samacharsecretary.com

सांसें थाम देने वाली जीत: विराट और गिल चमके, श्रेयस अय्यर ने की दमदार वापसी

वडोदरा भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज की शानदार शुरुआत करते हुए पहला मुकाबला चार विकेट से जीत लिया। रविवार को वडोदरा के कोतांबी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने डेरिल मिचेल, डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स के अर्धशतकों की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए। 300 से अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 49 ओवर में 6 विकेट पर 306 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह भारत द्वारा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। इससे पहले भारत ने 2010 में बंगलुरू में न्यूजीलैंड के खिलाफ 316 रनों का लक्ष्य हासिल किया था। इस जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड पर वनडे क्रिकेट में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया। टीम इंडिया की यह 2023 से न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार आठवीं वनडे जीत रही। वहीं घरेलू सरजमीं पर भारत ने 2017 से न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार आठ वनडे मुकाबले जीत लिए हैं। दूसरी ओर, यह मैच हारने के साथ ही न्यूजीलैंड की चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद वनडे में चली आ रही नौ मैचों की जीत का सिलसिला भी टूट गया। इसके अलावा, भारतीय टीम वनडे क्रिकेट में 300 या उससे ज्यादा के लक्ष्य का सबसे ज्यादा बार सफलतापूर्वक पीछा करने वाली टीम बन गई है। भारत ने अब तक 20 बार 300+ रन का लक्ष्य हासिल किया है, जो किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक है। इस सूची में इंग्लैंड (15), ऑस्ट्रेलिया (14), पाकिस्तान (12) और न्यूजीलैंड व श्रीलंका (11-11) शामिल हैं। छोटी पारी खेले…फिर भी चमके हिटमैन 301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। वह 29 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भले ही हिटमैन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे लेकिन उन्होंने दो छक्के जड़कर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मुकाबले में अपना 650वां अंतरराष्ट्रीय छक्का जड़ा और यह उपलब्धि हासिल करने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए। इतना ही नहीं, रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। गिल ने जड़ा पचासा इसके बाद कप्तान शुभमन गिल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विराट कोहली का साथ मिला। दोनों न्यूजीलैंड के लिए दीवार साबित हुए और 118 रनों की साझेदारी की। इस दौरान विराट ने अपने वनडे करियर का 77वां अर्धशतक महज 44 गेंदों में पूरा किया। वहीं, गिल ने 66 गेंदों में पचासा जड़ा। भारतीय कप्तान 71 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए।   कोहली ने पूरे किए 28 हजार अंतरराष्ट्रीय रन, शतक से चूके इस मैच में किंग कोहली शानदार लय में नजर आए। अर्धशतक के बाद प्रशंसकों को उम्मीद थी कि आज एक बार फिर विराट के बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिलेगी, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान 'नर्वस 90' का शिकार हो गए। वह 91 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें काइल जैमीसन ने ब्रेसवेल के हाथों कैच कराया। विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे कर लिए। यह ऐतिहासिक उपलब्धि उन्होंने न्यूजीलैंड के स्पिनर आदित्य अशोक की गेंद पर जोरदार शॉट लगाकर हासिल की। इसके साथ ही कोहली सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए। खास बात यह रही कि कोहली ने यह कारनामा सिर्फ 624 पारियों में कर दिखाया, जिससे वे इस आंकड़े तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बन गए। सचिन तेंदुलकर ने यह मुकाम 644 पारियों में हासिल किया था। वहीं, कुमार संगकारा को यह उपलब्धि हासिल करने में 666 पारियां लगी थीं। अय्यर की शानदार वापसी, अर्धशतक से चूके तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के बीच 77 रनों की साझेदारी हुई, जिसे जैमीसन ने तोड़ा। पहले वनडे के जरिए लगभग तीन महीने बाद मैदान पर वापसी कर रहे श्रेयस अय्यर ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, वह अर्धशतक नहीं जड़ सके। उन्हें भी जैमीसन ने बोल्ड किया। वह 47 गेंदों में 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की और रवींद्र जडेजा (4) का विकेट झटका। इसके बाद केएल राहुल को कुछ वक्त के लिए हर्षित राणा का साथ मिला। इस दौरान हर्षित ने 23 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए। आखिर में विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल ने विजयी छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। वह 29 और सुंदर सात रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमीसन ने चार विकेट लिए जबकि आदित्य अशोक और क्रिस्टियन क्लार्क ने एक-एक सफलता अपने नाम की। कॉनवे और निकोल्स ने दिलाई कीवियों को अच्छी शुरुआत इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत दमदार रही। टीम को पहला झटका 117 के स्कोर पर लगा। हर्षित राणा ने दोनों ओपनर्स डेवोन कॉनवे और हेनरी निकोल्स को पवेलियन भेजा। कॉनवे ने वनडे करियर का पांचवां और निकोल्स ने वनडे करियर का 15वां अर्धशतक लगाया। कॉनवे 56 रन और निकोल्स 62 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विकेट की झड़ी लग गई। 198 रन तक आते-आते कीवियों के पांच विकेट गिर चुके थे। विल यंग 12 रन, ग्लेन फिलिप्स 12 रन और मिचेल हे 18 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान ब्रेसवेल भी कुछ खास नहीं कर सके और 16 रन बनाकर श्रेयस के डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट हुए। मिचेल ने भी जड़ा पचासा डेरिल मिचेल ने एक छोर संभाले रखा और वनडे करियर का 11वां अर्धशतक पूरा किया। वह 71 गेंद में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 84 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जकारी फोक्स एक रन बना सके। इसके बाद क्रिस्टियन क्लार्क और काइल जेमीसन ने मिलकर न्यूजीलैंड को 300 के स्कोर तक पहुंचाया। क्लार्क 17 गेंद में 24 रन बनाकर और जेमीसन आठ रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से प्रसिद्ध, … Read more

