samacharsecretary.com

चुनाव की तारीखों के कारण IPL 2026 का शेड्यूल हो सकता है प्रभावित, BCCI को करना पड़ सकता है बदलाव

नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) का शुरुआती शेड्यूल बीसीसीआई ने हाल ही में जारी किया था. 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीसीसीआई ने केवल 12 अप्रैल तक का ही शेड्यूल जारी किया था जिसमें कुल 20 मैचों की घोषणा की गई थी. लेकिन रविवार को जब चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है तो एक बार फिर इस आईपीएल शेड्यूल पर बहस छिड़ गई है. चर्चा है कि अब बीसीसीआई को फिर से इन जारी शेड्यूल में बदलाव करना पड़ सकता है. आखिर इसकी क्या वजह है. आइए आपको बताते हैं। चुनाव आयोग ने असम में 9 अप्रैल को मतदान की तारीख तय की है. यानी असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल यानी की गुरुवार को एक ही चरण में वोटिंग होगी. लेकिन अब अगर आईपीएल के कार्यक्रमों को देखें तो गुवाहाटी में 7 अप्रैल को मैच होना तय किया गया है। गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के तीन मैच असम के गुवाहाटी स्थित बारासपारा क्रिकेट स्टेडियम को इस बार आईपीएल के 10 मेजबान मैदानों में शामिल किया गया है. यह मैदान राजस्थान का दूसरा घरेलू मैदान भी है. गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के तीन मुकाबले तय किए गए हैं। * पहला मैच 30 मार्च को होगा, जिसमें राजस्थान रॉयल्स का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स से होगा. * दूसरा मुकाबला 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला जाना है. * तीसरा मैच 10 अप्रैल को आरसीबी के खिलाफ होगा. तीनों मुकाबले शाम 7:30 बजे शुरू होंगे. क्या बदलना पड़ेगा शेड्यूल? अब सवाल यह है कि 9 अप्रैल को होने वाले चुनाव के कारण क्या आईपीएल का कार्यक्रम बदलेगा. फिलहाल इस बारे में कुछ भी साफ नहीं है. संभावना है कि बीसीसीआई ने शेड्यूल जारी करने से पहले सरकार और प्रशासन से बातचीत की होगी. इसलिए माना जा रहा है कि जरूरी मंजूरी पहले ही ले ली गई होगी। 7 और 10 अप्रैल के मैच पर संकट! दरअसल, असम में 9 अप्रैल को वोटिंग है. ऐसे में 7 तारीख से ही चुनाव प्रचार बंद हो जाएंगे और सख्तियां बढ़ जाएंगी. पुलिस प्रशासन को भी बूथों पर तैनात किया जाएगा. 7 अप्रैल को ही शाम को मैच है. वहीं, 9 को वोटिंग के बाद 10 अप्रैल को भी पुलिस महकमे के सामने कई चुनौतियां होंगी। सुरक्षा व्यवस्था बन सकती है चुनौती हालांकि चुनाव के समय सुरक्षा व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बन सकती है. आमतौर पर चुनाव की तैयारियां मतदान से 1–2 हफ्ते पहले शुरू हो जाती हैं. उस दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों को कई जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं, जैसे: * संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना * चुनाव में पैसे के इस्तेमाल को रोकना * इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को सुरक्षित तरीके से मतदान केंद्रों तक पहुंचाना इसके अलावा असम की सीमा बांग्लादेश से लगती है, इसलिए तमाम चुनौतियां अपने आप बढ़ जाती हैं.  ऐसे में खिलाड़ियों, टीम स्टाफ और स्टेडियम की 24 घंटे सुरक्षा सुनिश्चित करना आसान नहीं होगा। जल्द आएगा पूरा आईपीएल शेड्यूल बीसीसीआई जल्द ही आईपीएल 2026 का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकता है. तब यह साफ हो जाएगा कि गुवाहाटी में होने वाले मैचों की तारीखें बदलती हैं या नहीं।  

IPL 2026: RCB और SRH के बीच बेंगलुरु में होगा पहला मैच, शेड्यूल में हैं ये रोमांचक मुकाबले

नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के 19वें सीजन का शेड्यूल जारी हो गया है. टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होगी और पहला मैच डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. यह ओपनिंग मैच बेंगलुरु में ही खेला जाएगा. बता दें कि पिछले साल आरसीबी के चैम्पियन बनने के बाद बेंगलुरु में ही विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मची थी. तब से यहां आईपीएल मैच को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, बीसीसीआई ने आईपीएल का पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है. शुरुआत में केवल 20 मैचों का ही शेड्यूल जारी किया गया है. यानी 12 अप्रैल तक होने वाले मुकाबलों का ही शेड्यूल अभी जारी किया गया है. आगे के मुकाबलों का शेड्यूल बीसीसीआई बाद में जारी करेगा। चुनावों की वजह से पूरा शेड्यूल अभी नहीं इस बार शेड्यूल बनाना थोड़ा मुश्किल रहा है क्योंकि कई राज्यों में चुनाव होने हैं. असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में विधानसभा के चुनाव होने हैं. इसके चलते फिलहाल टूर्नामेंट के सिर्फ पहले 20 मैचों का कार्यक्रम जारी किया गया। देखें 20 मैचों का पूरा शेड्यूल: तारीख दिन मुकाबला/ वेन्यू 28 मार्च 2026 शनिवार, शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs हैदराबाद- बेंगलुरु   29 मार्च 2026 रविवार, शाम मुंबई इंडियंस vs कोलकाता नाइट राइडर्स- मुंबई 30 मार्च 2026 सोमवार, शाम राजस्थान रॉयल्स vs चेन्नई सुपर किंग्स- गुवाहाटी 31 मार्च 2026 मंगलवार, शाम पंजाब किंग्स vs गुजरात टाइटंस- मुल्लांपुर 1 अप्रैल 2026 बुधवार, शाम लखनऊ सुपर जायंट्स vs दिल्ली कैपिटल्स-लखनऊ 2 अप्रैल 2026 गुरुवार, शाम कोलकाता नाइट राइडर्स vs हैदराबाद- कोलकाता 3 अप्रैल 2026 शुक्रवार, शाम चेन्नई सुपर किंग्स vs पंजाब किंग्स- चेन्नई 4 अप्रैल 2026 शनिवार,दोपहर दिल्ली कैपिटल्स vs मुंबई इंडियंस- दिल्ली 4 अप्रैल 2026 शनिवार, शाम गुजरात टाइटंस vs राजस्थान रॉयल्स-अहमदाबाद 5 अप्रैल 2026 रविवार, दोपहर सनराइजर्स हैदराबाद vs लखनऊ जायंट्स- हैदराबाद 5 अप्रैल 2026 रविवार, शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु vs चेन्नई सुपर किंग्स- बेंगलुरु 6 अप्रैल 2026 सोमवार, शाम कोलकाता नाइट राइडर्स vs पंजाब किंग्स-कोलकाता 7 अप्रैल 2026 मंगलवार, शाम राजस्थान रॉयल्स vs मुंबई इंडियंस-गुवाहाटी 8 अप्रैल 2026 बुधवार, शाम दिल्ली कैपिटल्स vs गुजरात टाइटंस- दिल्ली 9 अप्रैल 2026 गुरुवार, शाम कोलकाता नाइट राइडर्स vs लखनऊ – कोलकाता 10अप्रैल2026 शुक्रवार, शाम राजस्थान रॉयल्स vs रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- गुवाहाटी 11 अप्रैल2026 शनिवार,दोपहर पंजाब किंग्स vs सनराइजर्स हैदराबाद- मुल्लांपुर 11 अप्रैल2026 शनिवार, शाम चेन्नई सुपर किंग्स vs दिल्ली कैपिटल्स- चेन्नई 12अप्रैल2026 रविवार, दोपहर लखनऊ सुपर जायंट्स vs गुजरात टाइटंस-लखनऊ 12अप्रैल2026 रविवार, शाम मुंबई इंडियंस vs रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- मुंबई   RCB डिफेंडिंग चैम्पियन के तौर पर उतरेगी आईपीएल 2026 में आरसीबी डिफेंडिंग चैम्पियन के तौर पर मैदान में उतरेगी. वहीं मुंबई और चेन्नई अब तक की सबसे सफल टीमें हैं, जिन्होंने पांच-पांच बार खिताब जीता है.  

