samacharsecretary.com

प्रदेश में अब तक 255.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज, बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 427.4 मि.मी. वर्षा

रायपुर, छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 255.4 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 427.4 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 84.5 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा में 228.4 मि.मी., सूरजपुर में 272.4 मि.मी., जशपुर में 393.9 मि.मी., कोरिया में 336.4 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 242.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। रायपुर जिले में 418.9 मि.मी., बलौदाबाजार में 202.0 मि.मी., गरियाबंद में 211.5 मि.मी., महासमुंद में 199.5 मि.मी. और धमतरी में 193.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर में 188.4 मि.मी., मुंगेली में 222.8 मि.मी., रायगढ़ में 417.1 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 297.4 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 323.0 मि.मी., सक्ती में 298.8 मि.मी. कोरबा में 325.3 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 238.6 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड हुई है। दुर्ग जिले में 121.2 मि.मी., कबीरधाम में 143.9 मि.मी., राजनांदगांव में 109.2 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 295.3 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 132.8 मि.मी., बालोद में 171.5 मि.मी. और बस्तर जिले में 394.8 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड हुई है। कोंडागांव में 229.3 मि.मी., कांकेर में 266.4 मि.मी., नारायणपुर में 267.2 मि.मी., दंतेवाड़ा में 368.2 मि.मी. और सुकमा में 179.1 मि.मी. और बीजपुर जिले में 398.1 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।

यंग इंडिया के तत्वाधान में मेगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन

रायपुर विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर दिव्यांगजनों को रोजगार देने के उद्देश्य से यंग इंडिया के तत्वाधान में मेगा प्लेसमेंट कैंप का आयोजन करने जा रहा है. यह कैंप 7 जुलाई को शासकीय आईटीआई सड्डू रायपुर में लगेगा. विशेष रोजगार अधिकारी डॉ. शारदा वर्मा ने बताया कि प्लेसमेंट कैंप सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा. प्लेसमेंट कैंप में 20 विभिन्न निजी क्षेत्र की राइस मिल, पेट्रोल पम्प, स्पंज आयरन, वेयर हाऊस आदि प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा दिव्यांगजनों की भर्ती की जाएगी. इनका कार्यक्षेत्र उरला, सिलतरा और रायपुर शहर होगा. विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से लेकर 20 हजार रुपए तक का मासिक वेतनमान दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए रोजगार संबंधी परामर्श, पंजीयन और मार्गदर्शन की भी व्यवस्था की गई है. इस अवसर का लाभ उठाने के लिए रायपुर जिले सहित आसपास के 18 से 40 वर्ष तक के योग्य दिव्यांगजन भाग ले सकते हैं. अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा. इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए दिव्यांगजन कार्यालय के दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं.

सीजीपीएससी और व्यावसायिक परीक्षा मंडल की सभी भर्ती परीक्षाओं में आवेदकों को करवाना होगा आधार कार्ड से ई-केवाईसी

रायपुर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) और व्यावसायिक परीक्षा मंडल(व्यापमं) की तरफ से होने वाली भर्ती परीक्षाओं के लिए अब आधार कार्ड के जरिए ई-केवाईसी करवान अनिवार्य होगा। राज्य शासन की तरफ से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बता दें कि परीक्षाओं में होने वाले फर्जीवाड़ा को रोकने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रदेश में सीजीपीएससी और व्यापमं ही सबसे ज्यादा भर्ती परीक्षाएं करवाते हैं। भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने के समय ही अभ्यर्थी को आधार कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी करवान होगा। परीक्षा केंद्र में आधार कार्ड से मिलान होने के बाद ही अभ्यर्थी को परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी। परीक्षाओं में कई बार अभ्यर्थी की जगह दूसरा व्यक्ति बैठकर परीक्षा देता है। ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए यह व्यवस्था बनाई जा रही है। इंजीनियरिंग और मेडिकल के लिए होने वाली जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं में यह व्यवस्था लागू है। इसमें फर्जीवाड़ा होने की संभावनाएं बिल्कुल नहीं रहती है। आवेदन करने के समय ई-केवाईसी करने से अभ्यर्थी का पूरा डेटा पीएससी और व्यापमं के पास पहुंच जाएगा। परीक्षा केंद्रों में थंब लगवाकर पूरी जानकारी का होगा मिलान परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थी से थंब लगवाया जाएगा। थंब लगाते ही अभ्यर्थी का पूरा डेटा दिख जाएगा। इसमें अभ्यर्थी की फोटो भी दिखेगी, साथ ही पूरा डिटेल रहेगा। जिससे अभ्यर्थी की पहचान की जा सकेगी। डेटा मिलान के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने दिया जाएगा। बता दें कि, राज्य की प्रमुख प्रशासनिक सेवाओं में भर्ती के लिए सीजीपीएससी की ओर से हर साल परीक्षा आयोजिक करवाई जाती है। जो कि 3 चरणों में आयोजित होती है। प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू। तीनों चरणों की परीक्षा पास करने के बाद अभ्यार्थी राज्य सेवा में एसडीएम और डीएसपी सहित अन्य पद पर नियुक्त होता है।