टॉप सीड एलिना स्वितोलिना ने ऑकलैंड का खिताब जीता

वेलिंगटन टॉप-सीड एलिना स्वितोलिना ने रविवार को अपना 19वां WTA खिताब जीता, उन्होंने न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में ACB क्लासिक फाइनल में चीन की वांग शिन्यू को 6-3, 7-6(8) से हराया। 31 साल की यूक्रेनी खिलाड़ी ने सभी चार ब्रेक पॉइंट बचाए, पहले सर्व के 74 प्रतिशत पॉइंट जीते, और मैच का एकमात्र ब्रेक 4-2 पर वांग की सर्विस तोड़कर हासिल किया, जिसके बाद उन्होंने दूसरे सेट का टाईब्रेक जीता। स्वितोलिना ने 2025 के आखिर में चोट के कारण चार मैचों की हार का सिलसिला खत्म करते हुए WTA 250 इवेंट में लगातार पांच मैच जीते। एक घंटे और 42 मिनट तक चले मैच के बाद कोर्ट पर स्वितोलिना ने कहा, 'एक और खिताब जीतना वाकई बहुत अच्छा लग रहा है, खासकर मेरे लिए साल के बहुत अच्छे अंत के बाद।' सातवीं वरीयता प्राप्त 24 साल की वांग ने शनिवार को सेमीफाइनल में फिलीपींस की एलेक्जेंड्रा एला को हराकर अपने करियर का दूसरा फाइनल खेला। वह इससे पहले पिछले जून में बर्लिन में घास के कोटर् पर WTA फाइनल में पहुंची थीं, जहां उन्हें चेक खिलाड़ी माकेर्टा वोंद्रोसोवा से हार का सामना करना पड़ा था।  

‘कोहली ने बहुत जल्द ले लिया संन्यास’—दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने बताई भारतीय क्रिकेट की बड़ी कमी