आईपीएल 2026 की शुरुआत में होगा रोमांचक मुकाबला, इतिहास बदलने वाली टीमें सामने

नई दिल्ली  इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज होने जा रहा है. इसकी शुरुआत पिछले सीजन के फाइनल के रीमैच के बिना होने जा रही है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स अलग-अलग दिनों में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी 28 मार्च को बेंगलुरु में सीजन ओपनर में खेलने वाली है, जबकि पंजाब किंग्स 29 मार्च को मुल्लनपुर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना पहला मैच खेल सकती है। आरसीबी बनाम चेन्नई सुपर किंग्स ओपनर की संभावना सबसे अलग नजर आती है. यह लीग को पहले ही दिन सबसे ज्यादा बिकने वाला मुकाबला दे सकता है, जिससे माहौल तुरंत गर्म हो जाएगा. आईपीएल में कुछ मुकाबले ऐसे होते हैं जिनमें पॉइंट्स, फॉर्म या हालिया इतिहास की परवाह किए बिना खुद ही रोमांच होता है. आरसीबी और सीएसके की भिड़ंत इसी श्रेणी में आती है. वहीं, पंजाब किंग्स अपना सीजन एक दिन बाद शुरू करने जा रही है. इसमें भी एक खास बात है. पिछली बार फाइनल में पहुंची टीम इस बार आईपीएल 2026 में चैंपियनशिप रीमैच का रंग लेकर नहीं आ रही है. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दो अहम प्री-सीजन तारीखें भी तय की गई हैं. कप्तानों और कोचों की बैठक 25 मार्च को मुंबई में होगी, जिसमें फ्रेंचाइजी को नियमों में बदलाव, संचालन की जानकारी और सीजन से जुड़ी खास बातें बताई जाएंगी. 15 मार्च को दिल्ली में कप्तानों का फोटोशूट होगा. इसे लेकर शुरुआती तस्वीर साफ है. आईपीएल 2026 की शुरुआत आरसीबी की चमक के साथ होगी. पंजाब किंग्स अलग राह पर और लीग फिर से धमाकेदार अंदाज में करने जा रही है। आरसीबी ने 2025 में पहली बार जीता खिताब 2008 में शुरु हुई इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीतने में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की टीम को लंबा इंतजार करना पड़ा. राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और विराट कोहली ने टीम की कमान संभाली लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत पाए. रजत पाटीदार ने पहले ही सीजन में टीम को ये कामयाबी दिलाई।

RR के कप्तान बनने की दौड़ में शामिल नया नाम, जडेजा और यशस्वी को किया बाहर

जयपुर  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) ने बड़ा दांव खेल दिया है. 24 साल के रियान पराग को टीम का नया कप्तान बनाए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. यह फैसला ऐसे समय आया है जब लंबे समय तक टीम की कमान संभालने वाले संजू सैमसन का ट्रेड होकर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)  में जाना लगभग तय हो गया है. इस ट्रेड के बदले राजस्थान को दो अनुभवी ऑलराउंडर- रवींद्र जडेजा और सैम करन मिले हैं, जिससे टीम का संतुलन तो मजबूत हुआ है, लेकिन नेतृत्व में बदलाव अनिवार्य हो गया. पहले भी संभाल चुके हैं कमान रियान पराग के लिए कप्तानी बिल्कुल नई जिम्मेदारी नहीं है. पिछले सीजन में जब संजू सैमसन चोट के कारण आठ मैच नहीं खेल पाए थे, तब पराग ने टीम की अगुवाई की थी. उन आठ मुकाबलों में राजस्थान को सिर्फ दो जीत मिलीं, लेकिन व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से पराग प्रभावशाली रहे. उन्होंने 38.57 की औसत से रन बनाए और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ Eden Gardens में 95 रनों की करियर-बेस्ट पारी खेलकर अपनी नेतृत्व क्षमता और बल्लेबाजी कौशल दोनों का परिचय दिया. इंटरव्यू के बाद हुआ फैसला! सूत्रों के मुताबिक, हेड कोच कुमार संगकारा ने कप्तानी के लिए कुछ खिलाड़ियों का इंटरव्यू लिया था, जिनमें पराग सबसे आगे रहे. टीम मैनेजमेंट युवा नेतृत्व की ओर बढ़ना चाहता था और पराग की फ्रेंचाइजी के साथ लंबी प्रतिबद्धता ने भी उनके पक्ष में काम किया. यह बदलाव ऐसे समय आया है, जब टीम के सपोर्ट स्टाफ में भी हलचल रही. 2025 सीजन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा- 14 में से सिर्फ चार मैच जीतकर राजस्थान की टीम अंकतालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर रही. इसी सीजन के बाद राहुल द्रविड़ ने फ्रेंचाइजी से अलग होने का फैसला किया. अब नए कप्तान और नए कोचिंग ढांचे के साथ टीम नई शुरुआत की ओर देख रही है. 2019 से लगातार राजस्थान के साथ रियान पराग ने 2019 में आईपीएल डेब्यू किया था और तब से वे लगातार राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं. पिछले दो सीजन में उन्हें सभी मैच खेलने का मौका मिला. 2024 का सीजन उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ रहा, जब उन्होंने 573 रन बनाए. इस दौरान एवरेज 52.09 और स्ट्राइक रेट 149.21 का रहा. यह प्रदर्शन उन्हें टीम का बल्लेबाजी स्तंभ साबित करता है. अब तक वे राजस्थान के लिए 84 मैच खेल चुके हैं, जिनमें 1566 रन और 7 विकेट उनके नाम हैं. आंकड़े बताते हैं कि पराग सिर्फ भविष्य की परियोजना नहीं, बल्कि वर्तमान की जरूरत भी हैं. नई दिशा, नई उम्मीद संजू सैमसन ने 11 सीजन तक राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया और पिछले सीजन के बाद बदलाव की इच्छा भी जताई थी. ऐसे में फ्रेंचाइजी ने युवा चेहरे पर दांव लगाकर दीर्घकालिक रणनीति अपनाई है. राजस्थान रॉयल्स (25 खिलाड़ी): यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शुभम दुबे, युद्धवीर सिंह, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे, शिमरॉन हेटमायर, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, जोफ्रा आर्चर, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा (चेन्नई से ट्रेड), सैम करन (चेन्नई से ट्रेड), डोनोवन फरेरा (दिल्ली से ट्रेड), रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, यश राज पुंजा, विघ्नेश पुथुर, रवि सिंह, अमन राव, ब्रिजेश शर्मा, एडम मिल्ने और कुलदीप सेन.  

