samacharsecretary.com

एमपीसीए का बड़ा कदम: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी मध्य प्रदेश की पूर्व महिला क्रिकेटरों को मिलेगा पेंशन

इंदौर  मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी महिला क्रिकेटरों को पेंशन देने का फैसला लिया है। उन्हें साढ़े 12 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। यदि घरेलू मैच खेले हैं तो कम से कम छह हजार रुपये पेंशन प्राप्त होगी।  यह फैसला एमपीसीए की प्रबंध समिति की बैठक में अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने लिया। बैठक में पूर्व महिला खिलाड़ियों को मासिक वित्तीय सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मंजूरी दे दी गई। संघ के मानद सचिव सुधीर असनानी ने कहा कि पेंशन की राशि प्रति माह 6,000 रुपये से 12,500 रुपये तक होगी। जिन महिला खिलाड़ियों को बीसीसीआई  की तरफ से पेंशन नहीं मिल रही है, वे ही इस योजना के लिए पात्र होंगी। 75 वर्ष की उम्र पूरी होने पर साढ़े सात हजार रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। इस योजना के लिए जल्द ही आवेदन मंगाए जाएंगे। नौकरी करने वाली महिला खिलाड़ियों को सेवानिवृत्त होने के बाद एमपीसीए की पेंशन मिलेगी। घरेलू क्रिकेट खेलने वाली महिला खिलाडि़यों को उनके द्वारा खेले गए मैचों की संख्या के आधार पर पेंशन दी जाएगी।  वर्ष 2006 से पहले मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी भी इस पेंशन की पात्र होगी, क्योकि बीसीसीआई ने महिला क्रिकेट को एडाॅप्ट किया था। इसके अलावा अंपायर और स्कोरर के मानदेय में भी इजाफा करने का फैसला लिया गया है। एमपी की टीम के कोच चंद्रकांत पंडित को अगले दो साल के लिए मध्य प्रदेश का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया गया है। यह फैसला भी बैठक में लिया गया है। एमपीसीए जिला व संभाग स्तर के क्रिकेटरों को भी आगे बढ़ने के बेहतर मौके देगा।

महाआर्यमन सिंधिया बने MPCA अध्यक्ष, पदभार ग्रहण से पहले किया गणेश पूजन

इंदौर  केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार सुबह एमपीसीए का चेयरमेन चुने जाने से पहले अपने बेटे महाआर्यमन सिंधिया को लेकर मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थित देश के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर दर्शन करने पहुंचे। प्राचीन खजराना गणेश मंदिर में ज्योतिराज सिंधिया और महाआर्यमन ने भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पूजा कराई। ईपको बता दें कि आज मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की एजीएम में अध्यक्ष पद के लिए महा आर्यमन सिंधिया के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष पद की घोषणा के बाद प्रेस कांफ्रेंस भी कर ली गई है। इसी पद पर निर्विरोध चुने गए महाआर्यमन घोषणा से पहले अपने पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ खजराना गणेश के दर्शन करने पहुंचे थे। 'शुभ कार्य से पहले प्रभु का आशीर्वाद लेना हमारी परंपरा' इंदौर में खजराना गणेश के दर्शन करने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, '' ॐ सिद्धिविनायकाय नमः आज इंदौर प्रवास का शुभारम्भ खजराना गणेश मंदिर में सिद्धिविनायक प्रभु के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ किया. हर शुभ कार्य से पूर्व प्रभु का आशीर्वाद लेना न केवल हमारी परंपरा, बल्कि मेरी पारिवारिक विरासत और व्यक्तिगत आस्था का भी अभिन्न हिस्सा है. विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश जी से राष्ट्र और प्रदेश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की.'' बेटे को शॉल पहनाकर सिंधिया ने किया स्वागत दरअसल, ये शुभकार्य था महा आर्यमन का मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना जाना. सिंधिया उन्हीं के लिए खजराना गणेश की शरण में पहुंचे थे और प्रभु से मंगलकामना की. महाआर्यमन ने भी साथ किया पूजन खजराना गणेश मंदिर में पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ महाआर्यमन भी पूजन करते नजर आए. पिता पुत्र ने खजराना गणेश के सामने माथा टेककर आशीर्वाद लिया. इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट भी नजर आए. MPCA के इतिहास में सबसे युवा अध्यक्ष बता दें कि भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया को निर्विरोध मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) का अध्यक्ष चुन लिया गया है. इसके साथ ही वे मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सबसे युवा अध्यक्ष बनने वाले व्यक्ति बन गए हैं. ग्वालियर राजघराने के महाआर्यमन सिंधिया की उम्र 29 वर्ष है. खजराना मंदिर के बाद पहुंचे होल्कर स्टेडियम खजराना गणेश मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ पूजन करने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया व महाआर्यम सीधे होल्कर स्टेडियम पहुंचे. होल्कर स्टेडियम में आयोजित मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक में महाआर्यमन को पदभार ग्रहण कराया गया. इसके साथ ही यहां नई मैनेजिंग कमेटी की घोषणा होगी. बेटे को शॉल पहनाकर सिंधिया ने किया स्वागत मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक में वो पल भी आया जिसे देख महाआर्यमन भावुक भी हो गए. दरअसल, महाआर्यमन द्वारा अध्यक्ष पद ग्रहण करने के दौरान पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें शॉल पहनाकर स्वागत व सम्मान किया. साथ ही एमपीसीए में उज्जल भविष्य के लिए आशीर्वाद भी दिया.