केपटाउन दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने माना कि विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से थोड़ी जल्दी संन्यास लिया लेकिन भारतीय स्टार बल्लेबाज में इतनी भूख और जुनून है कि वह 2027 के वनडे विश्व कप तक खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए रखेंगे। डोनाल्ड ने आईपीएल के 2014-15 सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का गेंदबाजी कोच रहते हुए कोहली के साथ काम किया है।  'टेस्ट मैचों में उनकी कमी महसूस होती है' उन्होंने कोहली की वर्क इथिक्स (फिटनेस और खेन के लिए कड़ा अभ्यास) पर जोर देते हुए कहा, ‘‘आप जानते हैं, मैंने फिटनेस और खेल को लेकर जज्बे के मामले में किसी खिलाड़ी में विराट जीतनी भूख नहीं देखी। मेरे मन में उनके लिए बेहद सम्मान है। मैं अक्सर ड्रेसिंग रूम में इस बारे में बात करता हूं कि वह खुद को फिट रखने के मामले में चैंपियन है। कोई भी उनके जितना मेहनत नहीं करता। वह किसी मशीन की तरह है।” उन्होंने कहा, ‘‘मुझे वास्तव में उन्हें टेस्ट मैचों में उनकी कमी महसूस होती है। मुझे लगता है उन्होंने थोड़ा जल्दी संन्यास लिया, लेकिन मुझे कोई संदेह नहीं कि हम उन्हें सीमित ओवर प्रारूप के क्रिकेट और विश्व कप में खेलते हुए देखेंगे।” 'भारत में दुनिया के सबसे अच्छे विकेट हैं' डोनाल्ड ने यह भी कहा कि आगामी टी20 विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका ने एक संतुलित और मजबूत टीम चुनी है। सात फरवरी से शुरू होने वाले विश्व कप को भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से मेजबानी करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में यह टूर्नामेंट काफी रोमांचक होने वाला है, है ना? दक्षिण अफ्रीका ने एक बहुत मजबूत टीम चुनी है। हमेशा सवाल उठते रहते हैं कि कौन नहीं गया और कौन जाना चाहिए था। मुझे लगता है कि भारत में दुनिया के सबसे अच्छे टी20 विकेट हैं। किसी भी गेंदबाज के लिए वहां खेलना बेहद कठिन है। मैंने आईपीएल में भी देखा है कि पावर प्ले में 124 रन बनना कितना चुनौतीपूर्ण होता है। यह बल्लेबाजी की कला का ही कमाल है।’’ इस पूर्व महान गेंदबाज ने कहा, ‘‘अगर आप सोच समझकर गेंदबाजी करे तो मैच में आपका पलड़ा भारी रहेगा। मुझे उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका फाइनल तक पहुंचेगी।” 'हम काफी समय से इंतजार कर रहे थे' यह 59 साल का खिलाड़ी एसए20 लीग की पिछली चार सत्रों में हुई प्रगति देखकर बहुत प्रसन्न हैं और उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में यह लीग और विकसित होगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम इसके लिए काफी समय से इंतजार कर रहे थे। मुझे पिछले साल डरबन सुपर जायंट्स के साथ जुड़ने का मौका मिला था । उनके ड्रेसिंग रूम का माहौल आईपीएल जैसा महसूस होता है। यह टूर्नामेंट अभी आईपीएल जितना बड़ा नहीं है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की दृष्टिकोण से यह सर्वश्रेष्ठ है।” उन्होंने कहा, ‘‘इस लीग में शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों के साथ युवाओं को खेलने का मौका मिल रहा है। माहौल वास्तव में शानदार है। यह बहुत ही खास अनुभव है। और हां, मुझे उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट और भी बड़ा होता जाएगा।’’  

तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज: न्यूजीलैंड को दूसरा झटका, हर्षित राणा ने डेवोन कॉनवे को किया बोल्ड

