samacharsecretary.com

वक़्त बदला, रिकॉर्ड थमे रहे! रवींद्र जडेजा का घरेलू मैदान पर आखिरी अर्धशतक कब आया?

नई दिल्ली 15 जनवरी 2013…क्या आपको यह तारीख किसी वजह से याद है? धुंधली-धुंधली ही सही? शायद नहीं…इस समय तक ना तो विराट कोहली कभी आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बने थे और ना ही नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाली थी। अब आप सोच रहे होंगे कि इस तारीख में ऐसा क्या खास है। तो बता दें, यह वही तारीख है जब भारतीय हरफनमौला रवींद्र जडेजा ने वनडे क्रिकेट में भारत में अपना आखिरी अर्धशतक जड़ा था। जी हां, क्यों दिमाग चकरा गया ना…। रवींद्र जडेजा की भारतीय वनडे टीम में जगह पर इस समय सवाल उठ रहे हैं। जैसा कुछ दिनों पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर उठ रहे थे।   इन दोनों दिग्गजों पर लगातार डोमेस्टिक क्रिकेट खेलने का दबाव बनाया जा रहा था और लगातार कहा जा रहा था कि अगली सीरीज में उनका परफॉर्मेंस तय करेगा कि रोहित-कोहली 2027 का वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर तो विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर वनडे सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन कर सभी आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया है। वहीं 2025 का अंत होते-होते दोनों ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी हिस्सा लिया। रोहित शर्मा और विराट कोहली के फ्यूचर पर तो अब कोई सवाल नहीं है, मगर धीरे-धीरे इस सवाल के घेरे में जरूर रवींद्र जडेजा आ गए हैं। रवींद्र जडेजा के अगर पिछले 10 वनडे मुकाबलों को उठाकर देखें तो 7 बार उन्हें बैटिंग करने का मौका मिला है, जिसमें वह सिर्फ एक ही बार 30 से ज्यादा रन बनाने में कामयाब रहे हैं। पिछले 10 वनडे में जडेजा के बल्ले से कुल 114 ही रन निकले हैं, जिसमें वह तीन बार नॉट आउट भी रहे हैं। इन 10 मुकाबलों में चैंपियंस ट्रॉफी के सभी मैच भी शामिल है, जिसमें जडेजा ने विनिंग शॉट लगाकर भारत को जीत दिलाई थी। जडेजा टीम में एक हरफनमौला की भूमिका निभाते हैं। माना कि भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर मजबूत होने से उन्हें बैटिंग का कम ही मौका मिला है, मगर बॉलिंग में भी उनका प्रदर्शन काफी फीका रहा है। पिछले 10 वनडे मैचों में जडेजा ने कुल 6 ही विकेट चटकाए हैं और 5 बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा है। रवींद्र जडेजा के वनडे करियर के कुछ हैरान कर देने वाले आंकड़े     जडेजा ने भारत में आखिरी वनडे अर्धशतक जनवरी 2013 में लगाया था।     जडेजा 209 वनडे खेल चुके हैं, मगर अभी तक उनके इस फॉर्मेट में 3000 रन पूरे नहीं हुए हैं।     जडेजा ने वनडे में सिर्फ 2 बार 5 विकेट हॉल लिया है। एक 2023 में और एक 2013 में।     जडेजा ने अपने वनडे करियर में कभी शतक नहीं लगाया, उनका हाईएस्ट स्कोर 87 रन का है जो 2014 में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था।     जडेजा ने 209 वनडे में सिर्फ 13 अर्धशतक बनाए हैं। जडेजा फिलहाल 37 साल के हैं, 2027 वर्ल्ड कप आते-आते वह करीब-करीब 39 साल के हो जाएंगे। वनडे क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए लगता है कि चयनकर्ता और टीम मैनेजमें को उनके विकल्प के बारे में सोचना चाहिए। अक्षर पटेल जडेजा के लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट साबित हो सकते हैं। अगर उन्हें मौका दिया जाए तो वह आगामी समय में टीम में एक बेहतरीन हरफनमौला की भूमिका अदा कर सकते हैं। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर के साथ-साथ रियान पराग और आयुष बदोनी के रूप में कई उभरती प्रतिभाएं भी हैं।  

