samacharsecretary.com

OTT पर आई ‘राहु केतु’: वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट की मजेदार फिल्म अब ऑनलाइन, ऐसे देखें

मुंबई 'फुकरे' फेम जोड़ी पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की कॉमेडी फिल्‍म 'राहु केतु' OTT पर रिलीज हो गई है। हालांकि, इसमें एक पेंच है। अभी इसे रेंट यानी किराए पर देखने का विकल्‍प दिया गया है। इसी साल 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज इस फिल्‍म की तारीफ तो बहुत हुई, लेकिन बॉक्‍स ऑफिस पर मामला सुस्‍त रहा था। राइटर-डायरेक्‍टर विपुल विग की यह फिल्‍म पौराण‍िक कथाओं को कॉमेडी से जोड़कर एक मजेदार कहानी के साथ परोसती है। फिल्‍म में शालिनी पांडे और चंकी पांडे भी हैं। 'राहु केतु' एक कॉमेडी-एडवेंचर फिल्‍म है। इसे शनिवार, 7 मार्च को Amazon Prime Video पर रेंट के साथ रिलीज किया गया है। ओटीटी प्‍लेटफॉर्म के सब्‍सक्राइबर्स इससे 119 रुपये के किराए पर देख सकते हैं। इसके लिए एक बार पेमेंट करने के बाद इसे 30 दिनों के भीतर आप कभी भी देख सकते हैं। हालांकि, एक बार फिल्‍म शुरू करने के बाद इसे 48 घंटों के अंदर खत्‍म करना होगा। 'राहु केतु' की कहानी यह फिल्‍म दो अनाड़ी और हमेशा बदकिस्मत रहे दोस्‍तों, राहु (वरुण शर्मा) और केतु (पुलकित सम्राट) की है। ये दोनों बेतुकी कॉमेडी करते हैं, जिन्हें लोग हमेशा मनहूस होने की वजह से नापसंद करते हैं। इस बीच राहु को एक स्ट्रीट-स्मार्ट और चालाक लड़की, मीनू टैक्सी (शालिनी पांडे) से प्यार हो जाता है। मीनू के पास जल्दी पैसे कमाने की एक योजना है। इसमें कई लोगों को फंसाने का काम शामिल है। इस प्‍लान में शहर के SHO दीपक शर्मा (अमित सियाल) और उनका असिस्टेंट बंसी (सुमित गुलाटी) भी फंसता है। पागलपन भरी कहानी में प्‍लानिंग को अंजाम तक पहुंचाने के लिए एक जादुई किताब भी है, जिसका नाम 'अतरंगी कहानियां' है। इस किताब को चूरू लाल शर्मा (मनु ऋषि चड्ढा) ने लिखा है। इस अफरा-तफरी में राहु और केतु की जोड़ी को एक खतरनाक ड्रग माफिया का सामना करना पड़ता है। फिल्म में पीयूष मिश्रा भी फूफाजी के रोल में हैं, जो चूरू लाल शर्मा की मदद करते हैं। फिल्‍म की कहानी वैदिक ज्योतिष से आकाशीय छाया ग्रहों 'राहु' और 'केतु' को केंद्र में रखकर लिखी गई है। विपुल विंग ने उन्हें मॉडर्न, काम के कॉमेडी किरदारों में बदला है। यह फिल्‍म किस्मत की खोज की उथल-पुथल है, जहां किरदार लेखक की कलम (या मीन राशि के कंट्रोल) के मोहरे हैं।

पुलकित सम्राट ने फिल्म ‘राहु केतु’ में अपने किरदार केतु की तैयारी से जुड़े कुछ खास बीटीएस साझा किए

