samacharsecretary.com

UPSC CAPF 2024: अभ्युदय योजना के 14 छात्रों ने रचा सफलता का इतिहास

लखनऊ उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना ने एक बार फिर सफलता के प्रतिमान गढ़े हैं। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 2024 की परीक्षा में योजना से जुड़े 14 अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। इन अभ्यर्थियों में श्याम यादव ने ऑल इंडिया दूसरी रैंक प्राप्त कर प्रदेश और योजना दोनों का मान बढ़ाया है। यूपी के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार अभ्युदय योजना आज प्रदेश के युवाओं के सपनों को पंख दे रही है। सरकार उत्तर प्रदेश, सक्षम युवा की सोच को साकार करती मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आज युवाओं के लिए एक परिवर्तनकारी पहल बन चुकी है।” समाज कल्याण अधिकारी पवन यादव ने बताया कि श्याम यादव के साथ-साथ अन्य सफल अभ्यर्थियों में प्रतीक वर्मा (रैंक 61), अभिषेक मिश्रा (77), अनूप कुमार (106), सत्यपाल सिंह यादव (133), दिव्या सिंह परिहार (166), हिमांशु मौर्या (197), मितेंद्र श्रीवास्तव (208), रोहित वर्मा (224), ललित सिंह (225), हिमांशु सिंह (297), मंगलदीप पाल (313), रुपाली सिंह (365) और शिवम आनंद (379) शामिल हैं। ऑल इंडिया सेकंड रैंक प्राप्त करने वाले श्याम यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से जुड़ने के बाद मुझे विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, मॉक इंटरव्यू और उत्तम स्टडी मटेरियल मिला। योजना ने मेरी दिशा भी तय की और आत्मविश्वास भी बढ़ाया।” वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई यह योजना आज प्रदेश के 75 जिलों में 166 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य आईएएस, पीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस, सीयूइटी और सीएपीएफ जैसी परीक्षाओं के लिए समाज के हर वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग देना है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से चल रही इस योजना से अब तक 87,000 से अधिक युवा लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 1,100 से ज्यादा अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित हुए हैं। योजना को सफल बनाने में संयुक्त निदेशक सुनील कुमार विशेन, पी.के. त्रिपाठी और उपनिदेशक सुनीता यादव की भूमिका सराहनीय रही है।   

श्रावण यात्रा का असर: हाईवे पर भारी वाहन रोक, रामपुर में 14 जुलाई को शिक्षण संस्थान बंद

मुरादाबाद कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने पर शनिवार रात से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भारी वाहनों के चलने पर रोक लगा दी गई है। अमरोहा-मुरादाबाद और रामपुर में हाईवे पर दिल्ली से लखनऊ वाली लेन कांवड़ियों के आने-जाने के लिए निर्धारित कर दी गई है जबकि लखनऊ से दिल्ली की लेन में कार समेत छोटे वाहन गुजारे जा रहे हैं। हाईवे पर रूट डायवर्जन की यह व्यवस्था सोमवार की दोपहर करीब दो बजे तक रहेगी। उधर, अमरोहा के एसपी अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया और सीओ अंजलि कटारिया ब्रजघाट चौकी पर शनिवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। 11 जुलाई से शुरू हुए सावन माह में पहला सोमवार 14 जुलाई को है। इसके लिए शिवभक्त हरिद्वार, गोमुख, गंगोत्री से गंगा जल लाकर अपने पास के मंदिरों में भगवान भोले का जलाभिषेक करेंगे। बरेली, संभल, चंदौसी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर के कांवड़िये ब्रजघाट से भी गंगा जल भरने आते हैं। सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव का जलाभिषेक किया जाता है। इसके चलते शुक्रवार, शनिवार और रविवार को हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ रहती है। शनिवार रात कांवड़ियों की संख्या को बढ़ता देखकर अमरोहा पुलिस ने ट्रक कंटेनर, डीसीएम व निजी बसों को रूट प्लान के तहत डायवर्ट कर दिया। अमरोहा में रूट डायवर्जन होते ही मुरादाबाद और रामपुर में पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। हाईवे पर दिल्ली से लखनऊ जाने वाली लेन केवल कांवड़ियों और उनके वाहनों के लिए तय कर दी गई है जबकि लखनऊ से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन में कार, ऑटो, पिकअप समेत छोटे वाहन चलाए जा रहे हैंं। एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि 11 जुलाई से रूट डायवर्जन किया जाना था लेकिन सावन के पहले दिन कांवड़ियों की भीड़ कम थी। शनिवार को कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने और अमरोहा में रूट डायवर्जन लागू होने के बाद यहां भी रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। अब दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को बदले मार्ग से गुजारा जा रहा है। शनिवार रात से डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह प्लान सोमवार की दोपहर दो बजे तक जारी रहेगा। अब दिल्ली से मुरादाबाद लेन को पूरी तरह कांवड़ियों के लिए तय कर दिया है। इस लेन पर किसी भी तरह के वाहन के आने की अनुमति नहीं है। मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर दोनों तरफ की कार, पिकअप या अन्य छोटे वाहन चलते रहेंगे। – अखिलेश भदौरिया, एएसपी, अमरोहा इस मार्ग से गुजारे गए भारी वाहन रूट डायवर्जन लागू होने के बाद शनिवार रात मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज और निजी बसों समेत भारी वाहन मुरादाबाद से बिलारी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, सिकंदराबाद होते हुए मेरठ और दिल्ली भेजे गए।  