नई दिल्ली आज से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। पहला मुकाबला वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी है। भारतीय टीम 6 बॉलिंग ऑप्श के साथ उतरा है। वडोदरा में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज क्रिकेटर पर नजरें हैं। श्रेयस अय्यर की वापसी से बल्लेबाजी क्रम में चल रहे प्रयोगों पर विराम लगा है। रविवार को कप्तान शुभमन गिल की वापसी से यशस्वी जायसवाल को शीर्ष क्रम से बाहर बैठना पड़ा। वहीं, न्यूजीलैंड टीम में नए और युवा खिलाड़ियों की भरमार है। केन विलियमसन सीरीज का हिस्सा नहीं। रचिन रवींद्र और जैकब डफी को आराम दिया गया है। नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर ग्रोइन इंजरी के कारण सीरीज से बाहर हैं। न्यूजीलैंड की कमान माइकल ब्रेसवेल के हाथों में है। हर्षित ने किया कॉनवे को बोल्ड हर्षित ने न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने 24वें ओवर की आखिरी गेंद पर डेवोन कॉनवे को बोल्ड किया। कॉनवे 67 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक सिक्स है। आखिरकार भारत को मिला पहला विकेट आखिरकार भारत को पहला विकेट मिल गया है। हर्षित राणा ने 22वें ओवर में हेनरी निकोल्स का शिकार किया। निकोल्स ने चौथी गेंद पर विकेटकीपर केएल राहुल को कैच थमाया। उन्होंने 69 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 62 रनों की पारी खेली। उन्होंने कॉनवे (52)* के साथ 117 रनों की साझेदारी की। कॉवने का साथ देने विल यंग आए हैं।

नीरज चोपड़ा ने कोच से रिश्ते किए खत्म, 2025 के लिए खुद तय करेंगे ट्रेनिंग योजनाएं

नई दिल्ली भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने अपने कोच जान जेलेजनी से आधिकारिक तौर पर अलग होने की घोषणा कर दी. दोनों ने एक संयुक्त बयान जारी कर यह स्पष्ट किया कि यह फैसला आपसी सहमति के बाद लिया गया है और दोनों सम्मानपूर्वक अलग हो रहे हैं. जेलेजनी इतिहास के सबसे सफल जैवलिन थ्रोअर माने जाते हैं और नीरज के साथ केवल एक सीजन तक जुड़े रहे. जान जेलेजनी के मार्गदर्शन में नीरज चोपड़ा की शुरुआत बेहद शानदार रही, दोनों की पहली प्रतियोगिता ही इतिहास बन गई, जब नीरज ने दोहा डायमंड लीग के दौरान 90 मीटर का जादुई आंकड़ा पार किया. यह उपलब्धि ना सिर्फ भारतीय एथलेटिक्स के लिए, बल्कि वैश्विक जैवलिन इतिहास के लिए भी यादगार रही. इस थ्रो के साथ ही नीरज चोपड़ा दुनिया के उन चुनिंदा जैवलिन थ्रोअर्स में शामिल हो गए, जिन्होंने 90 मीटर की दूरी पार की. नीरज ने जान जेलेजनी के साथ बिताए समय को बेहद खास बताया. नीरज ने कहा कि वह बचपन से इस दिग्गज को आदर्श मानते आए हैं और उनके साथ ट्रेनिंग करना एक सपना सच होने जैसा था. नीरज चोपड़ा ने क्या कहा? नीरज चोपड़ा ने कहा, 'जान के साथ काम करने से तकनीक और मूवमेंट को लेकर मेरी सोच बदली है, हर सेशन में कुछ नया सीखने को मिला. सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि जिस इंसान को बचपन से आइडल माना, आज उसके साथ दोस्ती है. जान सिर्फ महान खिलाड़ी नहीं, बल्कि महान इंसान भी हैं.' जान जेलेजनी ने भी नीरज चोपड़ा के साथ बिताए समय को याद करते हुए काफी सकारात्मक बातें कहीं. उन्होंने कहा, 'नीरज जैसा एथलीट मिलना सौभाग्य की बात है. 90 मीटर पार कराना खुशी की बात रही. वह लगातार फॉर्म में रहा, बस टोक्यो से 12 दिन पहले लगी पीठ की चोट ने प्रदर्शन पर असर डाला.' जेलेजनी ने यह भी कहा कि वे भविष्य में भी संपर्क में रहेंगे और परिवार सहित भारत या यूरोप में कभी भी उनसे मिलने की योजना है. जान जेलेजनी के साथ नीरज चोपड़ा की आखिरी प्रतियोगिता टोक्यो में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 थी, जहां वह अपना खिताब नहीं बचा पाए और आठवें स्थान पर रहे. पिछले 7 वर्षों में ऐस पहली बार था. जब नीरज किसी अंतरराष्ट्रीय इवेंट में मेडल से चूक गए. नीरज चोपड़ा अब अपनी ट्रेनिंग की दिशा स्वयं तय करना चाहते हैं. वह अब तक जिन कोचों के साथ काम कर चुके हैं, उन सबके अनुभवों को मिलाकर अपनी ट्रेनिंग डिजाइन करेंगे. उनका कहना है कि अब उन्हें अपने शरीर की जरूरतों का सबसे अच्छा अंदाजा है और वो नई तकनीक और ट्रेनिंग आइडियाज पर काम करना चाहते है. 2026 की तैयारी उन्होंने नवंबर से शुरू कर दी है नीरज चोपड़ा कहते हैं, '2027 की विश्व चैम्पियनशिप और 2028 ओलंपिक मेरी नजर में सबसे बड़े लक्ष्य हैं.' नीरज चोपड़ा ने हाल ही में JSW Sports के साथ 10 साल पुरानी साझेदारी खत्म कर दी. अब उन्होंने अपनी नई एथलीट मैनेजमेंट कंपनी Vel Sports लॉन्च की है.