महानदी उफान पर, हीराकुद बांध के खुले 12 गेट

संबलपुर लगातार बारिश और छत्तीसगढ़ से बढ़ते जल प्रवाह के कारण, हीराकुद बांध के अधिकारियों ने रविवार को जलाशय के बढ़ते जल स्तर को नियंत्रित करने के लिए इस मौसम का पहला बाढ़ का पानी छोड़ना शुरू किया. सुबह स्लुइस गेट नंबर 7 को खोलकर पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद अतिरिक्त पानी निकालने के लिए कुल 12 गेट खोल दिए गए. बांध के नियंत्रण कक्ष के अनुसार, सुबह 9 बजे जल स्तर 609.54 फीट दर्ज किया गया. उस समय जलाशय में 1,30,028 क्यूसेक पानी आ रहा था, जबकि 38,164 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था. इस कुल डिस्चार्ज में से 34,313 क्यूसेक पानी से बिजली उत्पादन हेतु पावर चैनल के माध्यम से डायवर्ट किया गया, 3,223 क्यूसेक पानी सिंचाई के लिए तथा 234 क्यूसेक पानी औद्योगिक इकाइयों को आपूर्ति के लिए दिया गया. अधिकारियों के अनुसार, सिंचाई हेतु पानी बरगढ़ मुख्य नहर (2,755 क्यूसेक), सासन मुख्य नहर (400 क्यूसेक) और संबलपुर डिस्ट्रीब्यूटरी (68 क्यूसेक) में भेजा गया. जलाशय में बढ़ते जल प्रवाह का एक आंशिक कारण छत्तीसगढ़ स्थित कलमा बैराज के सभी 46 गेटों का हालिया रूप से खोला जाना भी है, जिससे महानदी नदी प्रणाली में जल स्तर में तेजी से वृद्धि हुई है. तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो पिछले वर्ष हीराकुद बांध से पहली बार बाढ़ का पानी 28 जुलाई को छोड़ा गया था, जब जलाशय का जल स्तर 617.29 फीट तक पहुंच गया था.

कॉपी निकालने में देरी हुई तो टीचर ने जड़ दिया थप्पड़, छात्र के कान को गंभीर नुकसान