सपा मुखिया अखिलेश के हर तंज का जवाब दे रहे हैं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद, एक्टिव नजर आए

लखनऊ भारतीय जनता पार्टी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद इन दिनों काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं। वह सपा मुखिया अखिलेश के हर तंज का जवाब दे रहे हैं। साथ ही वह कांग्रेस पर भी पलटवार कर रहे हैं। केशव ने एक बार फिर सपा को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश पर लंबे समय तक राज करने की मंशा से ‘धर्मनिरपेक्ष’ और ‘समाजवाद’ जैसे शब्दों का सहारा लिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। भाजपा के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘धर्मनिरपेक्ष’ और ‘समाजवाद’ की नकली व झूठी बैसाखियों का सहारा लेकर कांग्रेस ने लंबे समय देश की सत्ता को अपने शिकंजे में कसने का सपना पाला था। लेकिन कालचक्र ने उसका यह तिलिस्म तोड़ दिया। इसके बावजूद वह अभी भी इन जर्जर बैसाखियों से सत्ता की उम्मीद पाले बैठी है। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव जहां अक्सर प्रदेश सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर मुखर हैं तो वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उनके आरोपों पर पलटवार करते रहे हैं। साथ ही केशव कांग्रेस की नीतियों पर भी कड़ा रुख अपनाते रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग के वोट बैंक पर राजनीति काफी मुखर रही है। लोकसभा चुनाव में सपा के पीडीए के नारे को अक्सर केशव परिवारवाद से जोड़ते हुए निशाना साधते दिखाई देते हैं। उन्होंने इमरजेंसी के मामले पर कांग्रेस का भी घेराव किया है। हाल ही में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि कांग्रेस और सपा का असली चेहरा अब जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। इन दलों की तुष्टिकरण की राजनीति, झूठ से लिपटी धर्मनिरपेक्षता और मजहबी वोट बैंक के लिए राष्ट्रहित से समझौता करने की नीति अब जनता को स्वीकार नहीं है।  

कालिंदी एक्सप्रेस हादसे से बाल-बाल बची, कानपुर में चालक की तत्परता ने टाला बड़ा खतरा