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट ने फिल्म ‘राहु केतु’ में अपने किरदार केतु की तैयारी से जुड़े कुछ खास बिहाइंड-द-सीन्स ( बीटीएस )वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जिन्होंने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया है। सामने आए बीटीएस क्लिप्स में पुलकित सम्राट को बो स्टाफ के साथ ज़बरदस्त कॉम्बैट मूव्स रिहर्स करते और एक्शन कोरियोग्राफी को परफेक्ट करते देखा जा सकता है। हालांकि पुलकित ने इसे पिक्चर परफेक्ट बनाने के लिए सुबह की ट्रेनिंग से लेकर होटल के कमरों में देर रात तक काफी प्रैक्टिस की है। पुलकित सम्राट ने इंस्टाग्राम पर इन वीडियोज़ को शेयर करते हुए लिखा है, “जब पहली बार मुझे पता चला कि केतु बो स्टाफ के साथ फाइट करेगा, तब मुझे अंदाज़ा नहीं था कि मैं इससे इतना गहराई से जुड़ जाऊंगा। जो चीज़ एक एक्शन ज़रूरत के तौर पर शुरू हुई थी, वो धीरे-धीरे एक जुनून बन गई। अपने एक्शन मूव्स को परफेक्ट बनाने के लिए मैंने न सिर्फ कई रेफरेंस वीडियोज़ देखे, बल्कि जहां कहीं समय मिलता बो स्टाफ के साथ प्रैक्टिस करने में जुट जाता। हालांकि शूटिंग शुरू होने से पहले मैंने इसके साथ इतनी प्रैक्टिस कर ली थी कि शूटिंग शुरू होते-होते मेरे लिए यह सिर्फ एक प्रॉप नहीं रहा, बल्कि केतु का ही एक भाग बन गया था। यकीन मानिए स्क्रीन पर दिखने वाले कुछ सेकंड्स के पीछे हफ्तों की मेहनत, चोटें और ढेर सारा पैशन छुपा होता है। आई थिंक यही एक्टर होने का जादू है क्योंकि हर किरदार आपको कुछ नया सिखाता है।” गौरतलब है कि ‘राहु केतु’ प्राचीन पौराणिक कथाओं को एक नए और फ्रेश सिनेमाई अंदाज़ में प्रस्तुत करती है, साथ ही उनकी आध्यात्मिक भावना को भी बनाए रखती है। दमदार अभिनय, बारीकी से कोरियोग्राफ किए गए एक्शन सीक्वेंस और भव्य मायथोलॉजिकल विज़ुअल्स के साथ यह फिल्म परंपरा और आधुनिक कहानी कहने की शैली के बीच एक प्रभावशाली सेतु बनाती है। फिलहाल पुलकित सम्राट के इन बीटीएस वीडियोज़ को सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। फैंस उनकी मेहनत, समर्पण और किरदार के प्रति ईमानदारी की जमकर सराहना कर रहे हैं। यही नहीं, बो स्टाफ के साथ उनकी ट्रेनिंग की झलक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है। यह फिल्म 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।  