डोंगरगढ़ नगर के खालसा पब्लिक स्कूल की एक शिक्षिका ने एक छात्र के गाल पर ऐसा तमाचा जड़ा कि उसके कान का पर्दा फट गया। बच्चे का इलाज राजनांदगांव के निजी अस्पताल में चल रहा है। स्कूल प्रबंधन ने अब तक दोषी शिक्षिका पर कोई एक्शन नहीं लिया है। घटना चार दिन पहले की बताई जा रही है। शिक्षिका प्रियंका सिंह ने कक्षा सातवीं के छात्र सार्थक सहारे को मामूली बात पर जोरदार चार तमाचा जड़ दिए। सार्थक जब घर पहुंचा तो उसने पिता को बताया कि उसे कम सुनाई दे रहा है। उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने बताया कि गाल पर जोरदार तमाचा मारने से यह हुआ है।   बैग से कॉपी निकालने में देरी पर भड़क गई टीचर छात्र ने बताया कि बैग से कॉपी निकालने में देरी होने पर शिक्षिका भड़कीं और तमाचे जड़े। छात्र के कान में दर्द उठने के साथ ही कम सुनाई देने लगा है। छात्र के स्वजन ने बताया कि वह रेलवे का कर्मचारी है। 13 वर्षीय छात्र सार्थक ने इस घटना की जानकारी हमें नहीं दी थी। बस कान में दर्द को लेकर शिकायत कर रहा था। गुरुवार को बम्लेश्वरी अस्पताल में इलाज करवाया। वहां सब बातें सामने आईं। इसके बाद अच्छे इलाज के लिए निजी अस्पताल का रुख किया है। स्पेशलिस्ट डाक्टर ने अभी उसे निगरानी में रखा है। स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया स्कूल प्रबंधन के सामने पूरी घटनाक्रम को सामने लाया गया है। प्रबंधन ने विश्वास दिलाया है कि शिक्षिका के खिलाफ लिखित शिकायत करें, हम एक्शन लेंगे। सुधारक सहारे, पालक। जांच कर कार्रवाई की जाएगी पालक के माध्यम से शिक्षिका द्वारा गाल में थप्पड़ मारने की जानकारी मिली है। यदि गलती की है तो कार्रवाई की जाएगी। शिक्षकों को निर्देश भी दिए हैं कि बच्चों पर हाथ न उठाएं। यह भी जानकारी मिली है कि बच्चे को पहले से ही कम सुनाई दे रहा था, हल्की सर्दी भी थी।हरजीत सिंह अरोरा, प्रबंधक खालसा स्कूल समिति। शिकायत नहीं आई है अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी मैं स्कूल प्रबंधन से इसके बारे में जानकारी लेती हूं। वीरेंद्र कौर गरचा, प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी। 

अचानक धसी सड़क, सुराग बनने से एक कार चपेट में आई, तेज रफ्तार कार का चक्का फंसा

बिलासपुर मानसून आने के बाद लगातार हो रही बारिश से नगर निगम के निर्माण कार्यो की पोल खुलने लगी है। घटिया निर्माण की वजह से लिंक रोड में शुरुवाती बारिश में गड्ढे होने लगे हैं,  अचानक सड़क धंस गई और सुराग बनने से एक कार उसके चपेट में आ गया। जिससे सड़क दुर्घटना का शिकार होते हुए कार चालक बाल बाल बच गया। अचानक सड़क के धसने से साफ है कि इस सड़क का निर्माण दोयम दर्जे का किया गया है। शनिवार की दोपहर गड्डा से भरे लिंक रोड में फिर एक घटना घट गई दोपहर लगभग डेढ़ बजे के आसपास श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ के 100 मीटर पहले अचानक सड़क धस गई और एक कार का पहिया उसमें घुस गया। जिससे कार एक तरह उठ गई। समय रहते पीछे से आती हुई गाड़ियों का ब्रेक लग गया। अन्यथा पीछे से आती हुई कार सीधे पहिया फंसे वाले कार से टकराती तो चालक को गंभीर चोटे आती। इसके बाद आसपास के लोगों ने कार को गड्ढे से निकालकर, गड्ढे में पत्थर भरकर यातायात सामान्य किया।   साबित हो सकता है जानलेवा जिस तरह से शहर की सड़कों की हालत खस्ताहाल हो रही है और जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे है, इससे यह तो साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में सड़क और भी उधड़ेगी, गड्ढों का आकार भी बढ़ेगा। इससे सड़क दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाएगी और ये गड्ढे और स्लीप खाती सड़के कभी भी किसी के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं। लिंक रोड की हालत है खराब लिंक रोड की सड़क तेज गति से खस्ता हाल हो रही है। सड़क के उधेड़ने के साथ ही गड्ढे भी बढ़ते जा रहे है। यदि इस पर जल्द ही ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में शहरवासियों को इस सड़क का उपयोग करने में परेशानी होगी। वैसे भी लिंक रोड शहर के प्रमुख सड़क में से एक है, ऐसे में सुबह से ही इस सड़क पर यातायात का दबाव रहता है। सड़क को मरम्मत की आवश्यकता है। शहर की हर सड़क में दिखने लगे गड्ढे आलम यह है कि अब शहर की हर सड़क में गड्ढे नजर आने लगी है। सड़क का डामरीकरण भी सही तरीके से नहीं किया गया है। परिणाम स्वरूप भारी वाहन चलने और लगातार बारिश होने से ये सड़के भी उधड़ने लगी है। ऐसे में आने वाले कुछ ही दिनों में शहर में जगह-जगह खस्ताहाल सड़कें नजर आने लगेगी।