कानपुर कानपुर में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई, जहां चौबेपुर के पास रेलवे ट्रैक धंसने की वजह से कालिंदी एक्सप्रेस को रोका दिया गया। इस दौरान ड्राइवर ने बेहद सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रेन को अचानक से रोका गया तो यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, जहां कई यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर अन्य वाहनों से अपने गंतव्य तक जाने का फैसला किया। इसके बाद रेलवे की सेक्टर टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन को बेहद धीमी गति से गुजारा गया।   कानपुर में जारी है बारिश का प्रकोप कानपुर के कई इलाकों में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई, जिसकी वजह से कई जगहों पर पेड़ टूट गए। इसके अलावा बारादेवी में दो जर्जर मकान ढह गए, जिसमें एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। बाद में लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मकान में रह रहे बाकी लोगों को बाहर निकाला। इसके अलावा नौबस्ता में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम केशव तिवारी है जो कि संजय गांधी नगर का रहने वाला है। बारिश ने खोली नगर निगम की पोल कानपुर में हुई लगातार बारिश की वजह से कुछ ही घंटों में कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जिसकी वजह से कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई। सुबह दस बजे तक हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव और सड़क धंस गईं, जिसके पूरे नगर निगम की पोल खोल कर रख दी है। जिन इलाकों की सड़कों पर पानी भर गया, उनमें गांधीनगर, किदवई नगर, घंटाघर और गोविंदनगर शामिल हैं। कई स्कूलों में छुट्टी घोषित हालात ऐसे हो गए कि इसकी वजह से कई स्कूलों में छु्ट्टी घोषित कर दी गई है। शहर के जूही खलवा पुल भरने से बैरियर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया, जिसके चलते लोगों को घूमकर आना पड़ा। दासू कुआं से नौबस्ता बसंत विहार जाने वाली रोड में एक से दो फीट तक पानी भर गया, जहां लोगों को निकलने के लिए जूझना पड़ा। 

धर्म नहीं, आस्था है बड़ी: मुस्लिम भाई की 151 किलो की कांवड़ यात्रा बनी चर्चा का विषय

कासगंज 11 जुलाई से सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है। वहीं भगवान भोले के प्रति आस्था में लोग कांवड़ यात्रा के लिए खुद को रोक नहीं पाते हैं। कहा जाता है जब इश्वर के प्रति आस्था हो तो इंसान जाति और धर्म नहीं देखता है। इस बीच एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां दो मुस्लिम भाइयों की भगवान भोले के प्रति आस्था जागी और वो खुद को कांवड़ ले जाने से रोक नहीं पाए। साजिद खान और सन्नी खान अपने जत्थे के साथ गंगा घाट पर पहुंचे और भागीरथ बनकर 151 किलो गंगा जल की कांवड़ लेकर गंतव्य को निकल पड़े। दोनों कहते हैं कि माता और पिता की इच्छा थी कि कांवड़ लेकर आएं और भगवान शिव का अभिषेक करें। शिव बहुत दयालु हैं, हमने सुन रखा है। हम सनातनी पहले मुस्लिम बाद में हैं।   दोनों ने उठाई 151 किलो की कांवड़ आगरा जिले के थाना बाह क्षेत्र के गांव कृषा के रहने वाले 25 वर्षीय साजिद खान और उनके दोस्त 22 वर्षीय सनी खान 151 किलो की कांवड़ लेकर बटेश्वर जा रहे हैं। वे वहां 14 जुलाई को भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। दोनों दोस्त कांवड़ यात्रा पर पहली बार आए हैं, लेकिन बहुत उत्साहित हैं। कह रहे हैं कि अपने गांव के तमाम लोगों को कई वर्षों से कांवड़ ले जाते हुए देख रहे थे।   माता-पिता की इच्छा कर रहे हैं पूरी भगवान शिव की महिमा के बारे में सुन रखा है। इस बार अपने माता-पिता के समक्ष इच्छा प्रकट की कि हम भी कांवड़ लेकर आएंगे, तो वे तत्काल तैयार हो गए और इसके बाद अपने 10 सदस्यीय जत्थे के साथ सोरों के लहरा घाट पर आ गए, जहां से कांवड़ यात्रा शुरू कर दी। बोले कि थोड़ा ब्रेक लेकर चलना पड़ता है क्योंकि 151 किलो का वजन बहुत होता है, लेकिन गंतव्य तक पहुंचेंगे और भोले भंडारी का गंगाजल से अभिषेक करेंगे। यह भी बोले कि पुरोहितजी ने पूरे विधि-विधान, पूजा-अर्चना के साथ हमें गंगा घाट से विदा किया है। जमीन पर कांवड़ नहीं रखेंगे। कांवड़ ले जाकर मिलेगा सुकून पूछा कि थकान हो रही है तो बोले कि थकान कैसी, जो कांवड़ लेकर जाता है उसमें अपने आप ताकत आ जाती है। साफ पूछा गया कि आप मुस्लिम हैं और कांवड़ लेकर जा रहे हैं, तो बीच में ही साजिद बोले, पहले तो हम सनातनी हैं, मुस्लिम बाद में। सवाल आस्था का है तो भगवान शिव भी हमारे आराध्य हैं। इन कांवड़ यात्रियों का जोश, जज्बा और जुनून देखते ही बनता है।

