samacharsecretary.com

पंजाब यूनिवर्सिटी गोलीबारी के मुख्य आरोपी को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंडीगढ़ पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ के पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवंडा पर हुई गोलीबारी के मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान में की गई। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए इसे 'बड़ी सफलता' बताया। उन्होंने लिखा कि 17 मार्च 2026 को हुई गोलीबारी मामले में मुख्य शूटर जसप्रीत सिंह उर्फ जस को 26 मार्च को अमलोह-पातरन रोड पर पुलिस के साथ हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में आरोपी को चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह हमला डोनी बल/बंबीहा गिरोह के इशारे पर कराया गया था। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरी साजिश की कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। डीजीपी ने अपने पोस्ट में लिखा, "एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स पंजाब ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। गैंगस्टर नेटवर्क पर नकेल कसने और पूरे पंजाब में सुरक्षा व संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।" पंजाब यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। छात्र नेता जशनप्रीत सिंह जवंडा पर हमले के बाद पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और चंडीगढ़ पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम शुरू किया। पंजाब में गैंगवार और लक्षित हत्याओं को रोकने के लिए एजीटीएफ पिछले कई महीनों से सक्रिय है। हाल के दिनों में पुलिस ने कई गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पंजाब पुलिस का यह अभियान गैंगस्टरों के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ड्रग नेटवर्क पर वार: लंबे समय से फरार भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ा

चंडीगढ़ पंजाब पुलिस ने सीमा पार संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी फिरोजपुर में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस और कई नारकोटिक्स तस्करी मामलों में वांछित था। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर नजर रखने और उसकी आवाजाही पर रोक लगाने के लिए उसके खिलाफ रेड नोटिस और लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था। पुलिस के मुताबिक, लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय के बाद उसकी लोकेशन मध्य एशिया के एक देश में ट्रेस की गई। इसके बाद उसे वहां से डिपोर्ट कराया गया। जैसे ही वह भारत पहुंचा, उसे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष पाकिस्तान से पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी कराने वाले नेटवर्क का एक अहम कड़ी था। वह लंबे समय से पाकिस्तान से ड्रग्स की खेप पंजाब में पहुंचाने में मदद कर रहा था और कानून से बचने के लिए पहले विदेश भाग गया था। पुलिस के अनुसार, ड्रग्स तस्करी के अलावा चोपड़ा अगस्त 2024 में फिरोजपुर में हुए ट्रिपल मर्डर का भी मुख्य साजिशकर्ता है। इस घटना में एक युवती समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया कि यह वारदात आरोपी चोपड़ा और पीड़ितों में से एक दिलदीप सिंह के बीच चल रही पुरानी रंजिश के चलते हुई थी। पुलिस का कहना है कि चोपड़ा की गिरफ्तारी विदेश में बैठे उन अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है, जो बाहर रहकर भारत में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलवाते हैं। इस ऑपरेशन में हाल ही में गठित ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) ने अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों के अनुसार, चोपड़ा की गिरफ्तारी से फिरोजपुर और आसपास के सीमावर्ती जिलों में ड्रग्स की तस्करी के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा। इससे सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर भी असर पड़ने की उम्मीद है। पंजाब पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि कानून से भागने वाले अपराधियों को, चाहे वे भारत में हों या विदेश में छिपे हों, न्याय के कटघरे में लाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध और ड्रग तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

KCF हैंडलर के ग्रुप में सैकड़ों युवा, पंजाब पुलिस का खुलासा: जर्मनी-यूके से फैल रहा नेटवर्क

जालंधर  खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) से जुड़े नेटवर्क पर पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लुधियाना के दो युवकों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों की पहचान हैबोवाल कलां निवासी करनबीर सिंह (34) और न्यू शिमलापुरी निवासी अवतार सिंह (25) के रूप में हुई थी।  दोनों आरोपियों से पुलिस को एक 9 MM पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी 7 जनवरी को की गई थी। सूचना है कि पाकिस्तान और यूके में बैठे मास्टरमाइंड कुलदीप सिंह इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं की भर्ती कर आतंकी नेटवर्क फैला रहे है।पाकिस्तान में बैठे आतंकी रिंदा और यूके में छिपे आतंकी कुलवंत सिंह उर्फ कांता (मान सिंह) के साथ इनके लिंक जुड़े थे। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) मोहाली और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए दोनों आरोपी जर्मनी और यूके में बैठे KCF हैंडलरों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर लुधियाना में सरकारी और प्रमुख संस्थानों की रेकी कर चुके थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी टारगेट किलिंग की साजिश रच रहे थे। KCF हैंडलर ने कई वॉट्सऐप​​ ग्रुप बनाए पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि जर्मनी स्थित KCF हैंडलर ने कई वॉट्सऐप​​ ग्रुप बनाए हुए हैं, जिनमें सैकड़ों युवाओं को जोड़ा गया है। इन्हें सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित किया जा रहा था। 5 महीने से भड़काए जा रहे आरोपी एक अधिकारी ने बताया कि विदेश में बैठे हैंडलर इंस्टाग्राम पर कट्टरपंथी कंटेंट पोस्ट करते थे, जिसे अवतार और करनबीर देखते थे। इसके बाद उन्हें ग्रुप में जोड़ लिया गया, जहां करीब 5 महीने से उन्हें लगातार भड़काया जा रहा था। कई वॉट्सऐप​​ ग्रुपों को ट्रैक करेगी पुलिस पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि ऐसे और भी कई वॉट्सऐप​​ ग्रुप मौजूद हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं। अब इन सभी को ट्रैक कर नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल आरोपियों को किसी तरह की फंडिंग मिलने के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन इसकी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि KCF हैंडलर ने उन्हें पैसों का लालच जरूर दिया होगा। इस मामले में थाना SSOC एसएएस नगर में BNS की धारा 113(5) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पाकिस्तान कनेक्शन का खुलासा, पंजाब में हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

