samacharsecretary.com

जांच सौंपे 8 दिन बाद CBI भिवानी पहुंची, मनीषा मामले में जुटाई जानकारी

भिवानी हरियाणा में भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की मौत के मामले में जांच सौंपने के 8 दिन बाद सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन टीम (CBI) जांच करने भिवानी पहुंच गई है। लोहारू पुलिस अभी तक की जांच रिपोर्ट और इकट्‌ठे किए गए सबूत CBI को सौंपेगी। CBI टीम ने केस से जुड़ा सारा रिकॉर्ड माँगा।  13 अगस्त को मनीषा का शव सिंघानी गांव के खेतों में मिला। परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या हुई है। हालांकि, पुलिस ने 18 अगस्त को एक सुसाइड नोट दिखाकर इसे आत्महत्या बताया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने CBI जांच की मांग की थी। परिवार की मांग पर 26 अगस्त को मनीषा का केस हरियाणा पुलिस से CBI को ट्रांसफर किया गया था। कल (2 सितंबर) को परिवार के लोग चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास पर CM नायब सिंह सैनी से मिलने पहुंचे थे। क्या-क्या सबूत CBI को सौंप सकती है पुलिस…     लापता की FIR की कॉपी जिसमें बाद में हत्या का धारा जोड़ी गई: 11 अगस्त को मनीषा लापता हुई। पुलिस ने 24 घंटे की देरी से यानी 12 अगस्त शाम को लापता का केस दर्ज किया। 13 अगस्त को लाश मिलने के बाद उसमें हत्या की धारा भी जोड़ दी गई थी। इस केस का सबसे प्रारंभिक दस्तावेज यही है। हालांकि CBI नए सिरे से FIR दर्ज कर सकती है।     3 पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, 10 फोरेंसिक सैंपल की रिपोर्ट: लाश मिलने के 9 दिन की अवधि में मनीषा के शव का 3 बार पोस्टमॉर्टम हुआ। पहली बार भिवानी सिविल अस्पताल में। दूसरी बार रोहतक पीजीआई में। तीसरी बार दिल्ली एम्स में। भिवानी सिविल और रोहतक पीजीआई की रिपोर्ट के कुछ अंश तो मीडिया के सामने पुलिस ने रखे भी थे। एम्स की रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं है। पुलिस ने 10 विसरा सैंपल भी मधुबन फोरेंसिक लैब में भेजे थे। इनकी रिपोर्ट भी CBI को सौंपी जाएगी।     एम्स से मिले सैंपल अभी भिवानी पुलिस के पास पड़े, जांच बाकी: एम्स में पोस्टमॉर्टम के बाद 21 अगस्त को मनीषा के शव का संस्कार किया गया था। एम्स से कुछ फोरेंसिक सैंपल भिवानी पुलिस के हैंडओवर किए गए थे। भिवानी एसपी सुमित कुमार के मुताबिक ये सैंपल प्रिजर्व किए गए हैं और सीबीआई को सौंपे जाएंगे। सीबीआई अपने हिसाब से किसी लैब में इन सैंपल की जांच कराएगी। इनकी जांच रिपोर्ट केस में अहम रहेगी।     स्कूल-कॉलेज संचालकों से भी पूछताछ संभव: CBI इस केस में कई लोगों से पूछताछ कर सकती है। इसकी लिस्ट लंबी है। इनमें मनीषा के परिजन, प्ले वे स्कूल स्टाफ व संचालक जिसमें मनीषा पढ़ाती थी। खाद-बीज विक्रेता जिससे मनीषा ने एक लीटर मोनो स्प्रे खरीदी थी। नर्सिंग कॉलेज स्टाफ व संचालक, जहां मनीषा दाखिला लेना चाहती थी। वो दो लोग जिन्होंने सबसे पहले मनीषा का शव देखा था। लोकल पुलिस के जांच अधिकारी, पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर्स समेत कई नाम संभावित लिस्ट में हो सकते हैं।     सुसाइड नोट की कॉपी, शव पर मिले कपड़े, मोबाइल व अन्य सामान: 18 अगस्त को पुलिस ने इसे सुसाइड का केस बताया था। उसी दिन एक सुसाइड नोट भी वायरल हुआ। DGP शत्रुजीत कपूर प्रेसवार्ता में कह चुके हैं कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग मनीषा की राइटिंग से मैच हो गई है। शव पर मिले कपड़े, मनीषा का मोबाइल भी सीबीआई कब्जे में लेगी। मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट आदि महत्वपूर्ण सुराग बन सकते हैं।