मलेशिया ओपन से बाहर हुईं पीवी सिंधु, सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 ने हराया

कुआलालंपुर पीवी सिंधु का सपना टूट गया है. सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी ने भारत की इस स्टार शटलर को मात दे दी है. पीवी सिंधु मलेशिया ओपन से बाहर हो गई हैं. शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल में उन्हें दुनिया की नंबर 2 खिलाड़ी चीन की वांग झियी से 16-21, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा. पीवी सिंधु दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट वांग झियी के खिलाफ दबाव नहीं बना सकीं. पैर की चोट से उबरने के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रही सिंधु ने दूसरे गेम में 11-6 की बढ़त भी गंवा दी. पीवी सिंधु का सपना टूटा हार के साथ ही टूर्नामेंट में उनके सफर का निराशाजनक अंत हो गया. पीवी सिंधु ने वांग झियी को मुकाबले की शुरुआत में कड़ी टक्कर दी. उन्होंने जोरदार शॉट लगाए और अपने खास क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर 5-2 की बढ़त बना ली, लेकिन वांग के हल्के टच ने उन्हें लगातार अंक दिलाकर बराबरी करने में मदद की. पहले गेम में एक समय सिंधु 9-7 से आगे चल रही थीं, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने एक बार फिर वापसी की और इंटरवल पर सिंधु के नेट पर शॉट चूकने पर एक अंक की मामूली बढ़त बना ली. सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी ने दे दी शिकस्त मैच फिर से शुरू होने के बाद स्कोर एक समय 13-13 से बराबर था. 15-14 पर, वांग ने लगातार आक्रामक शॉट्स से दबाव बढ़ाया. वह 18-14 पर पहुंच गईं, एक जबरदस्त रैली में एक अंक गंवाया, फिर चार गेम अंक हासिल किए और ओपनर खत्म किया क्योंकि सिंधु वाइड चली गईं. दूसरे गेम में सिंधु दो गलतियों के बाद 1-3 पर फिसल गईं, लेकिन उन्होंने वापसी की, और 6-3 से आगे निकलने के लिए जोरदार रैली बनाईं. मलेशिया ओपन से कर दिया बाहर वांग ने अंतर कम किया, फिर भी सिंधु ने बीच के समय में अपनी विरोधी खिलाड़ी को तेज एंगल से कोनों की ओर धकेलकर अपना दबदबा बनाया, जिससे ब्रेक तक 11-6 की बढ़त हो गई. वांग ने दोबारा गेम शुरू होने के बाद जोरदार वापसी की, तेज रैलियों में हिस्सा लिया, लेकिन सिंधु ने लगभग परफेक्ट नेट शॉट्स से जवाब दिया और 13-9 से आगे रहीं. वांग ने फिर वापसी की, जब सिंधु के शॉट्स बाहर और नेट में चले गए, और 13-13 से बराबरी कर ली. इसके बाद 16-13 की बढ़त के साथ वांग झियी ने मैच अपने नाम कर लिया. 