पुलकित सम्राट ने नॉर्थ इंडिया के प्रति अपने खास लगाव को किया जाहिर

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट नॉर्थ इंडिया के प्रति अपने खास लगाव को जाहिर किया है। पुलकित सम्राट हमेशा से नॉर्थ इंडिया के प्रति अपने प्यार को खुलकर जाहिर करते आए हैं। अपनी आगामी फिल्म 'राहु केतु' के प्रमोशन के दौरान भी उन्होंने इस बात पर खुलकर चर्चा की कि दिल्ली, शिमला और नॉर्थ इंडिया के बड़े कैनवस पर रची गई कहानियां क्यों आज भी फिल्ममेकर्स और दर्शकों को उतना ही उत्साहित करती हैं। पुलकित ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'फुकरे' का जिक्र करते हुए बताया कि किसी भी फिल्म की पहचान गढ़ने में उसके बैकड्रॉप और लोकेशन की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा, “फुकरे भी दिल्ली में ही प्लॉट है और राहु केतु का भी शिमला–दिल्ली साइड का ही बैकड्रॉप है।” उनके मुताबिक, रीजनल ऑथेंटिसिटी ही कहानी में एक अलग तरह की जान डालती है। पुलकित ने नॉर्थ इंडिया के प्रति अपने खास लगाव को जाहिर करते हुए कहा कि इस इलाके का फ्लेवर कहीं और देखने को नहीं मिलता। यहां के लोग, यहां की जगहें और यहां की जिंदगी बेहद सच्ची और जीती-जागती महसूस होती है। उन्होंने यह भी बताया कि दर्शकों ने समय के साथ ऐसी कहानियों को खूब अपनाया है, खासकर तब से जब दिबाकर बनर्जी और अमृत शर्मा जैसे फिल्ममेकर नॉर्थ इंडिया और दिल्ली की सांस्कृतिक बारीकियों को बड़े परदे पर लेकर आए हैं। पुलकित के अनुसार, ये निर्देशक इस इलाके को “रग-रग से” जानते हैं, इसलिए उनकी कहानियां बेहद ऑर्गैनिक और रिलेटेबल लगती हैं। पुलकित मानते हैं कि बार-बार मुंबई को दिखाने के बजाय अब नॉर्थ इंडिया की लोकेशन्स को एक्सप्लोर करना हिंदी सिनेमा के लिए एक ताजगी भरा बदलाव रहा है। उन्होंने कहा, “यहां के लोग, यहां के लिबाज़, यहां के पहाड़, ये सब आपको और कहीं नहीं मिलते।” उनके अनुसार, जब दर्शक 'राहु केतु' जैसी फिल्में देखते हैं, तो वे सिर्फ कहानी नहीं देखते, बल्कि नॉर्थ इंडिया की हवा और उसकी ऊर्जा को भी महसूस करते हैं। पुलकित ने कहा, “हमें नॉर्थ इंडिया से बहुत प्यार है। यहां के लोग बेहद अतरंगी, प्यारे, वॉर्म और काफी ईमानदार होते हैं। हर जगह का अपना अलग फ्लेवर होता है। हमने सालों तक फिल्मों में मुंबई नगरी देखी है, लेकिन जब से दिबाकर और अमृत जैसे निर्देशक आए हैं, तब से दिल्ली और नॉर्थ इंडिया का फ्लेवर फिल्मों में ज्यादा दिखने लगा है। जब आप अमृत या दिबाकर की फिल्म देखते हैं, या फिर जब आप राहु केतु देखेंगे, तब भी आप नॉर्थ इंडिया की हवा महसूस कर पाएंगे। ऐसे पहाड़, ऐसे लिबाज़ और ऐसे लोग आपको कहीं और नहीं मिलेंगे।”  