जंगली हाथियों का आतंक जारी, गांव में मचाया उत्पात

खूंटी झारखंड के खूंटी में मंगलवार रात हाथियों का तांडव देखने को मिला जहां एक किसान को कुचल कर मार डाला। घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना खूंटी जिले के बोंगतेल गांव की है। मृतक की पहचान गांव के 32 वर्षीय कृष्णा सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि बीती मंगलवार रात बोंगतेल गांव में जंगली हाथी घुस आये थे। वहीं फसलों का कोई नुक्सान न हो तो ग्रामीण उन्हें भगाने लगे। तभी हाथियों को भगाने के दौरान एक जंगली हाथी ने कृष्णा के ऊपर हमला कर दिया। हाथी के हमले से कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक कृष्णा सिंह की पत्नी और तीन बच्चे हैं। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुख्यमंत्री ने मनीषा के परिजनों से की मुलाकात, न्याय सुनिश्चित करने का दिया वादा

हिसार   भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी 19 वर्षीय लेडी टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले में अब परिजनों को जल्द CBI जांच शुरू होने की उम्मीद बंधी है।  मनीषा के परिजन हरियाणा बैरागी समाज के राज्य प्रधान शिव कुमार पंवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर पर करीब आधे घंटे तक चली। मुख्यमंत्री ने परिवार को आश्वस्त किया कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। उन्होंने बताया कि मामला CBI को सौंप दिया गया है और एक विशेष अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, "मनीषा हमारी बेटी थी, उसे न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।" CBI जांच और आर्थिक मदद की मांग बैठक में मनीषा के पिता संजय कुमार, दादा राजकुमार, मामा संदीप सहित बैरागी समाज के पदाधिकारी — प्रवीण स्वामी, डॉ. दीपक स्वामी, चेयरमैन बख्शी राम और समाजसेवी धर्मेंद्र सैनी मौजूद रहे। सभी ने CBI जांच में तेजी लाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। CBI का फोन, जल्द शुरू होगी जांच मनीषा के दादा रामकिशन ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके बेटे संजय कुमार को CBI अधिकारियों का फोन आया था। अधिकारियों ने बुधवार से जांच शुरू करने की जानकारी दी, हालांकि टीम के आने की तारीख को लेकर अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोमवार को भी टीम के पहुंचने की चर्चा थी, लेकिन वे नहीं आए। घटनास्थल पर बारिश बना रही बाधा 13 अगस्त को सिंघानी गांव के खेतों में मनीषा का शव मिला था। अब घटनास्थल पर बारिश का पानी भर गया है, जिससे सबूतों के नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल को रिफ्लेक्टिंग पट्टी लगाकर सुरक्षित कर रखा है।

