samacharsecretary.com

मेसी का ‘डबल धमाका’, इंटर मियामी ने प्लेऑफ के पहले मैच में नैशविले को हराया

मियामी  लियोनेल मेसी के शानदार प्रदर्शन के साथ इंटर मियामी ने 'एमएलएस कप' के पहले राउंड के प्लेऑफ सीरीज के शुरुआती मैच में शानदार जीत दर्ज की। मेसी के दो गोल ने इंटर मियामी को नैशविले एससी पर 3-1 से शानदार जीत दिलाई। यह मुकाबला शुक्रवार रात फोर्ट लॉडरडेल में खेला गया। आठ बार के बैलन डी'ओर विजेता लियोनेल मेसी को मैच शुरू होने से पहले 28 मुकाबलों में 29 गोल करने के लिए 'गोल्डन बूट' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नैशविले एससी के खिलाफ मुकाबले के 19वें मिनट में मेसी ने लुइस सुआरेज के क्रॉस पर डाइविंग हेडर लगाकर गोल किया। इसी के साथ मैच का खाता भी खुला। यह शानदार मूव सर्जियो बुस्केट्स के साइडलाइन के पास गेंद छीनने से शुरू हुआ, जिन्होंने फिर रोड्रिगो डे पॉल को पास दिया। डे पॉल ने मेसी और सुआरेज के साथ शानदार तालमेल बनाते हुए यह गोल किया। मुकाबले के 62वें मिनट इंटर मियामी ने अपनी बढ़त दोगुनी कर ली। जब इयान फ्रे की मदद से तादेओ अलेंदे ने हेडर से गोल करके मियामी को 2-0 से बढ़त दिलाई। मेसी ने 90+6 मिनट में मुकाबले का अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया, लेकिन अतिरिक्त समय के 11वें मिनट में हनी मुख्तार ने गोल करते हुए आखिरकार नैशविले का खाता खोला। इस जीत से मियामी ने बेस्ट-ऑफ-थ्री सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा मैच 1 नवंबर को नैशविल में खेला जाएगा। मेसी ने 3 साल के अनुबंध विस्तार पर हस्ताक्षर करने के ठीक एक दिन बाद यह मैच खेला। वह अब साल 2028 तक फ्लोरिडा में बने रहेंगे। मैच से पहले मेसी को गोल्डन बूट ट्रॉफी प्रदान करने वाले एमएलएस कमिश्नर डॉन गार्बर ने अमेरिकी फुटबॉल पर मेसी के प्रभाव की बहुत प्रशंसा करते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमने कभी सोचा भी होगा कि लियो इस क्लब, इस शहर और इस लीग के लिए इतना अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। उन्होंने मेजर लीग सॉकर की दिशा बदल दी है। हम पहले से ही काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। मुझे लगता है कि तीन और साल का समय मिलना एक और तोहफा होगा।"

मेसी की गैरमौजूदगी में लो सेल्सो का विजयी गोल, वेनेजुएला पर अर्जेंटीना की आसान जीत

