samacharsecretary.com

भगवंत सिंह मान ने आनंदपुर साहिब में किया दौरा, जनता के लिए घोषणा किए बड़े लाभ

आनंदपुर साहिब  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज श्री आनंदपुर साहिब का दौरा किया, जहां मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के लोगों को एक बड़ा तोहफा देते हुए 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली हेरिटेज स्ट्रीट का शिलान्यास किया। इससे गुरु नगरी की अलौकिक सुंदरता और निखरेगी। आपको बता दें कि हेरिटेज स्ट्रीट का शिलान्यास करने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेका और सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना की।  अपने संबोधन के दौरान सी.एम. भगवंत मान ने कहा कि यह हेरिटेज रोड 55 साल बाद बन रही है। आनंदपुर साहिब को व्हाइट नगरी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इसमें सफेद संगमरमर का इस्तेमाल किया जाएगा और 6 द्वार बनाए जाएंगे, जो पुरानी विरासत से जुड़े होंगे। यह एक ऐतिहासिक बात होगी। उन्होंने कहा कि  इस सेवा को पाकर खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं। यहां होला-मोहल्ला समेत कई ऐतिहासिक मेले लगते हैं। बाढ़ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बेशक, पंजाब को बाढ़ से बहुत नुकसान हुआ है, लेकिन पंजाब संकटों से उबरकर संकटों को छोटा कर देता है। पंजाबियों का जज्बा, पंजाबियों के इरादे संकटों को छोटा कर देते हैं।

पंजाब उपचुनाव में कांग्रेस ने तरनतारन सीट पर घोषित किया उम्मीदवार

तरनतारन  पंजाब के तरनतारन विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. वहीं अब कांग्रेस ने भी उम्मीदवार का नाम सार्वजनिक कर दिया है. इस उपचुनाव में करणबीर सिंह बुर्ज कांग्रेस की तरफ से चुनावी मैदान में नजर आएंगे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तरनतारन निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में करणबीर सिंह बुर्ज की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है. जून में आम आदमी पार्टी विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी. निर्वाचन आयोग ने अभी उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की है. हालांकि सभी दल चुनाव का तैयारियों में जुट गए हैं. कांग्रेस ने करणबीर सिंह बुर्ज को दिया टिकट इससे पहले पहले चर्चा थी कि अकाली दल छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री अनिल जोशी को टिकट दिया जा सकता है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता जोशी का विरोध कर रहे हैं. ऐसे में पार्टी ने करणबीर सिंह बुर्ज को चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया गया है. करणबीर सिंह कांग्रेस के किसान सेल के उपाध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा, प्रताप सिंह बाजवा से उनकी करीबी की भी चर्चा है. AAP ने हरमीत सिंह संधू को बनाया उम्मीदवार तरनतारन उपचुनाव को विधानसभा से पहले की सियासी जंग माना जा रहा है, वहीं इस सीट पर कांटे की टक्कर होने की संभावना है. क्योंकि आम आदमी पार्टी ने पूर्व विधायक और अकाली दल के वरिष्ठ नेता रहे हरमीत सिंह संधू को टिकट दिया है. बीते शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तरनतारन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को AAP का उम्मीदवार घोषित किया था. संधू का अपना राजनीतिक आधार है.अब तक किसी भी विधानसभा चुनाव में उन्हें 39 हज़ार से कम वोट नहीं मिले हैं. ऐसे में उन्हें एक मज़बूत उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है. अकाली दल ने सुखविंदर कौर रंधावा को उतारा वहीं दूसरी ओर अकाली दल का भी इस सीट पर राजनीतिक आधार है. सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले अकाली दल ने आज़ाद गुट की नेता रहीं बीबी सुखविंदर कौर रंधावा को टिकट दिया है. पिछले विधानसभा चुनावों में इस आज़ाद दल की अपनी भूमिका थी और उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कश्मीर सिंह सोहल का समर्थन किया था. हरजीत सिंह संधू बीजेपी उम्मीदवार दूसरी तरफ किसान आंदोलन के बाद बीजेपी भी पंजाब में अपना राजनीतिक आधार बनाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में तरनतारन की सीट उसके लिए बड़ी चुनौती पेश करेगी क्योंकि यह सिख बहुल सीट है और इस इलाके के लोगों ने किसान आंदोलन में भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया था. ऐसे में बीजेपी ने स्थानीय नेता (जिला अध्यक्ष) हरजीत सिंह संधू को अपना उम्मीदवार बनाया है. बीजेपी स्थानीय नेताओं और सिख चेहरों के सहारे मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. हरजीत सिंह संधू केंद्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा के करीबी माने जाते हैं.  

