samacharsecretary.com

सरवाड़-केकड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत

 केकड़ी (अजमेर)  अजमेर में सरवाड़-केकड़ी मार्ग पर गुरुवार सुबह सूरजपुरा गांव के निकट भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मृतक करीब 20 मिनट तक ट्रेलर के नीचे दबे रहे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। केकड़ी जा रहे थे तीनों युवक जानकारी के मुताबिक, सरवाड़ निवासी तीन युवक गुरुवार सुबह बाइक पर सवार होकर केकड़ी जा रहे थे। इसी दौरान सूरजपुरा गांव के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इनमें से दो युवक ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों युवक ट्रेलर के नीचे फंस गए। करीब 20 मिनट तक वे उसके नीचे दबे रहे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। दोनों मृतकों और घायल की हुई पहचान     मृतक फारूक अंसारी, सरवाड़ निवासी     मृतक मुस्तगिम अंसारी (सरकारी अध्यापक), सरवाड़ निवासी     नसरुद्दीन पठान (पैराटीचर), गंभीर रूप से घायल, सरवाड़ निवासी पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच सूचना मिलने पर सरवाड़ थाना प्रभारी रामपाल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य करवाया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया। मृतक दोनों युवक सरवाड़ निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, ट्रेलर चालक के शराब के नशे में होने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।  

चूरू में मौत बनकर आया ट्रेलर, कार सवार परिवार के 5 लोगों की जान गई; 7 महीने की बच्ची गंभीर

जयपुर राजस्थान के चूरू से बड़ी खबर है। ज़िले के सादुलपुर में एक ट्रोले और एक कार के बीच भीषण भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तारानगर के सोमसीसर गांव के एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं, जबकि कार चालक की भी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक हादसा सादुलपुर-तारानगर रोड पर ददरेवा-न्यांगली गांव के पास हुआ है। घटना की सूचना पर सादुलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को उप जिला अस्पताल पहुँचाया गया है, जहां उनकी शिनाख्तगी के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। जानकारी में सामने आया है कि सोमसीसर गांव का परिवार गुड़गांव देवी के भोग लगाने के लिए कार से जा रहा था। कार में परिवार के सदस्य, दो बहुएं और छोटे बच्चे सवार थे। सुबह करीब 8:30 बजे ददरेवा गांव के पास हादसा हो गया। दुर्घटना में एक 6 माह के बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि एक 7 माह की बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चूरू रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर ददरेवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत से सोमसीसर गांव में मातम पसरा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों में बच्चे, पुरुष और महिला शामिल हैं। प्रथम दृष्टया सभी मृतक एक ही परिवार और एक ही तारानगर तहसील के सोमसिसर गांव के बताये जा रहे हैं। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद रहे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के वक्त कोहराम मच गया। क्षतिगग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसा इतना ज़बरदस्त रहा कि कुछ लोगों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दर्दनाक हादसे की ख़ास बातें हादसा कैसे हुआ: सादुलपुर-तारानगर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर (ट्रक) और कार के बीच भीषण भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की संख्या: इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक बच्चे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। पीड़ित परिवार: कार में सवार सभी लोग तारानगर क्षेत्र के सोमसीसर गांव के रहने वाले थे। मृतकों में एक ही परिवार के 5 सदस्य और उनका कार ड्राइवर शामिल हैं। यह परिवार गोगामेड़ी दर्शन करने जा रहा था (कुछ शुरुआती रिपोर्टों में इनके गुरुग्राम जाने की बात भी कही जा रही है)। चमत्कारी बचाव: इस भीषण हादसे में कार के अंदर मौजूद 7 महीने की एक मासूम बच्ची सुरक्षित बच गई है। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर किया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही सादुलपुर थाना पुलिस (SI सत्यप्रकाश जांगिड़ और टीम) तुरंत मौके पर पहुंची। सभी शवों को सादुलपुर के राजकीय उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

आबूरोड-रेवदर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, अंबाजी दर्शन को जा रहे तीन दोस्तों की मौत

