samacharsecretary.com

हाड़ कंपा देने वाली ठंड: सर्द हवाओं से कांपा राजस्थान, सीकर और अलवर में दिखी बर्फ की परत

जयपुर उत्तर भारत से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर समाप्त होते ही उत्तरी हवाएं एक बार फिर मैदानी इलाकों में सक्रिय हो गई हैं। इसके चलते राजस्थान में सर्दी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। सीकर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में दूसरी बार 1 डिग्री तक पहुंचा है। सीकर और अलवर में सुबह खेतों में फसलों पर बर्फ और ओस की परत जमी नजर आई। अलवर में सूखी घास और लकड़ियों पर भी ओस जम गई। वहीं माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां गाड़ियों की छतों पर बर्फ की परत दिखाई दी। चार जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी मौसम केंद्र जयपुर ने अगले दो दिनों के लिए चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा और सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर बना रहेगा। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे बीते 24 घंटों में फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री और नागौर में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा लूणकरणसर में 5.4, चूरू में 5.8, झुंझुनूं और पाली में 6.8, करौली में 6.9, पिलानी में 7.2, दौसा में 8.1, अलवर में 8.6, बीकानेर और जैसलमेर में 8.8 तथा सिरोही में 9.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। सीकर, फतेहपुर, चूरू और बीकानेर क्षेत्रों में सुबह-शाम सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही। सर्द हवा के प्रभाव से दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 16 शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री से नीचे बुधवार को प्रदेश के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सबसे ठंडा दिन सिरोही में दर्ज हुआ, जहां अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में 22.3, अलवर में 22, बारां में 22.6, करौली में 22.7, झुंझुनूं में 22.8, श्रीगंगानगर में 23.5, चूरू में 23.6, बीकानेर और दौसा में 23.8, कोटा में 23.3, अजमेर में 24.3, भीलवाड़ा में 24.4, नागौर में 24.4 और पाली में 24.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। अगले एक सप्ताह रहेगा मौसम शुष्क मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले दो दिनों तक सर्द हवाओं का प्रभाव अधिक रहेगा, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद भी अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा।

जमीन विवाद में गोलियों की तड़तड़ाहट! अलवर में महिला की मौत, कई घायल

अलवर अलवर जिले के नोगावा थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर के रायसिख बॉस में जमीन विवाद को लेकर बड़ा झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान एक पक्ष के लोगों ने खुलेआम फायरिंग की। इस फायरिंग में गोली लगने से चरण सिंह की पत्नी दीपो बाई के जबड़े में गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कुल छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से पांच लोगों को नोगावा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे गंभीर हालत में रेफर किया गया, लेकिन यह घायल अलवर के किस अस्पताल में ले जाया गया है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। इस मामले में मृतक महिला दीपो बाई के बेटे कुलदीप सिंह ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, तीन बीघा जमीन को लेकर जंगीर सिंह और उसके पक्ष के लोग लगातार धमकी दे रहे थे। आज सुबह करीब 20-25 लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। ये सभी लोग लाठी-डंडों और बंदूकों से लैस थे और उन्होंने इन हथियारों का खुलकर उपयोग किया। इसी दौरान जंगीर सिंह ने बंदूक से फायर किया, जिससे दीपो बाई के जबड़े में गोली लग गई। घटना के बाद पूरे गांव में भारी तनाव फैल गया। तनाव की स्थिति को देखते हुए नोगावा, बगड़ तिराहा, रामगढ़ एमआईए और लक्ष्मणगढ़ थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पूरे गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। उधर, पुलिस ने मृतक महिला दीपो बाई का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।