पंजाब में AAP के राज्यसभा उपचुनाव में उम्मीदवार राजिंदर गुप्ता होंगे, 24 को होगा मतदान

चंडीगढ़  पंजाब के प्रमुख उद्योगपति और ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। यह उपचुनाव 24 अक्तूबर को होगा। आप की ओर से एक्स पर जारी पोस्ट में कहा गया कि पार्टी ने गुप्ता को राज्यसभा की एकमात्र रिक्त सीट के लिए प्रत्याशी नामित किया है। वे आने वाले सप्ताह में नामांकन दाखिल करेंगे। गुप्ता ने शुक्रवार को अपने दोनों पदों राज्य आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और श्री काली देवी सलाहकार समिति (पटियाला) के चेयरमैन से इस्तीफा दे दिया था। राजिंदर गुप्ता लंबे समय से पंजाब की नौकरशाही और राजनीतिक हलकों में प्रभावशाली नाम रहे हैं। उन्हें 2022 में आप सरकार ने योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था, जबकि इस वर्ष अगस्त में उन्हें काली देवी मंदिर सलाहकार समिति का प्रमुख बनाया गया था। इससे पहले भी वे कांग्रेस और अकाली-भाजपा सरकारों के दौरान योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष/डिप्टी चेयरमैन रह चुके हैं। उन्हें कई बार कैबिनेट मंत्री स्तर का दर्जा भी दिया गया है।   117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी के पास 93 विधायक हैं। ऐसे में गुप्ता की जीत लगभग तय मानी जा रही है, क्योंकि राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए केवल 60 मतों की आवश्यकता होती है। हालांकि राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि पंजाब एक बार फिर अपनी “निर्विरोध राज्यसभा चुनाव” की परंपरा को बरकरार रख सकता है। यह सीट उस समय खाली हुई थी जब राज्यसभा सदस्य संजय अरोड़ा ने इस वर्ष की शुरुआत में लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया था। अरोड़ा उपचुनाव जीतने के बाद भगवंत मान मंत्रिमंडल में मंत्री बनाए गए।

जालंधर शहर में धार्मिक पहचान को लेकर बहस तेज, नारों ने बढ़ाई लड़ाई

जालंधर पंजाब के जालंधर शहर में ‘आई लव मोहम्मद’ और ‘जय श्री राम’ के नारे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बढ़ता जा रहा है। बीएमसी चौक पर हिंदू संगठनों के धरने के दौरान भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने मुस्लिम नेता अयूब खान को ‘नकली आदमी’ बताते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए। कभी यह अयूब खान बनता है, तो कभी अयूब दुग्गल। वहीं शीतल ने कहा कि अयूब खान कभी अपने नाम बदलते हैं और बांग्लादेशियों का मुद्दा उठाकर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान इन दोनों नेताओं में जुबानी जंग छिड़ गई। शीतल ने कहा, “अगर अयूब खान खुद को सरेंडर नहीं करेंगे तो उन्हें पुलिस घर से उठाकर लाएगी। उन्होंने कहा कि अयूब खान एक यूट्यूबर है वे खुद को हीरो बनाना चाहते हैं और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं के खिलाफ अपशब्द बोल रहे हैं।” इस बयान के जवाब में अयूब खान ने कहा कि उनका जन्म जालंधर में हुआ है, न कि बांग्लादेश में। उन्होंने भाजपा नेता पर आरोप लगाया कि वे खुद आम आदमी पार्टी में थे और अब भाजपा में चले गए हैं। उन्होंने शीतल के ईद के दौरान मुस्लिम समुदाय के साथ गले मिलने और त्योहार मनाने के फोटो भी सार्वजनिक किए। अयूब ने कहा, “मैं इनके खिलाफ सबूत केंद्रीय नेताओं तक भेजूंगा।” अयूब ने शीतल को जवाब देते हुए कहा जो नेता उस पर टिप्पणियां कर रहा है वह उनके बारे में बता देना चाहता है कि कभी यही नेता उनके साथ मुर्गे खाता रहा है। नमाज पढ़ता रहा है। उनके पास सब फोटो-वीडियो हैं। अभी जो ईद गई है, तब आप मीठे चावल मांग रहे थे। अयूब खान, जो कि बस्ती एरिया के रहने वाले हैं, वर्तमान में आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। इससे पहले वे भाजपा के मुस्लिम विंग के स्टेट इंचार्ज भी रह चुके हैं। उनका यह विवाद सामाजिक और राजनीतिक मंचों पर गर्माता जा रहा है। बता दें कि  वह बस्ती एरिया से आप पार्षद के पति हैं। जालंधर में धार्मिक और राजनीतिक मतभेद पहले भी कई बार गर्माए हैं। इस बार का विवाद ‘आई लव मोहम्मद’ और ‘जय श्री राम’ के नारे के बाद शुरू हुआ, जो शहर में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ा सकता है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मामले पर नजर बनाए रखी है और शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