सिरोही/आबूरोड  राजस्थान के सिरोही जिले में आबूरोड-रेवदर स्टेट हाईवे पर देर रात दो बाइक की भीषण भिड़ंत हो गई। जबरदस्त टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिले। वहीं, एक युवक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया। शवों की हालत इतनी खराब थी कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही गिरवर चौकी के एएसआई रामनाथ मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतकों की शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उपचार जारी है। मौके पर मंजर देख सिरोही जिले में हाईवे से गुजर रहे लोगों के भी होश उड़ गए। अंबाजी दर्शन के लिए जा रहे थे तीन दोस्त आबूरोड सदर थाना पुलिस के अनुसार चनार निवासी रतन (18), जोराराम (19 और राजू (15) एक ही बाइक पर सवार होकर अंबाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार गोपाल आबूरोड से मधुवा जी मंदिर स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दो युवकों के शव क्षतिग्रस्त बाइकों से कई फीट दूर मिले। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना भिजवा दी है। परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे। भीषण हादसे में अपनों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क से हटवाकर थाने में रखवा दिया है। स्पीड में थी दोनों बाइक हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर एक युवक का शव आधा जला हुआ और दो के शव बुरी हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दोनों बाइक स्पीड में थी। ऐसे में हादसे के बाद तेज धमाका हुआ और आग लग गई। दो बाइक पर सवार चार लोगों में से तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मरकाटोला घाट सड़क हादसे के घायलों और परिजनों से की मुलाकात, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

रायपुर उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर जाना सड़क हादसे में घायलों का हाल नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों से मिलने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने घायलों का कुशलक्षेम जाना और उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री  शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनसे स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से भी उपचार और अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में चर्चा की। परिजनों ने उपचार व्यवस्था पर संतुष्टि व्यक्त की।  शर्मा ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से घायल के स्वास्थ्य और आगे के उपचार की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि घायल के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों एवं संबंधित अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अस्पताल सुपरिटेंडेंट डॉ संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।  उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री  शर्मा हादसे के बाद से लगातार सभी घायलों के उपचार की जानकारी ले रहे हैं। एक घायल को उच्च स्तरीय उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार सुनिश्चित कराया जा रहा है। घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।   उप मुख्यमंत्री  शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। इस बीच स्वास्थ्य में सुधार के बाद चार घायलों अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

झारखंड में 79.2% सड़क हादसे गंभीर, लगातार दूसरे साल देश में तीसरा स्थान

रांची सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता के मामले में झारखंड लगातार दूसरे वर्ष देश में तीसरे स्थान पर रहा है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रिपोर्ट 'Road Accidents in India 2023-24' के अनुसार वर्ष 2023 में झारखंड में 78.5 प्रतिशत सड़क हादसे गंभीर श्रेणी के रहे. वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 79.2 प्रतिशत रहा. मिजोरम पहले स्थान पर और बिहार दूसरे स्थान पर रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में 90.6 प्रतिशत गंभीर सड़क हादसों के साथ मिजोरम पहले स्थान पर और 80.6 प्रतिशत के साथ बिहार दूसरे स्थान पर रहा. वर्ष 2024 में मिजोरम 93.2 प्रतिशत के साथ पहले, बिहार 80.5 प्रतिशत के साथ दूसरे और झारखंड 79.2 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा. 2024 में देश में 1.77 लाख से अधिक मौतें रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में देशभर में सड़क हादसों में 1,72,890 लोगों की मौत हुई थी. वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 1,77,175 हो गया. झारखंड में वर्ष 2023 में सड़क हादसों में 4,173 लोगों की मौत हुई, जबकि वर्ष 2024 में 4,114 लोगों की जान गयी. सबसे अधिक युवा हादसों की चपेट में आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में सड़क हादसों में मरने वालों में 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों की हिस्सेदारी 5.7 प्रतिशत रही. 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग की हिस्सेदारी 19.3 प्रतिशत, 25 से 35 वर्ष की 23.2 प्रतिशत, 35 से 45 वर्ष की 21.6 प्रतिशत और 45 से 60 वर्ष की 17.2 प्रतिशत रही. सड़क सुरक्षा संगठनों ने परिवहन सचिव को लिखा पत्र राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े संगठनों 'राइजअप' और 'लाइफ सेवर्स, रांची' ने परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन को पत्र लिखा है. पत्र पर राइजअप के सदस्य ऋषभ आनंद तथा लाइफ सेवर्स, रांची के सदस्य विशाल एच शाह, मोहित चोपड़ा, पराग श्रीवास्तव और अतुल गेरा के हस्ताक्षर हैं. सड़क सुरक्षा समिति बनाने का निर्देश पत्र में मार्च 2022 में गठित सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशों का उल्लेख किया गया है. संगठनों के अनुसार प्रत्येक जिले में जिला सड़क सुरक्षा समिति बनाने का निर्देश दिया गया था. सीमित समीक्षा में राज्य के कई जिलों में इन निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं होने की बात कही गयी है. पत्र में यह भी बताया गया है कि 26 मार्च 2017 की अधिसूचना के तहत सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन के लिए परिवहन विभाग में लीड एजेंसी का गठन किया गया था. संगठनों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है.

