samacharsecretary.com

पूरन कुमार मामले में तनाव बढ़ा, खाप पंचायतें सामने आईं, SP को मिला जन समर्थन

रोहतक हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले को दलित उत्पीड़न के ऐंगल से भी देखा जा रहा है। उनकी पत्नी पी. अमनीत कुमार की मांग पर इस केस में एससी-एसटी ऐक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया का ट्रांसफर किया गया है। इसके चलते इस मामले में अब जाट फैक्टर भी सामने आया है और खाप पंचायतों ने विरोध जताया है। रोहतक के मानसरोवर पार्क में  एक मीटिंग हुई। इसमें कई खाप पंचायतों, ग्राम पंचायतों और छात्र संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। इसके अलावा कुछ व्यापार संगठनों के लोगों ने भी हिस्सा लिया। इसके बाद इन लोगों की ओर से जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया। खाप पंचायतों की ओर से मांग की गई कि एसपी नरेंद्र बिजारनिया के खिलाफ लगे आरोपों की सही से जांच की जाए और अचानक ही कोई ऐक्शन न लिया जाए। इनकी मांग है कि एसपी नरेंद्र बिजारनिया को उनका पक्ष रखने का भी मौका नहीं दिया गया। अहलावत खाप से जुड़े जय सिंह अहलावत ने कहा, 'एक सीनियर आईपीएस अधिकारी का आत्महत्या कर लेना दुखद है। पूरे समाज और हर नागरिक को इससे झटका लगा होगा। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ ऐक्शन लिया जाए। लेकिन यह भी तय हो कि कोई निर्दोष व्यक्ति बलि का बकरा ना बन जाए।' वहीं एक अन्य नेता ने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि रोहतक के पूर्व एसपी नरेंद्र बिजारनिया के खिलाफ बिना किसी जांच के ही ऐक्शन लिया गया है। उन्हें अपना पक्ष तक रखने का मौका नहीं दिया गया। खाप पंचायतों ने कहा कि बिना किसी जांच के ही अधिकारी पर ऐक्शन लेना अपमानजनक है। हमारी मांग है कि पहले विस्तार से जांच हो और उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाए। इन लोगों ने कहा कि बिजारनिया ने रोहतक की कानून और व्यवस्था को सुधारा था। यदि उनके खिलाफ बिना किसी जांच के ही ऐक्शन हो रहा है तो यह दुखद है। इस तरह हरियाणा में आईपीएस अधिकारी का मामला लगातार जातीय रंग ले रहा है। पहले इस मामले को लेकर दलित संगठन ऐक्टिव हुए तो वहीं अब जाट समुदाय से जुड़े संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसी स्थिति में हरियाणा सरकार भी दबाव रहेगा और चुनौती होगी कि कैसे वह इस संघर्ष से बाहर निकले। खाप पंचायतों ने कहा कि यदि कोई गलत नहीं है तो फिर उसे आरोपों से अलग करना चाहिए और क्लीन चिट भी देनी चाहिए।