सुरक्षा कारणों से अमृतसर से बर्मिंघम जा रही एयर इंडिया फ्लाइट हुई आपात लैंडिंग

अमृतसर अमृतसर से इंग्लैंड के बर्मिंघम जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। हालांकि, इस उड़ान के रैम एयर टर्बाइन के काम करने के बाद, इसकी बर्मिंघम में आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई। जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर को एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 117 अमृतसर से बर्मिंघम जा रही थी। बर्मिंघम पहुंचने के बाद, इसकी रैम एयर टर्बाइन में अचानक खराबी आ गई, जिसके कारण इसकी आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई। हालांकि, लैंडिंग सुरक्षित रही और विमान में सवार सभी यात्री भी सुरक्षित हैं। एयर इंडिया ने आगे बताया कि यह उड़ान बर्मिंघम से दिल्ली वापस आने वाली थी, लेकिन इस खराबी के कारण इसे रद्द कर दिया गया है और इसकी जांच की जा रही है। कंपनी ने आगे कहा कि यात्रियों के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि आखिरकार इसकी रैम एयर टर्बाइन क्यों सक्रिय हुई। 

बाढ़ राहत पैकेज जल्द शुरू! पंजाब में 10 से 15 अक्टूबर तक भुगतान का आदेश

लहरागागा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज घोषणा की कि 10 से 15 अक्टूबर तक बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देना शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार दिवाली से पहले ही लोगों को मुआवजा देने की शुरुआत कर देगी। इसके साथ ही उन्होंने घग्गर नदी के किनारे रहने वाले लोगों की मेहनत की भी बहुत सराहना की, जिन्होंने बांध को मजबूत बनाने के लिए कड़ी मेहनत की और घग्गर को ओवरफ़्लो नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज संगरूर के हल्का लहीरागागा के लोगों को कई बड़े तोहफे दिए। उन्होंने बिजली बोर्ड के कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके अलावा इलाके में नए तहसील परिसर का उद्घाटन भी किया गया, जिसकी लागत 16 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही एक फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए ‘सौरव कॉम्प्लेक्स’ कम्युनिटी हॉल को भी जनता के लिए समर्पित किया गया, जिसमें लोग विवाह-शादियों और अन्य कार्यक्रम करवा सकते हैं। उन्होंने पुरानी सब्जी मंडी में कम्युनिटी रसोई की भी शुरुआत की, जिसमें लोग केवल 10 रुपये में ढेर सारी रोटियां खा सकते हैं। इसके बाद उन्होंने जरूरतमंद परिवारों की 101 लड़कियों के सामूहिक विवाह समारोह में भी हिस्सा लिया। 