करमा पर्व झारखंड की पहचान : CM हेमंत बोले- पूर्वजों का अद्वितीय उपहार

रांची करमा पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड वासियों को बधाई दी है। सीएम हेमंत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि प्रकृति पूजा करम पर्व की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं, बधाई और जोहार। सीएम हेमंत ने कहा कि करम पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और जीवनशैली का प्रतीक है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट संबंध, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति के प्रति हमारी गहरी आस्था और कृतज्ञता को दर्शाता है। हमारे पूर्वजों द्वारा हमें दिया गया अद्वितीय उपहार है यह। इस दिन पूजा कर हम सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और स्वस्थ समाज की मंगलकामना करते हैं। लोगों की खुशहाली के लिए की कामना सीएम हेमंत ने आगे कहा कि जल, जंगल, माटी और जीव-जंतुओं से हमारा जीवन गहराई से जुड़ा हुआ है। करम पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन और समाज के सतत विकास का संदेश देता है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सब मिलकर अपने रीति-रिवाजों, परंपराओं को सहेजने, समाज को सशक्त करने और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लें। आप सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण हो, यही कामना करता हूँ। करम जोहार! बहनें अपनी भाईयों की लंबी उम्र के लिए रखती व्रत बता दें कि प्रकृति करमा पर्व भाद्र मास की एकादशी तिथि को मनाया जाता है। इस बार करमा पूजा आज यानी 3 सितंबर को की जाएगी। इस अवसर पर आदिवासी करमा पेड़ की पूजा करते हैं और प्रकृति मां से प्रार्थना करते हैं कि खरीफ सीजन के बाद समृद्ध फसल सुनिश्चित हो। इसके अलावा बहनें इस अवसर पर अपने भाइयों की सलामती के लिए प्रार्थना करती हैं। साथ ही बहनें अपनी भाईयों की लंबी उम्र के लिए व्रत करती हैं।

हरियाणा: हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, बच्चों के अधिकारों में सुधार

चंडीगढ़  हरियाणा असिस्टैंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी भर्ती प्रक्रिया में हाल ही में किए गए बदलाव पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उस याचिका पर जारी हुआ है जिसमें परीक्षा के सिलेबस को अचानक बदलने को चुनौती दी गई है। दरअसल, पहले ए.डी.ए. की स्क्रीनिंग परीक्षा का पाठ्यक्रम मुख्य रूप से कानूनी विषयों पर आधारित था, लेकिन अब इसे पूरी तरह सामान्य ज्ञान आधारित कर दिया गया है।  नए सिलेबस में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व की समसामयिक घटनाएं, भारत का इतिहास, भारतीय एवं विश्व भूगोल, भारतीय संस्कृति, भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था, सामान्य मानसिक क्षमता, तर्कशक्ति, अंकगणित, डाटा इंटरप्रिटेशन तथा हरियाणा सामान्य ज्ञान एवं इतिहास जैसे विषय शामिल किए गए हैं। वहीं, कानून से जुड़े विषयों को पूरी तरह हटा दिया गया है। जस्टिस संदीप मौदगिल ने इस मामले में हरियाणा सरकार हरियाणा लोक सेवा आयोग और अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।  याचिकाकर्ता, जो कि एक विधि स्नातक हैं, ने दलील दी है कि परीक्षा का पैटर्न बिना किसी तार्किक आधार के बदला गया है। भर्ती नियमों और संविधान के अनुच्छेद 320 के तहत हरियाणा सरकार और एच.पी.एस.सी. के बीच उचित परामर्श के बिना यह बदलाव किया गया। याचिका में यह भी कहा गया कि नया सिलेबस प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ताओं के साथ अन्याय करता है, क्योंकि वे कानून विषय में बेहतर ज्ञान रखते हैं, लेकिन सामान्य ज्ञान और अंकगणितीय क्षमता की परीक्षा में उन्हें कठिनाई हो।   

सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर, पर नहीं मिली एंबुलेंस : ऑक्सीजन खत्म होने से महिला की मौत

भानुप्रतापपुर छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां दुर्गूकोंदल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महिला मरीज की स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल में एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिली. परिजन निजी वाहन से मरीज को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुए, इस दौरान रास्ते में ही ऑक्सीजन खत्म हो गई, जिससे मरीज की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, बीती रात ग्राम मेड़ो में 29 वर्षीय संतोषी सेन को सांप ने डंस दिया. रात 2 बजे महिला को दुर्गूकोंदल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनकी स्थित को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी. पता करने पर इंतजार करने कहा गया. मरीज की स्थिति बिगड़ती रही पर 5 घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं आई. इसके चलते परिजनों ने निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाने का फैसला लिया. परिजन निजी वाहन बुलाया और महिला को लेकर जिला अस्पताल रवाना हुए. समस्या यहीं पर समाप्त नहीं हुई, क्योंकि मरीज के लिए लगाया गया ऑक्सीजन सिलेंडर खाली था. अस्पताल से निकलने के कुछ देर बाद ही गैस खत्म हो गई, जिससे मरीज ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने महिला को पास ही स्थित भानुप्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. भानुप्रतापपुर में ही मृत महिला का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.

