samacharsecretary.com

साइबर दोस्ती के चलते शादीशुदा युवक HIV पॉज़िटिव, चेतावनी बढ़ी

चंडीगढ़  एक शादीशुदा युवक ने ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिये समलैंगिक युवक से दोस्ती कर ली। इसके बाद दोनों ने कई बार यौन संबंध बनाए। इससे वह एचआईवी संक्रमित हो गया। तबीयत बिगड़ने पर एआरटी सेंटर में जांच की तो संक्रमित होने का खुलासा हुआ। अब युवक का जिला नागरिक अस्पताल के एआरटी सेंटर पर उपचार चल रहा है।  एआरटी सेंटर के काउंसलर ने बताया कि इस तरह के मामले बढ़ रहे हैं। पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। एआरटी सेंटर के काउंसलर रविंद्र सिंह ने बताया कि ताजा मामला सनौली रोड का है। करीब 38 वर्षीय युवक काफी समय से बीमार था। उसकी एचआईवी जांच की तो वह संक्रमित मिला। युवक की एआरटी सेंटर पर कांउसिलिंग की गई तो उसने आपबीती बताई।  पीड़ित युवक ने बताया कि वह शादीशुदा है। कुछ समय पहले उसने ऑनलाइन डेटिंग एप के माध्यम से एक युवक से दोस्ती की। इसके बाद दोनों की गहरी दोस्ती हो गई। बाद में उन्होंने कई बार संबंध बनाए। जिसके बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी तो उसने चिकित्सक को दिखाया। काफी इलाज कराने के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सकों ने उसे एचआईवी की जांच कराने की सलाह दी। इसके बाद उसने एआरटी सेंटर पर पहुंचकर एचआईवी की जांच की। जांच में एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। 

डा. सतीश पूनिया ने कहा, हरियाणा की प्रगति के लिए पीएम मोदी और सीएम सैनी का विशेष प्रयास

चंडीगढ़  हिसार में  आयोजित दादा बाढ़ देव जन्मोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में मुख्यमंत्री एक जाति का नहीं, बल्कि हरियाणा का मुख्यमंत्री सभी कौम का मुख्यमंत्री है, जनता का मुख्यमंत्री है। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। डा. पूनिया ने कहा कि हर कौम का अपना इतिहास और स्वाभिमान होता है। हरियाणा की धरती ने मुगलों के दांत खट्टे किए और अंग्रेजों को भगाने के लिए अपनी शहादत देकर आजादी की सांस दी। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान से खड़ा होना आजादी की लड़ाई लड़ना यह दुनिया में पराकम्र के मामले कोई धरती अनूठी है तो हरियाणा की धरती है और मैं इस धरती को नमन करता हूं। भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि इतिहास गवाह है जब किसानों का पसीना धरती पर गिरता है तो धरती अन्नपूर्णा होती है और इन्हीं की कोख से जन्मा जवान देश की सीमा पर खड़ा होकर देश की सुरक्षा करता है। उन्होंने कहा कि भारत ओलंपिक के मेडल के लिए तरसता था। उन्होंने कहा कि भारत की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आलोचना होती थी। हरियाणा की धरती ने उन्नत खिलाड़ी पैदा किए जिन्होंने मेडल लाकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने का काम किया। डा. सतीश पूनिया ने कहा कि हमारी पहचान गोत्र से नहीं, बल्कि सभी जातियों को साथ लेकर समाज की सेवा करने और देश के लिए समर्पण के लिए होती है। समय बदल गया, राजनीति में मुद्दे आ गए, सत्ता आई और चली गई। आज भी भारत को कोई ताकत दे सकता है तो किसान देता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बहुत से मुद्दे थे, चुनौतियां थी, आशंकाएं थी, लेकिन हरियाणा की जनता ने भारतीयता और राष्ट्रवाद को चुना, मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार बनाई जिसके लिए मैं सभी का धन्यवाद करता हूं। कार्यक्रम में बिहार चुनाव पर बोलते हुए डा. सतीश पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी का बिहार में पगफेरा भी शुभ था। उन्होंने कहा कि बिहार में जलेबियां बंट रही थी, वहां के लोगों ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी जलेबियां लेकर आए थे। हरियाणा की जलेबी की करामात है कि आज बिहार में जनता ने प्रचंड जनादेश दिया है। डा. पूनिया ने कहा कि हमें अच्छी सरकार मिली है, अच्छा मुख्यमंत्री मिला है और अच्छे प्रतिनिधि मिले हैं और इस टीम में तड़का इतना खूबसूरत है कि पीएम मोदी हरियाणा से उतना ही प्रेम करते हैं जितना वे गुजरात करते हैं। हरियाणा की तरक्की पीएम मोदी का सपना नहीं बल्कि मिशन है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हम देश और प्रदेश को बदलता देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल विहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान किसानों को क्रेडिट कार्ड की सौगात मिली। गांवों को शहरों से जोड़ा गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी सरकार के कामों को मोदी सरकार ने आगे बढ़ाया है। मोदी सरकार ने गरीबों को छत, फ्री इलाज जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं दी। इंडी गठबंधन और कांग्रेस का नाम लिए बिना डा. पूनिया ने विरोधी पार्टियों पर इशारो-इशारों में हमला करते हुए कहा कि आज भी हरियाणा की पावन भूमि पर धर्म युद्ध जारी है। अब कौरव नहीं है, लेकिन नीयत वही है और रूप अलग-अलग है। जाति को जाति से वर्गों को वर्गों से कैसे लड़ाया जाए, शांति को भंग कैसे किया जाए यही प्रयास विपक्ष द्वारा चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में नायब सरकार ने जो संकल्प पत्र जारी किया था उन संकल्पों को नायब सरकार पूरा कर रही है। डा. सतीश पूनिया ने कहा कि 25 नवंबर को देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्म भूमि कुरूक्षेत्र आ रहे हैं। हमें प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन करना है। उन्होंने कहा कि हम सियासी नहीं समाज के लोग हैं, समाज के लिए जो बनेगा अपने पसीने से पूरा करने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, हांसी विधायक विनोद भयाणा, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया, हिसार भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, जिला परिषद के चेयरमैन सोनू सिहाग डाटा, महापौर प्रवीण पोपली, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, विजय सिंह पुनिया, धर्मपाल मकड़ौली, फणीन्द्र, महामंडलेश्वर देवी शक्ति पुरी बिजेंद्र दास, सरपंच कृष्णा पुनिया, संजीव रेवड़ी, ओमप्रकाश पूनिया, संदीप आजाद तथा अनेक गणमान्य नागरिक तथा भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संदीप लाठर केस में बड़ा कदम: CM से मिलने पर पत्नी संतोष को सरकारी नौकरी का भरोसा