48 घंटे की चेतावनी! हरियाणा महापंचायत ने DGP हटाने सहित उठाईं ये अहम मांगें

चंडीगढ़  आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में न्याय संघर्ष मोर्चा ने 31 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस संघर्ष समिति ने रविवार दोपहर तीन बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित गुरु रविदास भवन में एक महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में यह निर्णय लिया गया कि हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर को उनके पद से हटा दिया जाए और उनकी गिरफ्तारी की जाए। इसके अलावा, मामले की जांच हाईकोर्ट के किसी जज से कराने की मांग की गई है। हरियाणा सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है कि यदि डीजीपी को पद से न हटाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसमें शहर की सफाई व्यवस्था को ठप करने के साथ-साथ अन्य प्रकार के विरोध प्रदर्शन भी शुरू किए जाएंगे। महापंचायत समाप्त होने के बाद लोगों से शांति बनाए रखते हुए घर लौटने की अपील की गई, लेकिन कुछ लोग राजभवन की ओर बढ़ने की तैयारी में थे। कुछ ने सड़क पर नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि, महापंचायत के आयोजकों ने स्पष्ट किया कि वे अभी कोई प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं और जो भी नारेबाजी हो रही है, वह व्यक्तिगत स्तर पर है। पुलिस प्रशासन ने उन लोगों को आगे बढ़ने से रोक लिया। छठे दिन भी पोस्टमॉर्टम पर सहमति नहीं बनी छठे दिन भी पूरन कुमार के शव का पोस्टमॉर्टम कराने पर सहमति नहीं बन पाई। उनकी आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार के सेक्टर-11 स्थित आवास पर दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के साथ बैठक हुई। सात अक्टूबर को इसी सेक्टर-11 की कोठी में पूरन कुमार ने आत्महत्या की थी। कैबिनेट मंत्री कृष्णा बेदी ने कहा कि वे पूरन कुमार के परिवार से लगातार संपर्क में हैं। परिवार की मांग पर ही रोहतक के एसपी को हटाया गया। उन्होंने बताया कि आज शाम तक मामला सुलझ सकता है। इससे पहले, चंडीगढ़ पुलिस ने देर रात आईपीएस वाई पूरन कुमार के परिवार की एक मांग मानते हुए एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) जोड़ दी है। परिवार लगातार इस धारा को शामिल करने की मांग कर रहा था। उनका कहना था कि एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट तो दर्ज किया गया है, लेकिन उसके सख्त प्रावधानों को शामिल नहीं किया गया।  

सीएम नायब सिंह सैनी की कड़ी चेतावनी: आईपीएस पूरन आत्महत्या मामले में होगी सख्त कार्रवाई

चंडीगढ़ हरियाणा के सीनियर आईपीएस अफसर वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में पहली बार मुख्यमंत्री नायब सैनी का बयान आया है। आज पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। अगर किसी व्यक्ति को कोई तंग करेगा तो सरकार उसे नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी। विपक्ष को ऐसे मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। परिवार के साथ अन्याय हुआ है तो न्याय देने का काम हमारी सरकार करेगी। वहीं, शुक्रवार रात को सीएम हाउस में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी, होम सेक्रेटरी डॉ. सुमिता मिश्रा और आईएएस अफसर राज शेखर वुंडरू से मीटिंग की थी। सूत्रों के मुताबिक हरियाणा सरकार डीजीपी शत्रुजीत कपूर को हटा सकती है। इस मामले में रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारणिया को हटा दिया गया। उनकी जगह सुरेंद्र सिंह भौरिया को एसपी बनाया गया है। आज भी नहीं हो सका पोस्टमॉर्टम वाई पूरन कुमार का पोस्टमॉर्टम आज भी नहीं हो पाया। डॉक्टर्स, फोरेंसिक एक्सपर्ट्स और वीडियोग्राफी टीम चंडीगढ़ पीजीआई की मॉर्च्युरी में पहुंची, लेकिन परिवार का कोई सदस्य नहीं आया। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर का कहना है कि परिवार की सहमति के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। उनका इंतजार किया जा रहा है। वहीं, पूरन कुमार के परिवार और अनुसूचित समाज ने 31 सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी का कहना है कि जब तक हरियाणा के डीजीपी कपूर और एसपी नरेंद्र बिजारणिया अरेस्ट नहीं हो जाते, तब तक परिवार पोस्टमॉर्टम नहीं कराएगा। कल दोपहर 2 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-20 स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारे में महापंचायत होगी। परिवार का आरोप शनिवार सुबह डेडबॉडी चंडीगढ़ के सेक्टर-16 गवर्नमेंट अस्पताल से पीजीआई शिफ्ट की गई थी। परिवार ने आरोप लगाया था कि उनकी मर्जी के खिलाफ डेडबॉडी जबरदस्ती पीजीआई ले गए। चंडीगढ़ के डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा और आईजी पुष्पेंद्र कुमार सेक्टर 24 स्थित अमनीत पी कुमार के सरकारी आवास पर आए और करीब 45 मिनट बात की। डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि हमने परिवार के सदस्यों से बात की और उनसे जल्द से जल्द पोस्टमार्टम करवाने का अनुरोध किया। उनकी कुछ शिकायतें हैं और हम उन पर काम कर रहे हैं। जांच चल रही है। एसआईटी का गठन किया गया है और आईजी इसका नेतृत्व कर रहे हैं। परिवार की सहमति के बाद ही पोस्टमार्टम होगा। डॉक्टरों का पैनल बनाकर पोस्टमार्टम किया जाएगा। परिवार ने अभी पोस्टमार्टम को लेकर सहमति नहीं दी है। सड़कों पर उतरे लोग हरियाणा कैडर के सीनियर आईपीएस ऑफिसर वाई पूरन कुमार के सुसाइड मामले ने तूल पकड़ लिया है। लोग सड़कों पर उतर आए हैं। आज कांग्रेस ने प्रदेश भर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। वहीं, अनुसूचित जाति वर्ग ने भी रोष जताया। हिसार में रविदास महासभा ने मीटिंग बुलाई है। रोहतक में भी सामाजिक संगठन सड़कों पर उतरे और एसपी आवास का घेराव किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद कुमारी सैलजा और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र अमनीत पी कुमार के घर शोक व्यक्त करने पहुंचे। वहीं, हरियाणा कैबिनेट की बैठक स्थगित हो गई है। हरियाणा आईएएस अधिकारी संघ ने वाई पूरन कुमार के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। इसके साथ ही उन्होंने अमनीत पी कुमार को समर्थन देते हुए चंडीगढ़ पुलिस और और हरियाणा सरकार से आग्रह किया है कि वे अमनीत कुमार की मांगों को पूरा करे और इस पूरे मामले की गंभीरता, संवेदनशीलता और परिस्थितियों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करे।