चाचा की हत्या कर गैंगस्टर बना, हरियाणा का बदमाश बादली अब पुलिस के हत्थे चढ़ा

गुरुग्राम गैंगस्टर मैनपाल बादली को कंबोडिया से भारत प्रत्यर्पित कर बुधवार सुबह दिल्ली लाया गया, जहां हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बादली पर सात लाख का इनाम घोषित था और वह साल 2018 में पैरोल पर बाहर आने के बाद से फरार था। विदेश से चला रहा था गैंग एसटीएफ के अनुसार बादली पिछले कई सालों से विदेश में बैठकर अपने आपराधिक गिरोह को चला रहा था। वह रंगदारी, हत्या और अन्य संगीन अपराधों में शामिल था। एसटीएफ ने इंटरपोल की मदद से उसे कंबोडिया में हिरासत में लिया था और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत डिपोर्ट किया गया है। सात साल से विदेश में था मैनपाल बादली मैनपाल 29 अगस्त 2018 को पैरोल पर जेल से बाहर आया था। जिसके बाद वह विदेश चला गया। उस पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जेल में रहते हुए भी हत्या करने का आरोप है। मैनपाल शुरुआत में ट्रैक्टर रिपेयर का काम सीखता था, लेकिन साल 2000 में अपने चाचा की हत्या के बाद अपराध की दुनिया में उसने कदम रखा। नंबर वन मोस्टवांटेड है मैनपाल हरियाणा पुलिस की सूची में मैनपाल बादली नंबर-1 मोस्ट वांटेड बदमाश है। इसी के चलते पुलिस इसको दबोचने के लिए लगी हुई थी। हाल ही में इसको कंबोडिया में पकड़ा गया। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब उसके गैंग के बाकी सदस्यों और नेटवर्क पर भी नजर रख रही हैं। साथ ही एसटीएफ ने इस ऑपरेशन को गुप्त रखा था। इसके बाद कम्बोडिया की स्थानीय अधिकारियों के सहयोग से मैनपाल को हिरासत में लिया गया। ड्रग्स सिंडीकेट से भी संपर्क पुलिस के अनुसार मैनपाल का गैंग ड्रग्स की तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में भी शामिल है। कंबोडिया में उसकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए हरियाणा एसटीएफ ने इंटरपोल और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया। 20 अगस्त के आसपास कंबोडिया पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और डिपोर्ट की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया गया है। गैंगस्टर बनने से पहले ट्रैक्टर मिस्त्री था शुरुआत में मैनपाल ट्रैक्टर रिपेयर का काम सीख रहा था, लेकिन चाचा की हत्या के बाद उसने अपराध की राह पकड़ ली। धीरे-धीरे वह हरियाणा के सबसे खतरनाक गैंगस्टरों में शामिल हो गया। उसका गैंग कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा, जिसमें हत्या, फिरौती और संगठित अपराध शामिल हैं। 2018 में हुआ था फरार बादली को साल 2018 में एक मामले में पैरोल मिली थी, जिसके बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया था। एसटीएफ उसकी तलाश में थी और आखिरकार उसे पकड़ने में सफलता मिली। गिरफ्तारी के बाद, बादली से आगे की पूछताछ की जा रही है ताकि उसके गैंग के अन्य सदस्यों और गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