रोहतक रोहतक में ASI संदीप लाठर सुसाइड केस में अपडेट सामने आई है। परिवार मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिला। नायब सैनी ने आश्वासन दिया कि ASI की पत्नी संतोष देवी को शिक्षक की नौकरी दी जाएगी। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच होने की बात भी कही। वहीं परिवार केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर से भी मिलेंगे।  बता दें कि ASI संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को गांव लाढोत से धामड़ रोड़ पर अपने मामा के खेतों में बने कोठड़े की छत पर जाकर सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड से पहले संदीप लाठर ने वीडियो रिकॉर्ड की और सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें IPS वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए है। पुलिस ने इस मामले में परिवार की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है। 

आयुष दवाओं की उपलब्धता बढ़ी, लोगों को अब आसानी से मिलेंगी सभी मेडिसिन

चंडीगढ़ आयुष विभाग ने दवा प्रबंधन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने के लिए ड्रग इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम लॉन्च किया है। इससे दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक स्थिति, वितरण और उपयोग संबंधी सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध होंगे जिससे प्रबंधन सरल, आधुनिक और त्रुटिरहित बनेगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि आयुष निदेशालय की ओर से आयुष स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की आपूर्ति को पूर्णतया सुचारू और व्यवस्थित रखने के लिए निगरानी की जा रही है।  किसी भी संस्थान में दवाओं की कमी न हो, इसके लिए वितरण प्रणाली को मजबूत किया गया है। पूरे हरियाणा की योगशालाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी पंचायती राज संस्थाओं को विस्तृत दिशा-निर्देशों सहित पत्र जारी किए गए हैं। राज्यभर की योगशालाओं में प्रतिदिन निर्धारित योग दिनचर्या का पालन किया जा रहा है।   

