samacharsecretary.com

पीएम मोदी की सभा का अजमेर में बनने लगा वाटर प्रूफ डोम

अजमेर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 फरवरी को होने वाली सभा को लेकर कायड़ विश्राम स्थली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सभा के लिए वाटर प्रूफ डोम बनाने का सामान मौके पर पहुंच चुका है। जयपुर रोड से विश्राम स्थली जाने वाली सड़क पर डामरीकरण, पार्किंग और सभा स्थल के आसपास मैदान को समतल किया जा रहा है। विश्राम स्थली में पीएम मोदी की सभा के लिए वाटर प्रूफ डोम बनाया जाएगा। इसके लिए एल्यूमिनियम और लोहे के एंगल सहित डोम का सामान पहुंच चुका है। अधिकारियों की देखरेख में श्रमिकों ने काम शुरू कर दिया है। हेलीपेड के आसपास सफाई की गई है। जेसीबी से की लेवलिंग सभा के लिए आने वाली बसों, कार-जीप और अन्य वाहनों की पार्किंग विश्राम स्थली के बाहर कराई जाएगी। जेसीबी से जमीन का समतल कराई गई है। विश्राम स्थली में भी जेसीबी ने जमीन को समतल किया। अब अस्थायी बेरिकेडिंग लगाने का काम शुरू होगा। हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात मुख्य सभा स्थल और इसके आसपास हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनके अलावा जयपुर रोड से विश्राम स्थली और सभास्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। करीब 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पीएम मोदी की सभा से पहले एसपीजी टीम मुख्य सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी। बनेंगे एंट्री-एग्जिट गेट सभास्थल पर एंट्री-एग्जिट के गेट बनेंगे। जनप्रतिनिधियों और आमजन के लिए अलग-अलग द्वार से प्रवेश व निकास की व्यवस्था की जाएगी। सभी गेट पर डोरफ्रेम मेटल डिटेक्टर लगेंगे।

कबाड़ गोदाम में लगी आग से हड़कंप, हाईवे जाम; भारी आर्थिक नुकसान

अजमेर अजमेर जिले के बांदरसिंदरी से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर कल रात बड़ा हादसा टल गया, जब बड़गांव के समीप होटल सुप्रीमो के पीछे स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देर रात लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठती तेज लपटें और काला धुआं दूर हाईवे से भी साफ दिखाई दे रहा था, जिससे हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालक भी दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने आग और धुएं को देख तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर किशनगढ़ से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सिटी फायर टीम के अनुसार गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़, प्लास्टिक, रबर और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे हजारों रुपए के सामान को जलाकर राख कर दिया। आग बुझाने के दौरान छोटे-छोटे विस्फोट भी सुनाई दिए, जिनकी वजह गोदाम में रखी ज्वलनशील वस्तुएं बताई जा रही हैं। कड़ी मेहनत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आग आसपास के घरों और दुकानों तक फैलने से बच गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को कुछ समय के लिए बाहर निकलना पड़ा। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य अनजाने कारण की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आगजनी के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और गोदामों में ज्वलनशील सामग्री के उचित प्रबंधन की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

अजमेर में भीषण हादसा : ट्रक की टक्कर से 28 लोग जख्मी

जयपुर राजस्थान के अमजेर में शनिवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर ग्राम खेड़ी में एक बेकाबू ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर में सवार लोग पलट गए, जिसमें 28 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर घायलों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल में रेफर किया गया है। जबकि मामूली घायलों को इलाज के लिए बांदनवाड़ा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर में सवार लोग रामदेवरा जा रहे थे। यह  भीषण हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांदनवाड़ा कस्बे के पास हुआ। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को बांदनवाड़ा अस्पताल ले जाया गया। उनमें से चार की हालत गंभीर है। दो पुरुष और दो बच्चों की हालत गंभीर पुलिस के अनुसार ट्रॉली में बैठे लोगों में महिलाएं और बच्चे भी थे। पुलिस ने बताया कि घायलों में से चार – दो पुरुष और दो बच्चे – को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि जातरू गुजरात से बाबा रामदेव के दर्शन के लिए रामदेवरा की तरफ जा रहे थे। इस बीच भीलवाड़ा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने हाईवे पर ग्राम खेड़ी में हाईवे पर होटल के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रॉली पलट गई और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मचा हड़कंप हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, लोगों ने अपने स्तर पर घायलों को निकालने का काम शुरू किया। वहीं सूचना के बाद बांदनवाड़ा थाने से पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।