स्टेट गेम्स में पहली बार खिलाड़ियों का नया टेस्ट, हरियाणा खेल जगत में 13 साल बाद उत्सव

चंडीगढ़ हरियाणा में ओलिंपिक संघ स्टेट गेम्स की शुरुआत 2 नवंबर से होगी। गुरुग्राम से हरियाणा के सीएम नायब सैनी इन गेम्स की शुरुआत करेंगे। इस दौरान ओलिंपिक संघ अध्यक्ष पीटी ऊषा भी मौजूद रहेंगी। हरियाणा ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र मीनू बैनीवाल ने कहा कि 2018 हरियाणा की खेल नीति में शामिल गेम्स को इसमें शामिल किया गया है। स्टेट गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को डोप टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना होगा। खिलाड़ियों का रैंडम सैंपल लिया जा सकता है। जिसके लिए गेम्स के दौरान नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) की टीम मौजूद रहेगी। आपको बता दें कि हरियाणा ओलिंपिक संघ प्रदेश में 13 साल बाद स्टेट गेम्स करवाने जा रहा है। प्रदेशभर में यह गेम्स ओलिंपिक संघ प्रदेश के 11 स्थानों होंगे। हरियाणा ओलिंपिक संघ के स्टेट गेम्स में वेटलिफ्टिंग, फेंसिंग, आर्चरी, टेनिस, हैंडबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, नेटबॉल, बास्केटबॉल, कुश्ती, कबड्डी, जूडो, बैडमिंटन, साइक्लिंग, वॉलीबॉल, ट्रायथलन, स्विमिंग, वॉटरपोलो, बॉक्सिंग, कराटे, फुटबॉल, नौकायान, शूटिंग गेम्स शामिल होंगे। विजेता खिलाड़ियों को मिलेंगे सर्टिफिकेट, ग्रुप-डी की नौकरी के लिए होगा मान्य हरियाणा ओलिंपिक संघ के द्वारा आयोजित स्टेट गेम्स के विजेता खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट जारी किए जाएंगे। सर्टिफिकेट के द्वारा स्पोर्ट्स विभाग से खिलाड़ी ग्रेडेशन सर्टिफिकेट बनवा सकेंगे। हरियाणा सरकार की खेल नीति 2018 के अनुसार ये ग्रेडेशन सर्टिफिकेट ग्रुप-डी की नौकरी के लिए मान्य होगा।   इन शहरों में होंगे गेम्स इन खेलों का आयोजन चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, झज्जर, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रोहतक और हिसार शहर अपेक्षित सेंटर में होगा। प्रदेश में शूटिंग रेंज नहीं होने के कारण शूटिंग की व्यवस्था दिल्ली की करणी रेंज पर होगी। हर खेल में 8 बेस्ट टीम लेंगी हिस्सा टीम प्रतियोगिताओं में हरियाणा की 8 टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान जिले की एक टीम को हिस्सा लेने की अनुमति होगी। हरियाणा पुलिस व एचएसआईआईडीसी, हरियाणा पावर, स्पोर्ट्स यूनिविर्सिटी राई, शाह सतनाम सिंह खेल एकेडमी की टीम भी हिस्सा ले सकती हैं।  

