samacharsecretary.com

छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, विधायक मोहले के भाई सहित तीन लोगों ने गंवाई जान

मुंगेली. छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार पिकअप वाहन तीनों को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अधीन मोहले निवासी आवासपारा दशरंगपुर, बल्लू बघेल पिता तिजऊ राम और गंगा राम निवासी रेहुंटा के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल है। अपने भाई अधीन मोहले समेत तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने तीनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक के समर्थकों के साथ भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी जिला अस्पताल पहुंचने लगे। आज गृह ग्राम में होगा अधीन मोहले का अंतिम संस्कार विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन मोहले का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम दशरंगपुर में किया जाएगा। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त है। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से हुए इस हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद वाहन चालक फरार है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

झीरम घाटी में दर्दनाक हादसा, पिकअप पलटने से एक की मौत, 16 लोग घायल

तोंगपाल/जगदलपुर. नेशनल हाइवे 30 पर करीब 9 बजे मजदूरों से भरा एक पिकअप झीरम घाटी रास्ते में बेकाबू हो कर पलट गया. इस हादसे में 1 मजदूर की मौत हो गई और 16 घायल हो गए. इस हादसे की जानकारी मिलते ही सीआरपीएफ 227 बटालियन के जवानों ने घायलों को तोंगपाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां घायलों की स्थिति को देखते हुए दो लोगों को डिमरापाल रेफर किया गया, एवं अन्य लोगों का उपचार किया गया, दरभा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को उठाकर, थाना पहुंचाया. पीएचसी तोंगपाल अस्पताल में मृतक के शव को लेकर परिजनों के साथ अग्रिम कार्रवाई की गई. जानकारी के मुताबिक घटना में घायल हुए 16 लोग, उड़ीसा क्षेत्र के लेबर कार्य करने वाले बताए गए, सभी लोग ठेकेदार के बुलाने पर कूकानार इलाके में ढलाई करने पिकप पर सवार हो निकले थे. कुछ घायलों ने बताया पिकअप वाहन का चालक वाहन को तेज गति से और लापरवाही पूर्वक चलाने से मोड़ के पास गढ्ढे को बचाने के चलते हादसा हुआ. चालक ने ब्रेक नहीं लगने से हादसा होना बताया. पीएचसी तोंगपाल में पोस्टमार्टम हेतु व्यवस्था न हो पाने के कारण शव दरभा अस्पताल जाने वाहन बुकिंग कर वाना पड़ा. पोस्टमार्टम पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया.

नरसिंहपुर में पिकअप गाड़ी की टक्कर से स्कूटर सवार दो सगी बहनों की मौत

नरसिंहपुर. नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुआ सड़क हादसा एक परिवार के लिए असहनीय पीड़ा बन गया। एक ही परिवार में ब्याही दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत से ग्राम सलैया में मातम पसरा हुआ है। शादी के वर्षों बाद भी साथ निभाने वाली दोनों बहनें अंतिम यात्रा पर भी साथ ही चली गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका बसंती पति जीवनलाल यादव उम्र 62 वर्ष एवं मृतका गजरो बाई पति हरीश यादव उम्र 65 वर्ष निवासी ग्राम सलैया सगी बहनें थीं। दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। शनिवार को जीवनलाल पिता बक्तूलाल यादव उम्र 65 वर्ष अपनी पत्नी बसंती और साली गजरो बाई के साथ स्कूटर से सलैया से गोरखपुर मेहगांव जा रहे थे। शनिवार शाम करीब 4.30 बजे मुंगवानी के पास वन विभाग डिपो के समीप जीवनलाल लघुशंका के लिए वाहन रोककर नीचे उतरे। दोनों महिलाएं सड़क किनारे खड़ी मोपेड के पास ही खड़ी रहीं। जैसे ही जीवनलाल वापस लौटकर वाहन उठाने लगे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप वाहन की तलाश कर रही पुलिस घायलों को हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से शासकीय जिला अस्पताल नरसिंहपुर लाया गया, जहां उपचार के दौरान बसंती और गजरो बाई ने दम तोड़ दिया। जीवनलाल यादव को दोनों पैरों व सिर में चोट आई है। जिनका अस्पताल उपचार जारी है। रविवार की सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस द्वारा पिकअप वाहन और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।