खुफिया साजिश का खुलासा: छांगुर की काठमांडू में आईएसआई से नजदीकी और देशविरोधी मंसूबे

बलरामपुर छांगुर…नीतू… और नवीन। ये बस तीन नाम नहीं हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार ये देश विरोधी षडयंत्र, सामाजिक समरसता और सद्भाव के खात्मे के प्रयास के तीन अहम मोहरे हैं। मिशन आबाद के लिए आर्थिक रूप से कमजोर हिंदू परिवारों के अवैध धर्मांतरण से इतर इनकी साजिश बेहद खौफनाक रही। ये पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी हाथ मिलाने की तैयारी में थे। इसके लिए छांगुर काठमांडू भी गया था, लेकिन समय रहते सुरक्षा एजेंसियों ने तीनों को दबोचकर प्रदेश और देश को बड़ी अनहोनी से बचा लिया। बीते दिनों नेपाल के पूर्व सैनिकों का एक सम्मेलन राजधानी काठमांडू स्थित पाकिस्तान दूतावास में आयोजित हुआ, जिसमें पाकिस्तान की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी (एनडीयू) का प्रतिनिधिमंडल मौजूद था। पाकिस्तान दूतावास के सैन्य सलाहकार कर्नल मुहम्मद अली अल्वी भी मौजूद थे। पाकिस्तानी दल ने किया था भारत सीमा का दौरा दुनिया को दिखाने के लिए भले ही यह एक्सचेंज प्रोग्राम था, लेकिन इस कार्यक्रम के बाद पाकिस्तानी दल ने भारत सीमा का दौरा किया था, जिसमें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारी भी थे। नेपाल के सीमावर्ती जिले दांग के एक कद्दावर धार्मिक नेता के साथ छांगुर आईएसआई से नजदीकी बढ़ाने काठमांडू तक भी पहुंचा था, लेकिन तब सुरक्षा कारणों से वह पाकिस्तानी दूतावास में दाखिल नहीं हो सका। इसकी रिपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी, जिसके बाद छांगुर, नीतू उर्फ नसरीन और नवीन उर्फ जलालुद्दीन की निगरानी बढ़ाई गई। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार छांगुर एक विशेष योजना लेकर नेपाल गया था।  

सपा को शिक्षा पर बोलने का हक नहीं: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बयान

प्रयागराज उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के नकल अध्यादेश को समाप्त करने वाली समाजवादी पार्टी को शिक्षा के विषय में बोलने का अधिकार नहीं है। डिप्टी सीएम रविवार को प्रयागराज पहुंचे थे। वह सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा शासन काल में राजनाथ सिंह शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में काफी सुधार किया। नकल अध्यादेश लागू करके शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाया, लेकिन सपा की सरकार बनते ही इस अध्यादेश को  समाप्त करके शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया गया। सपा अपराध और माफियाओं के प्रति गंभीर है। शिक्षा के प्रति यह लोग गंभीर नहीं है। स्कूलों के मर्जर का मामला हाईकोर्ट में है। ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग के सवाल पर केशव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद चार राज्यों में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं, जिसमें तीन राज्यों में कमल खिल चुका है। बिहार में भी भाजपा सरकार बनने जा रही है। इसके आगे भी जो विधानसभा चुनाव होंगे उसमें भी भाजपा जीत हासिल करेगी। साथ ही 2027 में यूपी में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है।  