फिरोजपुर पंजाब पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ सीमा पार हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोरी और विक्रमजीत सिंह उर्फ ​​विक्की के रूप में हुई है। फिरोजपुर पुलिस ने आरोपियों से 6 ग्लॉक 9एमएम पिस्तौल, चार मैगजीन और चार कारतूस बरामद किए हैं। यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विक्रमजीत सिंह के अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल पाकिस्तान के एक तस्कर के साथ सीधे संबंध थे।' डीजीपी ने बताया कि उसने अपने पाकिस्तानी आकाओं के निर्देश पर स्थानीय लोगों को हथियार आपूर्ति करने की बात भी कबूल की है। गौरव यादव ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी से इसी सीमा पार नेटवर्क से एक एके-47 राइफल की खरीद से जुड़े एक पुराने मामले का भी पता लगाने में मदद मिली। जब्त डिजिटल उपकरणों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि हथियारों की पूरी आपूर्ति शृंखला का पता लगाया जा सके। पंजाब उपचुनाव में 4 घंटों में 23% से अधिक मतदान दूसरी ओर, पंजाब में तरन तारन विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 11 बजे तक 23 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक जारी रहेगा। ठंड के बावजूद मतदाता सुबह से ही कतारों में नजर आए। सुबह मतदान करने वालों में कांग्रेस उम्मीदवार करणबीर सिंह बुर्ज शामिल हैं जो अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे घरों से निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और उचित पार्टी व उम्मीदवार को जिताएं। शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा अपनी बेटी कंचनप्रीत कौर के साथ काका कंडियाला गांव के मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचीं। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी हरमीत सिंह संधू ने भी मतदान किया।

रेप केस का आरोपी विधायक ऑस्ट्रेलिया फरार, पंजाब पुलिस कर रही तलाश

पटियाला दुष्कर्म मामले में आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के सनौर हलके के आम आदमी पार्टी  (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा विदेश भाग चुका है। पठानमाजरा देश छोड़कर ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया है। पठानमाजरा को पंजाब पुलिस दो महीने से ढूंढ रही थी। ऑस्ट्रेलिया में पठानमाजरा ने एक निजी चैनल को इंटरव्यू दिया है। पठानमाजरा के इंटरव्यू को सोशल मीडिया पर सात नवंबर को अपलोड किया गया है। इसमें पठानमाजरा ने उन पर दर्ज केस को झूठा बताते हुए भगवंत मान सरकार पर जमकर हमला बोला है। पठानमाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का पंजाब के मुद्दों पर कोई लेना-देना नहीं है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं मान वही करते हैं। सरकार में विधायकों की कोई औकात नहीं है। उनकी आवाज को दबाने के लिए सरकार ने यह सब किया है। दो महीने से गायब है विधायक पठानमाजरा सनौर हलके से आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा लगभग दो महीने से गायब है। पंजाब पुलिस उनको ढूंढ रही है। पठानमाजरा के खिलाफ दो हीने पहले पटियाला के थाना सिविल लाइन में दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। मामले में जब पटियाला पुलिस की टीम विधायक को गिरफ्तार करने हरियाणा के करनाल के गांव डबरी पहुंची थी। वहां से पठानमाजरा पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी सरकार पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के सीनियर वकील मोहन जैन ने कहा कि इस मामले में पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता (विधायकी) पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। क्योंकि उन्हें इन मामलों में कोई सजा नहीं हुई है। सजा होने के बाद उनकी सदस्या जाएगी। दूसरी ओर पंजाब पुलिस अब पठानमाजरा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी।