आरआरआर' जैसी फिल्मों में अपने दमदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीता है और अब 'ड्रैगन' के लिए भी दिन-रात एक कर रहे हैं। ड्रैगन का निर्देशन कर रहे हैं प्रशांत नील, जिन्होंने 'केजीएफ' और 'सालार' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से अपनी पहचान बनाई। इंडस्ट्री में चर्चा है कि यह फिल्म उनकी अब तक की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजना है। बताया जा रहा है कि निर्देशक इस बार किसी बजट सीमा से बंधे नहीं हैं। यानी दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव मिलने वाला है जिसमें एक्शन, विजुअल्स और स्टोरीटेलिंग सब कुछ भव्य स्तर पर होगा। फिल्म में कैमरे के पीछे भी वही मजबूत टीम है, जिसने केजीएफ जैसे सिनेमाई चमत्कार को संभव किया था। सिनेमैटोग्राफर भुवन गौड़ा और संगीतकार रवि बस्रूर एक बार फिर प्रशांत नील के साथ काम कर रहे हैं। रुक्मिणी वसंत भी आएंगी नजर फिल्म की लीड एक्ट्रेस के रूप में रुक्मिणी वसंत नजर आएंगी। वहीं खबर यह भी है कि 'कांतारा' फेम अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी का इसमें कैमियो हो सकता है। हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन अगर यह सच हुआ तो फिल्म के प्रति दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ जाएगा। फिल्म की रिलीज डेट फिल्म की शूटिंग इस साल मार्च में शुरू हो चुकी है और मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट 25 जून 2026 तय कर दी है। पहले फिल्म का फर्स्ट लुक जूनियर एनटीआर के जन्मदिन पर जारी होना था, लेकिन इसे आगे बढ़ा दिया गया ताकि अभिनेता की एक और बड़ी फिल्म 'वॉर 2' की घोषणा को स्पेस मिल सके।  

मेघा रे ने दर्द को बनाई ताकत, जारी रखी शूटिंग

मुंबई,  सन नियो पर प्रसारित होने वाले शो 'दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी' की मुख्य अभिनेत्री मेघा रे ने एंकल में गंभीर चोट लगने के बावजूद शूटिंग रोकने के बजाए पूरी ताकत और हिम्मत से सीन को पूरा किया। मेघा रे ने कहा, "एक्शन सीक्वेंस के दौरान मुझे दौड़ना और पंच मारना था। अंधेरा था और मेरी साड़ी पाँव में फँस गई। मैं ज़ोर से गिरी और एड़ी में चोट लग गई। दर्द बहुत था, लेकिन मैंने वहीं क्रेप बैंडेज बाँध लिया और अगले एक-दो घंटे तक शूटिंग जारी रखी। मैं जानती थी कि इतना बड़ा सीन अधूरा छोड़ना ठीक नहीं होगा। शूट पर कई लोगों की मेहनत और समय लगता है, तो सिर्फ मेरी वजह से सबका काम रुकना मुझे मंज़ूर नहीं था। जब तक शूट पूरा हुआ, मेरी एड़ी में सूजन आ चुकी थी। बाद में डॉक्टर ने इलाज किया। अब मैं बैंडेज और साड़ी के नीचे स्पोर्ट्स शूज़ पहनकर शूट कर रही हूँ।" मेघा का कहना है कि शूटिंग के दौरान उन्हें टीम से बहुत सहयोग मिला। उन्होंने कहा, "मेरे को-एक्टर सूरज ने मुझे बहुत संभाला। मैं ठीक से चल भी नहीं पा रही थी, तो उन्होंने मुझे गोद में उठाकर एक जगह से दूसरी जगह पहुँचाया। डायरेक्टर ने व्हीलचेयर का इंतज़ाम किया, जिससे मुझे ज्यादा चलना न पड़े, क्योंकि मेरा मेकअप रूम काफी दूर है। मेकअप और हेयर टीम से लेकर क्रू तक सबने मेरा साथ दिया। अभी मैं बेहतर महसूस कर रही हूँ। साथ ही, इलाज और दवाइयाँ भी चल रही हैं, लेकिन इसे मैं एक चैलेंज की तरह ले रही हूँ क्योंकि मुझे अपना काम बहुत प्रिय है।" 'दिव्य प्रेम: प्यार और रहस्य की कहानी' एक ऐसी युवती दिव्या (मेघा रे) की कहानी है, जो उज्जैन की रहने वाली है। उसकी ज़िंदगी तब बदल जाती है, जब उसकी मुलाकात प्रेम से होती है। प्यार, रहस्य और अतीत के छिपे राज़ इन सबको समेटे यह शो परंपरा और तकनीक के अनोखे संगम की दास्तान कहता है। इसमें मेघा रे के साथ सूरज प्रताप सिंह और कविता बनर्जी भी अहम् भूमिकाओं में नज़र आ रहे हैं। यह शो हर रात 8:30 बजे सन नियो पर प्रसारित होता है।  