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ऑनलाइन हाजिरी पर सख्ती, शिक्षकों में असंतोष बढ़ा

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों व छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर सख्ती बढ़ रही है। वहीं इसे लेकर शिक्षक संगठनों ने अपनी नाराजगी दर्ज कराई है। साथ ही इस निर्णय को अव्यवहारिक बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है। माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव भगवती सिंह की ओर से हाल में सभी डीआईओएस को जारी निर्देश में कहा गया है कि कई विद्यालयों द्वारा नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज नहीं कराई जा रही है। ऐसे में सभी डीआईओएस सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य नियमित रूप से पहले घंटे में विद्यार्थियों व शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। इसमें लोकेशन न मिलने की आ रही दिक्कत का समाधान कराया जाए। साथ ही नए नियुक्त व संबद्ध शिक्षकों का विवरण भी अपडेट कराएं। अव्यवहारिक आदेश को जल्द वापस लिए जाने की मांग दूसरी तरफ सख्ती बढ़ने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) ने विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने इसे परिषद द्वारा जारी तुगलकी फरमान बताया है। संघ के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह पटेल व संगठन प्रवक्ता ओम प्रकाश त्रिपाठी ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा का व्यक्तिगत ध्यान इस तरफ आकर्षित किया है। उनसे तत्काल हस्तक्षेप कर इस अव्यवहारिक आदेश को जल्द वापस लिए जाने की मांग की है।  

राजनाथ सिंह को शोक: गुरु संतोष द्विवेदी का निधन, अंतिम संस्कार में हो सकते हैं शामिल