लोगों के लिए राहत: अटारी-वाघा बॉर्डर पर नई सुविधा की शुरुआत

अमृतसर अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) के तहत, भारतीय स्टेट बैंक द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) को पर्यावरण के अनुकूल इलैक्ट्रिक गाड़ियां भेंट की गईं। कार्यक्रम भारत व पाकिस्तान के बीच रोजाना होने वाली बीटिंग रिट्रीट परेड स्थल, अटारी-वाघा बॉर्डर पर आयोजित हुआ, जहां हर दिन हजारों देशभक्त दर्शक बड़ी संख्या में आते हैं। ये इलैक्ट्रिक गाड़ियां वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को परेड स्थल पर आरामदायक और सुलभ आवागमन में सहायता करेंगी। यह पहल बैंक की सामाजिक सेवा, राष्ट्र प्रेम और सबको समान सुविधा देने की भावना को दर्शाती है। इस दौरान एस.एस. चंदेल, डी.आई.जी. बी.एस.एफ., कृष्ण शर्मा, मुख्य महाप्रबंधक, एस.बी.आई. चंडीगढ़ सर्किल, बम शंकर मिश्रा, उप महाप्रबंधक, प्रशासनिक कार्यालय, लुधियाना और सतविंदर सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, अमृतसर की गरिमामयी उपस्थिति रहीं, साथ ही बी.एस.एफ. और एस.बी.आई. के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बी.एस.एफ. अधिकारियों ने इस सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और इसे बैंक की बैंकिंग से आगे बढ़कर सेवा की भावना का प्रतीक बताया। 

सावधान! पंजाब सरकार ने इस दवाई के बिक्री पर लगाई रोक, कैमिस्टों के लिए नए नियम जारी

मानसा  जिाला मजिस्ट्रेट नवजोत कौर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मानसा जिले में 75 एम.जी. से अधिक मात्रा वाले प्रीगैबलिन कैप्सूल की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने कहा कि दवा देते समय, केमिस्ट पर्ची (प्रिस्क्रिप्शन पर्ची) पर अपनी मुहर लगाएगा और दवा देने की तारीख दर्ज करेगा। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि सिविल सर्जन मानसा ने उनके संज्ञान में लाया है कि 300 मिलीग्राम मात्रा वाले प्रीगैबलिन कैप्सूल का आम लोगों द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है और कई लोग इसे नशीली दवा (जिसे सिग्नेचर भी कहा जाता है) के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने मानसा जिले में इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, मरीज़ को उसकी स्थिति के आधार पर आमतौर पर प्रतिदिन 25-150 मिलीग्राम प्रीगैबलिन की खुराक दी जाती है। यह आदेश 30 नवंबर, 2025 तक लागू रहेगा। 

सावधान! पंजाब में सोमवार को आधे दिन की छुट्टी घोषित, सभी जरूरी जानकारी यहाँ

पंजाब पंजाब सरकार ने जालंधर, कपूरथला और होशियारपुर में 6 अक्टूबर को आधे दिन की छुट्टी घोषित की है। दरअसल, इस दिन भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकाश पर्व के मौके पर शोभा यात्रा निकाली जा रही है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट कपूरथला अमित कुमार पंचाल ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए, 4 अक्टूबर 2025 और 6 अक्टूबर 2025 को सब-डिविजन कपूरथला की सीमा में आने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में दोपहर के बाद आधे दिन की छुट्टी का आदेश जारी किया गया है। स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश दिया गया है।  

शोभायात्रा के चलते पंजाब की दुकानों पर 2 दिन का बंद, प्रशासन ने दिए कड़े निर्देश

होशियारपुर/कपूरथला  जिला मजिस्ट्रेट कपूरथला अमित कुमार पांचाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए 04 अक्टूबर को उपमंडल कपूरथला और 06 अक्टूबर को उपमंडल फगवाड़ा में शोभायात्रा के दौरान शोभायात्रा के मार्ग पर मांस/मछली और शराब की दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि भगवान महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकाश उत्सव 07 अक्टूबर को बड़ी श्रद्धा भावना के साथ मनाया जा रहा है। इस संबंध में विभिन्न संगठनों द्वारा उपमंडल कपूरथला में 04 अक्टूबर को और उपमंडल फगवाड़ा में 06 अक्टूब को शोभायात्राएं सजाई जाएंगी। लोगों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपमंडल कपूरथला और फगवाड़ा में शोभायात्रा के दौरान शोभायात्रा के मार्ग पर पड़ने वाली मांस/मछली और शराब की सभी दुकानें बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इसी प्रकार होशियारपुर में भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकाश उत्सव पर शोभायात्रा निकाली जा रही है, जिसके मद्देनजर शोभायात्रा के मार्ग में मांस-मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। गौरतलब है कि शोभायात्रा के लिए सोमवार को इन जिलों में आधे दिन का अवकाश भी घोषित किया गया है। जालंधर में भी इसी तरह डी.सी. हिमांशु अग्रवाल ने सख्त आदेश जारी किए हैं कि 6 और 7 अक्टूबर को शोभा यात्रा मार्ग और धार्मिक समारोह स्थलों के आसपास मांस-मदिरा की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।