दोस्ती, सपनों और संघर्ष की अनकही दास्तान, ‘होमबाउंड’ का ट्रेलर हुआ रिलीज

मुंबई, हाल ही में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाई जा चुकी फिल्म 'होमबाउंड' का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। धर्मा प्रोडक्शन्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का ट्रेलर जारी किया। ट्रेलर साझा करते हुए प्रोडक्शन हाउस ने लिखा – 'हमारे दिल का टुकड़ा आपके दिल में घर बनाए, पेश है होमबाउंड का ऑफिशियल ट्रेलर। 26 सितंबर से सिनेमाघरों में।'  ट्रेलर में ईशान खट्टर और विशाल जेठवा को बचपन के दोस्त के रूप में दिखाया गया है। दोनों का सपना है पुलिस अधिकारी बनना और इसके लिए वो मेहनत भी करते हैं। ईशान फिल्म में मोहम्मद शोएब का किरदार निभा रहे हैं, वहीं विशाल चंदन कुमार के रोल में हैं। इन दोनों दोस्तों के सपने और उनकी जद्दोजहद कहानी को आगे लेकर जाते हैं। दूसरी ओर जाह्नवी कपूर, विशाल यानी चंदन की प्रेमिका के रूप में नजर आती हैं। उनकी मौजूदगी से साफ नजर आता है कि वो दो दोस्तों के बीच अहम भूमिका निभाने वाली हैं। फिल्म का ट्रेलर यह साफ कर देता है कि यह सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि जीवन के संघर्ष और सपनों की कहानी भी है। मोहम्मद शोएब और चंदन कुमार जैसे युवाओं के सपनों की राह में आने वाली मुश्किलें, उनका एक-दूसरे के प्रति विश्वास और हालात से जूझने की ताकत फिल्म में दिखाई गई है। ‘होमबाउंड’ का सफर थिएटर तक आने से पहले कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स से होकर गुजरा है। वहां इसे बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली है। अब मेकर्स को उम्मीद है कि कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया फिल्म को सिनेमाघरों में भी मिलेगी। फिल्म 26 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।  

सोनी सब के शो ‘गणेश कार्तिकेय’ में देवी पार्वती का किरदार निभायेंगी श्रेनु पारिख

  मुंबई,  अभिनेत्री श्रेनु पारिख सोनी सब के शो ‘गणेश कार्तिकेय’ में देवी पार्वती का किरदार निभाती नजर आयेंगी। सोनी सब, नया शो गणेश कार्तिकेय लेकर आ रहा है। यह शो भगवान शिव, देवी पार्वती और उनके पुत्र भगवान गणेश एवं भगवान कार्तिकेय की असाधारण यात्रा को दर्शाएगी। इस शो का मूल भाव माता-पिता की बुद्धिमत्ता, दो भाइयों की यात्राओं और एक परिवार की भावनाओं को चित्रित करना है। प्रसिद्ध अभिनेत्री श्रेनु पारिख इस शो में देवी पार्वती की भूमिका निभाती नज़र आएंगी । श्रेनु पारिख ने कहा, “गणेश कार्तिकेय में देवी पार्वती की भूमिका निभाना मेरे लिए एक आशीर्वाद और सम्मान है। पार्वती न केवल शक्ति, संतुलन और शक्ति की प्रतीक हैं, बल्कि एक माँ और पत्नी भी हैं जिनकी भावनाएँ हर किसी से जुड़ती हैं। यह शो सुंदरता से दर्शाता है कि कैसे दिव्य कथाएँ भी प्रेम, अपराधबोध, दृढ़ता और एकता से जुड़ी होती हैं। मुझे बेहद गर्व है कि मैं देवी का इतना सशक्त और मानवीय रूप दर्शकों के सामने ला रही हूँ।” ‘गणेश कार्तिकेय’ जल्द ही सोनी सब पर प्रसारित होगा।  

रॉबर्ट रेडफोर्ड नहीं रहे, 89 की उम्र में हॉलीवुड ने खोया अपना ‘गोल्डन बॉय’