ट्रक ड्रायवर के बेटे का क्रिकेट कारनामा: मंगेश का बेस प्राइस 30 लाख, IPL 2026 में 5 करोड़ में खरीदा गया

छिन्दवाड़ा   आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के लाल मंगेश यादव की किस्मत चमक गई है. RCB ने मंगेश को 5 करोड़ 20 लाख रु बोली लगाते हुए अपनी टीम में रखा है और इसी के साथ उस पिता के सपने पूरे हो गए हैं जो बेटे को क्रिकेटर बनाने के लिए महीनों घर से बाहर रहकर ट्रक चलाते हैं. ये कहानी है छिंदवाड़ा के क्रिकेटर मंगेश यादव और उनके पिता रामअवध यादव की जो पेशेसे ट्रक ड्राइवर हैं. मंगेश का बेस प्राइस 30 लाख, 5 करोड़ 20 लाख में हुआ ऑक्शन आईपीएल टीमों के लिए मंगलवार को अबूधाबी में खिलाड़ियों की नीलामी हुई. इस नीलामी में एक ऐसा खिलाड़ी भी निकलकर आया, जिसकी बेस प्राइस तो 30 लाख रुपए थी लेकिन आईपीएल क्रिकेट टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में 5 करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा है. तेज रफ्तार और यॉर्कर के लिए पहचाने जाने वाले 24 साल के मंगेश ने मध्य प्रदेश टी-20 लीग में 14 विकेट चटकाए थे. 6 मैचों में उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल लिए. एक मैच में उन्होंने 3 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे और इसी परफॉर्मेंस ने आईपीएल सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा. इतना ही नहीं, मंगेश ने इसी साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के लिए डेब्यू किया, जहां लीग चरण में 2 मैचों में 3 विकेट झटके और 12 गेंदों पर 28 रन बनाए थे. 70 किमी दूर प्रैक्टिस करने जाते रहे मंगेश मंगेश के पिता ने उन्हें क्रिकेटर बनाने के लिए महीनों घर से बाहर रहकर ट्रक ड्राइवरी की तो वहीं, मंगेश उनके सपने पूरे करने के लिए जमकर मेहनत करते रहे. पिता की मेहनत की कद्र करते हुए मंगेश घर से करीब 70 किलोमीटर दूर क्रिकेट प्रैक्टिस करने रोज जाते थे. आज उनकी कड़ी मेहनत ये रंग लाई है कि देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका नाम चमका है. मंगलवार रात जैसे ही मंगेश के पिता को फोन पर उनके आईपीएल ऑक्शन की बात पता चली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. कौन हैं मंगेश यादव? छिंदवाड़ा में मंगेश यादव के क्रिकेट कोच उत्सव बैरागी बताते हैं, '' मंगेश यादव का जन्म 10 अक्टूबर 2002 को छिन्दवाड़ा के बोरगांव में हुआ जो अब पांढुर्णा जिले का हिस्सा है. मंगेश को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था हालांकि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते उन्हें बहुत संघर्ष करना पड़ा. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद भी मंगेश लगातार क्रिकेट की प्रैक्टिस करने छिंदवाड़ा आते थे. मंगेश की क्रिकेट खेलने की शुरुआत छिंदवाड़ा के इंदिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम से ही हुई है और वे यूट्यूब क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी भी हैं. मध्य प्रदेश के क्रिकेटर मंगेश बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं.'' इनाम में मिले पैसे और साइकिल भी ग्राउंडमैन को दे दी मंगेश यादव के कोच उत्सव बैरागी ने बताया, '' मंगेश का कॉन्फिडेंस लेवल हमेशा हाई होता था, उसकी बातों से लगता था कि भले ही वह आर्थिक रूप से कमजोर हो लेकिन अपने खेल के दम पर खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लेकर जाएगा. वही हमेशा लोगों को बहुत