भ्रष्टाचार पर शिकंजा: रिश्वत लेते धराया पटवारी संघ का अध्यक्ष

खैरागढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को खैरागढ़ में जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष और पटवारी धर्मेंद्र कांडे को रिश्वतखोरी के मामले में रंगे हाथों गिरफ्तार किया. अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. ग्राम डोकरा भाटा निवासी भागचंद कुर्रे अपने ज़मीन संबंधी कार्य को लेकर कई दिनों से पटवारी धर्मेंद्र कांडे से संपर्क कर रहा था. पटवारी ने काम कराने के एवज में पहले 10 हज़ार रुपए की मांग की थी. बाद में सौदा 9 हज़ार रुपए में तय हुआ. शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी. योजना के तहत आज पीड़ित भागचंद कुर्रे ने अपना बाज़ार के ऊपर स्थित पटवारी कार्यालय में जाकर आरोपी को 9 हज़ार रुपए सौंपे. रुपए लेने के बाद धर्मेंद्र कांडे कलेक्टर कार्यालय की एक बैठक में चला गया. एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देते हुए कलेक्टर कार्यालय से ही आरोपी पटवारी को रिश्वत की राशि सहित गिरफ्तार कर लिया. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि धर्मेंद्र कांडे जिला पटवारी संघ का अध्यक्ष भी है. यानी जो संगठन अपने साथियों को ईमानदारी और पारदर्शिता की सीख देने का दावा करता है, उसका ही मुखिया घूस लेते पकड़ा गया. इस घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र की नीयत पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.

CM योगी के आदेश पर यूपी के 14 शहरों में चला स्पेशल ऑपरेशन

लखनऊ  यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर विकास विभाग ने प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों में एक साथ 12 घंटे का विशेष अभियान चलाया. अधिकारियों के मुताबिक इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिक सुविधाओं में सुधार, स्थानीय समस्याओं का समाधान और जन-जागरूकता बढ़ाना था. यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों के अनुरूप संचालित किया गया. न्यूज एजेंसी की खबर के अनुसार लखनऊ नगर निगम ने आठ जोनों में 32 कर वसूली और शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए. अपर नगर आयुक्त और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के नेतृत्व में 1,365 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया. एक दिन में 2.30 करोड़ रुपये का कर संग्रह सुनिश्चित हुआ. इसके अलावा गोरखपुर नगर निगम ने प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाकर दुकानदारों को कपड़े के थैले वितरित किए. साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाई और नियम उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया. वाराणसी:नगर निगम की टीम ने कचरा पृथक्करण पहल शुरू की. भरत मिलाप कॉलोनी और महेश नगर कॉलोनी के 86 घरों में घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया. अब अधिकांश घरों में गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डाला जा रहा है. मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने मछली फाटक के पुराने कूड़ा ढलाव घर का सौंदर्यीकरण किया. राधा अष्टमी के अवसर पर अहिल्या बाई पार्क और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चला. स्थानीय निवासी कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित हुए. गाजियाबाद में भारी बारिश के दौरान मोहन नगर, शालीमार गार्डन और मोहन नगर बस स्टैंड में जलभराव समाधान किया गया. 20 साल पुराने नालों और पाइपलाइनों की सफाई कर स्थायी समाधान उपलब्ध कराया गया. अयोध्या नगर निगम को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड से 20 इलेक्ट्रॉनिक हॉपर टिपर प्राप्त हुए. इससे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को गति मिली. प्रत्येक वार्ड में टिपर जीपीएस और रूट मैप के साथ संचालित होगा. वहीं शाहजहांपुर में निगोही रोड पर वर्षों पुराने 150 टन गीले कचरे का निस्तारण कर दीर्घकालीन समस्या का समाधान किया गया. मुरादाबाद में विशेष अभियान के तहत 200 मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया गया. 250 सफाई कर्मियों और आधुनिक उपकरणों की मदद से यह क्षेत्र साफ किया गया. बरेली के वार्ड-53, मोहल्ला रोहली टोला और आशीष रॉयल पार्क कॉलोनी में जल आपूर्ति सुधार की गई. 1,100 मीटर नई पाइपलाइन बिछाकर 200 भवनों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया. कानपुर नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार और स्वच्छता के लिए तीन नए फुटबॉल ग्राउंड का उद्घाटन किया और फ्रेंडली फुटबॉल मैच आयोजित किया. प्रयागराज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता और एंटी-लार्वा फॉगिंग अभियान चलाया गया. अपशिष्ट पृथक्करण और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम पर जोर दिया गया. मेरठ नगर आयुक्त ने कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया. गौवंश की देखभाल, पोषण और स्वास्थ्य प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया गया. यह पहल धार्मिक कर्तव्य के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी मानी गई. फिरोजाबाद नगर निगम ने बारिश के बाद जलभराव की 12 शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया. अलीगढ़: नगर निगम ने लगातार काम करते हुए जलभराव कम करने और खेल सुविधाओं के विकास की तैयारी की. नारंगी लाल स्मार्ट सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अगले 2-3 सप्ताह में हस्तांतरित किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि इस 12 घंटे के विशेष अभियान ने न केवल नागरिक सेवाओं और स्वच्छता में सुधार किया, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई. नगर निगमों के सहयोग से यह पहल प्रदेशभर में एक मॉडल के रूप में उभरी है.