सुरजेवाला का बड़ा आरोप: परिवार की इजाजत के बिना पीजीआई ले जाया गया पूरण कुमार का शव

चंडीगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और IPS वाई पूरन कुमार के आकस्मिक निधन के बाद आज उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।  शुक्रवार रात करीब 10 बजे गृह सचिव सुमिता मिश्रा की IAS अमनीत पी कुमार से बैठक हुई, जिसमें वाई पूरन कुमार के शव का पोस्टमार्टम करवाने पर चर्चा की गई। तो वहीं परिवार ने आरोप लगाया है कि शव को शिफ्ट बिना उनकी सहमति के किया गया. परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना उचित कार्रवाई के पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। परिवार के रुख के कारण अब तक अंतिम संस्कार स्थगित है और PGI में शव की सुरक्षा के लिए पुलिस मौजूद है।  कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शोक व्यक्त करने चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, राष्ट्रीय महासचिव एवं लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा, सांसद दीपेंद्र हुडडा, वरुण मुलाना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री गीता भुक्कल और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह वाई पूरन कुमार के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि तो आप सोच सकते हैं कि आम साधारण व्यक्ति को न्याय कैसे मिलेगा यह ऐसे व्यक्ति जो खुद आईजी पोस्टेड हैं। एडीजीपी रैंक में है आईआईएम अहमदाबाद से निकल कर आए हैं। इस से ज्यादा रैंक लेकर आईपीएस में आए पत्नी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी है । अगर उन्हें न्याय नहीं मिल सकता तो जातिगत भेदभाव के शिकार होकर व्यवस्थागत भेदभाव के शिकार होकर अगर एक वरिष्ठ एडीजीपी अधिकारी को आत्महत्या करनी पड़े तो देश के और खास तौर से हरियाणा प्रदेश के हालात क्या है।  आप अंदाजा लगा सकते हैं क्या कारण है कि एक एडीजीपी रैंक के अधिकारी को पुलिस स्टेशन में मंदिर में दर्शन करने की इजाजत नहीं । क्या कारण है कि एक एडीजीपी रैंक के दलित अधिकारी को पिता की मृत्यु पर घर जाने की इजाजत नहीं क्या कारण है ।  