रायपुर में क्रिकेट क्रेज: India-Africa ODI टिकट के लिए हुई धक्का मुक्की, Rohit और Kohli के दीवाने

रायपुर  जल्दी ही भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज खेली जानी है। वनडे सीरीज का दूसरा मैच छत्तीसगढ़ की राजधानी में खेला जाएगा। ऐसे में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे वनडे मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit SHarma) को लाइव देखने के लिए दर्शक बड़ी संख्या में टिकट लेने के लिए स्टेडियम और इंडोर कॉम्प्लेक्स पहुंच रहे हैं। इंडोर स्टेडियम में टिकट कलेक्शन और छात्रों के लिए बिक्री शुरू सोमवार से इंडोर स्टेडियम में पहले चरण में ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले लोग अपने फिजिकल टिकट ले रहे हैं। इसी के साथ छात्रों के लिए आरक्षित सीटों की टिकट बिक्री भी शुरू की गई, जिसके चलते सुबह 4 बजे से ही काउंटर पर भीड़ जुटना शुरू हो गया। टिकट बिक्री 10 बजे शुरू हुई, लेकिन उससे पहले ही लंबी कतारों में छात्रों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। कई छात्राओं ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद उनकी पुलिस के साथ बहस भी हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। छात्रों के लिए 1500 सीटें, टिकट 800 रुपये इस बार छात्रों के लिए 1,500 सीटें रिजर्व की गई हैं, जिनकी कीमत 800 रुपये तय की गई है। एक छात्र केवल एक ही टिकट खरीद सकेगा और स्कूल/कॉलेज का आईडी कार्ड अनिवार्य है। छात्र 24 नवंबर से 2 दिसंबर तक इंडोर स्टेडियम में जाकर फिजिकल टिकट खरीद सकेंगे। पहले चरण में 17–18 हजार टिकट 15 मिनट में सोल्ड आउट शनिवार को पहले चरण में शाम 5 बजे टिकट बिक्री शुरू होते ही 17 से 18 हजार टिकट मात्र 15 मिनट में ही सोल्ड आउट हो गए। वेबसाइट पर ‘Sold Out’ दिखने से लोग भ्रमित हुए कि सभी टिकट खत्म हो चुके हैं, जबकि आयोजकों के अनुसार दूसरे चरण में बाकी टिकट जल्द जारी किए जाएंगे। इन्हें ऑनलाइन बुक करने वालों को बाद में फिजिकल टिकट में बदलने की सुविधा मिलेगी। टीमें 1 दिसंबर को रायपुर आएंगी     पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा।     दोनों टीमें 1 दिसंबर को रायपुर पहुंचेगी।     2 दिसंबर को प्रैक्टिस सेशन होगा।     3 दिसंबर को रायपुर में दूसरा वनडे खेला जाएगा। स्टेडियम में सुविधाएं: पानी मुफ्त, फूड रेट तय दर्शकों के लिए स्टेडियम में 22 बड़े वाटर फिल्टर लगाए गए हैं, जिससे पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हर फूड वेंडर को अपनी रेट-लिस्ट डिस्प्ले करना अनिवार्य होगा। ओवर चार्जिंग रोकने के लिए स्टेडियम के भीतर कई जगह रेट-चार्ट भी लगाए जाएंगे। दिव्यांग खिलाड़ियों को मुफ्त एंट्री 3 दिसंबर वर्ल्ड डिसेबिलिटी डे के अवसर पर राज्य के सभी दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए मैच देखना पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। उनके आने-जाने की व्यवस्था भी क्रिकेट संघ द्वारा की जाएगी। रायपुर में होने वाला India – South Africa का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि फैंस के जुनून, खिलाड़ियों की जुझारू चुनौती और क्रिकेट के रोमांच का संगम बनने जा रहा है। अब नज़रें टिकी हैं 3 दिसंबर पर, जब विराट-रोहित की धाक और अफ्रीकी तेज़ तर्रार खेल आमने-सामने होंगे। बस इंतज़ार है उस पहली गेंद का… जो रायपुर के मैदान में इतिहास लिखने जा रही है। आपको बता दें कि फिलहाल India और South Africa के बीच Test Series जारी है, जिसमें भारत पहला मैच हार चुका है।