सरकारी स्कूलों में ‘लर्निंग गैप’ पाटने की बड़ी पहल: जानें सरकार क्या कर रही है

चंडीगढ़ हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई में कमजोर बच्चों को स्क्रोनिंग का काम पूरा हो गया है। दो दिन हुई स्क्रीनिंग में पहली से पांचवें कक्षा तक के साढ़े सात लाख से अधिक बच्चों को शामिल किया गया। सभी शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वह निपुण हरियाणा टीचर एप पर अत्यंत संवेदनशीलता के साथ डेटा भरे, ताकि जानकारी सटीक और अवलोकन-आधारित हो। स्क्रीनिंग में पहली से पांचवी कक्षा तक के साढे सात लाख से अधिक बच्चे हुए शामिल विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को चिह्नित कर अतिरिक्त ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों और जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित कर दिया गया है। स्क्रीनिंग में विशेष आवश्यकता बाले विद्यार्थियों को चिह्नित कर अतिरिक्त ब्यान दिया जाए‌गा ताकि वे पड़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इन विद्यार्थियों में पठन-पाठन को लेकर कुछ कठिनाइयां होती हैं जिस कारण वह अपने अन्य सधियों से पिछड़ जाते हैं। ड्राप आउट को शून्य स्तर पर लाने के लिए ऐसे बच्चों को चिह्नित करने का काम शुरू हुआ है।  विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों तथा समुचित शिक्षण सामग्री से इन्हें पढ़ाई में तेज किया जाएगा। इस बार सरकारी स्कूलों में शुक्रवार और शनिवार को लगातार दो दिन 'सबका बाल दिवस-एक दिन बचपन के नाम' मनाया गया, जिसमें बच्चों को खेल-खेल में काफी कुछ सीखने को मिला। हौसलों के रंग, सपनों को उड़ान, भरीसे के कदम, बूझो ती जाने, इशारों-इशारों में, जब अक्षर न दिखे साफ एवं सबके रंग, सबकी चमक जैसी गतिविधियों में बच्चों ने खासी रुचि दिखाई।

किसान हों सतर्क! हरियाणा में तेज़ मौसम बदलाव की चेतावनी, IMD ने दी अहम सलाह

हरियाणा  हरियाणा का मौसम ठंडा हो गया है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि रात का तापमान लगातार ही नीचे जा रहा है। एक सप्ताह पहले तक केवल करनाल, हिसार, महेंद्रगढ़ और नारनौल जैसे कुछ शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे था, लेकिन अब दर्जनभर शहरों में रातें और अधिक ठंडी होने लगी हैं।  आसमान में छाएंगे बादल  मौसम विभाग के मुताबिक 18 नवंबर तक प्रदेश में आसमान साफ़ और हवाएं सूखी रहेंगी, जिससे रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि 19 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर देखने को मिलेगा, जिससे आसमान में बादल छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए जारी की चेतावनी  मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि गेहूं की बुवाई में अब देरी न करें और इसे जल्द पूरा कर लें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सरसों की फसल में इस मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए किसान कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर समय पर दवाइयों का छिड़काव करें।

इस बार क्यों नहीं मिलेगा बाजरा? हरियाणा में राशन वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव

हरियाणा  हरियाणा में इस बार राशन डिपो पर लाभार्थियों को बाजरे का वितरण नहीं किया जाएगा। यह फैसला सरकारी एजेंसियों द्वारा बाजरे की खरीद न किए जाने के कारण खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा लिया गया है। अब लाभार्थियों को केवल गेहूं, चीनी और सरसों का तेल ही दिया जाएगा।  बता दें कि पिछले कुछ सालों से सर्दियों के मौसम में गेहूं के साथ बाजरा भी पीडीएस स्कीम में वितरित किया जाता था। मगर इस साल सितंबर और अक्टूबर में रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण फसल प्रभावित हो गई जिससे बाजरा खराब हो गया। बाजरे के सैंपल सरकारी खरीद एजेंसियों (हेफेड, एचडब्ल्यूसी) ने लैब में भेजे, जो खराब कालिटी की होने की वजह से पास नहीं हो पाए।  