खाद लेने से पहले किसानों को करना होगा यह काम, सरकार ने जारी किया नया आदेश

हरियाणा  हरियाणा सरकार ने खाद वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए इसे अब पूरी तरह ‘मेरी फसल–मेरा ब्यौरा’ (एमएफएमबी) पोर्टल से जोड़ दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण के बाद ही खाद उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने इस प्रणाली को पंचकूला में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद पूरे प्रदेश में लागू कर दिया है। कृषि विभाग ने बताया कि इस व्यवस्था को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। मंजूरी के बाद इंटीग्रेटेड फर्टिलाइजर मैनेजमेंट सिस्टम (आईएफएमएस) को ‘मेरी फसल–मेरा ब्यौरा’ (एमएफएमबी) पोर्टल से जोड़ दिया गया है। विभाग की ओर से किसानों को पंजीकरण कराने के लिए मैसेज भेजने शुरू कर दिए हैं। कृषि विभाग के अनुसार, किसानों को खाद उपलब्ध कराने के फिलहाल कोई अतिरिक्त नियम या शर्त नहीं रखी गई है। सिर्फ पोर्टल पर पंजीकरण कराना पर्याप्त है। प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन पर किसान का पंजीकरण नंबर और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही खाद दी जाएगी। प्रदेश में नई व्यवस्था बुधवार से लागू कर दी गई है। अब किसान केवल आधार कार्ड दिखाकर खाद नहीं ले सकेंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और बायोमेट्रिक मशीन पर किसान का अंगूठा लगने के बाद ही खाद वितरित की जाएगी।   यह बदलाव ऐसे समय किया गया है जब खाद की किल्लत और मारामारी की खबरें आ रही हैं। खरीफ सीजन के बाद अब रबी सीजन के लिए भी खाद खरीदने के लिए किसानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इस बीच सरकार खाद की तस्करी और गैर-कृषि कार्यों में खाद का दुरुपयोग रोकने की कोशिश कर रही है।  

अमनीत पी कुमार की पारिवारिक त्रासदी में मंत्री अनिल विज का सहयोग और सांत्वना

चंडीगढ़ हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने आज पर आईपीएस अधिकारी वाई पुरन कुमार की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके चंडीगढ़ स्थित निवास पहुंच कर परिजनों को ढांडस बंधाया।इस मौके पर उन्होंने वाई पुरन कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।   इसके पश्चात, मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि वे आज यहां परिजनों के दुख में शामिल होने के लिए आए है। उल्लेखनीय है कि श्री विज ने वाई पुरन कुमार की पत्नी आईएएस अधिकारी अमनित पी कुमार से मुलाकात कर सांत्वना दी। इसके अलावा, श्री विज आज अमनित पी कुमार के भाई, दोनों बेटियों और वाई पुरन कुमार के भाईयों सहित अन्य परिजनों से भी मिले और उनके दुख में शामिल हुए।  

रोहतक SP सस्पेंड, IPS पूरन सुसाइड केस के फाइनल नोट में नाम आने के बाद कार्रवाई

रोहतक हरियाणा सरकार ने शनिवार को रोहतक के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया का तबादला कर दिया. कुछ दिन पहले ही आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी. खुदकुशी से पहले उन्होंने एक नोट छोड़ा था. इस नोट में बिजारनिया सहित आठ वरिष्ठ पुलिसकर्मियों पर "जाति-आधारित भेदभाव, मानसिक उत्पीड़न, सार्वजनिक अपमान और अत्याचार" का आरोप लगाया गया था. एक आधिकारिक आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी सुरिंदर सिंह भोरिया को रोहतक का नया एसपी नियुक्त किया गया है और बिजारनिया की नियुक्ति का आदेश अलग से जारी किया जाएगा. 2001 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी वाई पूरन कुमार (52) ने मंगलवार को सेक्टर 11 स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी. पूरन की पत्नी ने की एफआईआर में संसोधन की मांग पूरन के परिवार वालों ने आईपीएस अधिकारी के शव का पोस्टमार्टम कराने की अनुमति नहीं दी है. उनका शव 5 दिनों से शवघर में रखा गया है. वहीं मृतक पुलिसकर्मी की नौकरशाह पत्नी ने एफआईआर में अधूरी जानकारी पर सवाल उठाया है. मृतक पुलिस अधिकारी की पत्नी, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमनीत पी कुमार ने एफआईआर में "सभी आरोपियों के नाम सटीक रूप से दर्शाने" के लिए संशोधन की मांग की है. जांच के लिए गठित की गई कमेटी चंडीगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को 'आत्महत्या' मामले की जांच" के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया. चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार एसआईटी का नेतृत्व करेंगे. वहीं, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के अध्यक्ष किशोर मकवाना ने शाम को सेक्टर 24 स्थित अपने आवास पर अमनीत पी कुमार और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. बाद में पत्रकारों से कहा, "मैं परिवार का दर्द साझा करने आया हूं. मैं उन्हें यह भी बताने आया हूं कि उन्हें पूरा न्याय मिलेगा.  पत्नी ने न्याय मिलने तक पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर को लिखे एक पत्र में अमनीत पी. ​​कुमार ने एफआईआर में जोड़ी गई "एससी/एसटी एक्ट की कमजोर धाराओं" में संशोधन की भी मांग की है. पुलिस अधिकारी की पत्नी ने "न्याय मिलने" तक अपने पति के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है. चंडीगढ़ पुलिस ने गुरुवार देर शाम मृतक पुलिस अधिकारी के एक फाइनल सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी एक्ट की कुछ धाराओं के आरोपों के साथ एक एफआईआर दर्ज की. मृतक पुलिस अधिकारी ने कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम लिए थे और विशेष रूप से हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया पर उत्पीड़न का उल्लेख किया था.

