samacharsecretary.com

चित्रकूट में छात्राओं से मालिश कराते दिखीं हेडमास्टर

भोपाल/चित्रकूट. शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापिका (हेडमास्टर) बच्चों को पढ़ाने के बजाय उनसे अपनी मालिश करवाती नजर आईं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। अभिभावकों में भारी आक्रोश है और विभाग ने अब मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और निलंबन के संकेत दिए हैं। मैडम की सेवा में जुटीं मासूम छात्राएं मामला चित्रकूट के कर्वी स्थित नया बाजार प्राथमिक विद्यालय (भाग-1) का है। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी राय आराम से लेटी हुई हैं और मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त हैं। वहीं, स्कूल की छोटी-छोटी छात्राएं उनके हाथ और पैरों की मालिश कर रही हैं। यह सब उस समय हो रहा था जब स्कूल में शिक्षण कार्य (पढ़ाई) का समय था। स्कूल के पास ही BEO का ऑफिस हैरानी की बात यह है कि जिस स्कूल से यह शर्मनाक मामला सामने आया है, उसके पास ही खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) का कार्यालय स्थित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सिलसिला काफी समय से चल रहा था। अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि आखिर अधिकारियों को अपने कार्यालय के पास चल रही इन गतिविधियों की भनक क्यों नहीं लगी? अभिभावकों का फूटा गुस्सा घटना के बाद अभिभावकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि वे अपने बच्चों को स्कूल इसलिए भेजते हैं ताकि उनका भविष्य संवर सके, न कि शिक्षकों की निजी सेवा करने के लिए। इस तरह की घटनाओं से बच्चों के मानसिक विकास पर बेहद नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और शिक्षा के प्रति उनका नजरिया बदल जाता है। वायरल वीडियो, एक्शन में विभाग मामला सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) वीरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषी प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों के बाद हुआ खुलासा स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय के बारे में लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि यहाँ पढ़ाई के बजाय बच्चों से दूसरे काम कराए जाते हैं। कुछ जागरूक लोगों ने जब चोरी-छिपे वीडियो बनाया, तब जाकर इस सनसनीखेज सच्चाई का पर्दाफाश हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद अब न केवल प्रधानाध्यापिका बल्कि स्कूल के अन्य स्टाफ और निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हो सकें और शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बनी रहे।

मसाज के नाम पर जाल: अश्लील वीडियो बनाकर एक लाख वसूले

ग्वालियर ग्वालियर के पिंटो पार्क, राम बिहार में रहने वाला एक युवक हजीरा चौराहे पर मेडिकल स्टोर से मेडिसिन लेने पहुंचा था। यहां वह एक अजनबी से टकराया। अजनबी ने उस युवक से पूछा कि क्या उसे मसाज करानी है? इस सवाल ने युवक की जिंदगी का रंग ही बदल दिया। यहां से शुरु हुई फरेब की ठोस जंजीर, जिसके पहले कदम में युवक उसे स्पा लेकर पहुंचा। पहले कपड़े उतरे फिर मसाज टेबल पर साजिश रची गई। इसके बाद वीडियो बना और एक लाख ठग लिए गए। क्या है पूरा मामला, यहां समझिए ग्वालियर में एक युवक का न्यूड वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई और उससे एक लाख रुपए ऐंठ लिए गए। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस अकाउंट में पैसे भेजे गए हैं, वह किसी सतपाल सिंह का है। अब पुलिस सतपाल सिंह को तलाश कर रही है। मेडिकल से सीधे स्पा पहुंच गया पीड़ित पिंटो पार्क रामबिहार निवासी युवक हजीरा चौराहे पर एक मेडिकल स्टोर पर मेडिसिन लेने पहुंचा था। यहां उसे 25 साल का युवक मिला। उसने अपना नाम शिवा शिवहरे बताया और पूछा कि तुमको मसाज करानी है, जिस पर युवक ने हां कर दिया। शिवा उसे अपनी स्कूटी पर बैठाकर उपनगर ग्वालियर स्थित गोसपुरा में एक घर में ले गया। घर ले जाकर शिवा ने युवक के कपड़े उतारे और अपने भी कपड़े उतार दिए। इसके बाद वह मसाज करने लगा। दो युवकों की एंट्री और बदल गया सब तभी कमरे में दो युवक आते हैं और उसका वीडियो बना लेते हैं। उसे न्यूड वीडियो दिखाकर धमकाते हैं। कहते हैं कि उनको रुपए नहीं मिले तो यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर उसे बदनाम कर देंगे। ब्लैकमेल करने वाले युवकों ने पीड़ित का मोबाइल छीनकर उसके फोन-पे अकाउंट से दो बार में 90 हजार एवं 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे धमकाकर छोड़ दिया। युवक ने भाई को दी जानकारी घबराए हुए युवक ने डरते हुए अपने भाई को यह बात बताई, जिसके बाद वह थाना पहुंचे और मामले की शिकायत की। बदमाशों ने पीड़ित के फोन-पे से एक लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने पड़ताल की तो पता लगा जिस अकाउंट में रुपए ट्रांसफर हुए थे वह किसी सतपाल सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। अब पुलिस इस सतपाल की भी तलाश कर रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी एएसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि एक युवक द्वारा खुद के साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। जिस पर से कार्रवाई कर एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।