मरीन ड्राइव पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 युवाओं ने मौके पर तोड़ा दम

जमशेदपुर सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार की अलसुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री युविका सिंह समेत चार युवाओं की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़ी ट्रक में जा घुसी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गये. तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार तड़के की है. कार ( जेएच05 डीएस 6450) अत्यधिक तेज गति में मरीन ड्राइव से गुजर रही थी. दोमुहानी के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक (जेएच02टी 3971) को कार चालक देख नहीं सका और बेकाबू वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराया. टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गयी और सोए हुए लोगों की नींद खुल गयी. घटनास्थल पर ही तोड़ा दम टक्कर के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव के लिए दौड़े, लेकिन कार के अंदर सवार चारों युवकों की स्थिति अत्यंत नाजुक थी. हादसे में मंत्री की पुत्री युविका सिंह के अलावा नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. एमजीएम में पसरा मातम घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और एमजीएम भेजा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर लिया है. उल्लेखनीय है कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आवास कदमा स्थित दिंदली एनक्लेव में है. घटना की खबर फैलते ही मंत्री के परिजनों के अलावा अन्य मृतकों के रोते-बिलखते परिजन टीएमएच और घटनास्थल पर पहुंचने लगे. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. शहर के कई गणमान्य लोग भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे और शोक-संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया. सड़क पर खड़े वाहनों पर उठे सवाल सोनारी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. शुरुआती जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और मरीन ड्राइव पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को माना जा रहा है. स्थानीय निवासियों ने मरीन ड्राइव पर बिना इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर के खड़े रहने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

नागौर में दर्दनाक सड़क हादसा, मुरड़ से भरे डंपर ने कार को मारी टक्कर; 4 की मौत

नागौर  राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा नावां क्षेत्र के मिठड़ी बाइपास पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। यहां मुरड़ से भरे डंपर और कार में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी बेटी समेत कार चालक शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही नावां पुलिस मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव अंदर फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी शवों को डीडवाना-कुचामन जिले के नावां उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और डंपर को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। पति-पत्नी और बेटी की मौत पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान लक्ष्मण सिंह (46), उनकी पत्नी तुलसी (45), बेटी शीतल (22) और कार चालक रामा किशन (35) के रूप में हुई है। तीनों मृतक एक ही परिवार के थे। परिवार डीडवाना-कुचामन जिले के मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था। बताया गया कि कार सवार जयपुर की ओर से आए थे और नावां होते हुए मिठड़ी गांव की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मिठड़ी बाइपास पर सामने से आ रहे मुरड़ से भरे डंपर से कार की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। फिर कुछ ही देर में चारों की मौत हो गई। एएनएम के पद पर कार्यरत थी महिला पुलिस ने सभी शवों को नावां के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही परिजनों को सूचना भिजवा दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद शवों परिजनों को सौंपे जाएंगे। मृतका तुलसी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर कार्यरत थी। वह कासेड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं दे रही थी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। डंपर जब्त, हादसे की जांच शुरू नावां थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि हादसे के बाद डंपर को जब्त कर पुलिस थाने भिजवा दिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को भी सड़क से हटवाया और यातायात बहाल करवाया। हादसे में शामिल डंपर में मुरड़ भरी हुई थी। क्षेत्र में रात के समय मुरड़ और बजरी से भरे भारी वाहनों के संचालन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।  

N1 हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दो मिनीबसों की भिड़ंत के बाद 21 की गई जान

