samacharsecretary.com

आबकारी ने कल्दा में भारी मात्रा में कच्ची शराब और महुआ लाहन पकड़ा

आबकारी ने कल्दा में भारी मात्रा में कच्ची शराब और महुआ लाहन पकड़ा   पन्ना मध्य प्रदेश के आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना एवं पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता सागर आलोक खरे के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य द्वारा सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव को नोडल अधिकारी बनाकर टीम गठित कर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पन्ना मुकेश पाण्डेय द्वारा बताया गया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली ग्राम कल्दा में कई स्थानों पर लोग हाथभट्टी से महुए से कच्ची शराब बना रहे है । सूचना की पुष्टि होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर ग्राम कल्दा में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई । जिसमें श्रीमती मीना आदिवासी पति स्वर्गीय भीकम सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी कल्दा थाना सलेहा के रिहायशी मकान से 5 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब 55 किग्रा महुआ लाहन जप्त किया गया।  श्रीमती कमला आदिवासी पति दुखी आदिवासी, उम्र 45 वर्ष के जंगल से लगे खेत से 20 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब 120 किग्रा महुआ लाहन बरामद किया गया । बुद्धु आदिवासी पति लमूरा आदिवासी, उम्र 35 वर्ष के रिहायशी मकान से 10 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब 90 किग्रा महुआ लाहन जप्त किया गया।  उमेश ढीमर पिता हल्कू ढीमर, उम्र 30 वर्ष के रिहायशी मकान और उससे लगे बाड़े से 12 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब 90 किग्रा महुआ लाहन पकड़ा गया । इतैया आदिवासी पिता प्रेमलाल आदिवासी, उम्र 53 वर्ष निवासी कल्दा के रिहायशी मकान से 25 लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब 120 किग्रा महुआ लाहन जप्त किया गया। कुल 72 लीटर हाथभट्टी 475 किग्रा महुआ लाहन अनुमानित कीमत 58300 रूपये है  । जप्त किए गए महुआ लाहन को मौके पर ही नमूना लेकर विधिवत नष्टीकरण किया गया है। सभी पांचों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) के अलग अलग आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए है । हाथभट्टी महुए से बनाई जा रही कच्ची शराब मानव जीवन के लिए नुकसानदायक हो सकती है, इसलिए मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को इस बारे में समझाईश दी गई । इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय, आबकारी आरक्षक उमाशंकर साहू, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, मोतीलाल प्रजापति, कौशल्या बाई और राजेश पटेल सम्मिलित रहे ।

आबकारी ने मोटरसाइकिल पर शराब ले जाते हुए दो आरोपियों को पकड़ा

पन्ना पन्ना के प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य द्वारा सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव को नोडल अधिकारी बनाकर टीम गठित कर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पन्ना मुकेश पाण्डेय द्वारा रात्रि गश्त के दौरान पन्ना अजयगढ़ मार्ग पर ग्राम दहलान चौकी के पास एक बिना नंबर की मोटर साइकिल पर जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास एक बोरी में दो कागज के कार्टून में 50 – 50 पाव कुल 100 पाव देशी शराब प्लेन कुल मात्रा 18 बल्क लीटर अवैध शराब जिसकी अनुमानित कीमत  7600 रुपए और मोटर साइकिल की अनुमानित कीमत लगभग 65000 रुपए कुल कीमत 72,600 रुपए जप्त की गई।  दोनों आरोपी अतुल पाल पिता रमेश पाल उम्र 22 वर्ष निवासी गुना थाना कोतवाली टीकमगढ़ हाल निवासी पन्ना और सत्यम तिवारी पिता चंद्रप्रकाश तिवारी उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बर्राइयां थाना लवकुश नगर जिला छतरपुर हाल निवासी पन्ना के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) का अपराध पंजीबद्ध किया गया । प्रकरण को विवेचना में लेकर अवैध शराब के स्त्रोत की जांच की जा रही है।   सागर जिले में बंडा जहरीली शराब काण्ड के बाद पन्ना जिले अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में अब तक कुल 72 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किए गए । जिसमें लगभग 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया । कुल 618 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त की गई है, जिसमें 291.84 बल्क लीटर देशी शराब, 23.8 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब, 25.1 बल्क लीटर, 260 बल्क लीटर हाथभट्टी महुआ की कच्ची शराब और लगभग 100 किलो ग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया । इसके साथ ही 181 बार जिले की शराब दुकानों का निरीक्षण किया गया जिसमें पाई गई कमियों पर लाइसेंसियों पर जुर्माना भी लगाया गया । आबकारी विभाग में स्टॉफ की कमी भी बड़ी चुनौती है।  क्योंकि पूरे जिले के लिए मात्र तीन उपनिरीक्षक, छह आरक्षक की पदस्थापना है ।

वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज

वैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त, 3 प्रकरण दर्ज मुरैना  सागर जिले में जहरीली शराब की शिकायत के मद्देनजर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।     इसी क्रम में 11 सितम्बर को जिला आबकारी अधिकारी श्री पारस गौतम के नेतृत्व में वृत्त सबलगढ़ के ग्राम कोलिया, घुरजा, चंदपुरा सलाई, चंदपुरा, जारोली, रायपुर नहर एवं बंधरेंटा क्षेत्र में संयुक्त दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 3 प्रकरण दर्ज कर कुल 24.44 बल्क लीटर अवैध मदिरा जप्त की गई।    आबकारी विभाग द्वारा अवैध एवं जहरीली शराब के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

मध्य प्रदेश में शराब कारोबार पर सख्ती, छतरपुर की 20 बड़ी शराब दुकानों के ठेके रद्द

छतरपुर छतरपुर जिले में आबकारी विभाग ने बड़े शराब ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के 20 बड़ी शराब दुकानों के ठेके निरस्त कर दिए हैं। जिले के सबसे महत्वपूर्ण और व्यावसायिक रूप से लाभकारी छतरपुर, खजुराहो और हरपालपुर समूहों के शराब ठेकेदारों द्वारा निर्धारित लाइसेंस ड्यूटी जमा नहीं करने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से शराब ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है और साथ ही सरकार को लगने वाले करोड़ों रुपए के राजस्व घाटे पर भी सवाल खड़े हुए हैं। ठेकेदार नवीन पांडेय पर 85 करोड़ बकाया- सूत्र सूत्रों के अनुसार, इन समूहों का संचालन कर रहे ठेकेदार नवीन पांडेय पर कुल मिलाकर लगभग 85 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि बकाया है। यह राशि उस निर्धारित लाइसेंस ड्यूटी का हिस्सा है, जिसे ठेकेदार को तय समय-सीमा के भीतर सरकारी खजाने में जमा करना था। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार को बकाया राशि जमा करने के लिए बार-बार औपचारिक नोटिस दिए गए थे। कई बार चेतावनी देने के बावजूद, जब ठेकेदार की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो विभाग के पास कठोर कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। पहली बार ऐसे हालात छतरपुर जिले के आबकारी इतिहास में यह पहली बार है जब इतने बड़े समूहों के ठेकेदारों ने बोली लगाने के मात्र तीन-चार महीनों के भीतर ही घुटने टेक दिए हैं। यह स्थिति न केवल ठेकेदार की वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाती है, बल्कि आबकारी विभाग की टेंडर प्रक्रिया और पार्टी की आर्थिक साख की जांच की प्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। विशेषज्ञ इसे एक प्रणालीगत विफलता के रूप में देख रहे हैं, जहां ऊंची बोली लगाकर ठेका तो हासिल कर लिया गया, लेकिन बाद में राजस्व की भरपाई करने में ठेकेदार पूरी तरह असफल रहे। छत्रसाल और भोले विश्वनाथ के लाइसेंस रद्द कठोर प्रशासनिक कार्रवाई के तहत, विभाग ने छत्रसाल बेवरेजेज और भोले विश्वनाथ एसोसिएट्स नामक कंपनियों के लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। ये वही कंपनियां थीं जो इन 20 प्रमुख शराब दुकानों का संचालन कर रही थीं। लाइसेंस रद्द होने के तुरंत बाद, विभाग ने इन दुकानों को अपने पूर्ण नियंत्रण में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रभावित दुकानें और तत्काल प्रभाव इस निर्णय से जो 20 दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनमें शहर की 8 बड़ी दुकानें शामिल हैं, उनमें राजनगर, खजुराहो, बमीठा, गंज बसारी, चंद्रनगर, टौरिया टेक और गठेवरा-सारंगपुर और हरपालपुर क्षेत्र की दो अन्य प्रमुख दुकानें भी इस कार्रवाई के दायरे में आई हैं। आगे का रास्ता: नया टेंडर और सरकारी कब्जा     सरकारी नियंत्रण: सहायक आबकारी आयुक्त ने पुष्टि की है कि तत्काल प्रभाव से सभी 20 दुकानें अब विभाग के सीधे नियंत्रण में आ गई हैं। जब तक कोई नया स्थायी इंतजाम नहीं हो जाता, इन दुकानों का संचालन सरकारी कर्मचारी करेंगे। इससे यह सुनिश्चित होगा कि शराब की बिक्री पूरी तरह बंद न हो और सरकार को कुछ राजस्व मिलता रहे, साथ ही शराब माफिया पर भी नकेल कसी जा सके।     पुनः नीलामी : विभाग बहुत जल्द इन सभी 20 दुकानों के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। जल्दी ही नई टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि दुकानों का संचालन सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ किया जा सके।