गावस्कर का दिलचस्प तोहफा, जेमिमा को दिया ‘बैट-गिटार’, साथ ही गाना भी गाया

 नवी मुंबई महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने महिला टीम की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स को ऐसा तोहफा दिया, जिसे वे हमेशा याद रखेंगी. गावस्कर ने जेमिमा को एक खास 'बैट-गिटार' (गिटार जो क्रिकेट बैट जैसा दिखता हो) गिफ्ट किया. फिर उनके साथ बैठकर गाना भी गाया. यह मुलाकात महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की शुरुआत से ठीक पहले हुई. दो पीढ़ियों के क्रिकेटरों का यह दिल छू लेने वाला पल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है. आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के दौरान सुनील गावस्कर ने जेमिमा रोड्रिग्स से खास वादा किया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में जेमिमा ने 127* रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जिसके चलते भारत ने 339 रनों का रिकॉर्ड चेज करते हुए फाइनल में जगह बनाई. उसी समय गावस्कर ने कहा था कि अगर भारतीय टीम ट्रॉफी जीतती है तो वो जेमिमा के साथ संगीत संत्र करेंगे. जेमिमा रोड्रिग्स ने भी इस वादे को जीवित रखा और कई मंचों पर इस बारे में मजाकिया अंदाज में बात करती रहीं. अंततः सुनील गावस्कर ने अपना वादा निभाया और जेमिमा को लकड़ी के बॉक्स में रखा बैट-गिटार भेंट किया. जेमिमा गिफ्ट को अनकैप्ड करते समय बेहद खुश दिखाई दीं. 'तुम्हारी बैटिंग में भी संगीत की लय' सुनील गावस्कर ने मजाक में कहा कि आज वो ओपनिंग बैटर नहीं हैं, इसलिए जेमिमा रोड्रिग्स ही बॉक्स खोलें.  जब जेमिमा रोड्रिग्स ने पूछा कि यह बैट-गिटार बजाने के लिए है या बैटिंग करने के लिए, तो सुनील गावस्कर ने कहा, 'दोनों क्योंकि तुम्हारी बैटिंग में भी संगीत की लय होती है.' सुनील गावस्कर और जेमिमा रोड्रिग्स ने साथ बैठकर फिल्म शोले का मशहूर गाना ‘ये दोस्ती’ गाना गाया. जेमिमा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'सुनील सर ने अपना वादा निभाया और हमें सबसे बेहतरीन बैट-आर (Bat-ar) के साथ परफॉर्म करने का मौका मिला. यह पोस्ट खूब वायरल हुई और फैन्स ने दोनों की केमिस्ट्री की जमकर तारीफ की. जेमिमा रोड्रिग्स WPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी कर रही हैं. वो शनिवार (10 जनवरी) को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम को लीड करने उतरी हैं.  

T20 वर्ल्ड कप 2026: आयरलैंड की टीम में पॉल स्टर्लिंग, हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर, IPL खिलाड़ी भी शामिल