झुंझुनूं में नग्न अवस्था में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

झुंझुनूं झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र स्थित पचेरी खुर्द गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब दिल्ली-झुंझुनूं नेशनल हाईवे पर रॉयल होटल के पास एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिला। शव की स्थिति और शरीर पर गहरे चोटों के निशान से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। सुबह हाईवे किनारे शव को देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाधिकारी राजपाल यादव ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल को घेर कर जांच शुरू की। युवक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान हैं, जिससे आशंका है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई और शव को घटनास्थल पर लाकर फेंका गया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास संघर्ष या खून के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह संकेत मिल रहे हैं कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को यहां लाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस वाहन से लाया गया और आरोपी कौन हो सकता है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है जिसमें निजी रंजिश, लूटपाट या अन्य आपराधिक कारण शामिल हो सकते हैं। इस वीभत्स वारदात के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।  

रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने पेंडिंग मामले, एक्सीडेंट, नशे के बढ़ते मामलों पर हुई चर्चा

रायपुर रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा और रायपुर एसएसपी डॉक्टर लाल उम्मेद उमेंद्र सिंह ने आज जिले के सभी एएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारियों की बैठक ली. बैठक में शहर में बढ़ते अपराध, सुरक्षा व्यवस्था और आगामी विधानसभा सत्र को लेकर चर्चा की गई. रायपुर एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि बैठक में पेंडिंग मामले. एक्सीडेंट, नशे के बढ़ते मामलों के साथ पुलिस अधिकारियों से कई विषयों पर चर्चा हुई. जुलाई के दूसरे पखवाड़े में होने वाले विधानसभा के सत्र के दौरान तत्परता से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा थाना में प्रार्थियों से प्रेम व्यवहार से बातचीत करने कहा गया है. एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि पिछले दिनों 24 थानों के प्रभारी बदले गए है. सभी को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने थाने का प्रभार जल्द से जल्द संभाले. आगामी त्योहार की दृष्टि से देखते हुए कैसे सही पुलिसिंग रखे, उसे बताया गया. वहीं विजन को लेकर स्टाफ को अलर्ट किया गया है. चाकूबाजी करने वालों के साथ नशे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है. इसके अलावा एक साल के ऊपर लंबित अपराध को निपटाने कहा गया है. पुलिस रिमांड पर लिया गया हसन आबिदी एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि पटवारी से जबरिया वसूली मामले में आरोपी हसन आबिदी को पुलिस ने 3 दिन की रिमांड पर लिया है. उन्होंने बताया कि हसन आबिदी अब राज खोलने लगा है. आरोपी ने पीएम आवास दिलाने के नाम पर भी ठगी की थी. इस संबंध में राजेंद्र नगर थाना में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया है. गरीबों से रकम लेकर हसन आबिदी को देते थे.