38 जिलों में झमाझम का अलर्ट: गंगा-कोसी उफान पर, कई इलाकों में बाढ़ की आशंका

 पटना बिहार में मानसून थोड़ा कमजोर जरूर पड़ गया है लेकिन सभी जिलों में बारिश के आसार आज से लेकर आठ सितंबर तक हैं। उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम बिहार, दक्षिण-मध्य, दक्षिण-पूर्व बिहार में एक या दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं। पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद समेत पूरे बिहार में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। इधर, लगातार बारिश के कारण गंगा और कोसी उफान पर है। नेपाल में हुई लगातार भारी बारिश का असर बिहार की कोसी नदी पर साफ दिखने लगा है। जलग्रहण क्षेत्रों में मूसलधार बारिश के बाद रविवार शाम से कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा। नेपाल प्रभाग के बराहक्षेत्र से भी पानी का डिस्चार्ज लगातार बढ़ता घटता रहा। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, खगड़िया के डुमरी और बलतारा, भागलपुर के विजय घाट पुल और कटिहार के कुरसेला में कोसी का बहाव पहले ही खतरे के निशान को पार कर चुका है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य की तैयारी तेज कर दी है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों के दौरान पटना के अधिकांश भागों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने के आसार हैं। वहीं अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान इसी क्षेत्र में इसके और भी ज्यादा प्रभावी होने की संभावना है। इसके बाद यह अगले 24 घंटे के ऊपर होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। मुंगेर में फिर से बाढ़ का खतरा मुंगेर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पहले ग्रामीण इलाकों में पानी फैलने के बाद अब शहरी क्षेत्रों में भी गंगा का पानी प्रवेश कर चुका है। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत लाल दरवाजा–गीता बाबू लिंक पथ पर लगभग तीन फीट पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। नगर निगम क्षेत्र के कई निचले इलाकों और घरों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। सदर प्रखंड के मोहली पंचायत अंतर्गत आदर्श ग्राम टीका रामपुर में ग्रामीण सड़क और आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। भागलपुर में भी बाढ़ का खतरा गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से जिले में बाढ़ का खतरा एक बार फिर गहरा गया है। भागलपुर जिले के कहलगांव, सुल्तानगंज, नाथनगर, सबौर और नवगछिया अनुमंडल के तीन प्रखंडों सहित कुल आठ प्रखंडों के निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। गंगा के साथ-साथ कोसी नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है, जिससे नवगछिया अनुमंडल के कोसी तटवर्ती क्षेत्रों में पानी तेजी से प्रवेश कर रहा है। प्रशासन ने जिले के 92 पंचायतों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया है।