लंदन  हॉलीवुड जगत से एक दुखद खबर आ रही है. मशहूर अभिनेता और निर्देशक रॉबर्ट रेडफोर्ड का निधन हो गया है. उन्होंने 89 वर्ष की उम्र में आखिरी सांस ली. रॉबर्ट को हॉलीवुड का 'गोल्डन बॉय' कहा जाता था. उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार और बेहतरीन फिल्में दीं. गोल्डन बॉय के नाम से मशहूर थे  रॉबर्ट रेडफोर्ड ने 1960 के दशक में फिल्मी दुनिया में कदम रखा था. उनकी सबसे पॉपुलर फिल्मों में 'बुच कैसिडी एंड द सनडांस किड', 'ऑल द प्रेसीडेंट्स मेन' और 'द स्टिंग' शामिल हैं. उनके खास बाल और मासूम मुस्कान ने उन्हें दर्शकों का पसंदीदा बना दिया. वे 1970 के दशक तक हॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में शुमार थे. निर्देशन की दुनिया में भी रेडफोर्ड ने कमाल किया. उनकी फिल्म 'ऑर्डिनरी पीपल' ने 1980 में सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का ऑस्कर पुरस्कार जीता. इसके अलावा उन्होंने 'ए रिवर रन थ्रू इट' जैसी संवेदनशील फिल्मों का निर्देशन किया. दो बार जीता ऑस्कर रॉबर्ट रेडफोर्ड दुनिया के सबसे बड़े सम्मान ऑस्कर अवॉर्ड से भी नवाजे जा चुके हैं. ये अवॉर्ड उन्हें फिल्म "आउट ऑफ अफ्रीका" के लिए मिला था, जिसमें रेडफोर्ड ने मेर्ल स्ट्रीप के साथ लीड रोल निभाया था. इस फिल्म में उनका किरदार काफी यादगार था, जिसने उन्हें और भी लोकप्रिय बनाया. इसके अलावा, रॉबर्ट रेडफोर्ड ने 1980 में अपनी डायरेक्शन के लिए भी ऑस्कर पुरस्कार प्राप्त किया था. उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार उनकी फिल्म "ऑर्डिनरी पीपल" के लिए मिला था. इंडस्ट्री से बना ली थी दूरी हालांकि रेडफोर्ड ने 2018 में अभिनय से संन्यास लेने की घोषणा कर फैंस को निराश कर दिया था. एक्टर ने 2016 में कहा था कि वो "एक्टिंग से थक चुके हैं". रेडफोर्ड ने सनडांस इंस्टीट्यूट की स्थापना करके स्वतंत्र फिल्मकारों को मंच दिया. यह संस्था बाद में सनडांस फिल्म फेस्टिवल के रूप में विकसित हुई, जो आज दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में से एक है. उन्हें "इंडी सिनेमा का गॉडफादर" कहा जाता है. सिनेमा के अलावा, रेडफोर्ड पर्यावरण संरक्षण के लिए भी एक्टिव रहे. उन्होंने यूटा के प्राकृतिक सौंदर्य को बचाने के लिए कई अभियानों का नेतृत्व किया. रॉबर्ट रेडफोर्ड की मौत से फिल्म जगत में एक बड़ा नुकसान हुआ है, लेकिन उनकी कला और सामाजिक योगदान हमेशा याद रखे जाएंगे.