 डबलिन श्रीलंका और भारत की सहमेजबानी में होने वाले आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के लिए आयरलैंड नेअपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. सबसे अनुभवी खिलाड़ी और इस फॉर्मेट में आयरलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले पॉल स्टर्लिंग टीम की संभाल संभालेंगे. जबकि लोर्कन टकर को उप-कप्तान बनाया गया है. आयलैंड की टीम में शामिल 15 में से 12 खिलाड़ी पिछले टी20 वर्ल्ड कप का भी हिस्सा थे. स्क्वॉड में शामिल बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश लिटिल को तो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का भी अनुभव है. लिटिल ने गुजरात टाइटन्स के लिए 11 मैचों में इतने ही विकेट लिए थे. नए चेहरों में टिम टेक्टर, बेन कैलिट्ज और मैथ्यू हम्फ्रीज को स्क्वॉड में जगह मिली है, जो टीम को नई ऊर्जा और गहराई प्रदान कर सकते हैं. यह आयरलैंड की नौवीं टी20 विश्व कप उपस्थिति होगी. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2009 और 2022 में आया था, जब टीम सुपर राउंड तक पहुंची थी. इस दौरान उसने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसी चैम्पियंस टीम को मात दी. आयरलैंड के राष्ट्रीय मेन्स सेलेक्टर एंड्रयू व्हाइट ने टीम के अच्छे प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त हैं. एंड्रयू व्हाइट कहते हैं, 'इस टी20 विश्व कप का हमें बेसब्री से इंतजार है. 2022 यादगार था, लेकिन 2024 हमारे मुताबिक नहीं रहा, जिसे सुधारने के लिए हम लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं. हम एक मुश्किल ग्रुप में हैं, लेकिन हमने हाल में इन टीमों के खिलाफ काफी क्रिकेट खेली है. हम बिना डर के उतरेंगे. पिछले कुछ वर्षों में हमने इस रीजन में काफी क्रिकेट खेली है, इसलिए हमारी तैयारी और रणनीति मजबूत होगी.' आयरिश टीम विश्व कप से पहले इटली और यूएई के खिलाफ मुकाबले खेलेगी, जिससे उन्हें उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों से तालमेल बैठाने में मदद मिलेगी. आयरलैंड को ग्रुप-बी में रखा गया है. इस ग्रुप में श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे की टीम्स भी शामिल हैं. आयरलैंड अपना पहला मुकाबला 8 फरवरी को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा. टी20 विश्व कप 2026 के लिए आयरलैंड की टीम: पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, रॉस अडायर, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोर्कन टकर, बेन व्हाइट और क्रेग यंग. टी20 विश्व कप में आयरलैंड के मैच: 8 फरवरी: बनाम श्रीलंका, आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो 11 फरवरी: बनाम ऑस्ट्रेलिया, आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो 14 फरवरी: बनाम ओमान, सिंहली स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो 17 फरवरी: बनाम जिम्बाब्वे, पल्लेकेल

