samacharsecretary.com

मुस्ताफिजुर रहमान को KKR ने किया रिलीज, अब आईपीएल 2026 में नहीं खेल पाएंगे बांग्लादेशी गेंदबाज

कोलकाता    कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुस्ताफिजुर को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था, जिसके बाद केकेआर की ओर से ये फैसला लिया गया. केकेआर ने पिछले महीने हुई मिनी नीलामी के दौरान मुस्ताफिजुर को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ उसकी कड़ी बोली लगी थी. 30 वर्षीय तेज गेंदबाज के लिए यह आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा सौदा साबित हुआ था. कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया, 'केकेआर ये पुष्टि करती है कि आईपीएल की नियामक संस्था के तौर पर बीसीसीआई/आईपीएल ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से पहले फ्रेंचाइजी को मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था.' बयान में आगे कहा गया, 'बीसीसीआई के निर्देशों के तहत सभी जरूरी प्रक्रियाओं और परामर्श के बाद रिलीज करने का फैसला किया गया. बीसीसीआई ने आईपीएल नियमों के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी शामिल करने की अनुमति दी है. इस बारे में आगे की जानकारी समय पर साझा की जाएगी.' शाहरुख खान की भी हुई थी आलोचना बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के बाद वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत ने चिंता जताई थी. इसके बाद से ही मुस्ताफिजुर रहमान की आईपीएल 2026 में भागीदारी को लेकर बीसीसीआई पर दबाव बढ़ता जा रहा था. इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी और कुछ सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने मौजूदा हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर सवाल उठाए थे. इस आलोचना का दायरा केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान तक भी पहुंच गया था. मुस्ताफिजुर रहमान 2016 से अब तक आठ आईपीएल सीजन खेल चुके हैं. वह केवल 2019 और 2020 में टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं रहे. मुस्ताफिजुर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), मुंबई इंडियंस (MI), दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स (RR) जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. आईपीएल 2026 उन्हें पहली बार केकेआर की जर्सी पहनने का मौका देने वाला था, जो अब नहीं होगा. दोनों देशों के रिश्तों में भी पिछले कुछ समय से तल्खी देखने को मिल रही है. भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले साल प्रस्तावित व्हाइट-बॉल द्विपक्षीय सीरीज को टाल दिया गया था. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने शुक्रवार को कहा कि यह सीरीज सितंबर में बांग्लादेश में खेली जाएगी, हालांकि बीसीसीआई ने अब तक इस शेड्यूल पर कोई ठोस सहमति नहीं दी है और मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए इसके होने की संभावना कम है.

IPL 2026 विवाद: मुस्तफिजुर रहमान पर करोड़ों खर्च करने को लेकर BJP नेता का फूटा गुस्सा, बोले– शाहरुख खान जैसे गद्दार

नई दिल्ली IPL 2026 में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान खेलेंगे या नहीं, इस पर बीसीसीआई ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। मगर नीलामी में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा 9.20 करोड़ में खरीदे जानें पर केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की जमकर आलोचना हो रही है। इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व सदस्य संगीत सोम ने शाहरुख खान को गद्दार बताया है। उनका कहना है कि शाहरुख खान के पास जो कुछ भी है, वह भारत ने दिया है, भारत के लोगों ने दिया है, लेकिन वे इस पैसे को कहां लगाते हैं? वे इसे ऐसे देश के खिलाड़ियों पर लगाते हैं जो भारत के खिलाफ काम कर रहा है।   संगीत सोम ने ANI से कहा, "जिस तरह बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है, महिलाओं और लड़कियों का रेप हो रहा है, उनके घर जलाए जा रहे हैं, और वहां भारत विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं। इन सबके बावजूद, शाहरुख खान जैसे गद्दार, मैं उन्हें गद्दार कह रहा हूं क्योंकि उनके पास जो कुछ भी है, वह भारत ने दिया है, भारत के लोगों ने दिया है, लेकिन वे इस पैसे को कहां लगाते हैं? वे इसे ऐसे देश के खिलाड़ियों पर लगाते हैं जो भारत के खिलाफ काम कर रहा है। मैं शाहरुख खान जैसे लोगों को बताना चाहता हूं कि वे सफल नहीं होंगे। किसी भी कीमत पर, वे मुस्तफिजुर रहमान को यहां खेलने नहीं दे पाएंगे। रहमान एयरपोर्ट से बाहर कदम नहीं रख पाएगा।" BCCI को है सरकार के आदेश का इंतजार इस विवाद पर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए फिलहाल 'वेट एंड वॉच' की नीति अपनाई है। बीसीसीआई का कहना है कि वह सरकार के निर्देशों के बिना किसी भी खिलाड़ी पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए इनसाइड स्पोर्ट से कहा, "स्थिति संवेदनशील है। हम लगातार सरकार के संपर्क में हैं। फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है जिससे बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगाया जाए। मुस्ताफिजुर आईपीएल खेलेंगे। बांग्लादेश कोई दुश्मन देश नहीं है।" बोर्ड वर्तमान में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) के साथ बांग्लादेशी खिलाड़ियों के वीजा संबंधी बातचीत भी कर रहा है। हालांकि, मुस्ताफिजुर की आईपीएल में पूरी उपलब्धता अभी भी कई कारकों पर निर्भर करेगी। अप्रैल में बांग्लादेश को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज खेलनी है और यदि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एनओसी (NOC) देने से इनकार कर दिया, तो वह कई मैचों से बाहर रह सकते हैं। वीजा को लेकर बीसीसीआई अधिकारी ने कहा है कि, "मुस्ताफिजुर रहमान टी20 वर्ल्ड कप के लिए वीजा अप्लाई करेंगे, जिसे IPL के लिए बढ़ाया जाएगा। वीजा कोई बड़ी समस्या नहीं होगी। बीसीबी की तरफ से भी एनओसी को लेकर कोई नकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं।" वर्तमान में बीसीसीआई पूरी तरह से भारत सरकार के अगले आदेश की प्रतीक्षा कर रहा है।