देश में बनेगी दो नई फिल्म सिटी, इन शहरों में नौकरी और निवेश की भारी संभावनाएं

चंडीगढ़  हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने हाल ही में घोषणा की कि राज्य में दो आधुनिक फिल्म सिटी विकसित की जाएंगी। सीएम ने कहा कि इसका उद्देश्य हरियाणा को हॉलीवुड, बॉलीवुड और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाना है। सीएम ने यह भी बताया कि हरियाणवी सिनेमा को अघीक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए, सरकार प्रसार भारती के साथ दूरदर्शन पर हर हफ्ते हरियाणवी फिल्मों के प्रसारण की संभावना पर चर्चा करेगी। हरियाणा सरकार पंचकूला के पिंजौर में लगभग 100 एकड़ भूमि पर बनने वाली जमीन चिह्नित हो चूकी है, जिसमें 200 करोड़ रुपये खर्च होगा और फिल्म सिटी के पहले चरण के लिए सलाहकारों की नियुक्ति की प्रक्रिया में है। वहीं गुरुग्राम में दूसरी फिल्म सिटी के लिए भूमि की पहचान की जा रही है, जिसे दूसरे चरण में विकसित किया जाएगा।   सीएम ने बताया कि दादा लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) को राज्य की सभी विश्वविद्यालयों में फिल्म मेकिंग कोर्स शुरू करने की जिम्मेदारी दी जाएगी. इसके साथ ही सुपवा विद्यालय स्तर पर थिएटर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा विभाग के साथ मिलकर कार्य करेगी। सीएम ने सिंगल स्क्रीन सिनेमा को पुनर्जीवित करने की मांग पर कहा कि सरकार क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से पहले ही फिल्म प्रोमोशन बोर्ड का गठन कर चुकी है।

स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति: हर CHC में होंगे Gynecologist और Pediatrician, वेतन पैकेज चौंकाने वाला

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने राज्य की सभी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) पर स्त्री एवं बाल रोग विशेषज्ञों की अनिवार्य नियुक्ति का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव स्तर तक मजबूत करने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। इन नियुक्तियों को नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के माध्यम से किया जाएगा और सभी जिला सिविल सर्जनों को पदों के विज्ञापन जारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सरकार ने विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए मानदेय भी निर्धारित कर दिया है। एमबीबीएस व डिप्लोमा धारक डॉक्टरों को प्रति माह 1 लाख रुपये, जबकि एमबीबीएस के साथ एमडी या डीएनबी योग्यता रखने वालों को 1.5 लाख रुपये वेतन के रूप में देने की योजना है। वर्तमान में हरियाणा में सीनियर डॉक्टरों के 425 और मेडिकल ऑफिसरों के करीब 550 पद खाली हैं, जिसके कारण कई सीएचसी और सिविल अस्पतालों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। विशेषज्ञों की कमी से ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों, को उपचार के लिए बड़े अस्पतालों की ओर जाना पड़ता है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को उनके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पहले चरण में प्रत्येक CHC पर एक स्त्री रोग और एक बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति का लक्ष्य तय किया गया है। 

हर महीने 2100 नहीं, अब एक साथ मिलेगा लाभ! लाडो लक्ष्मी योजना पर CM सैनी की नई घोषणा

हिसार  हरियाणा के हिसार में आयोजित दादा बाढ़ देव जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना में अहम बदलाव करते हुए बताया कि अब इस योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता दो किश्तों में जारी की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे महिलाएं प्राप्त धनराशि का बेहतर तरीके से उपयोग कर सकेंगी और चाहें तो किसी रोजगार या छोटे व्यवसाय की शुरुआत भी कर पाएंगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए नई नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराने की बात भी कही। इसके साथ ही उन्होंने नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप स्थापित करने तथा गांवों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की घोषणा की। सरकार का दावा है कि इन निर्णयों से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी और युवाओं को अधिक रोजगार विकल्प प्राप्त होंगे।  किन महिलाओं को मिलता है लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ हरियाणा सरकार की लाडो लक्ष्मी योजना का उद्देय राज्य की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सहायता प्रदान करना है। योजना के पहले चरण में उन महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है। इस योजना का लाभ लेने के लिए महिला का हरियाणा का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके लिए महिला के पास कम से कम हरियाणा में रहने का 15 साल तक निवास प्रमाण होना चाहिए। महिला की आयु 23 से 60 साल के बीच होनी चाहिए। इस योजना का लाभ विवाहिता, अविवाहिता व तलाशुदा ले सकती हैं। वहीं जो महिलाएं पहले से किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ उठा रही हैं, उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया जाएगा। हालांकि सरकार की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि गंभीर बीमारियों जैसे– कैंसर (स्टेज 3–4) या अन्य दुर्लभ बीमारी या रोगों से पीड़ित महिलाओं को इस योजना के तहत अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी।   योजना में आवेदन करना सरल लाडो लक्ष्मी योजना में आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को एक विशेष मोबाइल एप लॉन्च किया था, जिसके जरिए महिलाएं सीधे आवेदन कर सकती हैं। योजना के तहत सरकार ने पात्र महिलाओं के खातों में 2100 रुपए की राशि सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की है। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए हर लाभार्थी का ई-केवाईसी और लाइव फोटो वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया है।