सोनू सूद पर ईडी का शिकंजा , बेटिंग ऐप मामले में 24 सितंबर को पूछताछ

नई दिल्ली, ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े एक मामले में अभिनेता सोनू सूद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के निशाने पर आ गए हैं। ईडी ने उन्हें 24 सितंबर को दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने का नोटिस भेजा है। आरोप है कि सोनू सूद ने एक ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रमोशन किया जो भारत में प्रतिबंधित है और जिसकी गतिविधियां सट्टेबाजी और पैसों की हेराफेरी से जुड़ी हुई हैं। ईडी के सूत्रों के अनुसार, सोनू सूद से पूछा जाएगा कि उन्होंने किस आधार पर इस प्लेटफॉर्म के साथ प्रमोशनल करार किया, क्या उन्हें इसकी कानूनी स्थिति की जानकारी थी और इसके बदले में उन्हें कितनी राशि का भुगतान किया गया। एजेंसी यह भी जांच रही है कि क्या इस प्रचार के जरिए किसी प्रकार की मनी लॉन्ड्रिंग या आर्थिक अनियमितता को अंजाम दिया गया। इस मामले में ईडी की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और अब तक कई फिल्मी सितारे और खिलाड़ी एजेंसी की पूछताछ के दायरे में आ चुके हैं। मंगलवार को बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा ईडी के सामने पेश हुए। इससे पहले सोमवार को अभिनेत्री और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती से लंबी पूछताछ हुई थी। पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह को भी तलब किया गया है। उथप्पा को 22 सितंबर को और युवराज को 23 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि क्या इन सभी सेलिब्रिटीज ने प्रमोशन से पहले कंपनी की पृष्ठभूमि और इसकी कानूनी वैधता की जांच की थी या सिर्फ वित्तीय लाभ के चलते इसके प्रचार का हिस्सा बन गए। भारत में कई ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स प्रतिबंधित हैं, लेकिन ये अक्सर नए डोमेन और मोबाइल ऐप के जरिए यूजर्स तक पहुंच बना लेते हैं। जब बड़े सेलिब्रिटीज इनके प्रचार में शामिल होते हैं तो आम जनता का भरोसा इन पर बढ़ता है, जिससे धोखाधड़ी और वित्तीय नुकसान की घटनाएं सामने आती हैं।    

‘साइड इफेक्ट्स’ से जूझ रहीं दीपिका कक्कड़, शेयर किया अपना अजीब अनुभव

मुंबई टीवी की मशहूर एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में फैंस को अपने हेल्थ अपडेट्स दिए। उन्होंने बताया कि वह इस समय स्टेज 2 लिवर कैंसर से लड़ रही हैं। उन्हें लिवर में ट्यूमर भी था जिसे डॉक्टरों ने 14 घंटे लंबी सर्जरी के बाद बाहर निकाला। हालांकि, सर्जरी के बाद अब उन्हें कई साइड इफेक्ट्स का सामना करना पड़ रहा है। सर्जरी के बाद के साइड इफेक्ट्स दीपिका ने बताया कि इस वक्त उनके बाल बहुत ज्यादा झड़ रहे हैं। यह उन्हें मेंटली और इमोशनली काफी परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी वह नहा कर बाहर निकलती हैं, तब 10-15 मिनट तक किसी से बात नहीं करतीं। बस चुपचाप बैठ जाती हैं क्योंकि उस दौरान सबसे ज्यादा बाल टूटते हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि कुछ दिन पहले उन्हें मुंह में दर्दनाक छाले भी हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद वह खुद को पॉजिटिव बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं। पति का साथ और प्रोफेशनल वर्क दीपिका के पति शोएब इब्राहिम उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि दीपिका की हालत देखकर उन्हें बहुत चिंता होती है, लेकिन वे भी पत्नी की तरह मजबूत बने हुए हैं। शोएब ने फैंस से भी अपील की है कि वे दीपिका के लिए दुआ करते रहें। वहीं दीपिका अपना वर्कशॉप सेटअप करने में बिजी रहती हैं। शोएब भी बीमार इस बीच शोएब खुद भी कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं। बावजूद इसके, वे ‘बिग बॉस 19’ के कंटेस्टेंट्स पर नजर रख रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपने पसंदीदा प्रतिभागियों अमाल मलिक, जीशान कादरी, अभिषेक कुमार और तान्या मित्तल का जिक्र करते हुए पोस्ट कर रहे हैं।  

‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का ट्रेलर रिलीज, प्यार, कॉमेडी और कन्फ्यूजन से भरपूर कहानी