शर्मनाक वीडियो वायरल: राम मंदिर के सामने युवक ने किए आपत्तिजनक इशारे, पुलिस ने दर्ज की FIR

हांसी  हांसी में एक युवक ने महिला का सलवार-सूट पहनकर अश्लील वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया । युवक बाइक पर विश्वकर्मा चौक और राम मंदिर के पास पहुंचा। यहां उसने गंदे इशारे किए। साथ ही सपाटे भी मारे। इसके बाद कुछ देर तक अश्लील डांस भी किया। वीडियो सामने आने के बाद जागड़ा समाज के लोगो ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हांसी पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।     वीडियो में हांसी शहर में एक युवक ने भगवान विश्वकर्मा चौक और राम मंदिर के पास सार्वजनिक रूप से भद्दे इशारे किए। युवक ने निजी अंगों को छूते हुए आसपास जाते हुए लोगों की तरफ भी इशारे किए। युवक ने राम मंदिर के सामने भी अभद्र हरकतें कीं। इस चौक के पास तोरण द्वार और श्री श्याम मंदिर भी स्थित हैं, जिनसे लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। यहां हजारों की संख्या में लोग आते हैं। महिलाएं और बच्चे भी रोजाना मंदिर में आते हैं।  

सर्दियों की चेतावनी: हरियाणा के 5 शहरों में 18 डिग्री से नीचे पारा, मौसम विभाग की भविष्यवाणी

चंडीगढ़ हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास ज्यादा होता है। हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है, लेकिन हवाओं में नमी के चलते गर्मी का अहसास नहीं होता। वहीं पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखा जा सकता है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में आए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण हवा में मौजूद नमी के कारण सुबह और रात में तापमान गिर रहा है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आगे जाने से 14 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम साफ रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में फिर से बदलाव उत्तर और उत्तर पश्चिमी होने से रात के तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।  8 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दौर शुरू हुआ था। इससे रात का तापमान लगातार गिर रहा है। हिसार में 10 सितंबर को न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं 5 शहर हिसार, करनाल, फरीदाबाद, कैथल और महेंद्रगढ़ में तापमान 18 डिग्री से नीचे चल रहा है। वहीं दक्षिण हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान लगातार चौथे दिन भी तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री कम रहा। इसी तरह रोहतक में तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम चल रहा है।  बता दें कि हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अक्टूबर के 9 दिनों में करीब 30 एमएम बारिश हो चुकी है। आमतौर पर इस दौरान 4 एमएम बारिश होती है, मगर इस बार 649 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इससे पहले 2004 में पूरे अक्टूबर में 58.4 एमएम बारिश हुई थी। बारिश के कारण हरियाणा के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है।