इज्जत देता था, बड़े हों या छोटे उसके लिए सब सम्मानजनक होते थे. इंदौर में जब उन्हें बेस्ट प्लेयर का अवॉर्ड मिला और इनाम में 10 हजार रु मिले तो उन्होंने ग्राउंड की सफाई करने वाले ग्राउंडमैन को ये राशि दे दी थी. इसके साथ ही 2022 में छिंदवाड़ा में आयोजित सांसद क्रिकेट कप के दौरान उन्हें बेस्ट ऑलराउंडर का अवॉर्ड मिला था, इस दौरान उन्हें एक साइकिल इनाम में मिली थी वह साइकिल भी उन्होंने ग्राउंडमैन को गिफ्ट में दे दी थी. ये उनका बड़ा दिला दिखाता है.'' आरसीबी की टीम में एमपी के तीन खिलाड़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2026 के लिए मध्य प्रदेश के तीन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। इसमें इंदौर के कप्तान रजत पाटीदार, अनुभवी ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर और छिंदवाड़ा के युवा ऑलराउंडर मंगेश यादव शामिल हैं। यह कदम टीम की मध्य प्रदेश कनेक्शन को मजबूत करता है, क्योंकि ये खिलाड़ी लंबे समय से राज्य की टीम के लिए साथ खेल रहे हैं। वेंकटेश अय्यर को सात करोड़ में खरीदा वेंकटेश अय्यर को RCB ने 7 करोड़ रुपए में खरीदा है। पिछले सीजन में वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए 23.75 करोड़ रुपए में खेले थे। उनकी पिछली फॉर्म को देखते हुए यह एक बड़ी गिरावट है। हालांकि, अय्यर का अनुभव और पिछला प्रदर्शन RCB के लिए महत्वपूर्ण है। एमपी के खिलाड़ियों का रहा जलवा आईपीएल 2026 मिनी-ऑक्शन में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का जलवा रहा। इस बार मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को आईपीएल में सबसे ज़्यादा मौके मिले हैं। आरसीबी (RCB) ने मध्य प्रदेश लीग (MPL) में शानदार प्रदर्शन करने वाले मंगेश यादव को खरीदा है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने अक्षत रघुवंशी को और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शिवंग कुमार को पहली बार आईपीएल में खेलने का मौका दिया है। यह सब मध्य प्रदेश लीग में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन का नतीजा है। ट्रक ड्राइवर के बेटे मंगेश यादव को आरसीबी ने खरीदा आईपीएल 2026 के मिनी-ऑक्शन में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। इस बार मध्य प्रदेश के कुल मिलाकर सबसे ज़्यादा खिलाड़ी आईपीएल में खेलते नज़र आएंगे। आरसीबी (RCB) ने मंगेश यादव को अपनी टीम में शामिल किया है। मंगेश ने मध्य प्रदेश लीग 2025 में ग्वालियर चीताज़ (Gwalior Cheetahs) के लिए खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने टीम के साथी खिलाड़ी पाटीदार के साथ मिलकर एक मजबूत जोड़ी बनाई थी। मंगेश की लगातार विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें आरसीबी (RCB) में जगह दिलाई है। यह दिखाता है कि घरेलू लीग में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आईपीएल में मौका मिल रहा है। एमपीएल का असर दिखा ऑक्शन में मध्य प्रदेश लीग (MPL) का असर साफ दिखा। अक्षत रघुवंशी और शिवांग कुमार जैसे अनकैप्ड (जिन्हें पहले आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला था) खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के दम पर आईपीएल में डेब्यू कॉन्ट्रैक्ट मिला। अक्षत रघुवंशी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से खेलेंगे, जबकि शिवांग कुमार सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का हिस्सा बने हैं। … Read more