मियामी लियोनेल मेसी की गैरमौजूदगी के बावजूद, अर्जेंटीना ने मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में वेनेजुएला को 1-0 से शिकस्त दी। इस मुकाबले में गियोवानी लो सेल्सो जीत के हीरो रहे। जूलियन अल्वारेज और लौटारो मार्टिनेज के नेतृत्व में अर्जेंटीना का आक्रमण इस पूरे मैच में आक्रामक रहा, जबकि फुलबैक नाहुएल मोलिना ने दाहिने छोर पर अपनी ऊर्जा से फैंस को प्रभावित किया। इस मुकाबले में निर्णायक मौका 31वें मिनट में आया। अल्वारेज और मार्टिनेज ने बॉक्स के पास शानदार तालमेल दिखाया, जिसने वेनेजुएला के डिफेंडर्स को अपनी पोजीशन से बाहर खींच लिया और फिर लो सेल्सो को पास थमा दिया। मिडफील्डर ने बेहतरीन संयम दिखाते हुए बाएं पैर से सटीक शॉट लगाया, जो गोलकीपर जोस कॉन्ट्रेरास को चकमा देते हुए नेट में जा पहुंचा। इसी के साथ अर्जेंटीना ने 1-0 की बढ़त हासिल की। गियोवानी लो सेल्सो ने पहले हाफ में शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। उनका यह गोल करीब 15,000 दर्शकों के सामने मौजूदा विश्व चैंपियन को आसान जीत दिलाने के लिए काफी था। बढ़त हासिल करने के बाद, लियोनेल स्कालोनी की टीम ने अपने खास अंदाज में खेल की रफ्तार पर नियंत्रण बना लिया। तेज ट्रांजिशन और छोटे-छोटे पास के जरिए अर्जेंटीना ने दबदबा कायम रखा। वहीं, वेनेजुएला कोई स्पष्ट मौका नहीं बना सकी। दूरी से किए कुछ प्रयास गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को मुश्किल में डालने में नाकाम रहे। भले ही इसके बाद अर्जेंटीना ने दूसरे हाफ में अपने गोल की संख्या में कोई इजाफा नहीं किया, लेकिन टीम किसी भी तरह की परेशानी में नजर नहीं आई। उल्लेखनीय है कि इस मैत्रीपूर्ण मैच का इस्तेमाल व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर से पहले टीम को परखने के लिए किया गया है। एलेजांद्रो गार्नाचो और एंजो फर्नांडीज जैसे युवा खिलाड़ियों की मौजूदगी ने अंतिम चरणों में और भी जोश भर दिया। लियोनेल मेसी मांसपेशियों में जकड़न के चलते एहतियातन इस मैच में नहीं खेले। हालांकि, इस दौरान उन्होंने स्टैंड से अपने साथियों का उत्साह बढ़ाया।  

अर्जेंटीना की जीत, मेसी के स्टेडियम में वेनेजुएला पर दबदबा

ब्यूनस आयर्स फीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स 2026 में अर्जेंटीना का सामना वेनेजुएला से हुआ। इस मैच का आयोजन ब्यूनो आयर्स के मोन्यूमेंटल स्टेडियम में खेला गया। स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी का यह अर्जेंटीना में अपने देश की जर्सी में संभावित आखिरी मैच था। इसलिए मेसी के साथ-साथ फैंस भी काफी ज्यादा भावुक थे। इस मैच को और भी यादगार लियोनेल मेसी ने बना दिया। उन्होंने दो गोल किए और फैंस का जमकर मनोरंजन किया। अर्जेंटीना ने 3-0 से वेनेजुएला को हराया लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए मैच में पहला गोल दागा। यह गोल 39वें मिनट में आया। इसके बाद 76वें मिनट पर अर्जेंटीना के स्ट्राइकर लौतारो मार्टिनेज ने गोल किया। फिर 80वें मिनट पर लियोनेल मेसी ने एक बार फिर अपना जादू दिखाया और गोल कर दिया। अर्जेंटीना में अपने संभावित फेयरवेल मैच में मेसी ने गजब प्रदर्शन किया। उन्होंने फैंस का जमकर मनोरंजन किया। बता दें कि अर्जेंटीना ने पूरे मैच में 17 शॉट मारे थे। इसके अलावा उनकी बॉल पर 77 परसेंट पॉजेशन थी। पूरा स्टेडियम मेसी…मेसी… से गूंज रहा था। स्टेडियम में बैठे फैंस मेसी का नाम चिल्ला रहे थे और उन्हें वो इज्जत वो सम्मान दे रहे थे, जिसके वह हकदार थे। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खेल सकते हैं मेसी 38 साल के लियोनेल मेसी ने अब तक अपने संन्यास को लेकर किसी प्रकार का कोई ऐलान नहीं किया है। अब इस बात की पूरी संभावना जताई जा रही है कि लियोनेल मेसी 2026 फीफा वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लेंगे। यह उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा। मेसी हालांकि वर्ल्ड कप के बाद फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। लियोनेल मेसी फिलहाल क्लब फुटबॉल इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं। एफसी बार्सिलोना छोड़ने के बाद लियोनेल मेसी कुछ वक्त पेरिस सेंट जर्मैन में खेले और फिर उसके बाद उन्होंने इंटर मियामी आने का फैसला किया।