डब्ल्यूपीएल में नई शुरुआत का इरादा, यूपी वॉरियर्स बनाम गुजरात जायंट्स

नवी मुंबई यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स की टीम शनिवार को यहां अपने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) अभियान की शुरुआत करेंगी और पिछले सत्र में विपरीत प्रदर्शन के बाद दोनों टीमें पहले खिताब की तलाश में होंगी। यूपी वॉरियर्स नई कप्तान मेग लैनिंग पर बहुत अधिक निर्भर रहेगी क्योंकि उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीन फाइनल में पहुंची थी। टीम पिछले तीन सत्र में तीसरे, चौथे और फिर तालिका में निचले स्थान पर रही थी और उसकी निगाहें इस लगातार गिरावट को रोकने की है। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के आने से टीम में स्पष्टता आने की उम्मीद है। टीम पिछले साल कप्तान एलिसा हीली की गैरमौजूदगी में संतुलन और निरंतरता के लिए संघर्ष कर रही थी। हालांकि वॉरियर्स के टीम संयोजन को लेकर सवाल बने हुए हैं, विशेषकर विकेटकीपिंग विभाग में जिसमें शिप्रा गिरी एकमात्र विशेषज्ञ विकल्प हैं। शीर्ष पर फोबे लिचफील्ड लचीलापन प्रदान करती हैं और उनके किरण नवगिरे के साथ साझेदारी करने की संभावना है। लैनिंग और हरलीन देओल की मौजूदगी वाला मध्यक्रम प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में महत्वपूर्ण होगा। सोफी एक्लेस्टोन, दीप्ति शर्मा और अनुभवी शिखा पांडे और क्रांति गौड़ जैसी खिलाड़ियों के साथ वॉरियर्स के पास ताकतवर गेंदबाजी आक्रमण है जिसमें विश्व स्तरीय स्पिन, नई गेंद से गेंदबाजी का अनुभव और अंतिम ओवरों में विशेज्ञता का मिश्रण है। दूसरी ओर गुजरात जायंट्स दो निराशाजनक सत्र के बाद पिछली बार प्लेऑफ में पहुंची थी और उसका मनोबल बढ़ा हुआ है। एशले गार्डनर की अगुवाई वाली जायंट्स के पास मजबूत विदेशी खिलाड़ियों का कोर है लेकिन एक प्रमुख भारतीय बल्लेबाज की कमी है। स्टंप के पीछे और शीर्ष क्रम में बेथ मूनी होंगी जबकि सोफी डिवाइन 2025 सत्र से चूकने के बाद डब्ल्यूपीएल में वापसी कर रही हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण रेणुका सिंह ठाकुर के नेतृत्व में काफी संतुलित दिखता है जिन्हें किम गार्थ और काश्वी गौतम का सहयोग मिलेगा। गार्डनर, जॉर्जिया वारेहम, राजेश्वरी गायकवाड़ और तनुजा कंवर के रूप में स्पिन के कई विकल्प मौजूद हैं। दोनों टीम बदलाव के दौर से गुजर रही हैं इसलिए शनिवार का मुकाबला उनके अभियानों की लय तय कर सकता है। संभावित टीम : यूपी वारियर्स: श्वेता सहरावत, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन, मेग लैनिंग (कप्तान), फोबे लिचफील्ड, किरण नवगिरे, हरलीन देयोल, क्रांति गौड़, आशा शोभना, डायंड्रा डॉटिन, शिखा पांडे, शिप्रा गिरी, सिमरन शेख, चार्ली नॉट, क्लो ट्रायोन, सुमन मीना, जी त्रिशा, प्रतिका रावल। गुजरात जायंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, रेणुका सिंह ठाकुर, भारती फूलमाली, टिटास साधु, काशवी गौतम, कनिका आहुजा, तनुजा कंवर, जॉर्जिया वारेहम, अनुष्का शर्मा, हैप्पी कुमारी, किम गार्थ, शिवानी सिंह, डानी वाट हॉज, राजेश्वरी गायकवाड़, आयुषी सोनी। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू होगा।  

टाटा मुंबई मैराथन का भव्य आयोजन, देश-विदेश से 60,000+ धावक होंगे शामिल

मुंबई टाटा मुंबई मैराथन (टीएमएम) के 21वें सत्र का आयोजन यहां 18 जनवरी को होगा जिसमें भाग लेने के लिए 60,000 से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया है। आयोजकों के अनुसार, विश्व एथलेटिक्स ‘गोल्ड लेबल’ दौड़ में रिकॉर्ड 69,100 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसमें 65,400 से अधिक प्रतिभागी प्रत्यक्ष रूप से और 3,700 वर्चुअल (ऑनलाइन) रन में भाग लेंगे। पहली बार रिकॉर्ड 14,059 धावक पूर्ण मैराथन में प्रतिस्पर्धा करेंगे। हाफ मैराथन और ओपन 10 किमी दौड़ में भी भागीदारी में भारी वृद्धि हुई है। ⁠ महाराष्ट्र सरकार के मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा, ‘‘पिछले दो दशकों में टाटा मुंबई मैराथन ने लोगों के शारीरिक स्वास्थ्य और शहर की आर्थिक स्थिति दोनों पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। धावकों के अलावा, इससे एयरलाइंस, होटल और स्थानीय विक्रेताओं को भी लाभ होता है। यह अर्थव्यवस्था को गति देने वाला प्रमुख कारक बन गया है।’’ आयोजकों के अनुसार, 2025 सत्र में गैर-सरकारी संगठनों द्वारा 53.62 करोड़ रुपये जुटाए गए, जिनमें शिक्षा के लिए सबसे ज्यादा 27.66 करोड़ रुपये जुटाए गए। आयोजक ‘प्रोकैम इंटरनेशनल’ की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘पिछले तीन वर्षों में टाटा मुंबई मैराथन ने कुल मिलाकर 1,182.67 करोड़ रुपये का योगदान दिया है, जो सामाजिक और आर्थिक विकास के उत्प्रेरक के रूप में इसके प्रभाव को रेखांकित करता है।’’