छह साल बाद बदल रही MPCA की कार्यकारिणी, अध्यक्ष पद पर महाआर्यमन की ताजपोशी तय

इंदौर  मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी छह साल बाद बदलने जा रही है। इस बार सभी नए चेहर अलग-अगल पद संभालेंगे। पहली बार एमपीसीए अध्यक्ष पद पर सबसे कम उम्र के महाआर्यमन सिंधिया पद संभालेंगे। उनकी उम्र 29 साल है। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म दाखिल किया। उन्हे इस पद पर अन्य किसी सदस्य ने चुनौती नहीं दी। वे सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी के रुप में इस पद की कमान संभालेंगे। वे वर्ष 2022 से ग्वालियर संभागीय क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भी है। 2 सितंबर को एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा में कार्यकारिणी के नामों की घोषणा हो जाएगी। महाआर्यमन के अलावा कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर विनीत सेठिया,सचिव सुधीर असनानी, कोषाध्यक्ष संजय दुआ भी लगभग तय है। कार्यकारिणी सदस्य में राजीव रिसोडकर, प्रसुन कनमड़ीकरण, विजेस राणा व संध्या अग्रवाल के नाम भी तय हैं। कोषाध्यक्ष बनने वाले संजय दुआ के पिता नरेंद्र दुआ और भाई एमपीसीए के सदस्य हैं। उपाध्यक्ष के पद पर काबिज होने वाले विनित सेठिया के पिता महेंद्र सेठिया भी एमपीसीए के सदस्य रहे हैं। नई कार्याकारिणी के बाद स्टेडियम में होंगे महिला वर्ल्ड कप मैच एमपीसीए की नई कार्यकारिणी घोषित होने के बाद इंदौर के होलकर स्टेडियम में महिला वर्ल्ड कप के छह से ज्यादा मैच होंगे। पिछली कार्यकारिणी के दौरान भी इंदौर स्टेडियम को आईपीएल मैच मिले, लेकिन टिकट और प्राॅपर्टी टैक्स को लेकर एसोसिएशन के नगर निगम अफसरों से विवाद भी हुए। अब कार्यकारिणी के सामने भी अंतरर्राष्ट्रीय स्तर के मैच कराना चुनौती भरा होगा।  

मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में बदलाव, नई टीम के साथ सिंधिया परिवार का वारिस अध्यक्ष बनने को तैयार

भोपाल  मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव छह साल बाद 2 सितंबर को होने जा रहे है। इस बार कार्यकारिणी में सभी नए चेहरे होंगे, क्योकि लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों के अनुसार दो बार पद पर रहने वाले पदाधिकारी तीसरी बार नहीं रह सकते है। इस बार भी चुनाव निर्विरोध होने के आसार है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया का नाम एमपीसीए अध्यक्ष के लिए चर्चा में है। अभी तक अन्य किसी सदस्य ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी नहीं की है। इसके अलावा सचिव के पद की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय अंपायर सुधीर असनानी की जा सकती है। वर्तमान में एमपीसीए अध्यक्ष अभिलाष खांडेकर है। शुक्रवार से चुनाव के लिए नामांकन फार्म मिलना शुरू हो जाएंगे। 2 सितंबर को एजीएम में नए अध्यक्षों के नामों की घोषणा हो जाएगी। महाआर्यमन के लिए की जा रही थी जमीन तैयार   सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी एमपीसीए के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने की तैयारी कर रही है। इससे पहले वर्षों तक पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया एमपीसीए के अध्यक्ष रहे। उनके निधन के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया अध्यक्ष रहे।दो बार उन्हें मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की चुनौती का सामान भी करना पड़ा। विजयवर्गीय की दावेदारी के कारण एमपीसीए में दो बार चुनाव हुए, लेकिन विजयवर्गीय सिंधिया को हरा नहीं पाए। अब दोनो ही एक ही दल में है। इस कारण एमपीसीए में सर्वसम्मति से कार्यकारिणी घोषित हो रही है। एमपीसीए के अध्यक्ष के दावेदार महाअार्यम सिंधिया के लिए उनके पिता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहले ही जमीन तैयार कर ली थी। उन्हे पहले ग्वालियर संभागीय एसोसिएशन का उपाध्यक्ष बनाया गया। वे दो बार ग्वालियर में मध्य प्रदेश लीग सफलतापूर्वक आयोजित करवा चुके है। अब एमपीसीए की कमान सौंपने की तैयारी की जा रही है।