पति पुलकित सम्राट को घर पर प्यार से ‘अन्नपूर्णा’ बुलाती है कृति खरबंदा

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेत्री कृति खरबंदा अपने पति और अभिनेता पुलकित सम्राट को घर पर प्यार से 'अन्नपूर्णा' बुलाती है। बॉलीवुड की प्रेम कहानियाँ अक्सर ग्लैमर और चकाचौंध में लिपटी होती हैं, लेकिन कुछ सबसे खूबसूरत रिश्ते बेहद सादे और सच्चे पलों में जन्म लेती हैं और कृति खरबंदा और पुलकित सम्राट की कहानी उन्हीं में से एक है। कृति खरबंदा ने हाल ही में करण जौहर के साथ एक बातचीत के दौरान अपनी ज़िंदगी के उस निजी पल को साझा किया, जिसने उन्हें यह यकीन दिला दिया कि पुलकित ही वह इंसान हैं, जिनके साथ वह अपनी पूरी ज़िंदगी बिताना चाहती हैं। यह पल न तो शोहरत से जुड़ा था, न सफलता से और न ही किसी लग्ज़री से। कृति ने बताया कि यह एक देर रात की ड्राइव थी, जब दोनों बांद्रा की सड़कों से गुज़र रहे थे। उस समय तक उन्होंने अपने रिश्ते को निजी ही रखा हुआ था। शहर की शांत सड़कों पर गाड़ी चलाते हुए एक लेम्बॉर्गिनी उनके पास से गुज़री। सहज-सी जिज्ञासा में कृति ने पुलकित से पूछ लिया कि यदि कभी उनके पास बहुत सारा पैसा हुआ तो वह क्या करेंगे? पुलकित ने बिना एक पल सोचे, सड़क पर ध्यान रखते हुए जो जवाब दिया, उसने एक ही पल में सब कुछ बदल दिया। कृति ने मुस्कुराते हुए बताया, “पुलकित ने कहा कि वह एक गुरुद्वारा बनवाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि वहाँ 24×7 लंगर चलता रहे।” यही वह क्षण था जब कृति को बिना किसी संदेह के यह एहसास हो गया कि यही वह शख़्स हैं, जिनसे वह शादी करना चाहती हैं।“उस पल, प्यार एक बार फिर से हो गया।” पुलकित की दरियादिली और खाने को लेकर पुलकित के पैशन पर कृति ने यह भी बताया कि वे घर पर पुलकित को प्यार से “अन्नपूर्णा” कहकर बुलाती हैं। कृति ने बताया कि पुलकित की असली पहचान उनकी सहज दरियादिली और समाज को लौटाने की भावना है। न महत्वाकांक्षा, न लाइफ़स्टाइल और न ही सफलता, बल्कि उनके शब्दों के पीछे छुपा दिल ही उन्हें खास बनाता है।  

पुलकित सम्राट ने मोशन पोस्टर के साथ किया ‘राहु केतु’ की रिलीज का ऐलान

मुंबई, अभिनेता पुलकित सम्राट स्टारर फिल्म ‘राहु केतु’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। मेकर्स ने सोमवार को फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर जानकारी दी है। अभिनेता पुलकित सम्राट ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का मोशन पोस्टर जारी किया, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “दो गुना, दो गुना मनोरंजन। नए साल में, राहु और केतु बदलने वाले हैं दिशा और दशा। फिल्म राहुकेतु 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।” बता दें कि फिल्म की शूटिंग हाल ही में खत्म हुई थी, जिसकी जानकारी फिल्म से जुड़े कलाकारों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी थी। वहीं, फिल्म की शूटिंग हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत शहर कसोल में भी हुई है, जिसका अपडेट भी अभिनेता ने फैंस को दिया था। इंस्टाग्राम पर शेयर पोस्ट में अभिनेता को शॉट्स के बीच में एक कुत्ते के साथ खेलते हुए और एक घोड़े को सहलाते हुए देखा गया था। उन्होंने पोस्ट में कम नींद और पहाड़ों वाली मैगी का भी जिक्र किया था। हाल ही में फिल्म की शूटिंग खत्म हुई थी, जिसकी जानकारी फिल्म के बाकी कलाकारों ने पोस्ट के जरिए दी थी। विपुल विग द्वारा निर्देशित फिल्म का निर्माण जी स्टूडियो करेगा। फिल्म में पुलकित के साथ-साथ वरुण शर्मा और शालिनी पांडे अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म ‘राहु-केतु’ में पुलकित और वरुण फिर से एक साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों ‘फुकरे’, ‘फुकरे रिटर्न्स’, ‘फुकरे-3’ और ‘डौली की डोली’ में नजर आ चुके हैं। वहीं, दर्शक भी दोनों की जोड़ी को काफी पसंद करते हैं। अब वे उन्हें ‘राहु केतु’ में फिर से देखने के लिए उत्साहित हैं। इसके अलावा, पुलकित नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘ग्लोरी’ से ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। इस स्पोर्ट्स क्राइम थ्रिलर में वह बॉक्सर की भूमिका में दिखेंगे। सीरीज का निर्देशन करण अंशुमन और करमन्या आहूजा करेंगे। इस सीरीज में पुलकित के साथ दिव्येंदु और सुविंदर विक्की भी अहम किरदारों में हैं।