IPL 2026 के लिए आज होगी खिलाड़ियों की मंडी, ऑक्शन से पहले जानें क्या होगा खास

 नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मिनी ऑक्शन 10 फ्रेंचाइजियों के लिए 77 खिलाड़ियों की स्लॉट्स के लिए शुरू होने वाला है. इस ऑक्शन में कुल खर्च की सीमा 237.55 करोड़ रुपये रखी गई है. आगामी सीजन मार्च 2026 के अंत में शुरू होने वाला है. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) मिनी ऑक्शन में अब तक के सबसे बड़े पर्स 64.3 करोड़ रुपये के साथ उतरे हैं, जिससे वे बोली की दिशा तय करने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पास भी पर्याप्त बजट है, जो उन्हें खिलाड़ियों के चयन में महत्वपूर्ण शक्ति प्रदान करता है.' ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन से सबसे ऊंची बोली की उम्मीद है, वहीं वेंकटेश अय्यर, लियाम लिविंगस्टोन और रवी बिश्नोई जैसे खिलाड़ी भी फ्रेंचाइजियों के ध्यान का केंद्र बने रह सकते हैं. पर्याप्त धन होने के कारण टीमें अनकैप्ड और उभरते हुए खिलाड़ियों को बड़े उत्साह के साथ खरीद सकती हैं, जिससे वादा करने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए बोली की तीव्र प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है. स्मार्ट निवेश टीमों को मार्च में शुरू होने वाले टूर्नामेंट में निर्णायक बढ़त दिला सकते हैं. कुल मिलाकर, 2026 IPL मिनी ऑक्शन एक हाई-स्टेक, बड़े ध्यान से देखे जाने वाला इवेंट साबित होने वाला है, जहां फ्रेंचाइजियां अपने वित्तीय संसाधनों का उपयोग स्टार खिलाड़ियों और उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों दोनों को सुरक्षित करने के लिए करेंगी. IPL ऑक्शन 2026 IPL 2026 ऑक्शन कब है? IPL 2026 ऑक्शन मंगलवार, 16 दिसंबर को होगा. IPL 2026 ऑक्शन कहां होगा? इस साल का ऑक्शन अबू धाबी, UAE में आयोजित होगा. IPL 2026 ऑक्शन कितने बजे शुरू होगा? ऑक्शन  भारतीय समयानुसरा दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा. IPL 2026 ऑक्शन टीवी पर कहां देखें? लाइव टेलीकास्ट Star Sports Network पर उपलब्ध होगा. IPL 2026 ऑक्शन लाइव स्ट्रीम कहां देखें? JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम कर सकते हैं. IPL 2026 ऑक्शन के लिए टीमों के पास कितना पैसा है? कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) – ₹64.3 करोड़ (13 स्लॉट्स भरने हैं) चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) – ₹43.4 करोड़ (9 स्लॉट्स) सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) – ₹25.5 करोड़ (10 स्लॉट्स) लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) – ₹22.95 करोड़ (6 स्लॉट्स) दिल्ली कैपिटल्स (DC) – ₹21.8 करोड़ (8 स्लॉट्स) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) – ₹16.4 करोड़ (8 स्लॉट्स) राजस्थान रॉयल्स (RR) – ₹16.05 करोड़ (9 स्लॉट्स) गुजरात टाइटन्स (GT) – ₹12.9 करोड़ (5 स्लॉट्स) पंजाब किंग्स (PBKS) – ₹11.5 करोड़ (4 स्लॉट्स) मुंबई इंडियंस (MI) – ₹2.75 करोड़ (5 स्लॉट्स) अधिकमत कितने खिलाड़ी बिकेंगे? इस बार नीलामी सूची में कुल 350 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, लेकिन फ्रेंचाइजी टीम्स अधिकतम 77 खिलाड़ियों पर ही सफल बोली लगा सकेंगी. इनमें से विदेशी खिलाड़ियों की संख्या 31 से ज्यादा नहीं हो सकती. शॉर्टलिस्ट किए गए 350 खिलाड़ियों में 240 भारतीय और 110 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. यानी इस बार भी नीलामी में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिल सकता है, जबकि सीमित स्लॉट के चलते विदेशी खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा तय मानी जा रही है.

350 खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी, IPL नीलामी में डिकॉक की हैरान करने वाली एंट्री और ग्रीन का पहला सेट

 नई दिल्ली आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में कुल 350 खिलाड़ी शामिल होंगे, जो 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाला है. इन में से 40 खिलाड़ियों ने खुद को अधिकतम 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर रजिस्टर किया है. भारतीय खिलाड़ियों में सिर्फ वेंकटेश अय्यर और रवि बिश्नोई ही इस कैटेगरी में हैं. कैमरन ग्रीन, जिन्हें ऑक्शन का सबसे महंगा खरीद माना जा रहा है, ने खुद को बैटर के तौर पर दर्ज किया है और वह पहली सेट में दिखाई देंगे. वहीं क्विंटन डिकॉक, दुनिथ वेलालगे और जॉर्ज लिन्डे, जो पहले लॉन्गलिस्ट में नहीं थे, उन्हें फाइनल लिस्ट में शामिल किया गया है. कुल मिलाकर 35 नए खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजियों के अनुरोध पर जोड़ा गया है. डिकॉक का आधार मूल्य एक करोड़ रुपये है. इस सूची में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी शामिल हैं, जिनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है. स्मिथ आखिरी बार 2021 में आईपीएल में खेले थे. 350 शॉर्टलिस्टेड खिलाड़ियों में 240 भारतीय और 110 विदेशी हैं. आईपीएल की एक विज्ञप्ति के अनुसार खिलाड़ियों की नीलामी के लिए कुल 1390 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इसे बाद में घटाकर 1005 कर दिया गया था. इन खिलाड़ियों में से ही अंतिम 350 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की गई है. नीलामी में खिलाड़ियों के पहले सेट में पृथ्वी शॉ और सरफराज खान शामिल हैं. इन दोनों ने अपना आधार मूल्य 75 लाख रुपये रखा है. साझा की गई सूची में दो आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन ग्रीन और जेक फ्रेजर मैकगर्क के अलावा न्यूजीलैंड और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉन्वे और दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर भी शामिल हैं. इनमें से प्रत्येक का आधार मूल्य 2 करोड़ रुपये है. आईपीएल ऑक्शन में वेंकटेश अय्यर, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज किया है, 2 करोड़ रुपये के आधार मूल्य के साथ पेश होंगे. ऑक्शन की शुरुआत कैप्ड खिलाड़ियों के पूर्ण राउंड से होगी- बैटर्स, ऑलराउंडर्स, विकेटकीपर-बैटर्स, तेज गेंदबाज और स्पिन गेंदबाज. इसके बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों का पूरा राउंड होगा. प्लेयर नंबर 70 के बाद एक्सेलेरेटेड प्रोसेस शुरू होगा. कुल 77 स्लॉट इस ऑक्शन में भरे जाने हैं, जिनमें 31 विदेशी स्लॉट शामिल हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे बड़ा पर्स है- 64.30 करोड़ रुपये, और उनके पास भरने के लिए 13 स्लॉट बचे हैं, जिनमें 6 विदेशी स्लॉट भी शामिल हैं.