केप टाउन दक्षिण अफ्रीका के वेस्टर्न केप प्रांत में एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। N1 हाईवे पर दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक तीसरा वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के मलबे से जा टकराया। हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे वेस्टर्न केप प्रांत में Prince Albert और Leeu-Gamka के बीच N1 हाईवे पर हुई। यह स्थान केप टाउन से करीब 380 किलोमीटर दूर है। दक्षिण अफ्रीका की सड़क यातायात प्रबंधन निगम और स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक हादसे में दो मिनीबस टैक्सियां आमने-सामने टकरा गईं। इसके बाद एक तीसरा वाहन, जिसे अधिकारियों ने एसयूवी बताया, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए। बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में कई अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।  हादसे के बाद N1 हाईवे के दुर्घटनास्थल वाले हिस्से को बंद कर दिया गया।   बचाव, मलबा हटाने और दुर्घटना की जांच का काम जारी रहा। स्थानीय अधिकारियों ने वाहन चालकों को प्रभावित मार्ग से बचने और यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। अधिकारियों ने अभी दुर्घटना की अंतिम वजह स्पष्ट नहीं की है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों मिनीबस की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और तीसरा वाहन दुर्घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।

हैदराबाद के पास भीषण सड़क हादसा: एक्टर भरत कांत और साई त्रिलोक का निधन

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर सुनने को मिल रही है. जाने माने एक्टर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के. भरत कांत (भरत कांत या कट्टी भरत कांत) का निधन हो गया है. 31 साल के एक्टर की सड़क दुर्घटना में जान गई है. भरत कांत के साथ उनके दोस्त जी. साई त्रिलोक, जो कि पेशे से सिनेमेटोग्राफर और यूट्यूब आर्टिस्ट थे, उनकी भी मौत हुई है. जी. साई त्रिलोक की उम्र भी 31 साल थी. एक्टर के निधन की खबर से दुखी फैंस जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के हैदराबाद के पास आदिबाटला (Adibatla) के आउटर रिंग रोड पर भयानक सड़क हादसे में दोनों की जान गई. आदिबाटला पुलिस के मुताबिक, भरत कांत कार चला रहे थे. एग्जिट 12 के पास (बैंगलोर/तुक्कुगुडा और शमशाबाद के बीच) उन्होंने कंट्रोल खो दिया. उनकी गाड़ी आगे धीमी स्पीड में चल रहे कंटेनर लॉरी से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लॉरी के पीछे के पहिए उखड़ गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस जानलेवा हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों पीड़ित आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि वे हैदराबाद की तरफ जा रहे थे. पुलिस को आशंका है कि ज्यादा स्पीड और ड्राइव करते हुए थकने के कारण ये हादसा हुआ. एक्सीडेंट के बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने केस दर्ज किया है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच चल रही है. भरत कांत की बात करें तो वो इंडस्ट्री के उभरते हुए एक्टर, डांसर और कंटेंट क्रिएटर थे. वे तेलुगु फिल्मों और शॉर्ट फिल्मों में नजर आए थे. इनमें टेनेंट और ग्रामम शामिल हैं. उनके इंस्टा पर 40 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. यूट्यूब पर 30 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं. वहीं साई त्रिलोक डिजिटल और फिल्म प्रोजेक्ट्स में सिनेमेटोग्राफर थे. इतनी कम उम्र में सामने आई निधन की खबर ने फैंस को तोड़ दिया है. सोशल मीडिया पर सभी उन्हें नम आंखों से विदाई दे रहे हैं. यूजर्स का कहना है अचानक से भरत के साथ ऐसा कुछ होगा, किसी ने इसकी कल्पना नहीं की थी.

अहमदाबाद के पास हाईवे हादसा: तेज रफ्तार बस ने वैन को टक्कर मारी, राहत कार्य जारी

अहमदाबाद  गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार को एक तेज रफ्तार निजी बस ने यात्री वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। यह दुर्घटना हिम्मतनगर के पास जसवंतगढ़ पाटिया के निकट शामलाजी-अहमदाबाद हाईवे पर हुई। पुलिस ने बताया कि यात्री वैन शामलाजी से हिम्मतनगर की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आ रही एक निजी बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गांभोई पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर अल्पेश चौधरी ने बताया कि वैन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा, "वैन में सवार छह यात्रियों ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।" टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी। इंस्पेक्टर चौधरी ने कहा, "हादसा बस की अधिक गति के कारण हुआ प्रतीत होता है। हमने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।" सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं। वैन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। बस चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की गई है।