यूएसए और कनाड़ा के लोगों को जाल में फंसाकर ठगी करने वाले बिहार के 9 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग  पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय ऑनलाइन ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें सात पुरुष सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. ये सभी यूएसए और कनाड़ा के लोगों को जाल में फंसाकर उनसे हजारों डॉलर की ठगी को अंजाम देते थे. एसएसपी विजय अग्रवाल ने पूरे मामले का खुलासा किया. भिलाई के जुनवानी स्थित चौहान टाउन के फ्लैट नंबर B2 में एक अंतरराष्ट्रीय ठगों का गिरोह संचालित हो रहा था. इसकी सूचना पुलिस को मिली. इसके बाद पुलिस ने फौरन एक टास्क टीम बनाकर चौहान टाउन के B2 फ्लैट में छापामार कार्रवाई की, जहां से 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया. सभी से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल करते हुए ठगी का तरीका भी बताया मोबाइल, लैपटाप से वायरस हटाने के नाम पर लोगों को जाल में फंसाया आरोपियो का मुख्य सरगना अर्जुन शर्मा एक होटल में रुका हुआ था, जिसे आरोपियो की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. इस कार्रवाई के दौरान दुर्ग पुलिस को पता चला कि फर्जी इंटरनेशनल मोबाइल नंबर के माध्यम से यूएसए और कनाड़ा के नागरिकों के मोबाइल और कंप्यूटर में वायरस बग भेजकर वायरस को हटाने के लिए टेलीग्राम ग्रुप का उपयोग किया जाता था, जिसमें लोगों को वायरस हटाने के लिए उन्हें जाल में फसाया जाता और 80 से लेकर 200$ तक ऐंठ लिए जाते थे. ठगों द्वारा यह सभी डॉलर ई वॉलेट में लिए जाते थे. ई वॉलेट में डॉलर आने के बाद उसे क्रिप्टोकरंसी के माध्यम से अर्जुन शर्मा के अकाउंट मे भेजा जाता था. इसके एवज में अर्जुन शर्मा कस्टमर केयर में काम करने वाले सभी लोगों को 25 से 30 हजार रुपए सैलरी दिया करता था. गिरोह के सरगना तक पहुंचने पतासाजी में जुटी पुलिस ये ठग गिरोह अब तक यूएसए और कनाड़ा के सैकड़ों लोगों को इसी तरह अपने जाल में फंसाकर उनसे करोड़ों रुपए ऐंठ चुका है. सभी आरोपी मेघालय शिलांग बिहार के रहने वाले हैं. वही आरोपियों के पास से 12 कंपनियों के लैपटॉप, 14 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल इंटरनेट वाई-फाई राउटर दर्जनों बैंकों के अकाउंट डिटेल पासबुक और एटीएम, क्रेडिट कार्ड भी बरामद किए गए हैं. फिलहाल इस पूरे मामले पर दुर्ग पुलिस ने 3 लाख 38 हजार नगद सहित लाखों रुपए के सामान बरामद किए हैं. अब इस पूरे मामले पर दुर्ग पुलिस गिरोह के सरगना तक पहुंचने पतासाजी कर रही है.

कृषक सुखसाय को कृषि विभाग की योजनाओं से विशेष रूप से मिला लाभ

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को हर संभव सहायता देने और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में जशपुर जिले में कृषि विभाग की ओर से किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार निवासी कृषक सुखसाय को कृषि विभाग की योजनाओं से विशेष रूप से लाभ मिला है। उनके पास कुल 2 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें सिंचाई की व्यवस्था सीमित होने के कारण वे पूर्ण रूप से खेती नहीं कर पा रहे थे। पहले एक कुएं के माध्यम से सिंचाई की कोशिश करते थे, लेकिन पंप की अनुपलब्धता के कारण दिक्कतें आती थीं। इस वर्ष कृषि विभाग ने उन्हें शाकम्भरी योजना के तहत विद्युत पंप उपलब्ध कराया, जिससे वे गेहूं की फसल ले पा रहे हैं। इसके अलावा उनके खेत में नलकूप खनन कराकर सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप की सुविधा भी प्रदान की गई है, जिसके माध्यम से स्प्रिंकलर प्रणाली से सिंचाई की जा रही है। अब श्री सुखसाय रबी और खरीफ दोनों ही मौसम में कृषि कार्य कर रहे हैं। पहले जहां खेती सीमित थी, अब बेहतर सिंचाई सुविधा मिलने से उनकी भूमि पूरी तरह उपयोग में आ रही है और उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। श्री सुखसाय ने राज्य सरकार और कृषि विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनकी आजीविका को मजबूती मिली है और खेती फिर से लाभ का साधन बन गई है।