samacharsecretary.com

पंजाब चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, पूर्व CM चन्नी संभालेंगे कमान, राहुल गांधी करेंगे नेतृत्व

चंडीगढ़. पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर अपना अभियान तेज करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने ‘पगड़ी संभाल यात्रा’ निकालने का एलान किया है। चन्नी के मुताबिक, यह यात्रा नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ होगी। इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और पंजाब को गैंगस्टरवाद से मुक्त करने के लिए जागरूक किया जाएगा। चन्नी के इस अभियान में साइकिल रैली भी अहम हिस्सा होगी। इसमें दो हजार से अधिक साइकिल चालक शामिल होंगे। साइकिल सवार पंजाब के अलग-अलग जिलों में पहुंचकर युवाओं और आम लोगों के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएंगे। कांग्रेस इस अभियान को सीधे तौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रही है। राहुल गांधी की अगवाई में कांग्रेस की बस यात्रा कांग्रेस की ओर से आने वाले दिनों में पंजाब में बस यात्रा निकालने की भी तैयारी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस यात्रा की शुरुआत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर सकते हैं। राहुल गांधी के जल्द पंजाब दौरे पर आने की भी संभावना है। बस यात्रा के दौरान पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एक साथ बस में सवार होकर प्रदेशभर में जाएंगे और एकजुट कांग्रेस का संदेश देंगे। रणनीति का बड़ा हिस्सा पगड़ी संभाल यात्रा पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव के बाद पार्टी अब चुनावी तैयारियों को अभियान के रूप में जमीन पर उतारने की रणनीति बना रही है। दिल्ली में भी इन कार्यक्रमों को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। चन्नी की ‘पगड़ी संभाल यात्रा’ को इसी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

कांग्रेस ने फिर जताया चन्नी पर विश्वास, तीसरी बार कृषि समिति के अध्यक्ष बने

चंडीगढ़. पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर भरोसा जताया है। संसदीय स्थायी समितियों के पुनर्गठन के बाद चन्नी को लगातार तीसरी बार कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी और मत्स्य पालन संबंधी स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। जताया पार्टी प्रमुखों का आभार चन्नी ने इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आभार जताया है। चन्नी ने कहा कि वह किसानों की सेवा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ काम करते रहेंगे। चन्नी सितंबर 2024 से इस समिति के अध्यक्ष हैं। समिति कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े मंत्रालयों की नीतियों, योजनाओं, बजट और कामकाज की समीक्षा करती है। दो साल में दो संसद रत्न सम्मान चन्नी के संसदीय प्रदर्शन को हाल के वर्षों में लगातार पहचान मिली है। वर्ष 2025 में उन्हें व्यक्तिगत संसदीय प्रदर्शन के लिए संसद रत्न सम्मान मिला था। वहीं 2026 में उनके नेतृत्व वाली कृषि संबंधी स्थायी समिति को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संसद रत्न सम्मान दिया गया।

दिल्ली पहुंचे चन्नी, संसद रत्न अवार्ड के साथ कांग्रेस की गुटबाजी पर होगी अहम बैठक!

चंडीगढ़. पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी बुधवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे। चन्नी को आज संसद रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जाना है। वह कृषि संबंधी संसदीय समिति के चेयरमैन भी हैं। दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से उनकी मुलाकात होने की संभावना है। माना जा रहा है कि मुलाकात होती है तो पंजाब कांग्रेस के मौजूदा राजनीतिक हालात और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रहे मतभेदों पर चर्चा हो सकती है। चन्नी की वेणुगोपाल से संभावित मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब पंजाब कांग्रेस में संगठन को लेकर अंदरूनी खींचतान लगातार सामने आ रही है। एक जुलाई को विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान की ओर से चुनाव समितियों के गठन के बाद चन्नी और उनके समर्थक नेताओं की ओर से असहमति जताई गई थी। इसके बाद से चन्नी की हाईकमान के साथ सक्रिय स्तर पर मुलाकात नहीं हो सकी है। चन्नी समेत कई नेताओं ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा था, लेकिन संसद सत्र के दौरान भी उनकी राहुल गांधी से मुलाकात नहीं हो पाई। अगले सप्ताह पायलट आ सकते हैं पंजाब इधर, कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब में संगठन के भीतर समन्वय बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट अगले सप्ताह पंजाब दौरे पर आएंगे। उनके दौरे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पायलट के सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रहे मतभेदों को दूर कर सभी नेताओं को एक मंच पर लाने की होगी। सूत्रों के मुताबिक पायलट पंजाब दौरे के दौरान पार्टी के प्रमुख नेताओं से मुलाकात करेंगे। वह नेताओं के साथ संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आपसी मतभेदों को लेकर चर्चा कर सकते हैं। संगठन में समन्वय बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है कि सभी प्रमुख नेताओं को एक साथ बैठाकर संगठन में समन्वय बढ़ाने की कोशिश भी की जाएगी। मंगलवार को चंडीगढ़ में हुए पंजाब कांग्रेस के रोष प्रदर्शन में भी पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों की सक्रियता दिखाई दी थी। ऐसे में पायलट का पहला पंजाब दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चन्नी और उनके समर्थक नेताओं ने पायलट की नियुक्ति का स्वागत किया है। अब हाईकमान की कोशिश यह है कि नए प्रभारी की अगुवाई में सभी नेताओं को साथ लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां आगे बढ़ाई जाएं।