चिन्नास्वामी स्टेडियम के लिए फिटनेस टेस्ट जरूरी, तभी बेंगलुरु में हो पाएंगे अगले IPL मुकाबले

बेंगलुरु इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था. विक्ट्री परेड के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी. इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग इंजर्ड हुए थे. इस हादसे की जांच के लिए जस्टिस जॉन माइकल डी’कुन्हा की अध्यक्षता में एक न्यायिक आयोग बनाया गया था, जिसने रिपोर्ट तैयार की. कर्नाटक कैबिनेट ने इस रिपोर्ट को मंजूरी दी थी, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे. रिपोर्ट में कहा गया था कि स्टेडियम की मौजूदा संरचना भीड़ वाले बड़े आयोजनों के लिए खतरनाक है. एंट्री और एग्जिट गेट पर्याप्त नहीं, जिससे आकस्मिक स्थितियों में भगदड़ की आशंका बढ़ती है. रिपोर्ट में बताया गया था कि स्टेडियम के पास अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले इमरजेंसी निकासी प्लान मौजूद नहीं हैं. स्टेडियम के आसपास की सड़कें अत्यधिक व्यस्त रहती हैं, जिससे आपात स्थितियों में फोर्स की मूवमेंट बाधित होती है. पार्किंग स्पेस बेहद सीमित है जिससे लोग सड़क पर रुकते हैं और भीड़ नियंत्रण बिगड़ता है. रिपोर्ट में साफ कहा गया था कि चिन्नास्वामी स्टेडियम की वर्तमान स्थिति में बड़े आयोजन कराना जोखिम भरा है और दर्शकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है. क्या अब IPL मैच भी बेंगलुरु में नहीं होंगे? इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले नहीं हो पाए थे. उन मैचों को नवी मुंबई शिफ्ट कर दिया गया था. अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान बेंगलुरु में मैच होंगे या नहीं, इस पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. राज्य सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम को 'फिटनेस टेस्ट' पास करने का आदेश दिया है. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) को नोटिस भेजा है. केएससीए को NABL-प्रमाणित विशेषज्ञों से स्ट्रक्चरल सेफ्टी रिपोर्ट जमा करनी होगी. 17 एकड़ में फैला यह स्टेडियम PWD की लीज पर बना है, इसलिए सरकार इसे पूरी तरह सुरक्षित साबित करने की मांग कर रही है. केवल तब ही IPL मैचों की अनुमति मिलेगी, जब विशेषज्ञ स्टेडियम की संरचनात्मक सुरक्षा को प्रमाणित करेंगे. अगर स्टेडियम फिटनेस टेस्ट में फेल होता है, तो आरसीबी अपने घरेलू मैच बेंगलुरु के बाहर खेलने के लिए मजबूर भी हो सकती है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 15 मार्च को शुरू होने की संभावना है और इसका खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जा सकता है. आईपीएल सीजन से पहले खिलाड़ियों की मिनी नीलामी भी होनी है. मिनी निलामी इस साल 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित की जाएगी.

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक बोले: धोनी का IPL 2026 में खेलना अब अनिश्चित