कानपुर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के गुरु संतोष द्विवेदी हरिहर दास महाराज जी का कल रात निधन हो गया। पार्षद नीलम उमेश शुक्ला ने बताया कि वह अपनी बेटी अंजू मिश्रा और संगीता मिश्रा के साथ रहते थे। रात 8:00 बजे उनको 7 एयर फोर्स हॉस्पिटल ले जाया गया था। जहां उनका निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी पाकर श्यामनगर स्थित आवास के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं पार्षद से लेकर पुलिसकर्मी के मौजूद दिखे। निधन की खबर पाकर श्यामनगर स्थित उनके आवास पर कुलपति विनय कुमार पाठक भी पहुंचे। उनकी आंखें नम रही। वहीं गुरु हरिहर धाम दास को डीप फ्रीजर में रखा गया। देर रात तक जप में महिलाएं भी शामिल रही। पार्षद ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर उन्होंने अपने शिष्यों को एक संकेत दिया था। कि यहां कोई परमानेंट के लिए नहीं आया है। हरि हरि का जप करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा था कि छाती यहां पर किसी का एग्रीमेंट नहीं है। सबको हरे राम हरे कृष्ण का जप करते रहना चाहिए। गुरु जी की पत्नी मिथलेश द्विवेदी 22 जून 2021 को बीमारी से निधन हो गया था। आवास के बाहर लोग कर रहे जप गुरुजी संतोष द्विवेदी के निधन की खबर पाते ही दूर-दराज से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। भक्त आश्रम के बाहर बैठकर हरे राम हरे कृष्णा का जप लगा रहे हैं। इसमें महिलाएं और पुरुषों के चेहरे पर आंसू भी नजर आ रहे हैं। कार बाइक से भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी श्याम नगर स्थित गुरु संतोष द्विवेदी के आवास के बाहर लोगों का पूरी रात हुज़ूम उमड़ा रहा। वहीं जिसको जानकारी लग रही है वह देर रात ही बाइक और कारों से आश्रम की ओर चल रहा था। भीड़ बढ़ती देख गार्ड को भेजा गया अंदर जिसको जानकारी लग रही थी वह आश्रम की ओर भागता नजर आ रहा था। वही आश्रम के अंदर भीड़ बढ़ती देख दो गार्ड को अंदर भेजा गया। साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। अंजू रहती श्याम नगर बी ब्लॉक, संगीता बर्रा विश्वबैंक मृतक गुरु संतोष द्विवेदी की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी अंजू श्याम नगर स्थित बी ब्लॉक में रहती हैं। जबकि संगीता बर्रा विश्व बैंक में रहती हैं। मां के निधन के बाद दोनों बेटी अक्सर पिता की सेवा में चली आती थी। बिठूर के बैकुंठपुर में अंतिम संस्कार की चर्चा गुरु संतोष द्विवेदी के शिष्यों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार बिठूर के बैकुंठपुर में रविवार को किया जाएगा। हालांकि कितने समय किया जाएगा यह अभी तय नहीं हो सका था। दोनों तरफ लगाई गई बैरिकेडिंग, रोड की गई बंद घटना की जानकारी लगते ही लोगों के भीड़ जुटने लगी। इस दौरान एसीपी चकेरी अभिषेक पांडे ने फोर्स भेजा। वह देर रात स्वयं भी पहुंचे। इस दौरान वीरेंद्र स्वरूप स्कूल से लेकर मदर एंड चाइल्ड स्कूल तक बैरिकेडिंग लगा दी गयी। राजनाथ सिंह के आने की चर्चा हरिहर धाम दृष्ट हरिहर दास महाराज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के गुरु हैं। जिसको लेकर माना जा रहा है कि रविवार सुबह तक रक्षामंत्री भी शहर आ सकते हैं। उनके अंतिम संस्कार में वह शामिल होकर श्रद्धांजलि देंगे। गुरु जी के निधन से भक्तों में शोक गुरु संतोष द्विवेदी 80 के निधन से भक्तों में शोक है। एक महिला भक्त की अचानक तबीयत खराब हो गई। इस पर उनके बेटे उनको बाहर लेकर बैठे रहे और सांत्वना देते रहे। साथ ही हरे कृष्णा हरे राम और ओम नमः शिवाय की जब भी करते रहे। गुरु पूर्णिमा के दिन पार्क में बैठे रहे थे  गुरु पूर्णिमा के दिन पार्क के पास काफी देर तक वो बैठे रहे थे। इस दौरान गुरु संतोष द्विवेदी ने कहा था कि अगर जो भगवान की पूजा पाठ में रुचि रखता है। वह मेरे साथ प्रेम में जो रुचि नहीं रखता है उससे मेरे से कोई वास्ता नहीं वह मेरे आस-पास भटके भी नहीं। साथ ही उन्होंने कहा था कि कोई पास रहे, तो सीता राम, भगवान के भजन सुनते है तो तो पास है। पति-पत्नी में झगडा होने की बात पर 15 दिन की बात कही थी। 15 दिन में खतम गुरु संतोष द्विवेदी के शिष्य बताते हैं कि एक पति-पत्नी में एक बार झगड़ा हो रहा था। इस दौरान वह गुरु जी के पास पहुंचे तो गुरु जी उनकी ने पत्नी से भविष्यवाणी कर दी थी कि यह 15 दिन के मेहमान है और ठीक 15वें दिन की शाम को चार बजे उनकी मौत हो गई थी। दामाद जीके मिश्रा करा रहे थे इलाज श्याम नगर बी ब्लॉक में रहने वाली अंजू मिश्रा के पति दामाद जी के मिश्रा डॉक्टर हैं। उनके अंडर में सात जिले हैं। शिष्य बताते हैं कि दामाद उनका कानपुर से लेकर लखनऊ और अन्य प्रदेशों में भी इलाज कर रहे थे।

