samacharsecretary.com

संजय भाटिया ने सीएम सैनी की मौजूदी में भरा राज्यसभा के लिए नामांकन

चंडीगढ़. बीजेपी के संजय भाटिया ने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे। संजय भाटिया की गिनती केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के करीबी नेताओं में होती है। पानीपत के रहने वाले संजय भाटिया 2019 के लोकसभा चुनाव में करनाल सीट से सांसद चुने गए थे। उन्होंने कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा को उस चुनाव में 6 लाख 56 हजार 142 वोटों के भारी अंतर से हराया था, जो हरियाणा के चुनावी इतिहास की सबसे बड़ी जीत थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने करनाल सीट से संजय भाटिया के स्थान पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को टिकट दिया था। मनोहर लाल तब लोकसभा का चुनाव जीते और केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री बने थे। तब के बाद से संजय भाटिया को कभी संगठन तो कभी सरकार में एडजेस्ट करने की कोशिश हो रही थी, जो अब जाकर पूरी हुई है।

48 नगर निकायों में चुनाव के आज से चार फरवरी तक होंगे नामांकन

रांची. राज्य के 48 नगर निकायों में चुनाव को लेकर सभी जिलों में बुधवार को अधिसूचना जारी हो गई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने पूर्वाह्न 11 बजे अपने-अपने जिले के निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव की अधिसूचना जारी की। अब सभी निकायों में गुरुवार से नामांकन शुरू हो जाएगा। नामांकन की अंतिम तिथि चार फरवरी निर्धारित की गई है। सभी निकायों में नामांकन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक संपन्न होगा। उम्मीदवार निर्वाची या सहायक निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। आयोग ने नामांकन प्रक्रिया को भी लेकर पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत किसी उम्मीदवार के नामांकन के समय निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय की 100 मीटर की परिधि में महज तीन वाहनों का ही प्रवेश होगा। वहीं, नामांकन के समय अधिकतम पांच व्यक्ति का ही इस परिधि में प्रवेश हो सकेगा। निर्वाची पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि नामांकन पत्र दाखिल करने के समय ही नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच कर ली जाए। जैसे उम्मीदवार और उनके प्रस्ताव के नाम मतदाता सूची में है या नहीं। सभी आवश्यक दस्तावेज नामांकन पत्र के साथ संलग्न है या नहीं। उम्मीदवार के साथ-साथ प्रस्ताव का भी मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से होना चाहिए। नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी तथा प्रतिदिन की रिपोर्ट आयोग को भेजी जाएगी। बताते चलें कि पांच फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा छह फरवरी तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। सात फरवरी को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। आयोग ने पहले ही चुनाव चिह्न निर्धारित कर दिए हैं। 23 फरवरी को मतदान होगा तथा 27 फरवरी को सुबह आठ बजे से मतगणना होनी है।

मोकामा सीट से JDU उम्मीदवार बाहुबली अनंत सिंह ने नामांकन से पहले की पूजा

पटना बिहार चुनाव को लेकर हलचल काफी बढ़ी हुई है। इस बीच मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली अनंत सिंह भगवान की शरण में नजर आए हैं। अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान पहले ही कर चुके हैं। एक दिलचस्प बात यह भी है कि अभी जनता दल यूनाइटेड ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है। लेकिन अनंत सिंह को जदयू का सिम्बल मिला है। इस सीट पर नामांकन से पहले अनंत सिंह ने मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की है। मोकामा विधानसभा सीट अनंत सिंह की पारंपरिक सीट रही है। वो यहां से विधायक रह चुके हैं। इस सीट पर उनके नामांकन से पहले अनंत सिंह ने पूजा की है। जो तस्वीरें सामने आई हैं उसमें नजर आ रहा है कि अनंत सिंह के सैकड़ों समर्थक इस दौरान वहां मौजूद हैं। छोटे सरकार के नाम से चर्चित अनंत सिंह के आवास पर आज उनके समर्थकों के लिए विशेष तौर से खाने की भी व्यवस्था की गई है। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह ने अपने समर्थकों से यह भी अपील की है कि नामांकन के दौरान भारी संख्या में वो इसमें शामिल हों। अनंत सिंह मोकामा से पांच बार विधायक रह चुके हैं। अनंत सिंह मीडिया से बातचीत में इस सीट पर एक बार फिर अपनी जीत को लेकर काफी आश्वस्त नजर आ रहे हैं। यहां आपको बता दें कि साल 2020 के विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह की पत्न नीलम देवी राजद के टिकट पर यहां से विधायक बनी थीं। हालांकि, 2024 में नीलम देवी ने एनडीए सरकार का समर्थन किया था। इस बार अनंत सिंह ने खुद यहां से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।