चेन्नई   इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) के समाप्त होते ही ये चर्चा शुरू हो गई कि चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे या नहीं. वहीं इस बात पर जब-जब धोनी से सवाल किया गया, तब-तब माही ने इस सवाल के जवाब को देने के लिए कुछ वक्त मांगा. लेकिन अब सीएसके के मालिक काशी विश्वनाथन ने एमएस धोनी के अगले आईपीएल 2026 में खेलने के बारे में बड़ा अपडेट दिया है. CSK के मालिक ने धोनी पर क्या कहा? महेंद्र सिंह धोनी और सीएसके के लिए आईपीएल 2025 कुछ खास नहीं रहा. इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 10वें नंबर पर रही. इसी के साथ धोनी के आईपीएल से रिटायर होने की अटकलें भी लगाई जाने लगीं. लेकिन अब सीएसके के मालिक ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है. काशी विश्वनाथन का कहना है कि एमएस धोनी आईपीएल का अगला सीजन जरूर खेलेंगे. प्रोवोक लाइफस्टाइल के यूट्यूब चैनल से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें एक बच्चा सीएसके के सीईओ से सवाल करता है कि क्या धोनी जल्दी ही रिटायर हो जाएंगे. तब काशी विश्वनाथन जवाब देते हैं कि 'धोनी रिटायर नहीं होंगे. मैं इस बारे में भी उनसे पूछूंगा और फिर आपको बताता हूं'. सीएसके मालिक ने टीम के अगले सीजन में परफॉर्म करने को लेकर कहा कि 'हम जीतने के लिए स्ट्रेटजी बना रहे हैं, लेकिन जीतेंगे या नहीं, इस बारे में नहीं पता है'. CSK के लिए बेकार रहा IPL 2025 आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने अपना पहला टाइटल हासिल किया. वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे आखिर में 10वें नंबर पर रही. इस सीजन एमएस धोनी के बल्ले से भी रन देखने को नहीं मिले. धोनी ने आईपीएल 2025 में खेले 14 मैचों की 13 पारियों में 24.50 की औसत से 196 रन बनाए. धोनी का आईपीएल के 18वें सीजन में बेस्ट स्कोर नाबाद 30 रन रहा.

CSK की रणनीति बदलने की तैयारी, ये 5 खिलाड़ी हो सकते हैं रिलीज़ — IPL 2026 तकटी अपडेट

चेन्नई  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. पांच बार की आईपीएल चैम्पियन टीम सीएसके ने 14 में से केवल 4 मुकाबले जीते थे और वो अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही थी. टीम मैनेजमेंट अब आईपीएल 2026 से पहले बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन से पहले पांच खिलाड़ियों को रिलीज कर सकती है. जिन खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जा सकता है- उनमें सैम करन (इंग्लैंड), डेवोन कॉन्वे (न्यूजीलैंड), दीपक हुड्डा, विजय शंकर और राहुल त्रिपाठी शामिल हैं. टीम के बेहद खराब प्रदर्शन के चलते इन खिलाड़ियों को रिलीज करने की नौबत आई है. आईपीएल 2025 में ऋतुराज गायकवाड़ की चोट ने भी चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलों में इजाफा किया था. ऋतुराज के बाहर होने के बाद एमएस धोनी ने टीम की कमान संभाली, लेकिन वो भी टीम की किस्मत नहीं बदल सके. अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा करने की रणनीति इस बार उलटी पड़ गई. इस मामले में फिसड्डी रही CSK टॉप ऑर्डर के खराब प्रदर्शन ने चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें काफी बढ़ाईं. डेवोन कॉन्वे, दीपक हुड्डा, विजय शंकर और राहुल त्रिपाठी का फॉर्म लगातार गिरता गया. आईपीएल 2025 में सीएसके के बल्लेबाजों ने 138.29 के स्ट्राइक रेट से 2315 रन बनाए, जो पिछले सीजन में किसी टीम का सबसे कम स्ट्राइक रेट था. इसके अलावा सीएसके ने पावरप्ले में सबसे कम रन (693) बनाए, साथ ही 29 विकेट गंवाए. टीम मैनेजमेंट अब युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताना चाहती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्रेंचाइजी का इरादा स्क्वॉड को नए सिरे से बनाने का है ताकि टीम नई ऊर्जा के साथ अगले सीजन में वापसी कर सके. रविचंद्रन अश्विन के आईपीएल से रिटायरमेंट के बाद सीएसके को एक तरह से फायदा हुआ है. आर. अश्विन के रिटायरमेंट के चलते टीम के पर्स में 9.75 करोड़ रुपये आ चुके हैं. अब यदि सीएसके ऊपर बताए गए पांच खिलाड़ियों को रिलीज कर देती है, तो उसके पर्स में 25 करोड़ से अधिक की रकम रहेगी. सैम करन पर सीएसके ने काफी भरोसा जताया था, लेकिन वो अपनी पुरानी लय नहीं पकड़ सके. जबकि इंजरी से उबरने के बाद डेवोन कॉन्वे की बल्लेबाजी में भारी गिरावट आई.  भारतीय बल्लेबाजों दीपक हुड्डा, विजय शंकर और राहुल त्रिपाठी भी बल्ले से कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए. आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन के लिए सभी 10 टीमों को अपनी रिटेंशन लिस्ट 15 नवंबर तक फाइनल कर लेनी है. आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन 13 से 15 दिसंबर के बीच हो सकता है.