भारी बारिश बनी काल: बुंदेलखंड और पूर्वांचल में 13 लोगों की जान गई, हालात गंभीर

लखनऊ मूसलाधार बारिश से आई तबाही से बुंदेलखंड और पूर्वांचल में 13 लोगों की मौत हो गई। चित्रकूट में तीन, बांदा में दो और कानपुर देहात, उन्नाव, हमीरपुर में एक-एक की मौत हुई है। चित्रकूट में सबसे ज्यादा 100 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक अभी मूसलाधार बारिश जारी रहेगी। बुंदेलखंड समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में शनिवार को अच्छी बारिश हुई। इससे तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अभी एक हफ्ते तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कहीं कम तो कहीं मध्यम व तेज बारिश होती रहेगी। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश बुंदेलखंड क्षेत्र में दर्ज की गई। चित्रकूट में शनिवार शाम तक सबसे अधिक 216 मिमी. बारिश दर्ज की गई। वहीं कानपुर में 126 मिमी. और बांदा में 115 मिमी. बारिश दर्ज की गई। कानपुर समेत आसपास और पूर्वांचल के जिलों में शुक्रवार रात से झमाझम बारिश हुई। कई जगहों पर बारिश का पानी घरों में घुस गया। बिजली-बारिश से चित्रकूट में तीन, बांदा में दो, कानपुर देहात, उन्नाव और हमीरपुर में एक-एक की मौत हो गई। चित्रकूट में सबसे ज्यादा 100 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पूर्वांचल में बिजली गिरने से पांच मौतें हुईं। बांदा में बदौसा थाना क्षेत्र के उतरवां शाहपुर के मजरा कल्लू पुरवा में शनिवार सुबह करीब बिजली गिरने से कच्चा मकान ढह गया। मां और दो बेटे मलबे में दब गए। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में एक बेटे को मृत घोषित कर दिया गया, बाकी दो का इलाज चल रहा है। कमासिन थाना क्षेत्र के दादौं गांव में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई जबकि दो झुलस गए। बांदा में 24 घंटे में 46 एमएम बारिश दर्ज की गई। चित्रकूट के भरतकूप में कच्चे मकान की छत और पहाड़ी क्षेत्र में मकान की दीवार गिरने से दो की मौत हो गई। मानिकपुर क्षेत्र में नाले में बह जाने से किसान की मौत हो गई। महोबा में शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। नाला, नहर और रपटे उफना गए। 20 गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। लोगों को 20 से 30 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा। बारिश का पानी विद्यालयों व घरों में भर गया। इससे स्कूली बच्चों को भी परेशानी हुई। देर शाम तक 110 एमएम बारिश दर्ज की गई। हमीरपुर के कुरारा क्षेत्र के शिवनी गांव में धान की रोपाई कर रहे पांच मजदूरों पर बिजली गिर गई। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि चार झुलस गए। नदी-नाले उफना गए। कई गांव टापू बन गए। यहां 24 घंटे में 68 मिमी वर्षा दर्ज की गई। उन्नाव के बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के अलौलापुर गांव में धान की रोपाई कर रहे यवक की बिजली गिरने से मौत हो गई। नरैनी (बांदा)। खेत में रखा हल और सामान लेने गया किसान रंज नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से फंस गया। 10 घंटे बाद नाव से दमकल कर्मियों ने उसे टापू से बाहर निकाला। बिजली गिरने से पांच लोगों ने गंवाई जान भदोही/जौनपुर/चंदौली/आजमगढ़: पूर्वांचल के भदोही, चंदौली, आजमगढ़ और जौनपुर में शनिवार को बारिश के बीच बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। आठ लोग झुलस गए। भदोही जिले के समधा डीह निवासी राजकुमार यादव के खेत में शनिवार को मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। बारिश के बीच बिजली गिर गई। इसमें सुघरा देवी (45), रीता देवी (40), कैलाश यादव (17) और अंतिमा देवी (15) झुलस गई। सीएचसी में सुघरा देवी को मृत घोषित कर दिया गया। थियाडिल में डेहरिया में बिजली गिरने से कक्षा आठ की छात्रा सोनम और कक्षा 12 की छात्रा संध्या सरोज झुलस गई। सीएचसी में सोनम को मृत घोषित कर दिया गया। जौनपुर जिले के मछलीशहर क्षेत्र के जमालपुर गांव में शनिवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे बिजली गिरने से धर्मेंद्र यादव (28) की मौत हो गई। चंदौली जिले के कंदवा क्षेत्र के घोसवा गांव में बिजली गिरने से रेवसा गांव निवासी वंदना (24), सलेमपुर पौनी निवासी टोनी (17) और निराशा (40) झुलस गई। इलाज के दौरान निराशा की मौत हो गई। आजमगढ़ में बड़गहन गांव में बिजली गिरने से कैलाशी देवी (42) की मौत हो गई।