मुंबई, धर्मा प्रोडक्शंस की नई फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसने आते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। वरुण धवन और जान्हवी कपूर की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है, लेकिन इस बार उनके साथ सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ भी नजर आ रहे हैं, जो कहानी में मजेदार ट्विस्ट लेकर आते हैं। ट्रेलर की शुरुआत दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ होती है, जिसमें ‘जियो रे बाहुबली’ की आवाज गूंजती है। इस सीन में वरुण धवन ‘बाहुबली’ के गेटअप में चलते दिखाई देते हैं। असल में वरुण का किरदार अनन्या नाम की लड़की को प्रपोज करना चाहता है, जिसकी पसंदीदा फिल्म ‘बाहुबली’ है। यही वजह है कि वह फिल्मी स्टाइल में, बाहुबली बनकर उसे प्रपोज करता है। अनन्या के किरदार में सान्या मल्होत्रा नजर आती हैं, जो वरुण के इस खास अंदाज के बावजूद उसका प्रपोजल ठुकरा देती हैं और शादी से इनकार कर देती हैं। यहीं से कहानी में दिल टूटने का एंगल आता है। इसके बाद एंट्री होती है जान्हवी कपूर और रोहित सराफ की। जान्हवी फिल्म में तुलसी नाम की एक सीधी-सादी स्कूल टीचर का किरदार निभा रही हैं, जबकि रोहित सराफ उनके एक्स-बॉयफ्रेंड के रोल में हैं। कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब वरुण जान्हवी को बताता है कि उनकी एक्स और जान्हवी का एक्स दोनों एक-दूसरे से शादी करने वाले हैं। दोनों अपने-अपने टूटे दिलों के साथ एक-दूसरे के करीब आते हैं और मिलकर एक योजना बनाते हैं। दोनों तय करते हैं कि वे अपने पुराने प्यार को वापस पाने की कोशिश करेंगे। इसके लिए वे अपना लुक पूरी तरह बदलते हैं और एक-दूसरे के बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बनने का नाटक शुरू करते हैं। यहां से कहानी हल्की-फुल्की कॉमेडी, रोमांस और इमोशन के रास्ते पर निकल पड़ती है। दोनों मिलकर सोशल मीडिया पर रोमांटिक रील्स बनाते हैं, साथ घूमते हैं और दिखावा करते हैं कि वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं। इस दौरान मनीष पॉल की एंट्री होती है, जो एक वेडिंग प्लानर की भूमिका निभा रहे हैं और फिल्म में हंसी का तड़का लगाते हैं। वरुण और जान्हवी को साथ देखकर सान्या और रोहित को जलन होने लगती है। दोनों अपने एक्स को किसी और के साथ देखकर असहज हो जाते हैं और यहीं से कहानी में भावनाओं का खेल तेज हो जाता है। ट्रेलर के आखिर में वरुण एक बड़ी दुविधा में दिखाई देते हैं। उन्हें समझ नहीं आता कि वह सान्या मल्होत्रा के किरदार के पास वापस लौटें या जान्हवी कपूर की तुलसी को ही अपना सच्चा प्यार मानें। ट्रेलर को देख अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म एक फुल एंटरटेनमेंट पैकेज है। सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ 2 अक्टूबर को रिलीज होगी।  

शिल्पा शेट्टी ने सिखाया भ्रामरी योग, बोलीं- गुनगुनाकर पाएं मन की शांति

मुंबई, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अपनी फिटनेस, आकर्षक व्यक्तित्व और अनुशासित जीवनशैली के लिए जानी जाती हैं। वे लंबे समय से योग, स्वस्थ खानपान और नियमित व्यायाम को बढ़ावा देती रही हैं। सोमवार को उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामरी प्राणायाम सिखाते हुए वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो के जरिए शिल्पा ने न केवल इस योग क्रिया को करने का आसान तरीका बताया, बल्कि इसके फायदों को भी उजागर किया। शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में बताया कि यह एक ऐसी योग क्रिया है, जिसमें हल्की गुनगुनाहट के साथ सांस ली और छोड़ी जाती है। शिल्पा के मुताबिक, नियमित रूप से भ्रामरी करने से मन शांत रहता है, तनाव कम होता है और जीवन में संतुलन बना रहता है। यह योग मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ एकाग्रता बढ़ाने में भी मददगार है। वीडियो के साथ शिल्पा ने कैप्शन में लिखा, “गुनगुनाकर शांति पाएं।” इस संदेश के जरिए उन्होंने अपने प्रशंसकों को इस सरल योग क्रिया को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। शिल्पा ने यह भी बताया कि भ्रामरी प्राणायाम न केवल मन को सुकून देता है, बल्कि यह नींद की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाता है। शिल्पा शेट्टी लंबे समय से फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली की प्रबल समर्थक रही हैं। वह अपने सोशल मीडिया पर नियमित रूप से योगासन, व्यायाम के टिप्स और पौष्टिक खानपान से जुड़े नुस्खे साझा करती रहती हैं। इससे पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह एरोबिक्स स्टेप वर्कआउट करती दिख रही थीं। इसी के साथ उन्होंने इसके फायदे के बारे में भी बताया था। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “कूदो, झुको, लेकिन कभी रुको मत।” शिल्पा जल्द ही कन्नड़ एक्शन ड्रामा फिल्म ‘केडी: द डेविल’ में दिखेंगी। इसके निर्देशक प्रेम हैं। फिल्म में शिल्पा के साथ ध्रुव सरजा, संजय दत्त, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रीश्मा नानैया और नोरा फतेही जैसे सितारे नजर आएंगे।