चन्नी का सरकार पर तंज: राहुल गांधी की तारीफ, शायरी में साधा निशाना

बरनाला बरनाला में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित विशाल 'मनरेगा मजदूर और किसान बचाओ रैली' को संबोधित करते हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे शाब्दिक हमले किए। चन्नी ने जहां राहुल गांधी को पंजाबियों का सच्चा हमदर्द बताया, वहीं राज्य के वर्तमान हालात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब का किसान और मजदूर जिस कठिन दौर से गुजर रहा है, उस लड़ाई को राहुल गांधी पूरी निडरता के साथ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा गरीबों और मेहनतकशों की आवाज बुलंद की है, जिस कारण वे आज पंजाब के लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "पंजाब के लोगों ने राहुल गांधी को अपना असली हीरो मान लिया है क्योंकि वे सत्ता के लिए नहीं, बल्कि लोगों के हक के लिए सड़कों पर उतरे हैं।" शायराना अंदाज में पंजाब के दर्द का जिक्र चरणजीत सिंह चन्नी ने रैली के दौरान अपने अनूठे शायराना अंदाज में पंजाब की वर्तमान स्थिति पर चोट करते हुए कहा: "लगी नजर पंजाब को कोई नजर उतारो, लेकर मिर्चें हाथ में इसके ऊपर से वारो।"    उन्होंने कहा कि पंजाब जो कभी खुशहाली का प्रतीक था, आज नशे और गैंगस्टरवाद की गिरफ्त में आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा शासन के दौरान राज्य में अमन-शांति पूरी तरह भंग हो चुकी है और युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंस रही है।   सरकार पर तीखा हमला करते हुए चन्नी ने कहा कि आज 'काले अंग्रेज' पंजाब को दोनों हाथों से लूट रहे हैं। उनका इशारा उन लोगों की ओर था जो बाहर से आकर पंजाब के संसाधनों पर काबिज हो रहे हैं और राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसी ताकतों को कभी कामयाब नहीं होने देगी और पंजाब के हितों की रक्षा के लिए डटकर पहरा देगी। चन्नी ने अंत में कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करें ताकि आने वाले समय में पंजाब को फिर से खुशहाली की राह पर लाया जा सके। 

चन्नी ने भाजपा का ऑफर ठुकराकर कांग्रेस पर जताई अटूट निष्ठा

बरनाला. भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों द्वारा बीजेपी ज्वाइन करने के ऑफर पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। वह कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। चन्नी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं आपको एक बात बताता हूं, अगर मैं कभी पार्टी बदलता हूं, तो कोई भी मुझे को वोट न दे।" बरनाला में अमर शहीद सेवा सिंह ठीकरीवाला की बरसी पर पहुंचे चरणजीत सिंह चन्नी ने मीडिया से बात की और कांग्रेस में ऊंची जाति के लोगों के बड़े पदों पर होने वाले अपने बयान पर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, "जब मैं मुख्यमंत्री था, तो जनरल कैटेगरी के लोग आए और कहा कि हमारा फोरम बनना चाहिए। मैंने उसी समय जनरल कैटेगरी कमीशन बनाया था। मैंने सभी वर्गों के लिए काम किया। मैंने सभी के लिए बिजली बिल माफ किया। स्कूलों में सभी के लिए स्कॉलरशिप स्कीम चलाई थी। चन्नी ने आगे कहा कि यह विरोधियों की उन्हें बदनाम करने की चाल है। उन्होंने कहा कि वह सबका सम्मान करते आए हैं और करते रहेंगे। पंजाब अलग-अलग जातियों और धर्मों का गुलदस्ता है। वह सभी को साथ लेकर चलना चाहते हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल में महल कलां विधानसभा क्षेत्र के लिए किए गए कामों का ब्यौरा देते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उन्होंने महल कलां को सब डिवीजन बनाया, अब यहां एसडीएम बैठते हैं, लेकिन मौजूदा सरकार के इतने साल बीत जाने के बावजूद यहां कोई कार्यालय नहीं बना। महल कलां की पंचायतों को विकास कार्यों के लिए तीन महीने में 25 करोड़ रुपये के सीधे चेक दिए गए, लेकिन अब एक पैसा भी नहीं दिया जा रहा। महल कलां विधानसभा क्षेत्र में करीब 25 गांवों से जुड़ी 70 किलोमीटर सड़कें पक्की की जा चुकी हैं। चन्नी ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी दोबारा सत्ता में आई तो विधानसभा क्षेत्र महल कलां की सड़कों को पक्का करने का सारा काम किया जाएगा। सेवा सिंह को श्रद्धांजलि देने पहली बार ठीकरीवाला आए पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि उन्हें हैरानी है कि इतने साल बीत जाने के बावजूद ठीकरीवाला में अमर शहीद सेवा सिंह की कोई शानदार यादगार नहीं बन पाई। उन्होंने वादा किया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो यहां अमर शहीद सेवा सिंह की शानदार यादगार बनाई जाएगी। इस मौके पर बरनाला से विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों समेत जिला कांग्रेस कमेटी की टीम मौजूद थी।